April 5, 2026 9:31 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर, शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए राज्यों का दौरा कर रहे हैं।

  • वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में जनसभा को संबोधित किया; उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि सत्ता में आने पर भाजपा विकास सुनिश्चित करेगी और घुसपैठियों को वापस भेजेगी।

  • वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने असम में रैलियां कीं; उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार और बेहतर स्वास्थ्य सेवा का वादा किया।

  • निर्वाचन आयोग ने आगामी चुनाव से संबंधित छह सौ 50 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी, नशीले पदार्थ और अन्य प्रलोभन सामग्री की जब्ती का खुलासा किया।

  • सरकार देश भर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है; नागरिकों को एलपीजी सिलेंडर बुक करने के लिए डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने की सलाह दी।

  • पश्चिम एशिया संघर्ष गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है, राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर होर्मुज जल-डमरू-मध्य बंद रहा तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

  • आईपीएल क्रिकेट में, लखनऊ सुपर जायंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को पांच विकेट से हराया; रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला जारी।

*****

 

चार राज्‍य और एक केन्‍द्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रचार तेज हो गया है। चुनाव से पहले शीर्ष नेता राज्यों में जोर-शोर से जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।

 

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में एक जनसभा में कहा कि राज्‍य के लोग बदलाव चाहते हैं। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि सत्ता में आने पर भाजपा विकास सुनिश्चित करेगी और घुसपैठियों को वापस भेजेगी। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।

 

 

एक और संदेशखाली जैसी बहनों की चीखें और बेटियों पर होता निर्मम अत्याचार है। दूसरी ओर नारी शक्ति को सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की मोदी की गारंटी है।

 

 

श्री मोदी ने हाल ही में मालदा जिले में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने का हवाला देते हुए राज्य की दयनीय कानून व्यवस्था पर चिंता व्‍यक्‍त की।

 

मालदा में न्‍यायिक अधिकारियों को बंधक बनाकर रखा गया। सोचिए, ये कैसी सरकार है, ये कैसी व्‍यवस्‍था है। जहां जज ओर संविधान की प्रक्रिया भी सुरक्षित नहीं है। बंगाल की आम जनता की सुरक्षा की उम्‍मीद इन लोगों से कैसे की जाए।

 

 

हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में स्थिति इस हद तक बिगड़ गई है कि सर्वोच्च न्यायालय को हस्तक्षेप करना पड़ा है।

 

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कूच बिहार जिले में एक जनसभा में तृणमूल कांग्रेस सरकार के शासनकाल में व्याप्त अराजकता और कुशासन का उल्‍लेख किया। श्री मोदी ने सी. ए. ए. के विरोध और एस. आई. आर. के प्रति तृणमूल कांग्रेस के प्रतिरोध की निन्‍दा की। उन्होंने कहा कि घुसपैठ न केवल बंगाल बल्कि पूरे देश के लिए बड़ी समस्या है। उधर, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी आज मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज, जियागंज और अजीमगंज में जनसभाएं की और बहरामपुर कस्बे में एक रोड शो में भी वे शामिल हुईं। उन्‍होंने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि एसआईआर के तहत मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनीषा खन्‍ना।

 

 

*****

 

 

असम में भी भी चुनावी सरगर्मी तेज़ है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पूरे राज्य में रैलियों को संबोधित किया। राज्य में मतदान गुरुवार को एक ही चरण में होगा।

 

 

भाजपा के वरिष्ठ नेता सर्बानंद सोनोवाल ने धेमाजी में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि भाजपा ने मूल निवासियों के कल्याण को प्राथमिकता दी है, उनके अधिकारों को सुरक्षित करने के लिए आठ लाख से ज़्यादा ज़मीन के पट्टे बांटे हैं, और पार्टी के 31-सूत्रीय चुनावी घोषणापत्र को पूरी निष्ठा के साथ लागू करने का वादा किया।

 

 

दूसरी ओर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज बिश्वनाथ और गोलाघाट में रैलियां कीं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पिछली विधानसभा चुनावों के दौरान किए गए मुख्य वादों को पूरा करने में नाकाम रही। उन्होंने सत्ता में आने पर युवाओं के लिए रोज़गार, बेहतर स्वास्थ्य सेवा, महिला सशक्तिकरण और चाय बागान श्रमिकों की दैनिक मज़दूरी बढ़ाकर 450 रुपये करने का वादा किया।

 

 

भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल असम का दौरा करने वाले हैं, जहाँ वे भवानीपुर-सोरभोग, होजाई और डिब्रूगढ़ में चुनाव प्रचार करेंगे।

 

*****

 

असम में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सभी 126 निर्वाचन क्षेत्रों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन-ईवीएम, उम्मीदवारों के नाम के साथ, सफलता पूर्वक स्थापित कर दी गई हैं।

 

पूरे राज्य में 31 हजार 490 मतदान केंद्रों पर प्रयोग के लिए कुल 41 हजार 320 बैलेट यूनिट, 43 हजार 975 कंट्रोल यूनिट और 43 हजार 997 वीवीपैट मशीनें लगाई गई हैं। इनमें रिजर्व मशीनें भी शामिल है।

 

*****

 

विधानसभा चुनाव के लिए विशेष श्रृंखला में आज हम बात करते हैं- असम की जोरहाट लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले नाज़िरा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की। 

 

 

नाजि़रा शिवसागर जिले का एक महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्र है और यह ग्रामीण और अर्द्ध शहरी क्षेत्रों का मिश्रण है। इस निर्वाचन क्षेत्रों का अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से चाय की खेती, तेल एवं प्राकृतिक गैस निष्‍कर्षण पर निर्भर है। वर्तमान विधानसभा चुनाव में आठ उम्मीदवार मैदान में है। असम विधानसभा में विपक्ष के नेता देवव्रत सेकिया कांग्रेस के उम्मीदवार है, जबकि भाजपा ने मयूर बोरगोहेन को नामांकित किया है। सीपीआई ने कनक गोगोई को उम्मीदवार बनाया है और पांच उम्मीदवार निर्दलीयों के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। 2023 के परिसीमन के बाद नाजि़रा विधानसभा क्षेत्र की भौगोलिक सीमाओं और मतदाता संरचना में बदलाव आया है। भारत के निर्वाचन आयोग के अनुसार इस निर्वाचन क्षेत्रों में 1 लाख 82 हजार से अधिक मतदाता हैं।  जिनमें से 93 हजार से अधिक महिला मतदाता, 88 हजार से अधिक पुरुष मतदाता है और एक ट्रांसजेंडर मतदाता पंजीकृत हैं। अमीनुल हक जद्दार आकाशवाणी समाचार गुवाहाटी।

 

*****

 

केरलम में, विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार ज़ोरों पर है। शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए राज्य का दौरा कर रहे हैं।

 

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने एर्नाकुलम ज़िले के कुन्नाथुनाड विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। श्री शाह ने कहा कि केरलम के ये विधानसभा चुनाव सिर्फ़ सरकार बदलने के लिए नहीं हैं, बल्कि राज्य के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए हैं। उन्‍होंने कहा कि ‘न्याय सबके लिए और तुष्टीकरण किसी का नहीं’ – यही पूरे देश में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए का मूल मंत्र है।

 

 

बीजेपी की नीति बड़ी स्पष्ट है जस्टिस टू ऑल एपिजमेंट टू नन। इसी के तहत देश भर में काम कर रहे हैं। जब केरल का एक संगठन पीएफआई यहां से देश विरोधी प्रवृत्तियां करता था भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने एक ही दिन में देश भर के सभी पीएफआई कैडर को जेल की सलाखों के पीछे डालने का काम किया।

 

*****

 

पुद्दुचेरी में राजनीतिक दल विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को रिझाने के लिए भरसक प्रयत्‍न कर रहे है। राज्य में चुनाव प्रचार मंगलवार को समाप्त होगा। केंद्र शासित प्रदेश की तीस सदस्यों वाली विधानसभा के लिए बृहस्पतिवार को मतदान होगा। प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता जनसभाएं, रैलियां और मतदाताओं से लगातार संपर्क कर रहे हैं।

 

*****

 

त्रिपुरा में धर्मनगर विधानसभा क्षेत्र में बृहस्पतिवार को होने वाले उपचुनाव से पहले चुनाव प्रचार जोर पकड़ रहा है। भारी बरसात और तूफान के बावजूद राजनीतिक पार्टियां मतदाताओं को लुभाने में जुटी है।

 

*****

 

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों और उपचुनावों से पहले नकदी, शराब, नशीले पदार्थ और अन्य प्रलोभनों से संबंधित जब्त की गई राशि 650 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। निर्वाचन आयोग ने कहा कि राज्यवार आंकड़ों से पता चलता है कि पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 319 करोड़ रुपये जब्त किए गए, इसके बाद तमिलनाड में 170 करोड़ रुपये, असम में 97 करोड़ रुपये, केरल में 58 करोड़ रुपये और पुद्दुचेरी में 7 करोड़ रुपये की जब्ती हुई।

 

*****

 

 

सरकार देश भर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए सभी प्रयास कर रही है। सरकार ने नागरिकों से एलपीजी सिलेंडर बुक कराने के लिए डिजिटल तरीकों का उपयोग करने तथा गैस वितरकों के पास अनावश्यक जाने से बचने को कहा है।

 

 

तेल और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया है कि फरवरी 2026 से कल तक एलपीजी आपूर्ति 53 प्रतिशत से बढ़कर 90 प्रतिशत हो गई है। मंत्रालय ने कहा है कि कल 90 हजार से अधिक पांच किलोग्राम वाले एफटीएल-छोटे सिलेंडर की बिक्री की गई। मंत्रालय ने कहा है कि मार्च 2026 से लगभग 3 लाख 60 हजार पीएनजी गैस कनेक्शन दिये गए है।

 

 

पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने कहा है कि सभी भारतीय नाविक सुरक्षित है और पिछले 24 घंटे के दौरान भारतीय झंडे वाले किसी भी पोत के साथ किसी घटना की सूचना नहीं है।

 

*****

 

इस बीच, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर होर्मुज जल-डमरू-मध्य समुद्री यातायात के लिए बंद रहा तो वह मंगलवार को ईरान के बिजली संयंत्रों और पुलों पर हमला करेंगे। आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अगर जलमार्ग नहीं खोला गया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

 

 

ईरान की सेना ने दावा किया कि उसने, दक्षिणी इस्फ़हान के निकट कई अमरीकी विमानों को मार गिराया है। ये हमले उस समय किए गए जब एक अमरीकी लड़ाकू विमान के गिराए जाने के बाद लापता चालक दल के सदस्य को बचाने के लिए अमरीका के प्रयास जारी थे। खातम अल-अनबिया स्थित केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग से इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर और बासिज बलों द्वारा चलाए गए अभियान में दो ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर और एक सी-130 सैन्य परिवहन विमान नष्ट कर दिए गए। इससे पहले, राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने घोषणा की थी कि एक एफ-15 विमान के लापता चालक दल के सदस्य को सफलतापूर्वक बचा लिया गया है। समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।

 

*****

 

दिल्ली पुलिस अपराध शाखा ने राष्ट्रीय राजधानी और उत्तर-प्रदेश के कुछ हिस्सों में नकली दवा बनाने का भंडाफोड़ किया है। इस संबंध में अब तक 06 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अपराध शाखा के उपायुक्त आदित्य गौतम ने कहा कि मुजफ्फरनगर की फैक्‍ट्री से नकली दवा बनाने के लिए दो हजार किलो कच्‍चा माल प्राप्‍त हुआ है।

 

 

मुजफ्फरनगर में पूरी फैक्ट्री बस्‍ट की और इस फैक्ट्री में करीब हमें 2000 किलो रॉ मैटेरियल जो इन नकली दवाइयां को बनाने में इस्तेमाल किया जा रहा था। वह मिला है और कई तरह की मशीन मिली है। पूरी फैक्ट्री का सेटअप था। इन मशीनों से इन दवाइयों को बनाया जा रहा था और इनको ब्रांड और लेबल के हिसाब से पैक किया जा रहा था, और आगे सप्लाई किया जा रहा था।

 

*****

 

आईपीएल टी-20 क्रिकेट में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने चेन्‍नई सुपर किंग्‍स के साथ खेलते हुए ताजा समाचार मिलने तक 17वें ओवर में 03 विकेट पर 172 रन बना लिए हैं। 

 

 

वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स ने आज सनराइजर्स हैदराबाद को 5 विकेट से हराया। हैदराबाद के 157 रन के लक्ष्‍य को लखनऊ ने एक गेंद शेष रहते हासिल किया। मोहम्‍मद शमी को प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया।  

 

*****

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग कल रात साढे नौ बजे पब्लिक स्‍पीक कार्यक्रम में, नया आयकर अधिनियम, 2025 ” विषय पर एक परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसमें आयकर विभाग के संयुक्त सचिव पीतांबर दास और आर्थिक विश्लेषक शरद कोहली श्रोताओं के प्रश्‍नों के जवाब देंगे।

 

कार्यक्रम के दौरान, श्रोता इस विषय पर प्रश्न पूछ सकते हैं। नम्‍बर हैं- 0 1 1 – 2 3 3 1 0 4 8 1, 0 1 1

 

*****

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर, शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए राज्यों का दौरा कर रहे हैं।

  • वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में जनसभा को संबोधित किया; उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि सत्ता में आने पर भाजपा विकास सुनिश्चित करेगी और घुसपैठियों को वापस भेजेगी।

  • वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने असम में रैलियां कीं; उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार और बेहतर स्वास्थ्य सेवा का वादा किया।
  • निर्वाचन आयोग ने आगामी चुनाव से संबंधित छह सौ 50 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी, नशीले पदार्थ और अन्य प्रलोभन सामग्री की जब्ती का खुलासा किया।
  • सरकार देश भर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है; नागरिकों को एलपीजी सिलेंडर बुक करने के लिए डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने की सलाह दी।

  • पश्चिम एशिया संघर्ष गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है, राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर होर्मुज जल-डमरू-मध्य बंद रहा तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

  • और, आईपीएल क्रिकेट में, लखनऊ सुपर जायंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को पांच विकेट से हराया; रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला जारी।

*****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.