मुख्य समाचार :-
- केरलम, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, असम और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार तेज़। राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता जनसभा और रैलियां कर रहे हैं।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा– खाड़ी देशों के साथ सरकार के मज़बूत संबंध कठिन समय में वहां मौजूद भारतीयों की सुरक्षा में सहायक हैं।
- पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने नागरिकों को घबराहट में पेट्रोल और डीजल खरीदने तथा रसोई गैस की अनावश्यक बुकिंग से बचने की सलाह दी।
- पश्चिम एशिया में एक साथ कई मोर्चों पर हमले होने से संघर्ष और तेज हुआ।
- उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने विकसित भारत की यात्रा में शिक्षा को परिवर्तनकारी उपकरण बताया।
- आईपीएल क्रिकेट में, दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हराया; गुजरात टाइटन्स और राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला जारी।
****
केरलम, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, असम और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार तेज हो गया है। प्रमुख राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारक चुनावी रैलियां कर रहे हैं।
****
प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कहा है पश्चिम एशिया में रहने वाले भारतीयों, विशेष रूप से केरल के लोगों की सुरक्षा उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्री मोदी आज तिरुवल्ला में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों के साथ सरकार के मजबूत संबंध कठिन समय में वहां रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा में सहायक हैं।
गल्फ कंट्रीज के नेताओं से मैं लगातार सम्पर्क में हूं। वहां की सरकारों से हम लगातार बात कर रहे हैं। मैं आप सभी परिजनों को आश्वस्त करता हूं। आपके परिवारजन भले ही आपसे दूर हो, लेकिन वो अकेले नहीं है। भारत सरकार इन देशों में रह रहे हैं। हर भारतीय के साथ है।
प्रधानमंत्री ने मोदी ने आश्वासन दिया कि जनसंख्या वृद्धि को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने वाले दक्षिणी राज्यों के लिए लोकसभा सीटों में कमी नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि केरलम ऐतिहासिक परिवर्तन के लिए तैयार है।
तिरूवल्ला केरलम में विकास के नए युग की शुरूआत का केंद्र बनकर उभरा है। मैं इस जनसमर्थन के लिए तिरूवल्ला की जनता का बहुत–बहुत धन्यवाद करता हूं। तिरूवल्ला के लोगों का विश्वास ये हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
श्री मोदी ने तिरुवनंतपुरम में रोड शो भी किया।
****
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आज अलाप्पुझा में कहा कि यूडीएफ केरलम में वास्तविक बदलाव लाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद सत्ताधारी एलडीएफ अप्रासंगिक हो जाएगा।
एलडीएफ का पूरा नाम क्या है? वामपंथी लोकतांत्रिक मोर्चा – सच कहें तो, वामपंथ का अब कुछ भी नामोनिशान नहीं बचा है। आज एलडीएफ सरकार को कुछ सांप्रदायिक ताकतें चला रही है। यह भारत के संविधान को नहीं मानती, यह भारत की जनता को बांटती है, उन पर हमला करती है और उन्हें अपमानित करती है।
मुख्यमंत्री और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-एम के वरिष्ठ नेता पिनरायी विजयन ने कुन्नूर में प्रचार किया।
****
विधानसभा चुनावों के लिए निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल की हमारी श्रृंखला में आज हम केरलम की देवीकुलम विधानसभा क्षेत्र की जानकारी दे रहे हैं।
केरलम के इडुक्की जिले में स्थित देविकुलम विधानसभा क्षेत्र में इस बार छह उम्मीदवार मैदान में हैं। मौजूदा सीपीएम विधायक ए. राजा एलडीएफ के, वहीं, कांग्रेस के एफ. राजा यूडीएफ के उम्मीदवार हैं। भाजपा के एस. राजेंद्रन एनडीए के उम्मीदवार हैं। बसपा के वी. बी. राजेंद्रन और दो निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं। 2021 के चुनाव में सीपीएम विधायक ए. राजा ने कांग्रेस उम्मीदवार डी. कुमार को 7,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराया था। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी एम पल्लुरुथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रशान्त कुमार।
****
तमिलनाडु में भी चुनावी माहौल चरम पर है। इस बीच, डी.एम.के. के सहयोगी और विदुथलाई चिरुथाईगल काची के प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने विधानसभा चुनाव न लड़ने का फैसला किया है।
केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा उम्मीदवार डॉ. एल. मुरुगन ने कोयंबटूर में कहा कि राज्य के विकास और लोगों को अधिक अवसर मिल सके, इसके लिए दोहरी इंजन सरकार की जरूरत है।
****
पश्चिम बंगाल में भी राजनीतिक दल जनसंपर्क प्रयासों को तेज़ कर रहे हैं। एक रिपोर्ट –
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए चुनाव प्रचार तेज हो गया है। प्रमुख राजनीतिक दल राज्य भर में अपने जनसंपर्क प्रयासों को तेज़ कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल से उत्तर बंगाल और अन्य प्रमुख जिलों में कई रैलियों के साथ भाजपा के अभियान का नेतृत्व करेंगे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य भर में सक्रिय रूप से प्रचार कर रही हैं और अपनी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को आम जन तक पहुंचा रही हैं। चुनाव प्रचार अभियान के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दें जैसे राजकीय अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और औद्योगिक विकास की कमी, तथा कानून व्यवस्था ने चर्चा की दिशा तय की है। संदीपन दास गुप्ता की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अनुपम मिश्र।
****
पुद्दुच्चेरी में मतदान में पांच दिन शेष हैं। इस बीच राजनीतिक दल, मतदाताओं को लुभाने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा के तमिलनाडु प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई ने विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में रोड शो किए। केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने पुद्दुचेरी में एनडीए गठबंधन का चुनावी घोषणापत्र जारी किया। कांग्रेस की ओर से पार्टी अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने अन्नाई थिदल में प्रचार किया और एक जनसभा को भी संबोधित किया। विपक्ष के नेता और डीएमके उम्मीदवार आर. शिवा ने विलियानूर निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया, जबकि मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने औलगेरेट निर्वाचन क्षेत्र में एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार किया। वहीं, तमिलगा वेत्री कज़गम के अध्यक्ष और अभिनेता सी. जोसेफ विजय ने पुद्दुचेरी में प्रचार किया। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने भी अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने तिरुभुवनई निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार किया। पुद्दुचेरी से बिबिन एस नाथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विशाल शर्मा ।
****
निर्वाचन आयोग ने कहा है कि मतदाता ई.सी.आई. नैट प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता और आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी हासिल कर सकते हैं। मतदाता, उम्मीदवारों द्वारा प्रस्तुत पूर्ण शपथ पत्र भी डाउनलोड कर सकते हैं।
****
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि सरकार देश भर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है। मंत्रालय ने नागरिकों को घबराहट में पेट्रोल और डीजल खरीदने तथा रसोई गैस की अनावश्यक बुकिंग से बचने की सलाह दी। पांच किलोग्राम के सिलेण्डर नजदीकी एलपीजी वितरकों के यहां उपलब्ध हैं और वैध पहचान पत्र दिखाकर इन्हें खरीदा जा सकता है।
****
इस बीच, सभी तेल विपणन कंपनियों ने पंजाब, हिमाचल प्रदेश और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर में जनता को आश्वस्त किया है कि पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की आपूर्ति स्थिर है और वर्तमान मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक और पंजाब में तेल उद्योग के राज्य स्तरीय समन्वयक आशुतोष गुप्ता ने आकाशवाणी से बातचीत में इस बारे में जानकारी दी।
मैं पंजाब, चंडीगढ़़, हिमाचल प्रदेश, जे एंड के एवं लद्दाख की जनता को आश्वस्त रखना चाहता हूं कि सभी पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स और एलपीजी की सप्लाई प्रेजेन्ट डिमांड को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। राज्य भर में पैट्रोल एवं डीजल का स्टॉक सामान्य है, जहां तक एलपीजी का संबंध है। हमारे बॉटलिंग प्लांट और एलपीजी डिस्ट्रिब्यूटरशिप पर भी सफिशिएंट स्टॉक उपलब्ध है।
****
चिकित्सा उपकरण निर्यात संवर्धन परिषद के कार्यकारी निदेशक प्रवीण कुमार मित्तल ने आज सरकार के पेट्रो रसायन उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला पर सीमा शुल्क में छूट देने के निर्णय का स्वागत किया।
हमारी जो कस्टम ड्यूटी थी उनको हटाने से जो रॉ मटीरियल है, उन्हे कोस्टली हमारे जो मैन्युफैक्यचर्स है वो मैनेज कर पाएंगे और हमारी कोस्ट को हम एड्रेस कर पाएंगे, ताकि हमारे पैसे न बढ़े और ओवरऑल हैल्थ केयर की जो कोस्ट है वो भी न बढ़े आम आदमी के लिए।
****
पश्चिम एशिया में एक साथ कई मोर्चों पर हो रहे हमलों से संघर्ष और तेज हो गया है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने आज होर्मुज जलडमरूमध्य में इस्राएल से संबद्ध एक जहाज को निशाना बनाकर आग लगा दी। एक रिपोर्ट –
युद्ध शुरू होने के बाद से बुशहर संयंत्र पर आज चौथी बार हमला हुआ है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इसकी सुरक्षा के प्रति अंतरराष्ट्रीय चिंता की कमी की आलोचना की। रूस की सरकारी परमाणु निगम रोसाटॉम, ने अब कर्मचारियों को निकालने का अंतिम कार्य शुरू कर दिया है। अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने चेतावनी दी है कि परमाणु संयंत्र स्थलों पर कभी भी हमला नहीं किया जाना चाहिए। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि संयंत्र का मुख्य ढांचा बरकरार है और बिजली उत्पादन बाधित नहीं हुआ है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सौम्या शरण।
****
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शिक्षा को एक परिवर्तनकारी उपकरण बताया है। मोतिहारी में आयोजित महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में उन्होंने विद्यार्थिों से देश के सामने मौजूद चुनौतियों का सामना करने के लिए ज्ञान का उपयोग करने का आग्रह किया। उपराष्ट्रपति ने वर्तमान युग को अमृत काल बताते हुए कहा कि युवा ही भारत के भविष्य के निर्माता हैं।
****
संसद में इस महीने की 2 तारीख को पारित, जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) विधेयक 2026 के ज़रिए उनासी केंद्रीय अधिनियमों में संशोधन किया गया है। भारतीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम संघ– फिसमे ने विधेयक के पारित होने का स्वागत करते हुए इसे एमएसएमई के लिए व्यापार सुगमता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में फिसमे के महासचिव अनिल भारद्वाज ने कहा कि यह विधेयक अनुपालन बोझ को कम करने और एमएसएमई के लिए अधिक अनुकूल माहौल तैयार करने में सहायक होगा।
जनविश्वास बिल के पास होने पर वेलकम करती है। ये ग्रोथ इंडस्ट्री के लिए रेगुलेटरी बर्डन को कम करेगा और उनके यहां ईज ऑफ डूइंग बिजनेस है उसको बढ़ाएगा, जो माइनर ओफेंसिज भी होते थे। उसमें क्रिमिनेलाइज एरेंजमेंट था, जिसकी वजह से काफी दिक्कतों का सामना एमएसएमई को पड़ता था। उसकी बजाय डीक्रिमिनेलाइजिंग को खत्म करके और फिर पेनेल्टी लगाकर ऐसे बहुत सारे लंबित मुकदमों की समाप्ति होगी और मेरे ख्याल से एमएसएमई के लिए बहुत ही अच्छा कदम है।
****
दादरा नगर हवेली के दादरा इलाके में एक गैस सिलेंडर गोदाम में हुए भीषण विस्फोट में चार लोगों की मौत हो गई और चार घायल हो गए। यह धमाका आज सवेरे नाइट्रोजन और ऑक्सीजन सिलेंडरों के भंडारण वाले एक संयंत्र में हुआ। जिला कलेक्टर प्रियांक किशोर ने बताया कि धमाके से आसपास के इलाके में वाहनों और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है।
****
अहमदाबाद में आईपीएल टी-20 क्रिकेट में राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस के साथ खेलते हुए ताजा समाचार मिलने तक 16 ओवर में चार विकेट पर 166 रन बना लिए हैं। वहीं, डेल्ही कैपिटल्स ने आज मुम्बई इंडियंस को 6 विकेट से हराया। मुम्बई के 163 रन के लक्ष्य को डेल्ही ने 11 गेंद शेष रहते ही हासिल कर लिया। समीर रिजवी को 90 रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
****
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में झारखंड में ओलावृष्टि और तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने कल अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन के दौरान उत्तराखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, विदर्भ, पश्चिम बंगाल, केरलम और माहे में बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ तूफान की संभावना है।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- केरलम, तमिलनाड, पुद्दुचेरी, असम और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार तेज़। राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता जनसभा और रैलियां कर रहे हैं।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा– खाड़ी देशों के साथ सरकार के मज़बूत संबंध कठिन समय में वहां मौजूद भारतीयों की सुरक्षा में सहायक हैं।
- पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने नागरिकों को घबराहट में पेट्रोल और डीजल खरीदने तथा रसोई गैस की अनावश्यक बुकिंग से बचने की सलाह दी।
- पश्चिम एशिया में एक साथ कई मोर्चों पर हमले होने से संघर्ष और तेज हुआ।
- उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने विकसित भारत की यात्रा में शिक्षा को परिवर्तनकारी उपकरण बताया।
- आईपीएल क्रिकेट में, दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हराया; गुजरात टाइटन्स और राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला जारी।
****