April 2, 2026 10:01 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:-

 

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा– बदलती वैश्विक व्यवस्थाओं के बीच भारत, तेजी से प्रगति कर रहा है; कहा- वर्तमान शासन का मूल सिद्धांत सार्वजनिक सेवाओं को प्रभावी और नागरिकों के प्रति अधिक संवेदनशील बनाना।
  2. संसद ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल सामान्य प्रशासन विधेयक और जन विश्वास प्रावधान संशोधन विधेयक पारित किया; अमरावती को आंध्र प्रदेश की एकमात्र राजधानी का वैधानिक दर्जा प्रदान करने वाले विधेयक को भी दी मंजूरी।
  3. सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने मालदा में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाए जाने के मामले में पश्चिम बंगाल प्रशासन की आलोचना की। न्‍यायालय ने निर्वाचन आयोग से इस घटना की जांच केन्‍द्रीय जांच एजेंसी से कराने की अनुमति‍ दी और केंद्रीय बल की तैनाती के निर्देश दिए।
  4. असम, पश्चिम बंगाल, केरलम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार तेज।
  5. भारत ने संयुक्‍त राष्‍ट्र सेना में तैनात संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों पर हाल ही में हुए हमलों की निंदा की। सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान।
  6. भारतीय मुक्केबाज आदित्य प्रताप यादव मंगोलिया में एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।

 

******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत की तेजी से बदलती आकांक्षाओं के बीच एक ऐसे प्रशासनिक मॉडल की आवश्यकता है जो न केवल कुशल हो बल्कि नागरिक-केंद्रित भी हो। उन्होंने कर्मयोगी साधना सप्ताह को संबोधित करते हुए आज एक वीडियो संदेश में यह बात कही। वर्तमान शासन को ‘नागरिक देवो भव’ के मंत्र से निर्देशित बताते हुए श्री मोदी ने कहा कि इसका स्पष्ट उद्देश्य सार्वजनिक सेवा को अधिक सक्षम, संवेदनशील और नागरिक-केंद्रित बनाना है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी राष्ट्र की शक्ति उसकी संस्थाओं की क्षमता में निहित होती है और उस क्षमता को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

21वीं सदी के इस कालखंड में तेजी से बदलती व्‍यवस्‍थाएं, तेजी से बदलती दुनिया और उनके बीच उसी रफ्तार से आगे बढ़ता हमारा भारत। इसके लिए पब्लिक सर्विस को समय के अनुरूप निरंतर अपडेट करना जरूरी है। कर्मयोगी साधना सप्‍ताह उसी प्रयास की एक अहम कड़ी है।

 

******

 

केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) विधेयक, 2026 लोकसभा की मंजूरी मिलने के बाद संसद में पारित हो गया है। राज्यसभा विधेयक को पहले ही पारित कर चुकी है। विधेयक में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों- सीएपीएफ में महानिरीक्षक के 50 प्रतिशत पदों को प्रतिनियुक्ति द्वारा भरने का प्रावधान है।

 

विधेयक का उद्देश्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में ग्रुप ए जनरल ड्यूटी अधिकारियों और अन्य अधिकारियों की भर्ती तथा सेवा शर्तों से संबंधित सामान्य नियमों को विनियमित करना है।

 

विधेयक पारित होने के बाद अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन को सूचित किया कि लोकसभा कुछ महत्वपूर्ण कानूनों पर चर्चा करने के लिए इस महीने की 16 तारीख को बैठक करेगी।

 

******

 

संसद ने जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) विधेयक 2026 पारित कर दिया है। इसे राज्यसभा ने आज मंजूरी दी, लोकसभा ने इसे कल पारित किया था। विधेयक में कुछ कानूनों में संशोधन करके अपराधों को अपराध की श्रेणी से बाहर करने और उन्हें तर्कसंगत बनाने का प्रावधान है। इसके बाद, राज्‍यसभा को 16 अप्रैल तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

 

******

 

आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक 2026 भी संसद में पारित हो गया है। राज्यसभा ने आज इसे मंजूरी दी। लोकसभा में विधेयक पहले ही पारित हो चुका है। यह विधेयक आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम 2014 में संशोधन करता है और अमरावती को राज्‍य की एकमात्र राजधानी के रूप में वैधानिक दर्जा प्रदान करता है।

 

गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि यह विधेयक आंध्र प्रदेश के पांच करोड़ से अधिक लोगों के गौरव, आस्था और लोकतांत्रिक विश्वास की बहाली का प्रतीक है।

 

******

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-एस.आई.आर. प्रक्रिया के अभ्यास में लगे सात न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाए जाने की घटना का संज्ञान लेते हुए इसे निंदनीय बताया है। न्‍यायालय ने राज्य के गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक और अन्य अधिकारियों से इस संबंध में जवाब मांगा है।

 

मुख्य न्यायाधीश, न्‍यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और विपुल एम पंचोली की पीठ ने निर्वाचन आयोग से इस घटना की जांच केन्‍द्रीय जांच एजेंसी से कराने की अनुमति‍ दी और केंद्रीय बल की तैनाती के भी निर्देश दिए।

 

******

 

असम, पश्चिम बंगाल, केरलम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार तेज हो गया है।

 

******

 

पुद्दुचेरी में चुनाव प्रचार जोरो पर है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से –

 

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और राज्यसभा सांसद मुकुल वासनिक ने आज पुडुचेरी में चुनाव प्रचार किया। भाजपा की ओर से केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी माहे बीच पर आयोजित पारिवारिक सभा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि माहे को राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं से लाभ हुआ है और पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने एनडीए उम्मीदवारों के लिए नेट्टापक्कम निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया। विपक्ष के नेता और डीएमके नेता आर. शिवा ने विल्लियनूर के थिल्लई नगर और एसएमवी पुरम क्षेत्रों में चुनाव प्रचार किया। वहीं, भाजपा और उसके एनडीए सहयोगी भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने के लिए तैयार हैं, जो कल चुनाव प्रचार के लिए पुदुच्‍चेरी पहुंचेंगे। पुदुच्‍चेरी से बिबिन एस नाथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।

 

******

 

केरलम में आज एलडीएफ और यूडीएफ ने घोषणापत्र जारी किया। इस बीच, सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार कर रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तिरुवल्ला और तिरुवनंतपुरम में चुनावी सभाएं करेंगे। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने आज कोल्लम और तिरुवनंतपुरम में प्रचार किया।

 

******

 

भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में परिवर्तन का आह्वान किया। श्री शाह ने आज भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी और राशबेहारी, बालीगंज और चौरंगी विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में कोलकाता में एक रोड शो किया। 142 सीटों के लिए विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की अधिसूचना आज जारी हुई। इस चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 9 अप्रैल है, मतदान 29 अप्रैल को होगा।

 

******

 

श्री शाह ने आज असम के नागांव जिले के कालियाबोर निर्वाचन क्षेत्र में एक चुनावी रैली में कहा कि भाजपा घुसपैठियों के खिलाफ है। लेकिन असम के वास्‍तविक मुस्लिम निवासियों के खिलाफ नहीं है।

 

******

 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आज असम में कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में वापस आती है तो वे कार्बी आंगलोंग में अनुच्छेद 244(ए) लागू करेंगे।

 

******

 

असम में सभी 126 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए एक ही चरण में मतदान होना निर्धारित है। खोवांग एलएसी असम के प्रमुख और प्रतिष्ठित निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। हमारे संवाददाता से और अधिक जानकारी-

 

89 नंबर खोवांग विधानसभा क्षेत्र असम के 126 निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। आगामी चुनाव के लिए मतदान 9 अप्रैल को होना निर्धारित है। खोवांग डिब्रूगढ़ जिले का एक महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्र है और यह मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्र है। वर्तमान विधानसभा चुनाव में खोवांग से पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। भारतीय जनता पार्टी ने चक्रधर गोगोई को उम्मीदवार बनाया है, जो कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन की घटक पार्टी असम जातीय परिषद के अध्यक्ष लुरिंज्योति गोगोई के खिलाफ चुनाव लड रहे हैं। प्रभाकर दास और बिजू डोवारा स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, खोवांग में 1 लाख 57 हजार से अधिक मतदाता हैं, जिनमें 81 हजार से अधिक महिलाएं और 76 हजार से अधिक पुरुष हैं। अमीनुल हक ज्वद्दर आकाशवाणी समाचार गुवाहाटी।

 

******

 

निर्वाचन आयोग ने सभी मीडिया प्लेटफॉर्म और प्रसारकों को परामर्श जारी किया है। इसमें असम, केरलम, पुद्दुचेरी, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल के चुनावों और आठ विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनावों के लिए मतदान समाप्ति से पहले 48 घंटे की अवधि के दौरान चुनाव सामग्री और एग्जिट पोल के प्रदर्शन पर रोक लगाई गई है।

 

******

 

भारत ने संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा बल में तैनात संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों पर हाल में हुए हमलों की निंदा करते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज नई दिल्ली में कहा कि भारत शांति स्थापना में सबसे बड़े और सबसे लंबे समय तक योगदान देने वाले देशों में से एक रहा है और इसलिए शांति सैनिकों के खिलाफ अपराधों के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए।

 

संयुक्त राष्ट्र मिशनों और हमारे शांति सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। शांति स्थापना के लिए सबसे बड़े और सबसे लंबे समय तक योगदान देने वाले संगठनों में से एक होने के कारण और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2589 के अनुरूप, हम शांति सैनिकों के विरुद्ध अपराधों की जवाबदेही की मांग करते हैं।

 

श्री जायसवाल ने कहा कि ब्रिटेन ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर वार्ता के लिए भारत सहित कई देशों को आमंत्रित किया है। विदेश सचिव वार्ता में शामिल होंगे।

 

******

 

पश्चिम एशिया में जारी संकट को देखते हुए सरकार ने महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर 30 जून तक सीमा शुल्क में पूर्ण छूट देने का निर्णय किया है। पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर आज अंतरमंत्रालयी ब्रीफिंग में केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड के सदस्य संजय मंगल ने कहा कि यह निर्णय घरेलू उद्योग के लिए महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल इनपुट की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने और देश में आपूर्ति स्थिरता बनाए रखने के लिए एक अस्थायी और लक्षित राहत के तौर पर लिया गया है।

 

इस छूट से पेट्रोकेमिकल, कच्चे माल और मध्यवर्ती उत्पादों पर निर्भर कई क्षेत्रों को लाभ होगा, जिनमें प्लास्टिक, पैकेजिंग, वस्त्र, फार्मास्यूटिकल्स, रसायन, ऑटोमोटिव घटक और अन्य विनिर्माण क्षेत्र शामिल हैं। इससे इन उद्योगों के अंतिम उत्पादों के उपभोक्ताओं को भी राहत मिलेगी।

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अपर सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि अग्रिम प्राधिकार या निर्यात संवर्धन पूंजीगत वस्तु प्राधिकार रखने वाले निर्यातकों को उनकी निर्यात प्रतिबद्धताएं पूरा करने के लिए 31 अगस्त तक तीन महीने का अतिरिक्त समय दिया गया है।

 

एडवांस अथोराइजेशन और एक्‍स्‍पोर्ट प्रमोशन कैप और कैपिटल गुड्स इन स्‍कीम के द्वारा हम एक्‍स्‍पोर्ट फैशिलिटेशन करते हैं एक्‍स्‍पोर्ट को सपोर्ट करते हैं और उसमें ड्यूटी फ्री इम्‍पोर्ट किया जा सकता है इनपुट्स का, ताकि हम एक्‍स्पोर्ट को बढ़ावा दे सकें। ऐसे समय पर उसकी समय अवधि को जो उसके बढ़ाया गया है वे तीन महीने की अधिक अवधि में भी अपना एक्‍स्‍पोर्ट कमिटमेंट फुलफिल कर सकते हैं। कोई लाइसेंस या कोई एडिशनल पेनाल्‍टी पे नहीं करना है।

 

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में कच्चे तेल की उपलब्धता सामान्य है और रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं।

 

हमारी रिफाइनरीज् मैक्सिमम कैपासिटी ऑपरेट कर रही हैं। इसलिए सल्‍फर की कोई सॉर्टेज नहीं है। हमारे रिटेल आउटलेट्स नार्मल ऑपरेट कर रहे हैं। इंटरनेशनल वॉल्टीलिटी के बावजूद भी पम्‍प के प्राइजेज में कोई इं‍क्रीज नहीं किया गया है । भारत सरकार ने प्राइजेज को स्‍टेबल रखने के लिए एक्‍साइज ड्यूटी में रिडेक्‍शन किया है, और कुछ भार हमारी ऑयल मॉर्केटिंग कंपनी भी उठा रही हैं।  

 

******

 

उधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने पश्चिम एशिया संकट से निपटने के भारत के कूटनीतिक प्रयासों की सराहना की है।

 

******

 

भारतीय मुक्‍केबाज आदित्य प्रताप यादव मंगोलिया के उलानबाटोर में एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गये हैं। आदित्य ने पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग में सऊदी अरब के मूसा अलहौसा को सर्वसम्मति से पांच-शून्‍य के निर्णय से हराया। क्‍वार्टर फाइनल में उनका सामना उज्बेकिस्तान के अब्दुल्लोह मदामिनोव से होगा।

 

******

 

आईपीएल टी-ट्वेंटी क्रिकेट में कोलकाता में कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक हैदराबाद ने 17वें ओवर में 4 विकेट पर 176 रन बना लिये हैं।

 

******

 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आकाशवाणी न केवल मनोरंजन का स्रोत है, बल्कि ज्ञान संवर्धन और आस्था तथा सांस्कृतिक मूल्यों के सम्मान का सशक्त माध्यम भी है। आज आकाशवाणी लखनऊ के 89वें स्थापना दिवस पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आकाशवाणी पर प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम जनता से सीधे जुड़ने का एक सशक्त माध्यम है।

 

प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने कहा कि आकाशवाणी लखनऊ ने दिग्गज कलाकारों को मंच प्रदान किया है।

 

आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन ने कहा कि आकाशवाणी लोक प्रसारक के रूप में अपनी भूमिका को और सशक्त बनाने के लिए नई तकनीकों के साथ अपनी विश्वसनीयता बनाए रखेगी।

 

******

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा– बदलती वैश्विक व्यवस्थाओं के बीच भारत, तेजी से प्रगति कर रहा है; कहा- वर्तमान शासन का मूल सिद्धांत सार्वजनिक सेवाओं को प्रभावी और नागरिकों के प्रति अधिक संवेदनशील बनाना।
  2. संसद ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल सामान्य प्रशासन विधेयक और जन विश्वास प्रावधान संशोधन विधेयक पारित किया; अमरावती को आंध्र प्रदेश की एकमात्र राजधानी का वैधानिक दर्जा प्रदान करने वाले विधेयक को भी दी मंजूरी।
  3. सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने मालदा में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाए जाने के मामले में पश्चिम बंगाल प्रशासन की आलोचना की। न्‍यायालय ने निर्वाचन आयोग से इस घटना की जांच केन्‍द्रीय जांच एजेंसी से कराने की अनुमति‍ दी और केंद्रीय बल की तैनाती के निर्देश दिए।
  4. असम, पश्चिम बंगाल, केरलम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार तेज।
  5. भारत ने संयुक्‍त राष्‍ट्र सेना में तैनात संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों पर हाल ही में हुए हमलों की निंदा की। सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान।
  6. भारतीय मुक्केबाज आदित्य प्रताप यादव मंगोलिया में एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे। 

 

******