मुख्य समाचार :-
- सरकार ने कहा- पश्चिम एशिया संकट के बावजूद देश में खरीफ मौसम के लिए उर्वरक, बीज और कृषि रसायनों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
- विमानन उद्योग ने घरेलू परिचालन के लिए एटीएफ की कीमतों में नियंत्रित वृद्धि के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया। इससे मुश्किल समय में राहत मिली है।
- प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने असम में घुसपैठियों को हटाकर स्थानीय लोगों के भूमि अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने महंगाई बढ़ने का आरोप लगाया।
- संसद ने कंपनियों और व्यक्तियों के बीच प्रक्रियात्मक देरी और व्याख्या संबंधी मुद्दों के समाधान के लिए दिवाला और शोधन अक्षमता (संशोधन) विधेयक पारित किया।
- राज्यसभा ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के अधिकारियों के सामान्य नियमों को विनियमित करने के लिए विधेयक को मंजूरी दी।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जनगणना 2027 के लिए स्व-गणना में शामिल हुई।
- मंगोलिया में एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में सचिन सिवाच और विश्वनाथ सुरेश क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
*****
पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच सरकार ने आज आश्वासन दिया कि देश में उर्वरक बीज और कृषि रसायनों का पर्याप्त भण्डारण उपलब्ध है। पश्चिम एशिया के घटनाक्रमों पर नई दिल्ली में अंतरमंत्रालयी बैठक में कृषि विभाग की अपर सचिव मनिंदर कौर द्विवेदी ने बताया कि देश भर में खरीफ फसलों के 185 लाख क्विंटल से अधिक बीज उपलब्ध हैं।
जितने प्रमुख फसल है उनका पर्याप्त बीज उपलब्ध है धान जिसका सबसे ज्यादा अधिक मात्रा में उपयोग होता है 80 दशमलव 9 लाख क्विंटल, सोयाबीन 35 दशमलव 7 लाख क्विंटल, मूंगफली 21 दशमलव एक, मक्का 11 दशमलव 9 और बाकी तुअर, मूंग और उड़द इनकी पर्याप्त मात्रा में बीज की उपलब्धता है। यह बीच की उपलब्धता सभी राज्यों में पर्याप्त क्वांटिटी में अवेलेबल है।
अपर सचिव ने कहा कि वर्तमान खरीफ सीजन के लिए पहले से ही 46 प्रतिशत उर्वरक उपलब्ध हैं और कृषि रसायनों की भी पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने कहा कि टमाटर, प्याज और आलू सहित प्रमुख फसलों की कीमतें स्थिर हैं और थोक स्तर पर इनमें सुधार दिख रहा है।
नागर विमानन मंत्रालय के संयुक्त सचिव असंगबा चुबा आओ ने बताया कि विमानन उद्योग ने निर्धारित घरेलू मार्गों पर एयरलाइनों के लिए विमानन टरबाइन ईंधन की कीमतों में नियंत्रित 25 प्रतिशत की वृद्धि के सरकार के फैसले का स्वागत किया है।
भारतीय विमानन उद्योग ने भारत सरकार के इस महत्वपूर्ण और रणनीतिक निर्णय का स्वागत किया है, जिसके अंर्तगत घरेलू मार्गों पर चलने वाली नियमित उड़ानों के लिए विमानन टरबाइन ईंधन की कीमतों में 25 प्रतिशत की नियंत्रित वृद्धि की गई है। यह कदम वैश्विक ऊर्जा बाजारों में अभूतपूर्व उछाल के बीच राहत प्रदान करता है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में कच्चे तेल का भंडार वर्तमान में पर्याप्त है।
हमारी क्रूड इन्वेंटरी सफिशिएंट है और भारत सरकार ने अगले दो महीने के लिए सफिशिएंट क्रूड के लिए अरेंजमेंट किया हुआ है। हमारी रिफाईनरीज उच्चतम स्तर पर चल रही हैं, रिटेल आउटलेट्स पर कोई ड्राई आउट रिपोर्टेड नहीं है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पेट्रोल, डीजल की दरों में कोई वृद्धि नहीं की गई है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने अब तक एक हजार 171 भारतीयों को आवागमन में सहायता की है। इनमें 818 छात्र शामिल हैं जो भारत लौट रहे हैं।
*****
भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज असम में दो रैलियों को संबोधित किया। गोगामुख में प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग का कल्याण भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने समावेशी विकास हासिल करने के लिए हमेशा बुनियादी ढांचे, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा पर ध्यान केंद्रित किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि असम चाय के लिए विश्व स्तर पर प्रसिद्ध है और मोरीगांव में आगामी सेमीकंडक्टर संयंत्र के साथ, राज्य जल्द ही सेमीकंडक्टर चिप्स के लिए भी पहचान हासिल करेगा। बिश्वनाथ में एक रैली में श्री मोदी ने कहा कि राज्य सरकार घुसपैठियों को बाहर निकाल कर स्थानीय लोगों को भूमि का अधिकार दे रही है।
एक तरफ बीजेपी एनडीए सरकार घुसपैठियों से अवैध कब्जे अब छुड़ा रही है, वहीं दूसरी तरफ यहां के संतानों को भूमि के अधिकार दे रही है। मिशन वसुंधरा के तहत 23 लाख से अधिक असम के मूल निवासी भूमि के मालिक बने हैं। यह जनजातीय समाज के लिए एससी कम्युनिटी के परिवारों के लिए बहुत बड़ा सुरक्षा कवच बन रहा है और यही सच्चा सामाजिक न्याय है।
वहीं, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने शिवसागर जिले में पश्चिम एशिया संघर्ष से निपटने के तरीके पर सरकार की आलोचना करते हुए महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस असम में लोगों की सेवा करना चाहती है।
आज भी हम चाहते हैं कि असम में एक ऐसी सरकार बने, आपकी सेवा करें, आपके लिए ईमानदारी से काम करें आपकी संस्कृति, आपकी सभ्यता को आगे बढ़ाए और मजबूत बनाएं।
*****
केरलम में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव होंगे। निर्वाचन क्षेत्रों पर विशेष श्रृंखला में, आज चर्चा, पथानामथिट्टा जिले की रानी सीट की।
केरल के पथानामथिट्टा जिले की रानी सीट से चार उम्मीदवार मैदान में हैं। केरल कांग्रेस एम के प्रमोद नारायणन एलडीएफ से, कांग्रेस नेता पझकुलम मधु यूडीएफ से, और थॉमस के सैमुअल एनडीए से उम्मीदवार हैं। निर्दलीय उम्मीदवार के पी श्रीहर भी मैदान में हैं। 2021 के चुनावों में केरल कांग्रेस एम के प्रमोद नारायणन ने जीत दर्ज की थी। इस सीट में 90 हजार से अधिक महिलाओं सहित 1 लाख 76 हजार से अधिक मतदाता हैं। स्मिथ एम पल्लुरुथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं प्रशांत कुमार।
*****
संसद में दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (संशोधन) विधेयक 2026 पारित हो गया है। राज्यसभा ने आज विधेयक को ध्वनि मत से पारित कर दिया। लोकसभा इसे पहले ही पारित कर चुकी है। विधेयक का उद्देश्य दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता 2016 में संशोधन करना और कंपनियों और व्यक्तियों के बीच प्रक्रियात्मक देरी और व्याख्या संबंधी मुद्दों का समाधान करना है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि कहा कि संशोधन विधेयक में कुल 12 संशोधन हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि देश में बैंकिंग क्षेत्र की स्थिति सुधारने, विशेष रूप से संकटग्रस्त परिसंपत्तियों के समाधान में दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता- आईबीसी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
*****
राज्यसभा ने आज केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) विधेयक, 2026 ध्वनि मत से पारित कर दिया। इस विधेयक का उद्देश्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में ग्रुप ए जनरल ड्यूटी अधिकारियों और अन्य अधिकारियों की भर्ती तथा सेवा शर्तों से संबंधित सामान्य नियमों को विनियमित करना है।
गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि विधेयक का उद्देश्य भारत की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और सीएपीएफ अधिकारियों की सेवा शर्तों में अधिक स्पष्टता और एकरूपता लाना है।
*****
लोकसभा ने जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) विधेयक, 2026 पारित कर दिया। विधेयक में छोटे अपराधों को अपराध की श्रेणी से बाहर करने और जुर्माने तथा दंड को अपराध के अनुपात में संशोधित करने के उपाय शामिल हैं।
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह विधेयक लोगों के प्रति नरेंद्र मोदी सरकार के भरोसे और विश्वास को दर्शाता है। यह विधेयक अंग्रेजों द्वारा भारतीयों पर शासन करने के लिए लाए गए पुराने कानूनों को समाप्त करता है।
*****
संसदीय कार्य मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता किरेन रिजिजू ने आज संसद में कहा कि विधेयकों को पेश करना आवश्यकता और मौजूदा परिस्थितियों पर निर्भर करता है। इसे राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। संसद भवन में श्री रिजिजू ने कहा कि आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक को इसकी तात्कालिकता के कारण आगे लाया गया है।
आंध्र प्रदेश वाला बिल थोड़ा इमरजेंसी था। इसलिए आज आंध्र प्रदेश वाला मामला सामने में आया क्योंकि वहां अमरावती में राजधानी का एक स्वरूप देना था उसके लिए पार्लियामेंट से यह अमेंडमेंट बिल पास करना जरूरी था इसलिए आज उसको लाया गया है। हम नियम से चलते हैं और जरूरत के हिसाब हम कानून लाते हैं हम नियम मानने वाले लोग हैं नियम का विरुद्ध में काम करने वाला तो कांग्रेस और बाकी लोग करते हैं।
*****
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने लोकसभा में आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2026 के पारित होने का स्वागत किया है। विधेयक में अमरावती को राज्य की एकमात्र राजधानी के रूप में मान्यता देने का प्रावधान है। श्री नायडू ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
*****
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के दृष्टिकोण के अनुरूप कम्प्यूटेशनल थिंकिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को भारतीय भाषाओं में लागू करने का आह्वान किया है। नई दिल्ली में तीसरी से आठवीं कक्षा तक कम्प्यूटेशनल थिंकिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पाठ्यक्रम का शुभारंभ करते हुए शिक्षा मंत्री ने ये बात कही।
एआई इन एजुकेशन, एआई फॉर एजुकेशन दोनों लक्ष्यों को पूरा करने के लिए सीबीएसई ने आज अंडर 3 से 8 तक टीचर्स हैंडबुक फाइल करिकुलम, टीचर्स हैंडबुक और टेस्ट बुक यह दोनों विषय पर कंपटीशन थिंकिंग और एआई पर क्या होनी चाहिए एक एक्सपर्ट एकेडमिक कमेटी के माध्यम से उसको प्रस्तुत करवाया एनसीआरटी से वेटिंग करवाया।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि स्कूल का पहला दिन सिर्फ शुरुआत नहीं, बल्कि साझा राष्ट्रीय जिम्मेदारी है, जिसे विद्यार्थियों में समाहित करना आवश्यक है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा एक लेख को साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत भारत मूलभूत साक्षरता और आनंददायक शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करते हुए जिज्ञासा और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना जारी रखे हुए है।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने आज जनगणना 2027 के लिए ऑनलाइन स्व-गणना प्रपत्र भरा। उन्होंने देशवासियों को आधिकारिक वेब पोर्टल SE.CENSUS.GOV.IN के माध्यम से अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन जमा करके स्व-गणना प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया। राज्य की डिजिटल इंडिया पहल के अनुरूप आयोजित जनगणना 2027 में डेटा संग्रह और प्रसार की गुणवत्ता, दक्षता और समयबद्धता बढ़ाने के लिए व्यापक डिजिटल प्रौद्योगिकियों का उपयोग किया गया है।
*****
सरकार ने ग्रामीण स्थानीय शासन को बढ़ावा देने के लिए 15वें वित्त आयोग के अन्तर्गत आठ राज्यों में पंद्रह सौ करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की। इसमें अरुणाचल प्रदेश, गोवा, गुजरात, झारखंड, ओडिशा, राजस्थान, तेलंगाना और उत्तराखंड शामिल हैं। इनका उद्देश्य राज्यों में ग्रामीण स्थानीय शासन को और मजबूत करना है। अनुदानों का उपयोग पेयजल आपूर्ति, वर्षा जल संचयन और जल पुनर्चक्रण के लिए भी किया जाएगा।
*****
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज एबॉट की कार्यकारी उपाध्यक्ष और समूह अध्यक्ष लिसा अर्नहार्ट के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। श्री गोयल ने बताया कि उन्होंने भारत में कंपनी के संचालन और ‘मेक इन इंडिया’ पहल के अन्तर्गत विनिर्माण के अपार अवसरों पर चर्चा की।
*****
रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव कल से दो दिन के भारत दौरे पर रहेंगे। इस दौरान श्री मंटुरोव विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर और वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन से मुलाकात करेंगे। वे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल से भी मुलाकात करेंगे।
*****
वरिष्ठ अधिवक्ता और पंजाब के पूर्व विपक्ष नेता हरविंदर सिंह फूलका आज नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने मानवाधिकारों के लिए श्री फूलका के लंबे समय से किए गए कार्यों की सराहना की। श्री फूलका ने 1984 के दंगों के दोषियों को सजा दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
*****
सचिन सिवाच और विश्वनाथ सुरेश ने एशियाई मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। सचिन ने बुयांदालाइ बायारखू को और विश्वनाथ ने बेकजात एरजेशोव को हराया।
*****
लखनऊ में आईपीएल टी-ट्वेंटी क्रिकेट में लखनऊ सुपर जायंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स के साथ खेलते हुए ताजा समाचार मिलने तक 17वें ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 132 रन बना लिये हैं।
*****
अमरीका के अंतरिक्ष एजेंसी नासा का आर्टेमिस-2 मिशन आज रात प्रक्षेपित होगा। यह मिशन अपोलो के 53 वर्ष बाद चंद्रमा की ओर पहला मानव मिशन है। जिसमें चार अंतरिक्ष यात्री – रीड वाइजमैन, विक्टर ग्लोवर, क्रिस्टीना कोच और कनाडाई अंतरिक्ष यात्री जेरेमी हैनसेन सवार होंगे। लगभग 10 दिनों की यह यात्रा प्रशांत महासागर में लैंडिंग के साथ समाप्त होगी।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- सरकार ने कहा- पश्चिम एशिया संकट के बावजूद देश में खरीफ मौसम के लिए उर्वरक, बीज और कृषि रसायनों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
- विमानन उद्योग ने घरेलू परिचालन के लिए एटीएफ की कीमतों में नियंत्रित वृद्धि के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया। इससे मुश्किल समय में राहत मिली है।
- प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने असम में घुसपैठियों को हटाकर स्थानीय लोगों के भूमि अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने महंगाई बढ़ने का आरोप लगाया।
- संसद ने कंपनियों और व्यक्तियों के बीच प्रक्रियात्मक देरी और व्याख्या संबंधी मुद्दों के समाधान के लिए दिवाला और शोधन अक्षमता (संशोधन) विधेयक पारित किया।
- राज्यसभा ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के अधिकारियों के सामान्य नियमों को विनियमित करने के लिए विधेयक को मंजूरी दी।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जनगणना 2027 के लिए स्व-गणना में शामिल हुई।
- मंगोलिया में एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में सचिन सिवाच और विश्वनाथ सुरेश क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
*****