March 30, 2026 9:52 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  1. गृह मंत्री अमित शाह ने देश में नक्सलवाद को खत्‍म करने के लिए अर्धसैनिक बलों, पुलिस और जनता के प्रयासों की सराहना की। कहा- विकास वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंच रहा है।

  2. सरकार ने आश्वासन दिया है कि देश में उर्वरक, पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और पीएनजी का पर्याप्त भंडार उपलब्‍ध है।

  3. लोकसभा ने प्रक्रिया में विलंब और व्याख्या संबंधी मुद्दों के समाधान के लिए दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (संशोधन) विधेयक-2025 पारित कर दिया है।

  4. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल महावीर जयंती के अवसर पर गांधीनगर में सम्राट संप्रति संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे; और साथ ही गुजरात के वाव-थराद में लगभग 20 हजार करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ भी करेंगे।

  5. रायपुर में आयोजित खेलो इंडिया जनजातीय खेलों में मिजोरम और ओडिशा महिला हॉकी के फाइनल में।

  6. एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में, प्रीति पवार और दीपक ने मंगोलिया में जीत दर्ज की। भारत के अभियान की सकारात्मक शुरुआत।

*****

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि वामपंथी उग्रवाद ने प्रभावित क्षेत्रों में विकास को बाधित किया था, लेकिन अब नरेन्‍द्र मोदी सरकार के नेतृत्व में इन क्षेत्रों में विकास पहुंच रहा है। गृहमंत्री लोकसभा में देश को वामपंथी उग्रवाद से मुक्त करने के प्रयासों पर हुई चर्चा का जवाब दे रहे थे।

 

 

ये जो वकील बन रहे हैं एक हथियारी मूमेंट। कहते हैं हम अन्‍याय के खिलाफ लड़े। संविधान को मानोगे या नहीं मानोगे। किसी को भी अन्‍याय होता, इसका उपाय हमारे संविधान के अंदर निहित है। अदालते बनी हैं, विधानसभाए बनी हैं, जिला पंचायतें बनी हैं, तहसील पंचायतें बनी हैं। ये पूरी व्‍यवस्‍था को नकार करके, हाथ में हथियार उठा लोगे ऐसा कैसे चलेगा। ऐसा कैसे चलेगा और जस्टिफाइल जो करे मैं उनको कहना चाहता हूं वो समय चला गया। ये नरेन्‍द्र मोदी की सरकार है जो हथियार उठाएगा उसको हिसाब, इस तरह से नहीं चलेगा।

 

 

श्री शाह ने कहा कि 2024 से मार्च 2026 तक मुठभेड़ों में 706 नक्सली मारे गए। उन्होंने बताया कि 2218 नक्सलियों को हिरासत में लिया गया और 4839 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है।

 

 

आज बस्‍तर से नक्सलवाद लगभग-लगभग समाप्त। बस्तर के अंदर हर गांव में स्कूल बनाने की मुहिम चली, बस्‍तर के अंदर हर गांव में राशन की दुकान खोलने की मुहिम चली, हर तहसील पंचायत में पीएससी- सीएससी बने, इनके आधार कार्ड बने, राशन कार्ड बने, 5 किलो अनाज मिल रहा है। लाल आतंक का परछाई वहां पडा था इसलिए विकास नहीं पहुंचा था। आज परछाई हट गई है और बस्‍तर विकसित हो रहा हे।

 

 

श्री शाह ने देश में वामपंथी उग्रवाद को समाप्त करने के अभियान में शामिल अर्धसैनिक बलों, पुलिस  और लोगों के प्रयासों की सराहना की।

 

 

इससे पहले, लोकसभा में श्री शिंदे ने कहा कि सरकार के निरंतर प्रयासों से रेड कॉरिडोर अब विकास कॉरिडोर में बदल रहा है। उन्होंने कहा कि देश के 200 जिलों में फैला वामपंथी उग्रवाद अब सिर्फ तीन जिलों तक सिमट गया है।

 

 

कांग्रेस के सप्तगिरि शंकर उलका ने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान नक्सलवाद को खत्म करने के लिए कई प्रयास किए गए थे।

 

 

यूपीए की सरकार ने नक्सलवादी खत्म करने के लिए क्या-क्या किया था। हमारा एक ही मल्टी थ्रोन पोलिसी था सिक्योरिटी देना, सिक्योरिटी फोर्सज का डेप्लॉयमेंट करना, डेवलपमेंट के मुद्दे पर उठाना प्लस उनका अधिकार देना आदिवासियों को। हम विकास करते थे। कोबरा यूनिट जो सेंट्रल आर्म फोर्स की यूनिट  है इसका गठन यूपीए के टाइम में किया था 2008 में किया गया था।

 

 

लोकसभा की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्‍थगित कर दी गई है।

 

*****

 

पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच सरकार ने आज आश्वासन दिया कि देश में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार मौजूद है। नई दिल्ली में पश्चिम एशिया के घटनाक्रम पर अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में उर्वरक विभाग की अतिरिक्त सचिव अपर्णा शर्मा ने बताया कि देश की यूरिया इकाइयां वर्तमान में 80 प्रतिशत क्षमता से उत्पादन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों के अलावा अन्य स्रोतों से उर्वरकों की आपूर्ति बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

 

इस प्रिवेलिंग सिचवेशन में जो ग्‍लोबल फर्टिलाइजर मार्केट है उसमें काफी उछाल आया है प्राइस में इन सभी चीजों में और हमारी फ्रेंट और रिलेटेड कास्ट भी बड़ी है डोमेस्टिक प्रोडक्शन ऑफ़ यूरिया इंपैक्ट हुआ है। शुरू में हमारा जो प्रोडक्शन है थोडा इम्‍पेक्‍ट हुआ 30 से 35 हजार टन पर डे के हिसाब से और इसी सिचवेशन के रहते हमारे जो एफर्ट हैं उनके बारे में आपको ये बताना चाहूंगी कि ओवरऑल रिक्‍वायरमेंट जो हमारी अपकमिंग खरीफ सीजन की है वो 39 लाख टन है।

 

 

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और प्राकृतिक गैस की पर्याप्त उपलब्धता है।

 

 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी इस समय विश्व भर के कई देशों के नेताओं से बातचीत कर रहे हैं।

 

 

28 मार्च को प्रधानमंत्री की बातचीत सऊदी अरब के युवराज और वहां के प्रधानमंत्री इज रॉयल हाईनेस प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से हुई। प्रधानमंत्री ने उस क्षेत्र में ऊर्जा व्यवस्था इंफ्रास्ट्रक्चर हुए हमले पर निंदा की। दोनों नेताओं ने आजाद नव परिवहन और जहाज के रास्ते खुला और सुरक्षित रखने पर भी बातचीत की। साथ ही साथ प्रधानमंत्री ने सऊदी अरब के युवराज को वहां क्‍योंकि हमारे बहुत बडे भारतीय समुदाय रहता है उसकी देखभाल के लिए उनको को धन्यवाद दिया।

 

*****

 

लोकसभा ने दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (संशोधन) विधेयक-2025 ध्‍वनिमत से पारित कर दिया है। यह विेधेयक पहले संसद की प्रवर समिति को भेजा गया था। इसके बाद दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता 2016 में आगे संशोधन के लिए सदन में प्रस्‍तुत किया गया। इसका उद्देश्‍य प्रक्रियागत विलंब और व्याख्या संबंधी मुद्दों का समाधान करना है।

 

 

लोकसभा में दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (संशोधन) विधेयक-आई.बी.सी 2025 पर चर्चा का जवाब देते हुए श्रीमती सीतारामन ने कहा कि वाणिज्यिक बैंकों ने एनपीए से कुल एक लाख चार हजार करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की है, और इनमें से 54 हजार 528 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली अकेले दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता के माध्‍यम से हो पाई है।

 

*****

 

राज्यसभा में आज केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल-सामान्य प्रशासन विधेयक, 2026 पर विचार-विमर्श और पारित करने के लिए चर्चा शुरू हुई। इस विधेयक का उद्देश्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में ग्रुप ए जनरल ड्यूटी अधिकारियों और अन्य अधिकारियों की भर्ती और सेवा शर्तों से संबंधित सामान्य नियमों को विनियमित करना है। एक रिपोर्ट –

 

विधेयक में प्रावधान है कि महानिरीक्षक रैंक के कुल पदों में से 50 प्रतिशत, अतिरिक्त महानिदेशक रैंक के पदों में 67 प्रतिशत और विशेष महानिदेशक और महानिदेशक रैंक के सभी पद भारतीय पुलिस सेवा के प्रतिनियुक्ति प्राप्त अधिकारियों द्वारा भरे जाएंगे। चर्चा की शुरुआत करते हुए, तृणमूल कांग्रेस के मोहम्मद नदीमुल हक ने विधेयक का विरोध करते हुए कहा कि विधेयक में प्रशासनिक सुधार नहीं है और इससे गंभीर संवैधानिक चिंताएं उत्पन्न होंगी। डी.एम.के के तिरुचि शिवा ने कहा कि राष्ट्र की संप्रभुता सी.ए.पी.एफ. पर निर्भर करती है। भाजपा के सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि सरकार ने सी.ए.पी.एफ. के कल्याण और आधुनिकीकरण के लिए कई कदम उठाए हैं। हालांकि, चर्चा निरर्थक रही। बाद में सदन को दिनभर के लिए स्थगित कर दिया गया। समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे वाव-थराड में 19 हजार आठ सौ छह करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। एक रिपोर्ट

 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कच्छ जिले के खावड़ा में दुनिया के सबसे बड़े हाइब्रिड नवीनीकरण ऊर्जा पार्क में बिजली मंत्रालय के तहत 3664 करोड रुपए की तीन परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके अलावा 750 करोड़ की लागत से इदर बडोली बाईपास चार लाइन वाली सड़क और धोलावीरा-मौवाना-वाउवा-संतालपुर खण्‍ड की आधारशिला रखेंगे। श्री मोदी 5105 करोड रुपए की लागत से बनाए गए अहमदाबाद धोलेरा गलियारे के पैकेज एक से चार का भी उद्घाटन करेंगे। श्री मोदी रेल मंत्रालय की 891 करोड रुपए की परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। अजय इंद्रेकर आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि भगवान महावीर जन्म कल्याणक दिवस के अवसर पर कल गुजरात के कोबा तीर्थ स्थित सम्राट संप्रति संग्रहालय का उद्घाटन किया जाएगा।

 

*****

 

निर्वाचन आयोग द्वारा आज तमिलनाडु विधानसभा चुनाव और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए अधिसूचना जारी करने के साथ ही नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों और पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर पहले चरण में मतदान अगले महीने की 23 तारीख को होगा। छह अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते हैं।

 

*****

 

असम की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में एक ही चरण में मतदान होना है। सिबसागर विधानसभा सीट असम के प्रमुख और प्रतिष्ठित निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। यह विधानसभा क्षेत्र कभी अहोम साम्राज्य की राजधानी थी। जिसने करीब 600 वर्षों तक असम के बड़े हिस्से पर शासन किया। एक रिपोर्ट-

 

*****

 

आंध्र प्रदेश में वरिष्ठ नेता सी. नारायण राव समेत नौ माओवादियों ने आज पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। राज्य के पुलिस महानिदेशक हरीश कुमार गुप्ता ने बताया कि इस आत्मसमर्पण के साथ ही राज्य में वामपंथी उग्रवाद लगभग पूर्ण रूप से समाप्त हो गया है।

 

*****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल से बिहार और कर्नाटक के दौरे पर रहेंगी। दौरे के पहले दिन, राष्ट्रपति बिहार के राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।

 

*****

 

छत्तीसगढ़ में चल रहे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के छठे दिन आज रायपुर में हॉकी और फुटबॉल मैच हुए, जबकि अंबिकापुर में कुश्ती प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जगदलपुर में भी आज से एथलेटिक्स स्पर्धाएं शुरू हो गई हैं। महिला हॉकी में मिजोरम और ओडिशा की टीमें फाइनल में पहुंच गई हैं।

 

*****

 

एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में, एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता प्रीति पवार और दीपक ने अलग-अलग जीत दर्ज करते हुए आज भारत के अभियान की सकारात्मक शुरुआत की।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • गृह मंत्री अमित शाह ने देश में नक्सलवाद को खत्‍म करने के लिए अर्धसैनिक बलों, पुलिस और जनता के प्रयासों की सराहना की। कहा- विकास वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंच रहा है।

  • सरकार ने आश्वासन दिया कि देश में उर्वरक, पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और पीएनजी का पर्याप्त भंडार उपलब्‍ध है।

  • लोकसभा ने प्रक्रिया में विलंब और व्याख्या संबंधी मुद्दों के समाधान के लिए दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (संशोधन) विधेयक-2025 पारित किया।

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल महावीर जयंती के अवसर पर गांधीनगर में सम्राट संप्रति संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे; साथ ही गुजरात के वाव-थराद में लगभग 20 हजार करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ भी करेंगे।

  • रायपुर में आयोजित खेलो इंडिया जनजातीय खेलों में मिजोरम और ओडिशा महिला हॉकी के फाइनल में।

  • एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में, प्रीति पवार और दीपक ने मंगोलिया में जीत दर्ज की। भारत के अभियान की सकारात्मक शुरुआत।

*****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.