मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पश्चिम एशिया संघर्ष पर ईंधन आपूर्ति और मुद्रास्फीति पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक कर रहे हैं।
- सरकार ने पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पेट्रोल और डीजल पर घरेलू शुल्क में कटौती की; डीजल और विमानन ईंधन पर निर्यात शुल्क लगाया।
- खाड़ी देशों पर बढ़ते खतरे के बीच पश्चिम एशिया में सुरक्षा चिंता बढ़ी; तनाव कम करने के लिए राजनयिक प्रयास जारी।
- रक्षा अधिग्रहण परिषद ने रक्षा क्षमता बढ़ाने के लिए 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावों को मंजूरी दी।
- संसद ने वित्त विधेयक और विनियोग (संख्या 2) विधेयक को मंजूरी दी; दोनों सदन की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित।
- और भारतीय तीरंदाजों ने एशिया कप विश्व रैंकिंग टूर्नामेंट में दो स्वर्ण सहित दस पदक जीते।
—
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल माध्यम से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। बैठक में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को देखते हुए राज्यों की तैयारी और योजनाओं की समीक्षा की जा रही है। इसके अतिरिक्त वैश्विक तनाव के बीच ईंधन की आपूर्ति और महंगाई पर भी विचार-विमर्श होना है।
—
सरकार ने डीजल और विमानन टरबाइन ईंधन-एटीएफ पर निर्यात शुल्क लगाया है और पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क कम कर दिया है। इससे पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी और उपभोक्ताओं पर पश्चिम एशिया संकट के कारण वैश्विक तेल की बढ़ती कीमतों का असर नहीं पड़ेगा।
पश्चिम एशिया के घटनाक्रमों पर अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड के अध्यक्ष विवेक चतुर्वेदी ने कहा कि इन परिवर्तनों का उद्देश्य वैश्विक अनिश्चितता और आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान के बीच देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए डीजल और विमानन टरबाइन ईंधन की घरेलू उपलब्धता को प्राथमिकता देना है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि भारत के पास वर्तमान में कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार है। यह अगले दो महीनों के लिए आपूर्ति सुनिश्चित करेगा और एलपीजी तथा पीएनजी की उपलब्धता संतोषजनक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी पूरी या उससे अधिक क्षमता पर काम कर रही हैं।
हमारी रिफाईनरीज हंड्रेड परसेंट या उससे भी ज्यादा कैपेसिटी पर ऑपरेट कर रही हैं और डोमेस्टिक प्रोडक्शन ऑफ़ एलपीजी हैज इंक्रीजड बाय ऑलमोस्ट 40%. एलपीजी वी हैव ह्यूज इंपोर्ट डिपेंडेंसी और इसका 90% जो आ रहा था वो स्टेट ऑफ हॉर्मूज से आ रहा था इसलिए भारत सरकार ने निर्णय लिया कि डॉमेस्टिक कंज्यूमर्स को प्रायोरिटाइज किया जाएगा।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि पिछले 24 घंटों में खाड़ी क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से 25 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाया गया है।
पिछले 24 घंटों में 25 भारतीय नाविकों को सेफली इंडिया वापस लाया गया रिपेट्रिएट किया गया आफ्टर साइन ऑफ फ्रॉम वेरियस पार्ट्स ऑफ़ दि गल्फ एरिया। किसी भी पोर्ट पे मेजर पोर्ट या अदर दैन मेजर पोर्ट पे कोई कंजेशन या भीड़–भाड़ की कोई सूचना नहीं है, सभी जगह पोर्ट का ऑपरेशन संचालन सुचारु रूप से चल रहा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत की वैश्विक साझेदारों के साथ बातचीत जारी है। विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव (खाड़ी क्षेत्र) असीम आर महाजन ने आश्वासन दिया कि सरकार खाड़ी और पश्चिम एशिया क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रमों पर कड़ी नजर रख रही है।
—
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए अपने जहाजों का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित देशों के साथ लगातार संपर्क में है। नई दिल्ली में आज मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि एलपीजी के चार जहाज अब तक होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर भारत पहुंच चुके हैं।
चार जहाज हमारे वहां से आ चुके हैं और हम कई सारे खाड़ी के देशों के साथ बात कर रहे हैं ताकि और भी जो हमारे जहाज है वहां से स्टेट आफ हॉर्मूज से पार करके सुरक्षित भारत आएं।
—
ईरान के हमले तेज करने के साथ पश्चिम एशिया में संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत और सऊदी अरब सहित खाड़ी देशों पर खतरा बढ़ गया है। संयुक्त अरब अमीरात में वायु रक्षा प्रणालियों ने आज सुबह ईरान की छह बैलिस्टिक मिसाइलों और नौ ड्रोनों को रोका। इसमें किसी को भी कोई नुकसान नहीं हुआ है। कुवैत पर भी सीधा हमला हुआ है। सऊदी अरब में रक्षा प्रणालियों ने पूर्वी प्रांत के ऊपर चार ड्रोनों को रोका। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलदिमिर ज़ेलेंस्की सऊदी अरब की यात्रा पर हैं। इस बीच, तनाव कम करने के लिए राजनयिक प्रयास जारी है। एक रिपोर्ट –
खाड़ी देशों के अधिकारियों का कहना है कि बढ़ता सुरक्षा खतरा केवल सैन्य तनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आर्थिक स्थिरता और दीर्घकालिक विकास योजनाओं को लेकर भी गंभीर चिंताओं से जुड़ा हुआ है। आशंका है कि बंदरगाहों और हवाई अड्डों जैसे प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों पर हमले निवेशकों के भरोसे को कमजोर कर सकते हैं और खाड़ी देशों में चल रही “विजन 2030” जैसी आर्थिक विविधीकरण योजनाओं को प्रभावित कर सकते हैं। ऊर्जा सुरक्षा भी एक बड़ा मुद्दा बनी हुई है। खाड़ी क्षेत्र के ऊर्जा प्रतिष्ठान अब भी खतरे में हैं। खाड़ी सहयोग परिषद के भीतर ओमान कूटनीतिक समाधान की वकालत करता रहा है और 15-सूत्रीय शांति प्रस्ताव का समर्थन कर रहा है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।
—
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में रक्षा अधिग्रहण परिषद ने आज दो लाख 38 हजार करोड़ रूपए के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी। इन प्रस्तावों का उद्देश्य रक्षा सेवाओं की क्षमता बढ़ाना है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यह स्वीकृति भारतीय सेना की वायु रक्षा ट्रैकिंग प्रणाली, आर्मर्ड पियर्सिंग टैंक इम्युनेशन, उच्च क्षमता के रेडियो रिले, धनुष गन प्रणाली और रनवे एरियल निगरानी प्रणाली के लिए दी गई है। भारतीय वायु सेना के लिए मध्यम परिवहन विमान की खरीद, एस- 400 मिसाइल प्रणाली, दूर तक मारक क्षमता वाले विमानों और सुखोई-30 एयरो ईंजन के ओवरहॉल के लिए प्रस्ताव मंजूर किए गए हैं। रक्षा खरीद परिषद ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में छह लाख 73 हजार करोड़ रूपए के 55 प्रस्तावों को मंजूरी दी है।
—
भारतीय नौसेना की आईओएस सागर पहल ने कोच्चि के दक्षिणी नौसेना कमान में गहन बंदरगाह प्रशिक्षण चरण के सफल समापन के साथ क्षेत्रीय समुद्री सहयोग में महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह पहल हिंद महासागर क्षेत्र में सहयोगात्मक सुरक्षा और क्षमता निर्माण के लिए भारत की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करती है।
—
रक्षा मंत्रालय ने आज तुंगुस्का वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली की खरीद और पी-8 आई दीर्घ-श्रेणी समुद्री टोही विमान के निरीक्षण के लिए आठ सौ 58 करोड़ रुपये के अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए। मंत्रालय ने बताया कि भारतीय सेना के लिए चार सौ 45 करोड़ रुपये की तुंगुस्का वायु रक्षा मिसाइल प्रणालियों की खरीद का अनुबंध रूस की जे.एस.सी. रोसोबोरोन एक्सपोर्ट के साथ रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में किया गया।
—
लोकसभा में ऋण शोधन अक्षमता और दिवालियापन संहिता (संशोधन) विधेयक 2025 पर चर्चा फिर से हुई। विधेयक का उद्देश्य ऋण शोधन अक्षमता और दिवालियापन संहिता 2016 में और संशोधन करना है। इसका लक्ष्य कंपनियों और व्यक्तियों के बीच प्रक्रियात्मक विलंब और व्याख्या संबंधी मुद्दों का समाधान करना है।
—-
वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने आज लोकसभा में जन विश्वास-प्रावधान संशोधन विधेयक, 2026 प्रस्तुत किया। यह विधेयक कुछ अधिनियमों में संशोधन करके अपराधों को निर्दिष्ट श्रेणी से निकालने और तर्कसंगत बनाने का प्रयास करता है। इसे जीवन और व्यापार में सुगमता लाने के लिए विश्वास आधारित शासन को और मजबूत करने के उद्देश्य से लाया गया है।
—
संसद ने वित्त विधेयक-2026 और विनियोग संख्या-2 विधेयक 2026 को मंजूरी दे दी है। राज्यसभा ने आज इस पर चर्चा के बाद इसे लोकसभा वापस भेज दिया। लोकसभा इसे पहले ही पारित कर चुकी है। इसके साथ ही बजट प्रक्रिया पूरी हो गई।
वित्त विधेयक का उद्देश्य वित्त वर्ष 2026-2027 के लिए केंद्र सरकार के वित्तीय प्रस्तावों को लागू करना है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सदन में विधेयक पेश किया था। विनियोग संख्या-2 विधेयक 2026 का उद्देश्य वित्तीय वर्ष 2026-27 की सेवाओं के लिए भारत की संचित निधि से कुछ राशियों के भुगतान और विनियोग को अधिकृत करना है। इसके बाद दोनों सदनों की कार्यवाही सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
—-
पांच राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग एक विशेष श्रृंखला शुरू कर रहा है। आज केरलम के तिरूवनंतपुरम के बारे में एक रिपोर्ट-
केरलम के तिरुवनंतपुरम विधानसभा क्षेत्र में 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां तीनों राजनीतिक मोर्चों – एनडीए, एलडीएफ और यूडीएफ ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं। सत्ताधारी एलडीएफ के समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सुधीर करमना चुनाव लड़ रहे हैं। यूडीएफ ने ‘कम्युनिस्ट मार्क्सवादी पार्टी केरलम‘ के सी.पी. जॉन को और एनडीए ने बीजेपी के करमना जयन को उतारा है। बीएसपी के एडवोकेट सेन, एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) की ए. स्वरूपा और छह अन्य निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में 82 हजार से अधिक महिलाओं सहित एक लाख, 58 हजार से अधिक मतदाता हैं। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी एम. पल्लुरुथी के साथ शशांक कुमार।
—
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। इस हवाई अड्डे को लगभग 11 हजार दो सौ करोड़ रूपए की लागत से विकसित किया गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इसका उद्देश्य शून्य कार्बन उत्सर्जन सुविधा, ऊर्जा सक्षम प्रणाली और पर्यावरण अनुकूल हवाई अड्डे के परिचालन को बढ़ावा देना है।
—
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार, 29 मार्च को दिन के ग्यारह बजे आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे। यह इस मासिक रेडियो कार्यक्रम की 132वीं कडी होगी।
—
सरकार ने सोशल मीडिया पर वायरल उस वीडियो का खंडन किया है, जिसमें दावा किया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में लॉकडाउन की घोषणा कर दी है। वीडियो में कहा गया है कि देश में बड़े संकट के कारण लोगों को घरों में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा है। पत्र सूचना कार्यालय-पीआईबी की फैक्ट चेक यूनिट ने इस दावे को फर्जी बताया है और कहा है कि प्रधानमंत्री या केंद्र सरकार ने ऐसी कोई घोषणा नहीं की है। पीआईबी ने लोगों से ऐसी सनसनीखेज खबरों पर विश्वास नहीं करने और केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने का आग्रह किया है।
—
बैंकॉक में तीरंदाजी एशिया कप विश्व रैंकिंग प्रतियोगिता के पहले चरण में भारत ने 10 पदक जीत लिए हैं। भारत ने कंपाउंड मिस्क्ड टीम ने स्वर्ण पदक और पुरुषों के व्यक्तिगत वर्ग में स्वर्ण, रजत और कांस्य तीनों पदक अपने नाम किया। भारत ने दो स्वर्ण, चार रजत और चार कांस्य पदक जीतकर पिछले संस्करण के अपने कुल पदकों की संख्या में सुधार किया है।
—
छत्तीसगढ़ में खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स के तीसरे दिन आज रायपुर में तैराकी, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग और हॉकी के मुकाबले हुए।
—
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पश्चिम एशिया संघर्ष को देखते हुए ईंधन आपूर्ति और मुद्रास्फीति पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक कर रहे हैं।
- सरकार ने पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पेट्रोल और डीजल पर घरेलू शुल्क में कटौती की; डीजल और विमानन ईंधन पर निर्यात शुल्क लगाया।
- खाड़ी देशों पर बढ़ते खतरे के बीच पश्चिम एशिया में सुरक्षा चिंता बढ़ी; तनाव कम करने के लिए राजनयिक प्रयास जारी।
- रक्षा अधिग्रहण परिषद ने रक्षा क्षमता बढ़ाने के लिए 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावों को मंजूरी दी।
- संसद ने वित्त विधेयक और विनियोग (संख्या 2) विधेयक को मंजूरी दी; दोनों सदन की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
- और भारतीय तीरंदाजों ने एशिया कप विश्व रैंकिंग टूर्नामेंट में दो स्वर्ण सहित दस पदक जीते।