मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज फ्रांस और स्लोवाकिया की छह दिवसीय यात्रा पर होंगे रवाना।
- डीआरडीओ ने बहुस्तरीय बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा क्षमता का प्रदर्शन करते हुए लगातार तीन सफल परीक्षण किए।
- विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने तेल टैंकर पर हमले के विरोध में अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से कड़ा विरोध जताया। हमले में मारे गए थे तीन भारतीय नाविक।
- भारत और बांग्लादेश ने सीमा पर शांति और स्थिरता बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
- अमरीका प्रस्तावित शांति समझौते के तहत ईरान के नागरिक परमाणु कार्यक्रम पर हुआ सहमत।
- ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन के महिला सिंगल्स सेमीफाइनल में आज भारत की पीवी सिंधु और जापान की अकाने यामागुची होंगी आमने–सामने।
- फीफा फुटबाल विश्व कप में पराग्वे के साथ मुकाबले में अमरीका 3-0 से आगे।
******* *******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज फ्रांस और स्लोवाकिया की छह दिन की यात्रा पर रवाना होंगे। श्री मोदी आज शाम फ्रांस के नीस शहर पहुंचेंगे। वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री की यह फ्रांस की सातवीं आधिकारिक यात्रा है। प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों इस वर्ष के आरंभ में भारत-फ्रांस संबंधों को विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिए जाने के बाद पहली द्विपक्षीय शिखर बैठक करेंगे। प्रधानमंत्री एवियन में जी-7 शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम फ्रांस के नीस शहर पहुंचेगें। प्रधानमंत्री मोदी आज दक्षिण फ्रांस में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से मिलेंगे। वे कल राष्ट्रपति मैक्रों के साथ भारत इनोवेट्स का उद्घाटन करेंगे इस प्रदर्शनी में भारत के 120 से अधिक स्टार्टअप और कंपनियां भाग लेंगी, जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डीप–टेक और उद्यमिता के क्षेत्र में भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका को प्रदर्शित करेंगी। कार्यक्रम में फ्रांस सहित दुनिया भर के निवेशक और उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। इसके बाद दोनों नेता ऐतिहासिक विला केरीलोस में द्विपक्षीय शिखर वार्ता करेंगे। वार्ता के दौरान रक्षा, अंतरिक्ष, असैन्य परमाणु ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और जन–से–जन संपर्क जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। भारत और फ्रांस के बीच 25 वर्षों से अधिक पुरानी रणनीतिक साझेदारी है, जो रक्षा, अंतरिक्ष और आर्थिक सहयोग के क्षेत्रों में लगातार मजबूत हुई है। वर्ष 2025-26 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार लगभग 16 अरब अमरीकी डॉलर हो चुका है। नीस में अपने कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री मोदी द्विपक्षीय यात्रा पर स्लोवाकिया जाएंगे। इसके इसके बाद वे 16 और 17 जून को फ्रांस के एवियां में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फ्रांस लौटेंगे। इस मंच पर प्रधानमंत्री मोदी विकासशील देशों के प्रमुख प्रतिनिधि के रूप में भारत का पक्ष रखेंगे। नीस से शैलैश मेनन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से कृष्णकांत।
******* *******
प्रधानमंत्री मोदी कल स्लोवाक गणराज्य की तीन दिन की यात्रा पर रहेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री मोदी ब्राति-स्लावा में स्लोवाक गणराज्य के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको से वार्ता के दौरान आपसी सहयोग बढाने पर चर्चा करेंगे।
स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली आधिकारिक यात्रा पर स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रधानमंत्री मोदी यात्रा के दौरान स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट के साथ वार्ता में आपसी सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा करेंगे। यात्रा के दौरान श्री मोदी स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी से भी भेंट करेंगे। यह राजकीय यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत और स्लोवाकिया के बीच व्यापारिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार वर्ष 2024 में 1 अरब डॉलर से अधिक हो गया था। पिछले वर्ष यह बढ़कर 1 अरब 80 करोड़ डॉलर तक पहुंच गया। प्रधानमंत्री की यह यात्रा भारत और स्लोवाकिया के संबंधों को नई मजबूती देगी। साथ ही यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के साथ भारत का सहयोग और बढ़ने की संभावना है। ब्रातिस्लावा से स्मृति एम की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।
******* *******
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन-डीआरडीओ को लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल रोधी और मध्यम दूरी की पोत-रोधी क्षमता का प्रदर्शन करने वाले लगातार तीन सफल परीक्षणों के लिए बधाई दी है। रक्षा मंत्री ने कहा कि इन परीक्षणों ने भारत को अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल हमले रोकने में सक्षम विशिष्ट देशों के समूह में शामिल कर दिया है। श्री सिंह ने कहा कि डीआरडीओ ने विभिन्न प्रकार के खतरों के खिलाफ राष्ट्र की रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने वाली कई महत्वपूर्ण तकनीकों का सफल प्रदर्शन किया है।
आज़ादी के बाद कुछ ऐसे प्रिंस्ली स्टेट्स थे जिनके शासक भारत में आने से मना कर रहे थे। शुरुआत में सरदार पटेल ने बातचीत के माध्यम से उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन जब बातचीत से हल नहीं निकला, तो उन्होंने बलपूर्वक उन प्रिंस्ली स्टेट्स का भारत में विलय कराया। हमारी सरकार भी इसी नीति पर चल रही है। ऑपरेशन सिंधूर से हमने दुनिया को बता दिया, शांति और सद्भावना की भाषा नहीं समझने वाले लोगों को हम उसी की भाषा में जवाब देना जानते हैं, जो उनकी आदत है।
******* *******
देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास सिद्धांत के अंतर्गत पिछले 12 वर्ष में उल्लेखनीय बदलाव हुए हैं। आकाशवाणी समाचार पिछले 12 वर्ष में प्रमुख क्षेत्र में सरकार के प्रयासों पर विशेष कार्यक्रम प्रसारित कर रहा है। आज हम देश की सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने की दिशा में किये गए प्रयासों की चर्चा करेंगे।
पिछले 12 वर्षों में भारत की सांस्कृतिक यात्रा ने नई ऊँचाइयाँ हासिल की हैं। देश की संस्कृति अपनी परंपराओं से जुड़ी हुई है और साथ ही पूरी दुनिया के लिए खुली भी है। सरकार ने देश और विदेश में कई ऐसे कदम उठाए हैं, जिससे लोगों में सांस्कृतिक विरासत के प्रति गर्व की भावना और अधिक मजबूत हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक परियोजना, माँ कामाख्या मंदिर का पुनर्विकास, जूना सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण और अयोध्या में राम मंदिर की स्थापना जैसे ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। आध्यात्मिक पर्यटन सर्किट और आधुनिक तीर्थयात्री सुविधाओं के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को फिर से सशक्त बनाया जा रहा है। इस बदलाव में संग्रहालय अनुदान योजना और सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा उत्पादन अनुदान योजना की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इन योजनाओं ने भारत की सांस्कृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने के साथ–साथ सांस्कृतिक रचनात्मकता और स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी को भी बढ़ावा दिया है। संग्रहालय अनुदान योजना के तहत देशभर में 21 नए संग्रहालय स्थापित किए गए हैं और 23 पुराने संग्रहालयों का आधुनिकीकरण किया गया है। यह योजना नागालैंड जैसे राज्यों में भी काफी लाभकारी साबित हुई है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में नागालैंड के कला औऱ संस्कृति विभाग के गाइड लेक्चरर तालितेमजेन ने इस योजना के लाभों पर बात की। सांस्कृतिक कार्यक्रम औऱ उत्पादन अनुदान योजना भी देशभर में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरी है। मणिपुर की सबसे पुरानी रंगमंच संस्था, मणिपुर ड्रामेटिक यूनियन को हाल ही में मिली वित्तीय सहायता मिली है जिसके बाद नए नाट्य प्रस्तुतियों की तैयारी कर रही है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में संस्था के सचिव सोरोखैबम सरतचंद्र ने क्षेत्रीय कला और संस्कृति को मजबूत समर्थन देने के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया।
इस संगठन की स्थापना के बाद से हमें संस्कृति मंत्रालय से विभिन्न प्रकार के अनुदान प्राप्त हुए हैं। सांस्कृतिक अनुदान के अंतर्गत हमें इस वर्ष सवा लाख रुपये प्राप्त हुए हैं। हमें स्वीकृत राशि का 75% प्राप्त हुआ है। मैं भारत सरकार और संस्कृति मंत्रालय का आभार व्यक्त करता हूं।
भारत ने अपनी संस्कृति को संरक्षित करने और दुनिया तक पहुँचाने के लिए बड़े कदम उठाए हैं। प्राचीन मंदिरों का जीर्णोद्धार किया गया है, तीर्थस्थलों का विकास हुआ है और पुरानी परंपराओं को नया जीवन मिला है। साथ ही, बेहतर सड़कें, स्वच्छ सुविधाएँ और आधुनिक सेवाएँ लोगों के लिए इन स्थानों तक पहुँचना अधिक आसान बना रही हैं। आज पूरी दुनिया भारत की संस्कृति, परंपराओं और जीवन शैली में रुचि दिखा रही है। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत अब केवल देश में ही नहीं, बल्कि विश्वभर में अपनी अलग पहचान बना रही है। अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
******* *******
ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
******* *******
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बातचीत में खाड़ी में अमरीकी नौसेना के हमलों पर कड़ा विरोध जताया है। इन हमलों में तीन भारतीय नाविक मारे गए थे। डॉ. जयशंकर ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों पर इस तरह की घातक कार्रवाई उचित नहीं है।
ओमान तट पर टैंकर एमटी सेट्टेबेलो पर अमरीकी हमले में तीन भारतीय चालक दल के सदस्यों की मौत के कुछ दिनों बाद यह बातचीत हुई है। जहाज पर भारतीय चालक दल के 24 सदस्य सवार थे। इनमें से 21 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। इस घटना के बाद, भारत ने कड़ा विरोध जताते हुए अमरीकी राजनयिक को नई दिल्ली में तलब किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इससे पहले कहा था कि भारतीय चालक दल के सदस्यों को ले जाने वाले व्यापारिक जहाजों पर हमले तुरंत बंद होने चाहिए। उन्होंने संवाद और कूटनीति के माध्यम से क्षेत्र में शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करने के लिए का भी आह्वान किया। समचार कक्ष से मेघना शर्मा।
******* *******
ट्रम्प प्रशासन ने कहा है कि वह ईरान के नागरिक परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम को मंजूरी देने के लिए तैयार है, लेकिन ईरान को परमाणु हथियार निर्माण से जुड़े बुनियादी ढांचे को खत्म करना होगा।
अमरीकी अधिकारी ने नागरिक परमाणु ऊर्जा उत्पादन और परमाणु हथियार क्षमता के बीच स्पष्ट अंतर बताया और कहा कि अमरीका का उद्देश्य ईरान के परमाणु ऊर्जा क्षेत्र को समाप्त करना नहीं है, बल्कि ईरान को बम बनाने की क्षमता बनाए रखने से रोकना है।
******* *******
भारत और बांग्लादेश ने सीमा पर शांति, स्थिरता और सद्भाव बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है। सीमा सुरक्षा बल और बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड के बीच 57वां महानिदेशक स्तरीय सीमा समन्वय सम्मेलन 8 से 11 जून तक नई दिल्ली में आयोजित किया गया।
******* *******
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के भारतीय सैन्य अकादमी में आज पासिंग आउट परेड आयोजित की गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस अवसर पर परेड का निरीक्षण किया। इस वर्ष की ऐतिहासिक पासिंग आउट परेड में पहली बार महिला कैडेट्स भी शामिल हुई।
******* *******
कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एन.टी.ए के महानिदेशक अभिषेक सिंह के साथ बैठक में नीट पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने पुनर्परीक्षा के सुचारु, पारदर्शी और सुरक्षित आयोजन के लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर बल दिया।
******* *******
लॉस एंजलिस में फीफा फुटबॉल विश्व कप में, पैराग्वे के साथ मैच में ताजा समचार मिलने तक अमरीका तीन-एक से आगे था।
इससे पहले, कनाडा और बोस्निया-हर्जेगोविना का मैच 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। ।
******* *******
भारत की पीवी सिंधु आज सिडनी में ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंग्ल्स सेमीफाइनल में जापान की अकाने यामागुची से खेलेंगी। सिंधु ने क्वार्टर फाइनल में चेन सु यू को हराया था।
******* *******
बात मौसम की – मौसम विभाग ने असम और मेघालय में आज मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग के अनुसार कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के आसार है।
******* *******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
******* *******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– वैष्णवी।
- ओमान की खाडी में भारतीय चालक दल वाले व्यावसायिक जहाजों पर अमरीकी हमलों पर भारत का कडा विरोध आज के अधिकांश अखबारों के मुख पृष्ठ पर है। अमर उजाला की सुर्खी है- जहाजों को निशाना बनाने से भारत नाराज, अमरीका से कहा- ऐसे हमले स्वीकार्य नहीं। अमरीकी दूतावास के प्रभारी को दूसरी बार किया तलब।
- अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प का ईरान के साथ युद्ध समाप्ति समझौते का दावा भी अखबारों की सुर्खी बना है- दैनिक जागरण ने लिखा है- ईरान युद्ध खत्म, समझौता जल्द। तेहरान ने कहा- अभी अंतिम फैसला नहीं। जिनेवा में कल मसौदे पर हस्ताक्षर संभव। वहीं हिन्दुस्तान ने बिजनेस पन्ने पर लिखा है- शांति कायम होने के संकेतों से शेयर बाजारों में तूफानी तेजी।
- अमरीका और पश्चिमी देशों के दौहरे रवैये पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर की खरी-खरी राजस्थान पत्रिका में है। फिनलैंड में कुलतारांता टॉक्स में कहा- भारत ने नहीं पहुंचाया यूरोप की सुरक्षा को खतरा। हम जानते हैं, खेल क्या है—– यूरोप के हथियारों का इस्तेमाल भारत पर हमले के लिए किया जाता है।
- महिलाओं के लिए क्षमता दिखाने का माहौल, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ये शब्द जनसत्ता में हैं। पीएम ने कहा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार ने पिछले 12 वर्षों में महिलाओं के नेतृत्व में विकास को आगे बढाने के लिए काम किया। सम्मान, अवसर और सशक्तिकरण पर दिया जोर।
******* *******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज फ्रांस और स्लोवाकिया की छह दिवसीय यात्रा पर होंगे रवाना।
- डीआरडीओ ने बहुस्तरीय बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा क्षमता का प्रदर्शन करते हुए लगातार तीन सफल परीक्षण किए।
- विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने तेल टैंकर पर हमले के विरोध में अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से कड़ा विरोध जताया। हमले में मारे गए थे तीन भारतीय नाविक।
- भारत और बांग्लादेश ने सीमा पर शांति और स्थिरता बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
- अमरीका प्रस्तावित शांति समझौते के तहत ईरान के नागरिक परमाणु कार्यक्रम पर सहमत।
- ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन के महिला सिंगल्स सेमीफाइनल में आज भारत की पीवी सिंधु और जापान की अकाने यामागुची होंगी आमने-सामने।
- फीफा फुटबाल विश्व कप में पराग्वे के साथ मुकाबले में अमरीका 3-1 से आगे।
******* *******