मुख्य समाचार
- केंद्र ने असम और नागालैंड सरकार के साथ कच्चे तेल तथा प्राकृतिक गैस की खोज और उत्पादन के लिए त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
- सरकार ने साइबर अपराधियों द्वारा सुरक्षा प्रणालियों को भेदने और वित्तीय बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने के लिए ए.आई का उपयोग करने के बढ़ते खतरे की चेतावनी जारी की।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने वर्तमान संघर्षों के बीच आपूर्ति श्रृंखलाओं और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का आह्वान किया।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने शांति वार्ता का हवाला देते हुए ईरान पर नए सैन्य हमले रोके।
- आईसीसी महिला टी20 क्रिकेट विश्व कप के पहले मैच में आज इंग्लैंड का मुकाबला श्रीलंका से।
- फीफा फुटबॉल विश्व कप के आरंभिक मैच में मैक्सिको ने दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराया।
*******
केंद्र ने असम और नागालैंड सरकार के साथ कच्चे तेल तथा प्राकृतिक गैस की खोज और उत्पादन के लिए त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। गृह मंत्री अमित शाह, पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो की उपस्थिति में कल सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए गए। श्री शाह ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक क्षण है। इससे देश में तेल और प्राकृतिक गैस की खोज की संभावनाएं और बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि इस समझौते से हमारी विदेशों पर निर्भरता कम होगी।
अब सिर्फ एक एमओयू से ही हजार से 1500 बैरल प्रतिदिन जो दोहन की हमारी क्षमता है उसको दस गुणा से ज्यादा हम बढ़ा पाएं और एक ही फील्ड में 15 हज़ार करोड़ से ज्यादा रिकवरी के संभावनाएं हैं। परंतु पूरे नागालैंड के अंदर ऑयल और गैस जितना भी पड़ा है इसका उत्खनन होगा तो मुझे लगता है की हमारी जो कमी है इस क्षेत्र में हमें विदेशों पर निर्भर रहना पड़ता है। वो निर्भरता काफी हद तक हम पूरी कर पाएंगे।
गृहमंत्री ने कहा कि यह निर्णय राष्ट्र प्रथम और सहकारी संघवाद की भावना दर्शाता है।
हम सब एक ऐतिहासिक क्षण के साक्षी हो रहे हैं। ऑयल और नेचुरल गैस के एक्सप्लोरेशन की संभावनाएं बढ़ी है, मिनरल की भी खनन की संभावना खड़ी होती है। दोनों राज्यों ने ये निर्णय किया 50 – 50 प्रतिशत कट करकर भारत के तेल के उत्खनन में बाधा न बने। क्यूंकि राष्ट्रीय संपदा है और मुझे लगता है ये भाव बहुत महत्वपूर्ण है।
*******
नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने इस समझौते को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए श्री रियो ने कहा कि पूर्वोत्तर में शांति, स्थिरता और विकास के प्रति केन्द्र की प्रतिबद्धता ने इस समझौते को संभव बनाया है। उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और असम सरकार को उनके सहयोग और सद्भावना के लिए धन्यवाद दिया।
*******
केंद्र सरकार ने साइबर अपराधियों द्वारा सुरक्षा प्रणालियों को भेदने और वित्तीय व्यवस्था को निशाना बनाने के बढ़ते खतरे के बारे में चेतावनी जारी की है। एक रिपोर्ट –
गृह मंत्रालय के अधीन भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र की ओर से जारी चेतावनी के अनुसार, साइबर अपराधी डीपफेक वीडियो और कृत्रिम पहचान बनाने के लिए एआई का तेजी से उपयोग कर रहे हैं। इन तकनीकों का दुरुपयोग चेहरे की पहचान, जीवंतता सत्यापन, वीडियो केवाईसी प्रक्रियाओं, खातों को दोबारा सक्रिय करने की प्रणालियों और वित्तीय तथा डिजिटल सेवाओं तक पहुंच बनाने के लिए किया जा रहा है। सरकार ने फिनटेक कंपनियों सहित वित्तीय संस्थानों को डीपफेक का पता लगाने प्रणाली मजबूत करने और ग्राहक ऑनबोर्डिंग तरीकों को बेहतर बनाने की सलाह दी है। लोगों से यह भी आग्रह किया गया है कि वे अपने बायोमेट्रिक डेटा को सुरक्षित रखें। दीपेन्द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं पायल शर्मा।
*******
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दुनिया के विभिन्न हिस्सों में चल रहे संघर्षों के दुष्परिणामों से निपटने के लिए सुगम और विविध आपूर्ति श्रृंखलाओं, निरंतर राजनयिक प्रयासों और अधिक अंतरराष्ट्रीय सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया है। फिनलैंड में कुलतारंता वार्ता में डॉ. जयशंकर ने कहा कि संघर्षों का प्रभाव उन क्षेत्रों से भी आगे बढ़ता है जहां वे घटित होते हैं। ऊर्जा सुरक्षा के विषय पर डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत के ऊर्जा संबंधी निर्णय राष्ट्रीय हित से प्रेरित हैं और खरीद सामर्थ्य और उपलब्धता को ध्यान में रखकर लिए जाते हैं।
हमने यूरोप के साथ मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं, हमने यूरोप के साथ सुरक्षा और रक्षा साझेदारी भी की है; साथ ही, हमारे पास यूरोप के साथ टैलेंट मोबिलिटी एग्रीमेंट की एक रूपरेखा भी है। इसलिए, मुझे लगता है कि रक्षा उद्योग, ख़ासकर स्मार्ट सेक्टर में, आपसी सहयोग के रास्ते तलाशेंगे और देखेंगे क्या ऐसी कोई साझेदारी बन सकती है जो कारगर साबित हो।
*******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश में आज एक भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ सुबह लखनऊ में और शाम को वाराणसी में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि होंगे।
*******
पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के सिद्धांतों के आधार पर भारत में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। आकाशवाणी समाचार, इस अवसर पर “12 साल – विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” नाम से विशेष श्रृंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज के अंक में हम विदेश नीति के माध्यम से भारत को वैश्विक नेता के रूप में स्थापित करने की दिशा में सरकार के उठाए गए कदमों पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
पिछली 12 वर्षों में भारत अपनी साहसिक पहलों के दम पर एक मजबूत ग्लोबल लीडर के रूप में उभरा है। इन पहलों में बड़े लक्ष्यों को हासिल करने का जज्बा और काम करने की लगन दोनों शामिल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इन कोशिशों के जिम्मेदारी और सब को साथ लेकर चलने की भावना से जोड़ा गया है। जिससे भारत की आवाज पूरी दुनिया में गूंज रही है, भारत ने इंडिया फर्स्ट के सिद्धांत को सबसे ऊपर रखते हुए अपनी विदेश नीति में नई ऊर्जा भारी है। पुराने रिश्तों को मजबूत किया है और नए दोस्त भी बनाए हैं। दुनियाभर में भारत के जुड़ाव का एक बहुत बड़ा हिस्सा मानवीय सहायता और आपदा राहत कार्य है। नवम्बर 2025 में श्रीलंका के पूर्वी तट पर चक्रवात दित्वा टकराया था। जिसमें सैकड़ों लोगों की जान चली गई। श्रीलंका के लोगों के साथ खड़े होकर भारत ने उन्हें तुरंत मानवीय सहायता और आपदा राहत पहुंचाने के लिए ऑपरेशन सागर बंधु शुरू किया। इस बचाव और राहत कार्य में भारतीय नौसेना, वायु सेना, थल सेना और आपदा प्रतिक्रिया के दलों ने मिलकर काम किया। भारत ने श्रीलंका को हर तरह की मदद दी। पानी साफ करने वाली किट, दवाएं व सर्जिकल उपकरण और साठ टन विशेष मशीनें शामिल थी। भारतीय नौसेना के जहाजों ने तमिलनाडु से एक हजार टन से ज्यादा राहत सामग्री पहुंचाई। भारतीय नौसेना के हैलीकॉप्टरों ने 264 लोगों की जान बचाकर उन्हें सुरक्षित निकाला और 50 टन सामग्री एयरलिफ्ट की। इसके अलावा वहां फंसे 2500 से ज्यादा भारतीयों को भी सुरक्षित बाहर निकल गया। चक्रवात दित्वा के बाद प्रभावित इलाकों में रास्तों को फिर से जोड़ने और मजबूत करने के लिए भारत में 14 लोहे के अस्थाई पुल भेजें। भारत सरकार को धन्यवाद देते हुए श्रीलंका के बंदरगाह और नगर विमान उपमंत्री जनिथा रुवान कोदिथुवक्कु ने कहा कि भारत ने श्रीलंका के लोगों के प्रति प्यार और अपनापन दिखाया है। भारत की विदेश नीति की सबसे बड़ी सफलता कोविड महामारी के दौरान देखने को मिली। भारत ने वैक्सीन मैत्री पहल शुरू की जो इंसानों को ध्यान में रखकर की गई भारत की कूटनीति का बड़ा उदाहरण है। जनवरी 2021 से भारत ने 99 देशों संयुक्त राष्ट्र की दो संस्थाओं को 30 करोड़ से अधिक वैक्सीन डोज सप्लाई की है इसमें 50 से ज्यादा देशों को तोहफे में दी गई और कोवैक्स पहल के जरिए दी गई डोज शामिल है। वैक्सीन मैत्री के तहत भारत में अपनी पड़ोसी प्रथम नीति के अंतर्गत अपने पड़ोसी देशों को सबसे आगे रखा।
आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए बांग्लादेश के रहने वाले फिजिओथेरेपिस्ट और योग शिक्षक डॉ. ज्योतिष्को बिस्वास ने कहा –
पिछले 12 वर्षों में वैक्सीन मैत्री, ऑपरेशन सागर बंधु जैसी पहलों के जरिये भारत एक ग्लोबल लीडर के रूप में आगे आया है। अमन यादव, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज दो दिन के दौरे पर उत्तराखंड जाएंगी। वे आज देहरादून में राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी। उत्तराखंड प्रवास के दौरान वे एक सौ 32 एकड़ क्षेत्र में बन रहे राष्ट्रपति उद्यान के निर्माण और विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगी।
*******
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल आज दो दिन की स्विट्जरलैंड यात्रा पर रवाना होंगे। श्री गोयल स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन और आर्थिक राज्य सचिव हेलेन बुडलिगर आर्टिडा से मुलाकात करेंगे। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बताया कि यह यात्रा दोनों देशेां की आर्थिक साझेदारी मजबूत करेगी।
*******
ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान पर नए सैन्य हमले रोक दिए हैं। इससे पहले ट्रंप ने धमकी दी थी कि ईरान के तेल उद्योग पर कब्ज़ा करके युद्ध और बढा़या जाएगा। श्री ट्रंप ने ईरान के उच्च स्तरीय नेतृत्व के साथ हुई बातचीत में हुई प्रगति को इस बदलाव का कारण बताया। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि युद्धविराम को बढ़ाने के लिए चल रही वार्ता में भी प्रगति हुई है।
*******
फीफा फुटबॉल विश्व कप के पहले मैच में मेजबान मेक्सिको ने दक्षिण अफ्रीका को दो शून्य से हरा दिया। मेक्सिको ने नौवें और 67वें मिनट में गोल कर मैच जीत लिया। यह टूर्नामेंट 20 जुलाई तक अमरीका, कनाडा और मैक्सिको में संयुक्त रूप से खेला जाएगा।
*******
आईसीसी महिला टी20 क्रिकेट विश्व कप आज शुरू हो रहा है। टूर्नामेंट का पहला मैच मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। इंग्लैंड और वेल्स में आयोजित टूर्नामेंट का फाइनल 5 जुलाई को लॉर्ड्स में होगा। भारतीय टीम 14 जून को पाकिस्तान के साथ अपना अभियान शुरू करेगी। टूर्नामेंट में पहली बार 12 टीम हिस्सा ले रही हैं।
*******
मौसम विभाग ने कहा है कि अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, तटीय कर्नाटक, केरलम और माहे के कुछ हिस्सों में आज तेज वर्षा हो सकती है। देश के पूर्वोत्तर, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, बिहार, कर्नाटक, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल के तराई वाले इलाकों और सिक्किम में तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली और एनसीआर के कई स्थानों पर आज गरज-चमक के साथ वर्षा का भी अनुमान व्यक्त किया है।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– मुकेश कमार बल।
नीति आयोग की शासी परिषद की बैठक की ख़बर सभी अख़बारों में है। दैनिक जागरण के अनुसार- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- राज्यों के विकास के बिना विकसित भारत का निर्माण सम्भव नहीं। नवभारत टाइम्स के अनुसार- पीएम ने कहा- भारत तेजी से तरक्की की राह पर। बैठक में पीएम ने दिया विकसित भारत का रोडमैप। हिन्दुस्तान की सुर्खी है- चार दिन में भारतीय क्रू वाला तीसरा पोत तबाह, हॉर्मुज में हुए हमले में सभी सुरक्षित, बुधवार को लापता नाविकों के शव मिले। पत्र ने भारतीयों की चिंता शीर्षक से सम्पादकीय में लिया है- पश्चिम एशिया में फिर तनाव फैलने और युद्ध भड़कने पर भारत पर सीधी आंच आई है। ये पश्चिम एशिया में टकराव का नया और खतरनाक मोड़ है। युद्ध रोकने के लिए वार्ता जारी थी, पर शीघ्र वार्ता के लिए अमरीका का युद्ध छेड़ना अतार्किक है। जनसत्ता की सुर्खी है- तृणमूल से एक और इस्तीफा, कल्याण के बगावती तेवर। पत्र ने राज्यसभा उम्मीदवारी रद्द होने के मामले में सुर्खी दी है- मीनाक्षी नटराजन की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज। पंजाब केसरी ने सर्वोच्च न्यायालय के हवाले से लिखा है- गृहणियां हैं राष्ट्र की निर्माता, परिवार की नींव मज़बूत करती हैं, उनके काम की कीमत हर महीने तीस हजार रुपये होनी चाहिए। नवभारत टाइम्स ने इस ख़बर की सम्पादकीय मे लिखा है कि- सुप्रीम कोर्ट ने सड़क दुर्घटना मामले में कहा कि इसका जितना व्यापक कानूनी असर है, उतना ही सामाजिक। अदालत ने राष्ट्र निर्माण में घरेलू काम और जिम्मेदारियों के महत्व को स्वीकारा है। यह फैसला उस सोच पर प्रहार है, जिसके अनुसार घर का काम कोई मायने नहीं रखता। दैनिक भास्कर ने विशेष रिपोर्ट में दिया है- आंखों से देख नहीं सकती थी मासूम, आवाज से पहचान लिए तीन दरिंदे, दुष्कर्म केस में आरोपियों की जमानत याचिका रद्द। पंजाब और हरियाण हाई कोर्ट में जुविनाइल जस्टिस बोर्ड और अपीलीय अदालत का फैसला बरकरार। लोकसत्य का शीर्षक है- दिल्ली, एन.सी.आर. में ऑरेंज अलर्ट, आंधी और बारिश की सम्भावना, हवा के कारण तापमान में छह से सात डिग्री तक की गिरावट हो सकती है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- केंद्र ने असम और नागालैंड सरकार के साथ कच्चे तेल तथा प्राकृतिक गैस की खोज और उत्पादन के लिए त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
- सरकार ने साइबर अपराधियों द्वारा सुरक्षा प्रणालियों को भेदने और वित्तीय बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने के लिए ए.आई का उपयोग करने के बढ़ते खतरे की चेतावनी जारी की।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने वर्तमान संघर्षों के बीच आपूर्ति श्रृंखलाओं और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का आह्वान किया।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने शांति वार्ता का हवाला देते हुए ईरान पर नए सैन्य हमले रोके।
- आईसीसी महिला टी20 क्रिकेट विश्व कप के पहले मैच में आज इंग्लैंड का मुकाबला श्रीलंका से।
- फीफा फुटबॉल विश्व कप के आरंभिक मैच में मैक्सिको ने दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराया।
*******