June 11, 2026 8:58 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
  2. प्रधानमंत्री ने कहा – पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोगों का गरीबी से बाहर आना एनडीए सरकार की सही नीतियों का प्रमाण।
  3. भारतीय वाणिज्‍य मंडल ने पश्चिम बंगाल में एक लाख करोड़ रुपये का निवेश की  योजना बनाई।
  4. उत्तर-पूर्वी बंगाल, पश्चिम बंगाल में हिमालय के तराई क्षेत्र, ओडिशा, केरल और माहे के कुछ स्थानों पर आज मूसलाधार बारिश की संभावना।
  5. पश्चिम एशिया संघर्ष में तनाव के बीच अमरीकी सेना ने ईरान में कई ठिकानों पर हमले किए।
  6. प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और देश से ओलंपिक के लिए महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित करने का आग्रह किया।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। विकसित भारत 2047 के लिए प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप इस वर्ष की बैठक का विषय है – विकसित भारत 2047 के लिए समावेशी मानव विकास। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बैठक में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल भाग लेंगे। वे समावेशी मानव विकास ढांचे पर चर्चा करेंगे।

 

बैठक में देशभर में उद्यमिता को बढ़ावा देने, कौशल विकास को मजबूत करने और स्थाई रोजगार के अवसर सृजित करने के उपायों पर भी विचार विमर्श किया जाएगा। इन चर्चाओं में शासन, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, अभिसरण, साझेदारी और डेटा आधारित प्रणालियों सहित प्रमुख सहायक तत्वों का उपयोग करते हुए एक कार्यान्वयन प्रारूप तैयार करने पर बल दिया जाएगा। इसके साथ ही अल्प, मध्यम और दीर्घकालिक परिणामों पर नज़र रखने के लिए एक तंत्र भी स्थापित किया जाएगा। जिससे जवाबदेही और मापनयोग प्रभाव सुनिश्चित हो सके। समावेशी मानव विकास पर राष्ट्रीय दृष्टिकोण के साथ राज्य के दृष्टिकोणों को संरेखित करने पर विशेष बल दिया जाएगा। नीति आयोग की शासी परिषद 26 से 28 दिसंबर 2025 के दौरान आयोजित मुख्य सचिवों को पांचवे राष्ट्रीय सम्मेलन की सिफारिशों पर भी ध्यान केन्द्रित करेगी। अनुपन मिश्र के साथ आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि देश के 140 करोड़ नागरिकों की आकांक्षाएं अवश्य पूरी होंगी। श्री मोदी ने कहा कि राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन- एनडीए ने हमेशा देश के भरोसे को मजबूत किया है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एनडीए सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोगों का गरीबी से बाहर आना सरकार की सही नीतियों और सही दिशा का प्रमाण है।

 

एनडीए सरकार के इन 12 वर्षों में 25 करोड़ से ज्‍यादा लोगों का गरीबी से बाहर निकलना यह दिखाता है कि हमारी नीतियां सही हैं। हमारी दिशा सही है। यह सफलता आज देश के हर उस व्यक्ति को एक भरोसा देती है कि एक ना एक दिन उसका संघर्ष भी खत्म होगा। एक दिन उसके सपने भी पूरे होंगे।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना अब देश के हर नागरिक का संकल्प बन चुका है। उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत ने वर्ष 2025-26 में 7 दशमलव 7 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है।

 

एनडीए की बारह वर्षों की उपलब्‍धियों की एक और विशेषता है। हमें यह उपलब्‍धियां वैश्‍विक अस्थिरता और अशांति के दौर में हासिल हुई है। दुनिया के बड़ेबड़े देशों की अर्थव्‍यवस्‍थाएं संघर्ष कर रही हैं। तब भी 2025-26 में भारत ने 7 प्‍वाइंट 7 परसेंट की ग्रोथ रेट हासिल की है और पिछला र्क्‍वाटर तो जो 31 मार्च को खत्म हुआ उसमें भी भारत की ग्रोथ 7 प्‍वाइंट 8 परसेंट रही।

*******

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने बताया कि एन.डी.ए सम्मेलन में 35 राजनीतिक दलों के 75 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। श्री नवीन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि एनडीए नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया और उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की उपलब्धि पर अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने उन्हें बधाई दी है। राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि श्री मोदी एक बुद्धिमान व्यक्ति हैं। रूस ने श्री मोदी को “सभी भारतीय प्रधानमंत्रियों में सर्वश्रेष्ठ करार दिया है। इस्राएल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी है।

*******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़, इस्राएल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सहित विश्वभर के नेताओं से मिले बधाई संदेशों के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया है।

*******

पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के सिद्धांतों के आधार पर भारत में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। आकाशवाणी समाचार, इस अवसर पर “12 साल – विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” नाम से विशेष श्रृंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज के अंक में हम सरकार द्वारा गरीबों के कल्याण के लिए उठाए गए कदमों के बारे में चर्चा करेंगे।

 

पिछले 12 वर्षों में, केन्द्र सरकार ने गरीबों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए, कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की। गरीबों के लिए पक्का घर उपलब्ध कराना, मोदी सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत, ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए, चार करोड़ से अधिक घर आवंटित किए गए। वहीं खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत, देशभर के 81 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। ओडिशा के कालाहांडी जिले के, इंद्रमणि नायक ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि इस योजना से, गरीब लोगों को बहुत लाभ मिल रहा है।

 

दुनिया की सबसे बड़ी सार्वजनिक स्वास्थ्य योजना – आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत, जरूरतमंद परिवारों को पांच लाख रुपये तक का, स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जा रहा है। वहीं प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों पर, लोगों को सस्ती दरों पर जेनेरिक दवाइयाँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। देशभर में अब तक लगभग 10 करोड़ 82 लाख लोगों ने आयुष्मान भारत योजना के तहत, कैशलेस इलाज का लाभ लिया है।

 

जम्मू-कश्मीर के बारामूला के रहनेवाले फ़ैयाज़ अहमद ने कहा कि यह योजना, आपातकालीन परिस्थितियों में, गरीब लोगों के इलाज में बहुत मददगार साबित हो रही है।

 

पारंपरिक ईंधन जैसे कोयले और लकड़ी के धुएँ से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से राहत देने के लिये, केन्द्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत की, जिसके तहत अबतक 10 करोड़ 55 लाख से अधिक महिलाओं को मुफ्त एलपीजी गैस कनेक्शन दिए गए। वहीं, सड़क किनारे कारोबार करने वाले, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को, ऋण देने के लिये शुरू की गई – पीएम स्वनिधि योजना के तहत, अब तक एक करोड़ 12 लाख से अधिक लोगों को ऋण दिए जा चुके हैं। भारत ने सामाजिक सुरक्षा में, महत्‍वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2015 में 19 प्रतिशत लोगों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल रहा था जो वर्ष 2025 में बढ़कर 64 प्रतिशत से अधिक हो गया है। सरकार द्वारा किये गये प्रयासों से लगभग 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया, जो जनकल्याण और समावेशी विकास के क्षेत्र में, एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*******

भारतीय वाणिज्य मंडल-आई.सी.सी. ने पश्चिम बंगाल में अपनी सदस्य कंपनियों के माध्यम से एक लाख करोड़ रुपये के निवेश को बढ़ावा देने की योजना बनाई है।

 

भारतीय वाणिज्य मंडल-आई.सी.सी. के अध्यक्ष बृज भूषण अग्रवाल के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के बीच नई दिल्ली में हुई बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा की गई। आईसीसी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में आर्थिक गतिविधियों को लेकर नया उत्साह और सकारात्मक माहौल दिखाई दे रहा है। इससे राज्य की आर्थिक वृद्धि को गति मिलेगी और निवेश के लिए एक आकर्षक केंद्र के रूप में उसकी पहचान और मजबूत होगी। भारतीय वाणिज्य मंडल की स्थापना वर्ष 1925 में उद्योगपति घनश्याम दास बिड़ला और अन्य व्यापारिक नेताओं ने की थी। यह देश के सबसे पुराने उद्योग संगठनों में से एक है। समाचार कक्ष से कृष्ण कांत।

*******

पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमरीका ने कल ईरान के कई ठिकानों पर हवाई हमले किए। अमरीकी सेना ने बताया कि ये हमले ईरान की लगातार आक्रामक गतिविधियों के जवाब में किए गए हैं।

 

अमरीकी हमलों का यह दूसरा दिन है। इससे कुछ घंटे पहले ईरान ने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में अमरीकी सैन्य ठिकानों पर हमले किये। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि बातचीत में गतिरोध के लिए ईरान को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। वहीं संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत ने कहा कि ईरान धमकी और दबाव के बीच किसी तरह की बातचीत नहीं करेगा। इस बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स-आई.आर.जी.सी. ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को सभी जहाजों और तेल टैंकरों के लिए बंद कर दिया गया है। संघर्ष के कारण वैश्विक तेल बाजार पर भी असर पड़ा है। कच्चे तेल की कीमत 93 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई है। समाचार कक्ष से आनंद पाठक।

*******

मौसम विभाग ने आज अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, केरलम्, माहे, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में हिमालय के तराई क्षेत्र और सिक्किम के कुछ क्षेत्रों में मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि के साथ वर्षा का अनुमान है।

*******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए ओलंपिक के लिए बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया है। नई दिल्ली में एनडीए सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ी लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।

*******

फीफा विश्व कप 2026 का आज से आगाज हो रहा है। यह टूर्नामेंट 19 जुलाई तक अमरीका, कनाडा और मैक्सिको में आयोजित किया जाएगा।

 

फीफा विश्व कप का यह अब तक का सबसे बड़ा संस्करण है। इसमें पहली बार 48 टीमें भाग ले रही हैं। पहले के संस्करणों में 32 टीमें शामिल होती थीं। मेजबान देश अमरीका, कनाडा और मैक्सिको को विश्‍व कप में सीधे प्रवेश मिला है। अन्‍य 45 टीमों ने दो वर्ष लंबे क्वालीफाइंग अभियान के जरिए जगह बनाई है। टूर्नामेंट में 12 ग्रुप हैं, प्रत्येक ग्रुप में चार-चार टीमें शामिल हैं। हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सीधे नॉकआउट चरण में प्रवेश करेंगी। प्रतियोगिता में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें 72 ग्रुप स्टेज और 32 नॉकआउट मुकाबले होंगे। फाइनल 19 जुलाई को खेला जाएगा। समाचार कक्ष से मैं चिराग झा।

*******

समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ :-

धन्यवाद जागृति, आज प्रकाशित अखबारों ने अलग- अलग खबरों को अपनी सुर्खी बनाया है। जनसत्ता ने प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित अभिनंदन बैठक में उनका बयान दिया है- कांग्रेस ने अपनी नाकामियों का ठीकरा हिंदुओं पर फोड़ा।  लोकसत्‍य ने श्री मोदी का बयान दिया है- भारत अब आत्‍मनिर्भर, सुरक्षित और समृद्ध राष्‍ट्र बन रहा है। झटका शीर्षक से हिन्‍दुस्‍तान लिखता है- मार्च के बाद 20 प्रतिशत तक महंगा हुआ जरूरत का सामान। रसोई का खर्च करीब एक हजार रूपये तक बढा। दैनिक भास्‍कर ने नीट पेपर लीक मामले में एनटीए अधिकारियों की संसदीय समिति से मुलाकात को सुर्खी बनाया है। संसदीय समिति के सामने एनटीए ने रखा सुरक्षा प्‍लान, समिति ने कहा- हमें अमरीका और चीन जैसे देशों से सीखना चाहिए। अमर उजाला ने अपने संपादकीय पृष्‍ठ में पीओके की पीड़ा का विश्‍लेषण किया है। पत्र लिखता है- इस्‍लामाबाद ने पीओके में निर्दोष नागरिकों के साथ जैसी बर्बरता दिखाई है, उससे क्षेत्र की वास्‍तविक स्थिति फिर से दुनिया के सामने उजागर हुई है। अंतरराष्‍ट्रीय मंचों पर कश्‍मीर में मानवाधिकारों की दुहाई देने वाले पाकिस्‍तान का पीओके में रवैया उसके दोहरे मापदंडों की ही कलई खोलता है। दैनिक ट्रिब्‍यून की खबर है- तीस साल पहले लापता पर्वतारोही के अवशेष भारत लायेगी आईटीबीपी। माउंट एवरेस्‍ट पर 1996 के दुर्भाग्‍यपूर्ण अभियान के दौरान खो गये थे लांस नायक दोरजे मोरूप। नवभारत टाइम्‍स ने फीफा विश्‍व कप को अहमियत दी है- फुटबॉल का महासंग्राम आज से। दस दावेदार, दस सुपरस्‍टार। राजस्‍थान पत्रिका ने डब्‍ल्‍यूएचओ की रिपोर्ट प्रकाशित की है- खराब खानपान से हर रोज 42 लाख बीमार, 41 सौ मौत।

*******

मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
  2. प्रधानमंत्री ने कहा – पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोगों का गरीबी से बाहर आना एनडीए सरकार की सही नीतियों का प्रमाण।
  3. भारतीय वाणिज्‍य मंडल ने पश्चिम बंगाल में एक लाख करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बनाई।
  4. उत्तर-पूर्वी बंगाल, पश्चिम बंगाल में हिमालय के तराई क्षेत्र, ओडिशा, केरल और माहे के कुछ स्थानों पर आज मूसलाधार बारिश की संभावना।
  5. पश्चिम एशिया संघर्ष में तनाव के बीच अमरीकी सेना ने ईरान में कई ठिकानों पर हमले किए।
  6. प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और देश से ओलंपिक के लिए महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित करने का आग्रह किया।

*******