मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत के सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने, विश्व के नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के परिवर्तनकारी शासन और विकसशील देशों की पैरवी के उनके प्रयासों की सराहना की।
- मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने और प्रधानमंत्री के सबसे लंबे कार्यकाल की उपलब्धि के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन – एनड़ीए की आज नई दिल्ली में बैठक।
- केंद्र ने सवा लाख करोड़ रुपये की ग्रामीण विकास योजना की घोषणा की; विकसित भारत जी राम जी का नया संस्करण एक जुलाई से होगा लागू।
- ओमान तट पर अमरीकी सेना के अपाचे हेलीकॉप्टर को गिराए जाने के जवाब में अमरीका ने ईरान पर हमले किए।
- क्रिकेट में, ऋतुराज गायकवाड़ के शतक की बदौतल भारत ए ने दांबुला में त्रिकोणीय एक दिवसीय श्रृंखला के पहले मैच में श्रीलंका ए को 8 रन से हराया।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। श्री मोदी ने 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिन्होंने पहली बार 13 मई 1952 को निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी और 27 मई 1964 तक पद पर रहे थे। पंडित नेहरू का निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल 4 हज़ार 398 दिन का था। 26 मई 2014 से आज 10 जून 2026 तक, प्रधानमंत्री मोदी का निरंतर कार्यकाल अब 4 हज़ार 399 दिन का हो गया है। एक रिपोर्ट-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यह उपलब्धि विशेष रूप से उल्लेखनीय है, क्योंकि भारत जैसे 140 करोड़ से अधिक आबादी वाले देश का शासन–प्रशासन अत्यंत व्यापक और जटिल है। भाषाई, सांस्कृतिक, धार्मिक तथा भौगोलिक विविधताओं से युक्त इस राष्ट्र का सफल नेतृत्व और संचालन अपने आप में एक बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती है। ऐसे समय में जब अनेक देशों में राजनीतिक अस्थिरता, सरकारों में बार–बार परिवर्तन तथा नीतिगत अनिश्चितता देखने को मिल रही है। भारत में नेतृत्व और शासन में निरंतरता रही है। यह विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में लगातार तीन बार राष्ट्रीय जनादेशों द्वारा जनता का निरंतर भरोसा दर्शाता है। स्वतंत्र वैश्विक सर्वेक्षणों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लगातार विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय लोकतांत्रिक नेताओं में स्थान दिया गया है। साथ ही उन्हें अब तक 30 से अधिक देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से भी सम्मानित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के दौरान लगभग 25 करोड़ भारतीय, बहुआयामी गरीबी से बाहर निकले हैं तथा व्यापक सामाजिक आर्थिक प्रगति है। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*******
विश्व के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने पर बधाई दी है।
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायका ने एक पत्र में कहा कि यह उपलब्धि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जनता द्वारा उनके नेतृत्व पर बार-बार जताए गए विश्वास का भी प्रमाण है। पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने एक वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी को आदर्श नेतृत्व का उदाहरण बताया।
त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मामलों में प्रखर आवाज के रूप में उभरा है।
*******
उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बने रहने पर बधाई दी है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि केवल कार्यकाल की अवधि नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय विकास यात्रा में एक परिवर्तनकारी युग का प्रतीक है।
*******
पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने अखबार में एक लेख में गुजरात के वडनगर से प्रधानमंत्री कार्यालय तक के उनके सफर और जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए चार हजार तीन सौ 99 दिन पूरे करने का उल्लेख किया है।
*******
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित एक लेख में कहा है कि 2014 के बाद से शासन, राजनीति और सार्वजनिक चर्चा में ‘भारतीयता’ की ओर निर्णायक बदलाव आया है।
*******
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन- एनडीए की बैठक आज नई दिल्ली में होगी। इसमें सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का जश्न मनाया जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ-साथ एनडीए गठबंधन के सभी घटक दलों के नेताओं की भी बैठक में शामिल होने की उम्मीद है। बैठक में एनडीए के शासन वाले सभी 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री तथा गठबंधन के सभी घटक दलों के नेता भी उपस्थित रहेंगे।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गृह नगर, गुजरात के वड़नगर में आज उनके सफल शासन के बारह वर्षों के उपलक्ष्य में कार्यक्रमों की एक श्रृंखला आयोजित की जाएगी, जिसमें विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए जनभागीदारी पर जोर दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गृहनगर वडनगर में उनके बारह वर्षों के सफल शासन के उपलक्ष्य में आज कई विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आज शाम सात बजे ऐतिहासिक शर्मिष्ठा झील पर एक भव्य ‘महाआरती‘ और दस हजार दीपक जलाने की विशेष व्यवस्था की गई है। इसी के साथ प्रदेश भाजपा द्वारा प्राचीन हाटकेश्वर मंदिर में भी कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, जिसकी शुरुआत शाम साढ़े चार बजे स्वच्छ भारत अभियान और स्वच्छता कर्मियों के सम्मान समारोह के साथ होगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा आज शाम मंदिर में एक भव्य ‘महाआरती‘ का नेतृत्व करेंगे, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक, पार्टी कार्यकर्ता और श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
*******
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत, भारतीय जनता पार्टी आज उत्तर प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के मंदिरों में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन करेगी। प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
*******
ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
आकाशवाणी समाचार, सरकार के पिछले 12 वर्षों में विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में किए गए प्रयासों पर एक विशेष श्रृंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज हम युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में सरकार के प्रयासों पर चर्चा कर रहे हैं।
पिछले 12 वर्षों में सरकार ने देश की युवा शक्ति को सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया है। भारत के अगली पीढ़ी के सुधार अब एक तेज गति वाले सुधार अभियान बन चुके हैं, जिसके केंद्र में युवा शक्ति है। विकसित भारत के निर्माण और विभिन्न क्षेत्रों में देश के भविष्य को आकार देने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 12 करोड़ से अधिक नए उद्यमियों को ऋण प्रदान किया गया है, जिससे युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिली है। सरकार युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए सशक्त बना रही है, जिससे वे नौकरी तलाशने वाले नहीं बल्कि, रोजगार देने वाले बन रहे हैं। छत्तीसगढ़ के रायपुर की महिला उद्यमी ईशा पटेल ने बताया कि कैसे उन्होंने घर पर खाना बनाने से शुरुआत करने से लेकर एक सफल कैफे व्यवसाय स्थापित करने तक की यात्रा की।
(बाइट– ईशा पटेल– यूथ को लगता है कि हमारे पास फंडिंग नहीं है। बट वो गवर्नमेंट स्कीम के बारे में अवेयर नहीं हैं। तो मैं अपने साइड से यही उन्हें सजेशन देना चाहूंगी, आप थोड़ा रिसर्च करो जैसे मुद्रा लोन भी है वैसे पीएम ईजीपी लोन भी है कई लोन हो आपको विदआउट मोर्गेज मिल रहे हैं। आप में पोटेंशियल है, तो आप जॉब ड्रॉप करो क्योंकि स्काई हैज़ नो लिमिट्स फोर यू)
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत एक करोड़ 60 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। कुशल युवाओं की बढ़ती संख्या, मेक इन इंडिया पहल को नई ऊर्जा दे रही है। रोजगार मेलों के माध्यम से 12 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं, जिससे युवाओं के रोजगार के सपने साकार हो रहे हैं। देश में दो लाख बीस हजार से अधिक स्टार्टअप्स ने 23 लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर सृजित किए हैं। वहीं, छात्रों द्वारा 16 लाख नवाचार परियोजनाएं विकसित की गई है, जिन्होंने स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत आधार प्रदान किया है। प्रधानमंत्री सेतु योजना के तहत एक हजार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों–आई.टी.आई. के आधुनिकीकरण के लिए 60 हजार करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं, जिससे युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान किया जा सकेगा। सरकार के सहयोग और देश की युवा शक्ति के प्रयासों से भारत के विकास का एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। अनुपम मिश्रा के साथ सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
केंद्र सरकार ने ग्रामीण विकास के लिए सवा लाख करोड़ रुपये की योजनाओं की घोषणा की है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि केंद्र सरकार ने मनरेगा के अंतर्गत पहले ही 30 हजार करोड़ रुपये आवंटित कर दिए हैं। यह अधिनियम एक जुलाई से पूरे देश में लागू हो जाएगा।
*******
ओमान तट के पास अमरीकी सेना के अपाचे हेलीकॉप्टर को गिराए जाने के जवाब में अमरीका ने ईरान पर हमले किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि हेलीकॉप्टर को एक ईरानी ड्रोन ने गिराया था, हालांकि दोनों पायलटों को बचा लिया गया। उधर ईरान ने भी क्षेत्र में अमरीकी ठिकानों पर मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं।
ईरान के दक्षिणी तट पर सिरिक, बंदर अब्बास, क़ेशम, जास्क और कौह–ए मुबारक समेत कई स्थानों पर विस्फोटों की खबर मिली है। सरकारी मीडिया ने बताया कि सिरिक के बामानी जिले में दो जल भंडार टैंक क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे स्थानीय पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने चेतावनी दी कि तेहरान किसी भी हमले या धमकी का जवाब दिए बिना, नहीं रहेगा और कहा कि अमरीका ने ईरान के संकल्प की परीक्षा ली है। इस बीच, लेबनान में कुछ ही दिन पहले हुआ युद्धविराम टूटने की कगार पर है। इस्राएल ने कल दक्षिणी लेबनानी बंदरगाह शहर टायर पर हमले किए। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार हमले में कम से कम आठ लोग मारे गए। नवीनतम संघर्ष ने इस्राएल और ईरान के बीच अमरीका की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम को और अधिक तनावपूर्ण बना दिया है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची वाजपेयी।
*******
क्रिकेट में, इंडिया-ए ने कल ‘त्रिकोणीय श्रृंखला’ के पहले मुकाबले में श्रीलंका-ए को 8 रन से हराया।
इंडिया-ए का अगला मुकाबला कल अफगानिस्तान-ए से होगा। फाइनल मैच 21 जून को खेला जाएगा।
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– विशाल शर्मा।
- देश की राजधानी से प्रकाशित हिन्दी समाचार पत्रों ने सरकार की 12 साल की उपलब्धियों और पीओके में बढ़ती पाकिस्तान की बर्बरता और ईरान-एस्राएल संघर्ष की खबरों को सुर्खियों में प्रकाशित किया है।
- लोकसत्य ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की तस्वीर के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का चित्र प्रकाशित करते हुए श्री मोदी के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री होने के रिकार्ड को रेखांकित किया है। पत्र ने उनके ऐतिहासिक 14 फैसलों को भी क्रमवार सूचीबद्ध किया है।
- अमर उजाला ने पाक अधिकृत कश्मीर के मुजफ्फराबाद की तस्वीर प्रकाशित करते हुए अपनी खबर को शीर्षक दिया है- मानवाधिकार उल्लंघन पर पाकिस्तान को जवाबदेह ठहराए दुनिया। पत्र ने ब्रिटेन के 50 सांसदों के उस पत्र का भी उल्लेख किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीर में लोग सेना की बर्बरता से डरे हुए हैं।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत के सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने, विश्व के नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के परिवर्तनकारी शासन और विकसशील देशों की पैरवी के उनके प्रयासों की सराहना की।
- मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने और प्रधानमंत्री के सबसे लंबे कार्यकाल की उपलब्धि के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन – एनड़ीए की आज नई दिल्ली में बैठक।
- केंद्र ने सवा लाख करोड़ रुपये की ग्रामीण विकास योजना की घोषणा की; विकसित भारत जी राम जी का नया संस्करण एक जुलाई से लागू होगा।
- ओमान तट पर अमरीकी सेना के अपाचे हेलीकॉप्टर को गिराए जाने के जवाब में अमरीका ने ईरान पर हमले किए।
- क्रिकेट में, ऋतुराज गायकवाड़ के शतक की बदौतल भारत ए ने त्रिकोणीय एक दिवसीय श्रृंखला के पहले मैच में श्रीलंका ए को 8 रन से हराया।
*******