June 9, 2026 9:02 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्य समाचार :-

  1. गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में भूमि पत्‍तन प्रबंधन प्रणाली का शुभारंभ करेंगे।
  2. अंतरराष्ट्रीय ब्रिक्स कृषि सम्मेलन आज से इंदौर में शुरू होगा।
  3. मस्‍कत में भारतीय दूतावास ने हॉमुर्ज जलडमरूमध्‍य में एम.टी मारिवेक्‍स जहाज में लगी आग की घटना में सभी 24 भारतीय नाविकों के सुरक्षित होने की पुष्टि की।
  4. ईरान और इज़राइल ने एक-दूसरे पर हमले रोकने की घोषणा की। युद्धविराम का उल्‍लंघन होने पर फिर से जवाबी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
  5. अमरीका की संघीय अदालत ने राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के एच-1बी वीजा के लिए प्रस्‍तावित एक लाख डॉलर का शुल्क रद्द किया।
  6. और, भारत ‘ए’ और श्रीलंका ‘ए’ क्रिकेट में की टीमों के बीच त्रिकोणीय एक दिवसीय श्रृंखला का पहला मैच आज श्रीलंका के दांबुला में।

******

गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में भूमि पत्‍तन प्रबंधन प्रणाली का शुभारंभ करेंगे। इसका उद्देश्य तकनीकी सहायता से सीमा पार व्यापार और यात्रियों की आवाजाही को अधिक सुगम, पारदर्शी और सुरक्षित बनाना है।

 

गृह मंत्रालय ने कहा यह प्‍लेटफॉर्म व्‍यापार, सुगमता, संपर्क, राष्‍ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने और 2047 तक विकसित भारत के संकल्‍प के अनुरूप है। एल.पी.एम.एस. एक डिजिटल प्‍लेटफॉर्म है, जिसे भूमि बंदरगाहों के संचालन को एकीकृत प्रणाली में समांकलित करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह प्रणाली कार्गो और यात्री प्रसंस्‍करण के लिए स्‍लॉट बुकिंग, भुगतान, ट्रैकिंग और सिंगल विंडो क्लियरेंस सहित संपूर्ण डिजिटल कार्य प्रवाह भी प्रदान करेगी। इस अवसर पर गृह मंत्री मेघालय के दावकीव और त्रिपुरा के श्रीमंतपुर लैंड पोर्ट में नव विकसित हितधारक आवास सुविधाओं का भी उद्घाटन करेंगे, जिससे सीमा प्रबंधन और कर्मियों के लिए बुनियादी ढांचागत सहायता मजबूत होगी। शिवांग मिश्रा, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

******

अंतरराष्ट्रीय ब्रिक्स कृषि सम्मेलन आज से मध्य प्रदेश के इंदौर में शुरू हो रहा है। सम्मेलन में 21 देशों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें ब्राजील, चीन, रूस और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं।

 

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बैठक में मुख्‍य रूप से किसानों की आय, रोजगार, आ‍जीविका, कृषि ऋण और बाजार तक पहुंच बढ़ाने पर चर्चा होगी।

 

खाद्य सुरक्षा, पोषण और आजीविका खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करनी है भरपूर खाद्यान्न मिले। सुरक्षित और पौष्टिक भोजन और किसान की आय भी बढ़े और जीवन स्तर में भी सुधार हो। कृषि व्यापार और सहयोग यह प्राथमिकता एक-दूसरे देश में व्यापार की संभावनाएं भी बढ़े और सहयोग भी बढ़े आपस में। निवेश भी आए, टेक्‍नोलॉजी का आदान प्रदान भी हो। बाजार तक पहुंच भी आसान बने एक-दूसरे देश में ताकि मिलकर एक साझा प्रगति को बढ़ावा दे सके।

 

हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस सम्मेलन का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में सहयोग, नवाचार और खाद्य सुरक्षा मजबूत करना है।

 

भारत की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन में ब्राजील, चीन, रूस, दक्षिण अफ्रीका सहित कुल 21 देशों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ भाग लेंगे। 13 जून तक चलने वाले इस सम्मेलन की शुरुआत कृषि कार्य समूह की बैठकों से हो रही है। सम्मेलन में खाद्य सुरक्षा, कृषि नवाचार, जलवायु अनुकूल खेती, कृषि व्यापार और छोटे किसानों के सशक्तिकरण जैसे अहम विषयों पर चर्चा होगी। 12 जून को कृषि मंत्रियों का विशेष संवाद आयोजित होगा, जिसका फोकस लघु किसानों, महिलाओं एवं युवाओं के माध्यम से भविष्य की खाद्य सुरक्षा पर रहेगा। अभिनव गोयल, आकाशवाणी, भोपाल।

******

 स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राष्ट्रव्यापी समारोहों का शुभारंभ करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य सुरक्षित गर्भावस्था और मातृत्व को सुनिश्चित करना है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने 9 जून 2016 को इस योजना की शुरुआत की थी। समारोह के दौरान श्री नड्डा 75 रुपये का स्मारक सिक्का और 5 रुपये का डाक टिकट भी जारी करेंगे।

******

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के आधार पर भारत में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

 

आकाशवाणी समाचार, मोदी सरकार के 12 वर्षों के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में किए गए प्रयासों पर एक विशेष श्रृंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज के अंक में हम स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सरकार के प्रायासों की जानकारी देंगे।

 

पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को काफी मजबूत किया है, जिससे यह पहले की तुलना में अधिक सुलभ, किफायती और बेहतर गुणवत्ता वाली बन गई है। 2018 में, प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना, आयुष्मान भारतप्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत सामाजिकआर्थिक रूप से कमजोर गरीब परिवारों को हर साल प्रति परिवार पांच लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा दिया जा रहा है। इस योजना के तहत अब तक 44 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं और एक लाख 80 हजार करोड़ रुपये से अधिक का इलाज उपलब्ध कराया गया। वहीं सरकार ने अक्टूबर 2024 में इस योजना का विस्तार करते हुए आयुष्मान भारत वय वंदना योजना की शुरुआत की, जिसके तहत 70 वर्ष से अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों को भी स्वास्थ्य बीमा कवर दिया गया। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए दिल्ली के रोहित सिंह ने बताया कि, इस कार्ड से अब वे निजी अस्पतालों में भी इलाज करा सकते हैं।

 

वहीं सरकार ने हर मोहल्ले में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए एक लाख 86 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी स्थापित किए। इसके अलावा, प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना के तहत भी लोगों को सस्ती और अच्छी गुणवत्ता वाली, जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए बिहार के दिलीप कुमार ने बताया कि जन औषधि केंद्रों पर दवाइयां बहुत कम कीमत पर मिल जाती हैं।

 

सरकार ने बढ़ती स्वास्थ्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मेडिकल शिक्षा का भी विस्तार किया है। 2014 में जहां सिर्फ आठ एम्‍स थे, अब वह बढ़कर 23 हो गई है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेजों की संख्या भी 387 से बढ़कर 818 हो गई है। वहीं, पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने नवंबर 2014 में आयुष मंत्रालय की स्थापना की। देशभर में अब तक कुल 942 आयुष संस्थान स्थापित किए जा चुके हैं। पिछले 12 वर्षों में केन्द्र सरकार ने अस्पतालों के विस्तार और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत कर स्वास्थ्य सेवाओं को हर व्यक्ति तक अधिक सुलभ और बेहतर बनाया है। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

******

कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा है कि नरेन्द्र मोदी सरकार के 12 वर्षों में भारत के कोयला और खनन क्षेत्र में बड़ा बदलाव हुआ है। हैदराबाद में श्री रेड्डी ने बताया कि भारत ने एक अरब टन कोयला उत्पादन का रिकॉर्ड हासिल कर दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा कोयला उत्पादक देश बन गया है। उन्होंने कहा कि कोयला क्षेत्र से लगभग 5 लाख लोगों को प्रत्यक्ष और 25 लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है।

******

विशाखापट्टणम इस्पात संयंत्र में आग की घटना में आठ लोगों की मौत हो गई और छह अन्‍य घायल हो गये। दो लोगों की हालत गंभीर है। इस्पात मंत्रालय के अनुसार, यह हादसा पिघले हुए इस्पात की ढलाई प्रक्रिया के दौरान हुआ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर शोक व्‍यक्‍त किया है।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने घटना पर शोक व्‍यक्‍त किया है। प्रधानमंत्री ने प्रत्येक मृतकों के निकटतम परिजन को दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, इस्पात मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी और नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू ने कल रात दुर्घटना स्थल का दौरा किया। श्री कुमारस्वामी ने मृतकों के परिजनों के लिए 25 लाख और घायलों को 10 लाख रुपये की सहायता राशि तथा बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा देने की घोषणा की है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे जांच के लिए एक विशेष समिति गठित की है। समाचार कक्ष से मैं चाहत सिंह।

******

ओमान के मस्कट में भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में एमटी मैरिवेक्स जहाज पर लगी आग के बाद 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। दूतावास ने त्वरित कार्रवाई के लिए ओमान का आभार भी जताया है। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के प्रवक्ता ओपेश कुमार शर्मा ने बताया था कि दोपहर करीब 1:30 बजे जहाज पर आग लगने की सूचना मिली हादसे की जांच जारी है।

******

अमरीका की एक संघीय अदालत ने एच-1बी वीज़ा आवेदनों पर लगाए गए एक लाख अमरीकी डॉलर के शुल्क को अवैध करार दिया है। यह शुल्क राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के आदेश के अंतर्गत प्रस्तावित किया गया था। अदालत ने कहा कि संसद की मंजूरी के बिना ऐसा शुल्क नहीं लगाया जा सकता। एच-1बी वीज़ा के जरिए अमरीकी कंपनियां दुनिया भर के कुशल पेशेवरों को नौकरी देती हैं। भारतीय मूल के कई संगठनों ने इस फैसले का स्वागत किया है।

******

ईरान और इज़राइल के बीच एक दूसरे के खिलाफ हमले रोकने की घोषणा हो गई है। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि दोनों पक्ष तत्काल संघर्ष विराम और शांति वार्ता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। लेकिन, दोनों देशों ने चेतावनी दी है कि युद्धविराम का उल्लंघन होने पर यह प्रक्रिया फिर से बाधित भी हो सकती है।

******

भारत ‘ए’ और श्रीलंका ‘ए’ क्रिकेट टीमों के बीच एक दिवसीय त्रिकोणीय श्रृंखला का पहला मैच आज श्रीलंका के दांबुला में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार सवेरे 10 बजे से शुरू होगा।

 

श्रृंखला में अफगानिस्तान ‘ए’ की टीम भी शामिल है। भारत ‘ए’ का अगला मैच अफगानिस्तान ‘ए’ से बृहस्‍पतिवार को होगा। फाइनल 21 जून को होगा।

******

आईसीसी महिला टी-20 क्रिकेट विश्व कप 2026 के पहले अभ्यास मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को 26 रन से हरा दिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 179 रन बनाए। भारती फुलमाली ने नाबाद 56 रन और स्मृति मंधाना ने 39 रन का योगदान दिया।

 

जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 153 रन ही बना सकी।

******

मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिमी और उत्तरी राज्यों तथा पश्चिमी राजस्थान और विदर्भ में आज लू चलने की आशंका व्‍यक्‍त की है। कोंकण और गोवा, ओडिशा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कारईक्‍काल में दिन भर गर्म और उमस भरा मौसम रहने का अनुमान है।

 

तटीय कर्नाटक, केरलम, माहे और उत्तरी तथा दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में आज तेज बारिश की संभावना है।

******

अब आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ :-

तृणमूल कांग्रेस के सांसदों में बगावत की खबर सभी अखबारों में प्रमुखता से है। नवभारत टाइम्स की सुर्खी है- टीएमसी में टूट, 20 सांसदों का अलग गुट एनडीए के साथ। पत्र के अनुसार काकोली घोष की अगुआई में अलग सीटिंग की भी मांग।

 

दैनिक जागरण ने तृणमूल में एक और टूट शीर्षक से संपादकीय में लिखा है कि जैसी आशंका थी, तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा सदस्यों ने भी ममता बैनर्जी के खिलाफ बगावत कर दी है। इससे पहले पार्टी के 80 में से 60 विधायक अलग गुट बनाकर नेता प्रतिपक्ष का चयन कर चुके हैं।

 

पंजाब केसरी ने विपक्षीय एकता का अंतर्विरोध शीर्षक से संपादकीय में लिखा है- हाल में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली शानदार सफलता बताती है कि इंडिया गठबंधन में इतनी भी कुव्वत नहीं है कि उसके सहयोगी दलों के नेता एक साझा मंच पर इक्टठे होकर भाजपा को ललकार सकें।

 

हिंदुस्तान ने सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी का साक्षात्कार देते हुए लिखा है – चीन से सिर्फ उम्मीद के भरोसे शांति संभव नहीं, थियेटर कमान पर सभी सहमत।

 

जनसत्ता के अनुसार इस्राइल और ईरान ने एक-दूसरे पर हमले किए, 8 अप्रैल के बाद यह गंभीर झड़प, ट्रंप की अपील के बाद दोनों ने किया संघर्ष विराम। पत्र के अनुसार भारत ने नागरिकों को सलाह  देते हुए लिखा है- ईरान और इस्राइल छोड़ें भारतीय, और यात्रा भी न करें। 

 

अमर उजाला ने दिया है- वायु सेना के हैलिकॉप्टर पहुंचायेंगे नीट के प्रश्न पत्र, पहली बार सरकारी प्रोफेसर और शिक्षकों ने तैयार किया पेपर। बाहरी को जिम्मेदारी नहीं, लॉजिस्टिक सेंटर से परीक्षा केंद्र तक जीपीएस से निगरानी।

 

वीर अर्जुन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हवाले से लिखा है- पिछले 12 वर्ष में भारत में कई परिवर्तन आए। देशबंधु की सुर्खी है- कल्याणकारी योजनाओं से 12 वर्ष में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले।

******

मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में भूमि पत्‍तन प्रबंधन प्रणाली का शुभारंभ करेंगे।
  2. अंतर्राष्ट्रीय ब्रिक्स कृषि सम्मेलन आज से इंदौर में शुरू होगा।
  3. मस्‍कत में भारतीय दूतावास ने हॉमुर्ज जलडमरूमध्‍य में एम.टी मारिवेक्‍स जहाज में लगी आग की घटना में सभी 24 भारतीय नाविकों के सुरक्षित होने की पुष्टि की।
  4. ईरान और इज़राइल ने एक-दूसरे पर हमले रोकने की घोषणा की। युद्धविराम का उल्‍लंघन होने पर फिर से जवाबी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
  5. अमरीका की संघीय अदालत ने राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के एच-1बी वीजा के लिए प्रस्‍तावित एक लाख डॉलर का शुल्क रद्द किया।
  6. और, भारत ‘ए’ और श्रीलंका ‘ए’ क्रिकेट टीमों के बीच त्रिकोणीय एक दिवसीय श्रृंखला का पहला मैच आज दांबुला में।

******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.