June 8, 2026 9:20 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. पश्चिम बंगाल, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लागू करने वाला 36वां राज्य बनेगा।
  2. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने 21 जून को होने वाली नीटयूजी पुनर्परीक्षा के लिए शहरों की जानकारी जारी की।
  3. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, आज चंडीगढ़ में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ इंडिया रीजन जोन-2 सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
  4. भारत ने कहा इंडोनेशिया एक्ट ईस्ट पॉलिसी का एक प्रमुख स्तंभ।
  5. अप्रैल में हुए युद्धविराम के बाद ईरान ने पहली बार इस्राएल पर मिसाइल हमले किए।
  6. फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट में जर्मनी के अलेक्जेंडर ज़्वेरेव ने अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता।

*******

पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना लागू होने जा रही है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस योजना से राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार होगा।

पश्चिम बंगाल, केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना से जुड़ रहा है। आज दिल्ली में केंद्र सरकार की राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के साथ मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की उपस्थिति में एक समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर किया जाएगा। आज की इस हस्ताक्षर के साथ पश्चिम बंगाल 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से जुड़ने वाला अंतिम राज्य बन जाएगा। हालांकि केंद्र सरकार ने 2018 से आयुष्मान भारत परियोजना शुरू की थी लेकिन तृणमूल कांग्रेस सरकार ने इसे राज्य में लागू नहीं किया चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने वादा किया था कि सत्ता में आने के बाद राज्य के लोगों को इस योजना का लाभ मिलेगा। काश्वी नाहर, आकाशवाणी कोलकाता।

*******

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आज चंडीगढ़ में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के तीन दिन के इंडिया ज़ोन-टू सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। यह सम्मेलन हरियाणा विधानसभा द्वारा आयोजित किया जा रहा है। एक रिपोर्ट-

सम्मेलन का उद्घाटन हरियाणा विधानसभा में बाद दोपहर 3:00 बजे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। उद्घाटन सत्र से पहले सेरेमोनियल गेट पर लोकसभा अध्यक्ष को गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला अन्य गणमान्य व्यक्ति उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। उद्घाटन सत्र के बाद टैगौर थिएटर में संस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस तीन दिवसीय सम्मेलन में राष्ट्र निर्माण में विधानमंडलों की भूमिका, आर्टिफिशियल इंटैलीजेंस और लोकतांत्रिक संस्थाओं को और मजबूत बनाने जैसे विषयों पर मंथन किया जाएगा। आश्विनी कुमार शर्मा, आकाशवाणी समाचार, चंडीगढ़।

इस कार्यक्रम में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, देश भर की 15 विधानसभाओं के पीठासीन और उपपीठासीन अधिकारी तथा विधानसभा सदस्य शामिल होंगे।

*******

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि विकसित भारत 2047 का सपना जनभागीदारी, नवाचार, उद्यमिता और सामूहिक संकल्प के माध्यम से ही साकार हो सकता है। नई दिल्ली में एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने युवा पीढ़ी से नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाने का आग्रह किया।

*******

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एन-टी-ए ने 21 जून को आयोजित होने वाली नीट-यूजी पुनर्परीक्षा के लिए परीक्षा शहरों की सूचना जारी कर दी है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि पंजीकृत उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर लॉग इन करके अपने परीक्षा शहर की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

एनटीए द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार पुनः परीक्षा 21 जून को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक पैन और पेपर मोड में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में होगी। एनटीए ने स्पष्ट किया है परीक्षा शहर सूचना पर्ची प्रवेश पत्र नहीं है, इसे केवल अभ्यर्थियों को जानकारी देने के लिए जारी किया गया है कि उनका परीक्षा केंद्र किस शहर में होगा। एजेंसी ने उम्मीदवारों से परीक्षा और प्रवेश पत्र से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए एनटीए की आधिकारिक वेबसाइटों पर नियमित रूप से नजर बनाए रखने की अपील की है। अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*******

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर और इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगिओनो ने कल नई दिल्ली में बातचीत की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इंडोनेशिया भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का एक प्रमुख स्तंभ है। एक रिपोर्ट-

विदेश मंत्रालय ने कहा की गहन सभ्यतागत संबंधों पर आधारित भारत- इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। दोनों नेताओं ने कल आठवीं भारत- इंडोनेशिया संयुक्त आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता भी की। इस दौरान दोनों पक्षों ने व्यापक रणनीतिक भागीदारी के अंतर्गत द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने राजनीतिक मामलों, रक्षा, सुरक्षा, समुद्री व्यापार सहयोग, व्यापार और निवेश, औषधि निर्माण स्वास्थ्य देखभाल, ऊर्जा, परिवहन, अंतरिक्ष, शिक्षा, काउंसलर मामले, सास्कृतिक और दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संबंधों पर बातचीत की। इससे पहले दिन में श्री सुगियोनो ने कहा कि वे प्रधानमंत्री मोदी की आगामी इंडोनेशिया यात्रा के लिए उत्सुक हैं। समाचार कक्ष से मैं पायल शर्मा।

*******

देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्‍व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्‍वास और सबका प्रयास सिद्धांत के अंतर्गत पिछले 12 वर्ष में उल्‍लेखनीय बदलाव हुए हैं। इस दौरान मोदी सरकार ने निर्धनों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्‍याण और सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्‍वपूर्ण पहल की है। आकाशवाणी समाचार पिछले 12 वर्ष में प्रमुख क्षेत्र में सरकार के प्रयासों पर विशेष कार्यक्रम प्रसारित कर रहा है। आज हम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हुए प्रयासों पर चर्चा करेंगे।

केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। गंगा नदी और उसकी सहायक नदियों की सफाई और पर्यावरण में सुधार के लिए 2014 में नमामि गंगे कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस योजना के तहत अब तक कुल 524 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई जिनमें से 355 परियोजनाएं पूरी हो चुकी है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए सौरव गुप्ता ने कहा कि इस योजना के कारण गंगा की स्वच्छता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत गंगा नदी को स्वच्छ और इसका पुनरुद्धार करने के समग्र उपाय किए गए हैं। जिसमें अपशिष्ट जल प्रबंधन, नदी तट उपचार, वृक्षारोपण, जैव विविधता संरक्षण और जन भागीदारी शामिल है। देश में वनों के संरक्षण और उसे बढाने के लिए 2015 में ग्रीन इंडिया मिशन की शुरुआत की गई। वर्तमान में भारत का वन क्षेत्र आठ लाख वर्ग किलोमीटर से अधिक हो गया है जो देश के कुल भौगोलिक क्षेत्र का 25% से अधिक है। वहीं, कुल वन क्षेत्र के मामले में भारत दुनिया में नौंवे स्थान पर पहुंच गया है। इसके अलावा 2024 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की। जो दुनिया के सबसे बड़े जन भागीदारी वाले पर्यावरण अभियानों में से एक बन गया है। इस अभियान के तहत दिसंबर 2024 तक 262 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए हरियाणा के अशोक भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने इस अभियान के तहत भिवानी जिले में पौधे लगाए। हमने जो पौधा लगाए हैं उसका संरक्षण भी जरूरी है। तो हम जो इस प्रकार की मॉनीटरिंग करते रहते हैं, जो पौधे लगाए हैं उनका संरक्षण भी करते हैं, उनमें खाद, पानी है जो समय समय पर देते रहते हैं ताकि पौधा है वो जीवित रहे। जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए 2022 में शुरू की गई मिशन लाइफ के जरिए पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली को बढ़ावा मिला है। भारत ने वर्ष 2005 के स्तर की तुलना में कार्बन उत्सर्जन को 33 से 35% तक काम करने का लक्ष्य निर्धारित समय से 11 वर्ष पहले ही हासिल कर लिया। इसके अलावा 2015 में शुरू की गई अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन भारत की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जो स्वच्छ ऊर्जा और जलवायु परिवर्तन से निपटने के क्षेत्र में भारत को एक अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। आज जब पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है वहीं भारत विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर लगातार आगे बढ़ रहा है। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली। 

*******

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि राज्‍य के सीमावर्ती जिलों से लगभग 48 सौ अवैध प्रवासियों को बांग्लादेश भेजा जा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध आप्रवासन एक गंभीर समस्या है और उनकी सरकार ने इसके समन्वित प्रयास कर रही है।

*******

जम्मू के पर्यटन निदेशालय ने रामबन जिला प्रशासन के सहयोग से रविवार को गोल उपमंडल के सुरम्य नरसिंघा क्षेत्र में एक दिन के गोल मेले का आयोजन किया। इसमें रामबन और रियासी जिलों के दस हजार से अधिक लोग शामिल हुए।

*******

इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर में दो दिन का चौथा मेगा लैवेंडर महोत्सव रविवार को संपन्न हुआ। डोडा जिले में चौथी बार हुए महोत्सव में लैवेंडर और सुगंधित पौधों की खेती करने वाले किसानों, विद्यार्थियों, वैज्ञानिकों, औद्योगिक भागीदारों, खरीदारों, विक्रेताओं और अन्य हितधारकों ने हिस्सा लिया।

*******

ईरान के इस्राएल पर मिसाइल हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। इस्राएल रक्षा बलों के अनुसार, ईरान ने इस्राएल पर कई मिसाइलें दागी हैं। एक रिपोर्ट-

8 अप्रैल को हुए युद्ध विराम के बाद इस्राएल पर यह ईरान का पहला हमला है, हमले के बाद अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि वह इस्राएल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से कहेंगे कि वह जवाबी हमला न करें। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा वह चाहते हैं कि ईरान बातचीत के लिए सामने आए। इस्राएल ने बताया है कि वायु रक्षा प्रणाली ने दो मिसाइलों को रास्ते में ही निष्क्रिय कर दिया यह तनाव उस समय और बढ़ गया जब इस्राएल ने बेरुत स्थित हिजबुल्लाह के मुख्यालय पर हमला किया। उधर, ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया की चेतावनी दी है ईरान के संसद के मुख्य अध्यक्ष और मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बगैर ग़ालिबफ ने कहा है कि क्षेत्र में मौजूद अमरीकी ठिकानों और संपत्तियों को निशाना बनाया जा सकता है। उन्होंने अमरीका पर युद्ध विराम और बातचीत के प्रति गंभीर न होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि ईरान के सशस्त्र बल किसी भी कार्रवाई के लिए तैयार है, वहीं ट्रंप प्रशासन का कहना है कि उसके दबाव के कारण ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत के लिए फिर से तैयार हुआ है। समाचार कक्ष से प्राची बाजपेई।

*******

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढ़े नौ बजे पब्लिक स्‍पीक कार्यक्रम में, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान-आईसीएआर के पूर्व प्रधान वैज्ञानिक डॉ. जे. पी. एस. डबास के साथ “खेत बचाओ अभियान: उर्वरकों के सीमित उपयोग और मृदा स्वास्थ्य को बढ़ावा” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा।

कार्यक्रम के दौरान, श्रोता विषय से संबंधित प्रश्न पूछ सकते हैं।

*******

देश का विश्‍वसनीय लोक प्रसारक आकाशवाणी आज अपने 90 वर्ष पूरे होने का उत्‍सव मना रहा है। वर्ष 1936 को आज ही के दिन इंडियन स्‍टेट ब्रॉडकास्‍ट सर्विस का नाम बदलकर ऑल इंडिया रेडियो कर दिया गया था।

वर्ष 1956 में ऑल इंडिया रेडियो का नाम बदलकर आकाशवाणी कर दिया गया। आकाशवाणी आज 591 रेडियो स्टेशनों का संचालन करता है। आकाशवाणी का प्रसारण 23 भाषाओं और 146 बोलियों में किया जाता है। आकाशवाणी का ध्येय वाक्य है- बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय।

*******

फिलीपींस में आज सुबह 7 दशमलव 8 तीव्रता का एक शक्तिशाली भूकंप आया। इससे कुछ तटीय क्षेत्रों में सुनामी आने की संभावना है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

*******

जर्मनी के अलेक्जेंडर ज़्वेरेव ने अपना पहला फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्‍स का ग्रैंड स्लैम खिताब जीत लिया है। उन्होंने रोलैंड गैरोस में खेले गए रोमांचक पांच सेट के फाइनल में इटली के फ्लेवियो कोबोली को हराकर यह खिताब अपने नाम किया।

*******

मौसम विभाग ने कहा कि मानसून के आगे बढ़ने के साथ देश के कुछ क्षेत्रों में बारिश होगी जबकि अन्य क्षेत्रों में लू जैसी स्थिति बनी रहेगी। तटीय कर्नाटक में आज मूसलाधार बारिश और कुछ स्थानों पर तेज़ बारिश का अनुमान है।

तटीय आंध्र प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों में आज  लू जैसी स्थिति रहेगी।

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंवैष्णवी।

  1. राजधानी दिल्‍ली से प्रकाशित प्रमुख समाचार पत्रों ने आज अलग-अलग खबरों को अपनी सुर्खी बनाया है। दैनिक जागरण ने संसदीय समिति के राष्‍ट्रीय परीक्षा एजेंसी से पेपर लीक के मामले पर सवाल पूछने पर लिखा है- संसदीय समिति ने राष्‍ट्रीय परीक्षा एजेंसी से पूछा कि पेपर लीक किसे माना जाए। जनसत्‍ता इसी खबर पर लिखता है- संसदीय समिति ने पूछा क्‍या है पेपर लीक की परिभाषा। पत्र ने घरेलू एलपीजी सलेंडर के दाम में 29 रूपए की बढ़ोतरी होने को भी अपने मुख पृष्‍ठ पर प्रकाशित किया है।
  2. पंजाब केसरी ने इंडिया गठबंधन में तनातनी शीर्षक से लिखा है- दिल्‍ली में बैठक आज: माकपा और झामुमो ने कांग्रेस की हरकतों पर जताई आपत्ति। हिन्‍दुस्‍तान के शब्‍द हैं- विपक्ष मतभेदों के बीच करेगा गठबंधन। दैनिक जागरण ने विपक्षी मोर्चे में खींचतान शीर्षक से संपादकीय आलेख में लिखा है- वर्तमान में इंडिया गठबंधन पहले जितना एकजुट और मजबूत नहीं दिख रहा है। वहीं लोकसत्‍य ने नेपाल के विदेश मंत्री, शिसिर खनाल की भारत यात्रा के दौरान उनका बयान प्रकाशित किया है। अमर उजाला ने मौसम का मिज़ाज बताते हुए लिखा है- गर्मी-उमस ने बढ़ाई चुभन। आज से बारिश कर सकती है तपिश।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. पश्चिम बंगाल, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लागू करने वाला 36वां राज्य बनेगा।
  2. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने 21 जून को होने वाली नीट-यूजी पुनर्परीक्षा के लिए शहरों की जानकारी जारी की।
  3. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, आज चंडीगढ़ में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ इंडिया रीजन जोन-2 सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
  4. भारत ने कहा इंडोनेशिया एक्ट ईस्ट पॉलिसी का एक प्रमुख स्तंभ।
  5. अप्रैल में हुए युद्धविराम के बाद ईरान ने पहली बार इस्राएल पर मिसाइल हमले किए।
  6. फ्रेंच ओपन टेनिस में जर्मनी के अलेक्जेंडर ज़्वेरेव ने अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता।

*******

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.