मुख्य समाचार
गृह मंत्री अमित शाह ने अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर वित्तीय लेनदेन, भवन निर्माण और संपत्तियों की खरीद-बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एन.टी.ए ने नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा प्रश्न पत्र लीक होने के कथित दावों का खंडन किया। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी।
पश्चिम बंगाल सरकार राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुविधाएं बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर विकास कार्य शुरू करेगी।
भारत ने नेपाल को 72 स्वास्थ्य सुविधाएं और 12 सांस्कृतिक विरासत परियोजनाएं सौंपी।
अंतरराष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ ने कहा वर्ष 2044 तक एशिया प्रशांत क्षेत्र में हवाई यातायात में तेजी लाने में भारत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
और फुटबॉल में, भारत ने बांग्लादेश को तीन एक से हराकर रिकॉर्ड छठी बार सैफ महिला चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
*******
गृह मंत्री अमित शाह ने अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर वित्तीय लेनदेन, भवन निर्माण और संपत्तियों की खरीद-बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने का आह्वान किया है। गृह मंत्री की अध्यक्षता में बीएसएफ के त्रिपुरा सीमा मुख्यालय में पूर्वोत्तर राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों के संबंध में हुई बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया। हमारे संवाददाता आदित्य दत्त की रिपोर्ट….
गृह मंत्री ने पिछले पांच वर्षों के भूमि अभिलेखों की जांच करने का भी निर्देश दिया। श्री शाह ने कहा कि मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जाने चाहिए और इनमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिलों में वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करना राज्यों की जिम्मेदारी है। श्री शाह ने जिला अधिकारियों और वस्तु और सेवा कर अधिकारियों को प्रशिक्षित करने और केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड को नकली मुद्रा का सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया। बैठक में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, मुख्य सचिव जेके सिन्हा, पुलिस महानिदेशक अनुराग और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों सहित सभी आठ सीमावर्ती जिलों के जिला अधिकारियों और पुलिस अधीक्षक की उपस्थित थे।
*******
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एन.टी.ए ने सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा प्रश्न पत्र के कथित लीक या बिक्री की दावों का खंडन किया है। एन.टी.ए ने कहा कि यह छात्रों और उनके परिवारों की चिंताओं का फायदा उठाने वाले संगठित नकल गिरोहों का काम है। एजेंसी ने सक्रिय रूप से आपत्तिजनक चैनलों, खातों और सामग्री की पहचान कर सम्बंधित प्लेटफॉर्म के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की चेतावनी दी। एन.टी.ए ने उम्मीदवारों और अभिभावकों से इस तरह के किसी भी संदेश के झांसे में न आने की सलाह दी है।
*******
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से मुलाकात की। बैठक के बाद श्री जयशंकर ने 2015 के भूकंप के बाद पुनर्निर्माण कार्यक्रम के तहत नेपाल को 72 स्वास्थ्य सुविधाएं और 12 सांस्कृतिक विरासत परियोजनाएं वर्चुअल माध्यम से सौंपीं। दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच व्यक्तिगत रूप से धन के लेन-देन को सुगम बनाने के लिए यूपीआई समन्वय का संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। बैठक के दौरान विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल अपनी लंबी और विशिष्ट रूप से खुली सीमा पर सुरक्षा बनाए रखने के लिए घनिष्ठ सहयोग करते हैं और दोनों देश हमेशा आवश्यकता के समय एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं।
सुरक्षा बनाए रखने के लिए मिलकर काम करना होगा। दोनों देश आवश्यकता के समय हमेशा एक–दूसरे के साथ खड़े रहे हैं। पश्चिम एशिया और मध्य पूर्व में जारी संकट के बावजूद, हमने नेपाल को ईंधन की सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी रखी है। दोनों पक्षों की ओर से इस रिश्ते को जो महत्व दिया जाता है वह हाल ही में सामने आया है।
नेपाल के विदेश मंत्री श्री शिशिर खनाल ने कहा कि भारत नेपाल का सबसे महत्वपूर्ण साझेदार है और नेपाल ने भारत को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत केवल दो देश नहीं बल्कि एक गौरवशाली प्राचीन सभ्यता के साझेदार हैं।
*******
अंतर्राष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ ने एशिया-प्रशांत क्षेत्र में विमानन के विकास में भारत की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया है। इस क्षेत्र में 2044 तक भारतीय यात्रियों की संख्या लगभग चार अरब तक पहुंचने का अनुमान है।
अंतर्राष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ एशिया–प्रशांत क्षेत्र के उपाध्यक्ष शेल्डन ही ने कल ब्राजील में बताया कि भारत पिछले कई वर्षों से एशिया–प्रशांत क्षेत्र के विमानन विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते घरेलू नागर विमानन बाजारों में से एक है। श्री शेल्डन ही ने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में पिछले पांच से दस वर्षों में मजबूत वृद्धि हुई है और भविष्य में भी इसके मजबूत बने रहने की आशा है। अंतर्राष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ तीन सौ 70 से अधिक एयरलाइनों का प्रतिनिधित्व करता है। यह वैश्विक हवाई यातायात का लगभग 85 प्रतिशत हिस्सा हैं। 82वीं अंतर्राष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ वार्षिक आम बैठक और विश्व हवाई परिवहन शिखर सम्मेलन छह से आठ जून तक ब्राजील में आयोजित किए जा रहे हैं। समाचार कक्ष से मैं पायल शर्मा।
*******
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि उनकी सरकार प्रमुख धार्मिक स्थलों, दक्षिणेश्वर और कालीघाट मंदिरों में सुविधाओं को बढ़ाने के लिए विकास कार्य करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा सागर मेले को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाने का काम शुरू हो चुका है, साथ ही दक्षिणेश्वर और कालीघाट जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुविधाओं में भी सुधार किए जाएंगे। उन्होंने पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में पश्चिम बंगाल रोजगार के अवसरों में कमी और भ्रष्टाचार से ग्रस्त रहा। श्री अधिकारी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस शासन की सरकार ने विकास के बजाए तुष्टिकरण की राजनीति को बढावा दिया।
*******
घरेलू रसोई गैस की कीमत में 14 किलो दो सौ ग्राम के सिलेंडर पर 29 रुपये की वृद्धि की गई है। दिल्ली में आज से घरेलू रसोई गैस की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो जाएगी।
*******
रूस ने कहा है कि यूक्रेन ने सेंट पीटर्सबर्ग और उसके आसपास के इलाकों पर अब तक का सबसे बडा हमला किया है। रूस ने कहा लेनिनग्राद क्षेत्र के आसपास 140 से अधिक ड्रोन मार गिराए गए।
गवर्नर अलेक्जेंडर ड्रोज़डेन्को ने निवासियों से घरों के अंदर रहने का आग्रह किया है। श्री ड्रोज़डेन्को ने कहा कि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, कई जिलों में ड्रोन का मलबा गिरने की सूचना मिली है। इससे आवासीय भवनों को मामूली नुकसान हुआ है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेनी ड्रोनों ने सेंट पीटर्सबर्ग क्षेत्र तक की दूरी तय की और दुश्मन नौसेना के शस्त्रागार और क्रोनस्टेड में एक अड्डे को निशाना बनाया। ज़ेलेंस्की के आज ब्रिटेन का दौरा करने और यूक्रेन के निकट यूरोपीय सहयोगियों–प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ के साथ बातचीत की आशा है। समाचार कक्ष से मैं राजेश कुमार मीणा।
*******
इस्राएल के हमले में दो महिलाओं सहित कम से कम सात फ़िलिस्तीनी मारे गए। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि कल काहिरा में मध्यस्थों ने हमास और अन्य गुटों के साथ तनावपूर्ण युद्धविराम समझौते को सुरक्षित रखने के लिए बातचीत फिर से शुरू की। अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की मध्यस्थता से हुआ युद्धविराम इस्राएल के हमलों को रोकने में विफल रहा है और इस्राएल ने गाज़ा के आधे से अधिक हिस्से पर नियंत्रण बनाए रखा है।
*******
इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगिओनो भारत पहुंच गए हैं। श्री सुगिओनो नई दिल्ली में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ भारत-इंडोनेशिया संयुक्त आयोग की 8वीं बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि बैठक के दौरान दोनों मंत्री भारत और इंडोनेशिया के बीच मजबूत व्यापक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करेंगे।
*******
सैफ महिला फुटबॉल चैम्पियनशिप-2026 के फाइनल मुकाबले में कल भारत ने मौजूदा चैंपियन बांग्लादेश को 3-1 से हराकर रिकॉर्ड छठी बार खिताब अपने नाम किया। सात साल बाद, भारतीय महिला टीम ने ट्रॉफी अपने नाम की। एक रिपोर्ट…
गोवा के मडगांव में खेले गए सैफ महिला चैम्पियनशिप 2026 के फाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 3-1 से हराकर रिकॉर्ड छठी बार खिताब अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही भारतीय महिला टीम ने सात साल बाद इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी को फिर अपने कब्जे में लिया। खिताबी मुकाबले की शुरुआत में ही दोनों टीमों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। पहले हाफ में भारत की ओर से प्यारी जाख्सा ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। पहले हाफ की समाप्ति तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। दूसरे हाफ में भारतीय टीम पूरी तरह हावी नजर आई। सनफिदा ने शानदार गोल कर भारत को फिर बढ़त दिलाई, जबकि लिंडा कॉम ने तीसरा गोल दागकर जीत पर मुहर लगा दी। इसके बाद बांग्लादेश की टीम वापसी नहीं कर सकी और भारत ने 3-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम ने फाइनल में भी अपना दबदबा कायम रखा और ब्लू टाइग्रेस ने एक यादगार जीत के साथ अपने अभियान का शानदार समापन किया। आकाशवाणी समाचार के लिए, पणजी से निखिल उपाध्याय।
*******
और अब अन्य खेल खबरों के साथ वीरेन्द्र कौशिक…
भारत एकमात्र किक्रेट टेस्ट मैच में अफगानिस्तान के साथ नया चंडीगढ़ में आज दूसरे दिन अपनी पहली पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 368 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू करेगा। केएल राहुल और कप्तान शुभमन गिल के शतक की बदौलत भारतीय टीम मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। कप्तान गिल 103 रन और ऋषभ पंत अर्धशतक बनाकर क्रीज पर हैं। दूसरे दिन का खेल आज सुबह साढे नौ बजे शुरू होगा। यह एकमात्र क्रिकेट टेस्ट मैच विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का हिस्सा नहीं है। उधर, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड –बीसीसीआई ने कल इंग्लैंड और आयरलैंड के साथ होने वाली टी-20 श्रृंखला के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। श्रेयस अय्यर को सूर्यकुमार यादव की जगह टीम का कप्तान बनाया गया है। तिलक वर्मा उप–कप्तान होंगे। वैभव सूर्यवंशी को पहली बार टीम में शामिल किया गया है। हॉकी में जापान के काकामिगाहारा में भारत की अंडर-18 पुरूष टीम ने एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट जीत लिया है। फाइनल में कल भारत ने जापान को चार–एक से हराया।
*******
केरलम के सात जिलों, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में आज तेज वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के शेष सात जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
केरलम में तेज़ बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, कल भी केरलम में मूसलाधार वर्षा होने की संभावना है। खराब मौसम और ऊँची समुद्री लहरों को देखते हुए केरलम के तटीय क्षेत्रों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी एम. पल्लुरुथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं पूजा।
*******
विभाग ने कर्नाटक के तटीय इलाकों और माहे में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। पूर्वोत्तर भारत, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, कर्नाटक, कोंकण तथा गोवा, लक्षद्वीप, महाराष्ट्र, हिमालय के तटीय क्षेत्र, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु और पु्द्दुचेरी के कुछ हिस्सों में भी आज वर्षा की संभावना है। आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ स्थानों पर आज गरज के साथ बिजली गिरने की भी अनुमान व्यक्त किया है। आंध्र प्रदेश के तटीय भाग और ओडिशा के कुछ हिस्सों में आज लू चलने की संभावना है। ओडिशा में आज रात गर्म मौसम रहने का अनुमान है।
*******
समाचार पत्रों की सुर्खियों से
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आर्थिक रफ्तार को तेज़ करने की खबरें सभी अखबारों में हैं। लोकसत्य की सुर्खी है- आर्थिक मोर्चे पर निपटने के लिए बनाई गई रणनीति। पत्र ने इसी विषय पर डील, मौसम और चुनौतियां शीर्षक देकर संपादकीय में लिखा है- कि सवाल केवल तेल का नहीं, बाकि बहुत सी चीजें हैं, जिन पर भारत निर्यात में अग्रणी है। पत्र आगे लिखता है मॉनसून अच्छा रहे, युद्ध के बादल छट जाएं, इससे बड़ा सुकून भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए और क्या हो सकता है। अमर उजाला की खबर है- नेपाल की नई सरकार के साथ नई गर्माहट, नेपाल के विदेशमंत्री बोले भारत के साथ संबंध, सर्वोच्च प्राथमिकता। पत्र ने इस खबर को शीर्षक दिया है- अतीत का कोई भी बोझ भारत से रिश्तों में बाधा नहीं। दिल्ली से सिलिगुड़ी तक दौडेगी बुलट ट्रेन, छह घण्टे में ही तय हो जाएगा सफर। दैनिक भास्कर की सुर्खी है- पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद केन्द्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय का असर रेल परियोजनाओं पर दिखने लगा है। राजस्थान पत्रिका की खबर है- भारत में छोटे परिवार की चाहत से बूढ़ा हो रहा है युवा भारत। पत्र ने ढ़लान पर जन्मदर को खतरे की घंटी बताते हुए लिखा है कि अगले 20-30 साल बाद युवा कामगारों की संख्या घटेगी। अखबारों ने खेल जगत की तीन महत्वपूर्ण खबरों को एक साथ दिया है। नवभारत टाइम्स ने प्रज्ञानंदा के नॉर्वे शतरंज का खिताब जीतने, वैभव सूर्यवंशी के सबसे कम उम्र में भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने और रूस की 19 वर्षीय मीरा आंद्रीवा के फ्रैंच ओपन टेनिस के महिला सिगंल्स का खिताब जीतने की खबरें एक साथ दी हैं, दैनिक ट्रिब्यून कहता है – खेलों का शानदार शनिवार, हॉकी से शतरंज तक युवाओं की बिसात। हिंदुस्तान ने लद्दाख के प्रति पर्यटकों की बढ़ती रुचि पर लिखा है लोगों को भा रहा है ठंड़ा रेगिस्तान, पत्र के अनुसार 2020 में अटल टनल के खुलने के बाद से पर्यटकों की पहुंच बेहतर हुई है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
गृह मंत्री अमित शाह ने अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर वित्तीय लेनदेन, भवन निर्माण और संपत्तियों की खरीद-बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एन.टी.ए ने नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा प्रश्न पत्र लीक होने के कथित दावों का खंडन किया। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी।
पश्चिम बंगाल सरकार राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुविधाएं बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर विकास कार्य शुरू करेगी।
भारत ने नेपाल को 72 स्वास्थ्य सुविधाएं और 12 सांस्कृतिक विरासत परियोजनाएं सौंपी।
अंतरराष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ ने कहा वर्ष 2044 तक एशिया प्रशांत क्षेत्र में हवाई यातायात में तेजी लाने में भारत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
और फुटबॉल में, भारत ने बांग्लादेश को तीन एक से हराकर रिकॉर्ड छठी बार सैफ महिला चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
*******