June 6, 2026 1:12 PM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- वैश्विक आर्थिक संकट के बावजूद, भारतीय अर्थव्यवस्था विशेष रूप से मजबूत बनी हुई है।

 

रिजर्व बैंक ने निवेश के लिए विदेशी निवेशकों को नियमों में छूट दी।

 

कृषि मंत्रालय ने कहा- संतुलित उर्वरक उपयोग और सतत कृषि के लिए 9 लाख 42 हजार से अधिक किसान ‘खेत बचाओ अभियान’ में शामिल हुए।

 

भारत ने जम्मू-कश्मीर मामले में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अस्थायी सदस्यता का दुरुपयोग करने के लिए पाकिस्तान की निंदा की।

 

मौसम विभाग ने 9 जून तक केरल के उत्तरी जिलों में मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया।

 

और, भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंद नॉर्वे शतरंज खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने।  

 

******************

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि वैश्विक आर्थिक संकट के बावजूद, भारतीय अर्थव्यवस्था की नींव असाधारण रूप से मजबूत बनी हुई है। उन्‍होंने कहा कि देश ने वित्त वर्ष 2025-26 में 7 दशमलव 7 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की है। श्री मोदी ने दमण में कल लगभग दो हजार नौ सौ 70 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।

 

वर्ष 2025-26 में भारत ने सेवन पॉइंट सेवन पर्सेंट की ग्रोथ रेट हासिल की है और पिछला क्वाटर जो 31 मार्च को खत्म हुआ उसमें भी भारत की ग्रोथ सेवन पॉइंट 8 पर्सेंट रही है और यह दुनिया में तेज़ गति से आगे बढ़ने वाली बढ़ी इकोनॉमी है।

 

प्रधानमंत्री ने ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर बल देते हुए कहा कि विश्व हरित भविष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्‍होंने कहा कि भारत आर्थिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

 

यह जो वैश्विक संकट चल रहा है, यह दिखाता है कि एनर्जी के मामले में आत्म निर्भरता कितनी जरूरी है और बीते 12 वर्षों में देश ने जो कैपिसिटी तैयार की है, उसका कितना बड़ा महत्‍व है। 12 वर्ष पहले भारत में सौर ऊर्जा का उत्‍पादन नाम मात्र का था। आज हम दुनिया के टॉप फाइफ देशों में से एक हैं। 

 

इससे पहले, श्री मोदी ने सूरत में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत की कुल नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 250 गीगावाट में गुजरात का योगदान 50 गीगावाट है।

 

******************

 

भारतीय रिज़र्व बैंक ने विदेशी निवेशकों के सरकारी प्रतिभूतियों में निवेश से जुड़े नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। नए प्रावधानों के अंतर्गत सामान्य निवेश करने वाले विदेशी निवेशकों को अब कई तरह की निवेश सीमाओं से छूट दी गई है।एक रिपोर्ट-

 

नई व्यवस्था के तहत जनरल रूट से निवेश करने वाले एफपीआई को अधिक लचीलापन मिलेगा, क्योंकि कुछ निवेश संबंधी प्रतिबंध हटाए गए हैं। रिज़र्व बैंक ने सरकारी प्रतिभूतियों और राज्य विकास ऋणों में निवेश के लिए लागू जनरलऔर लॉन्गटर्मश्रेणियों को मिलाकर एक एकीकृत निवेश सीमा भी निर्धारित की है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के लिए केंद्र सरकार की प्रतिभूतियों में निवेश सीमा चार लाख 62 हज़ार चार सौ 90 करोड़ और दूसरी छमाही के लिए चार लाख 77 हज़ार छह करोड़ तय की गई है। राज्य विकास ऋणों के लिए यह सीमा पहली छमाही में एक लाख 53 हज़ार 43 करोड़ और दूसरी छमाही में एक लाख 64 हज़ार दो सौ 42 करोड़ निर्धारित की गई है। अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

******************

 

वित्त वर्ष 2025-26 में भी देश की अर्थव्‍यवस्‍था की मजबूत गति बरकरार है। वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद में 2024-25 के सात दशमलव एक प्रतिशत की तुलना में 2025-26 में सात दशमलव सात प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है।

 

2025-26 में वास्तविक सकल घरेलू उत्‍पाद तीन सौ 23 लाख करोड़ रुपये से अधिक होने की संभावना है।

 

******************

 

कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि देशभर में अब तक 9 लाख 42 हजार से अधिक किसान “खेत बचाओ अभियान” से जुड़ चुके हैं। हमारे संवाददाता ने बताया कि संतुलित उर्वरक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया यह अभियान अब जन आंदोलन का रूप ले रहा है।

 

मंत्रालय के अनुसार, अभियान के अंतर्गत अब तक 17 हजार 800 से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनसे लगभग 7 लाख किसान लाभान्वित हुए हैं। इसके अलावा, 3 हजार 700 से अधिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों में डेढ़ लाख से अधिक प्रतिभागियों को उर्वरक उपयोग, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन और वैज्ञानिक खेती की जानकारी दी गई है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि किसानों को जैविक और वैकल्पिक पोषक तत्वों के उपयोग की जानकारी देने के लिए 8 हजार 850 से अधिक व्यावहारिक प्रदर्शन भी आयोजित किए गए हैं। अभियान का उद्देश्य मिट्टी की उर्वरता बनाए रखना, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करना और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देना है। अक्षित की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अमीषा।

 

******************

 

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर आज नई दिल्ली में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल के साथ वार्ता करेंगे। बैठक में व्यापार, निवेश, ऊर्जा और लोगों के बीच आपसी संपर्क सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। तीन दिन की भारत यात्रा पर श्री खनाल ने कल नई दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि यह यात्रा भारत और नेपाल के विशेष साझेदारी संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने में सहायक होगी।

 

नेपाल के साथ हमारा एजेंडा बहुत व्यापक है, इसमें विकास के लिए सहयोग से लेकर लोगों के बीच आपसी संबंध और व्यापार तथा निवेश शामिल हैं। इसलिए, जब दोनों देशों के विदेश मंत्री मिलेंगे, तो इन सभी संबंधों पर चर्चा होगी। हम नेपाल के साथ अपनी इस बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने के इच्छुक हैं।

 

******************

 

भारत ने कहा है कि पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अपनी अस्थायी सदस्यता का दुरुपयोग जम्मू-कश्मीर के बारे में झूठे दावे फैलाने के लिए कर रहा है। भारत ने चेतावनी दी कि पाकिस्‍तान को अपनी जिम्मेदारियों का ध्यान रखना चाहिए। भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग था, है और हमेशा रहेगा। पाकिस्तान के खोखले बयान और झूठे दावे इस मूलभूत वास्तविकता को नहीं बदल सकते।

 

मैं पाकिस्तान को याद दिलाना चाहता हूँ कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का सदस्य होना एक बड़ी ज़िम्मेदारी है। यह पक्षपाती और झूठी बातें फैलाने का मंच नहीं है। मैं यह बात साफ़साफ़ कहना चाहता हूं। जम्मूकश्मीर भारत का अभिन्न और अटूट हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा। पाकिस्तान की खोखली बयानबाज़ी और झूठे दावों से यह बुनियादी सच्चाई नहीं बदलेगी।

 

******************

 

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि 2026 में अब तक एक हजार 76 भारतीय नागरिकों को अमरीका से भारत वापस भेजा जा चुका है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि 2025 में अमरीका से तीन हजार पांच सौ 67 भारतीय नागरिक वापस भेजे गए थे। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच प्रवासन और आवागमन को लेकर बातचीत जारी है।

 

******************

 

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत में पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान सुखोई एसयू-57 के संयुक्त उत्पादन का प्रस्ताव दिया है। सेंट पीटर्सबर्ग अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक मंच के दौरान उन्होंने कहा कि रूस, एसयू-57 कार्यक्रम में भारत की भागीदारी का इच्छुक है।

 

श्री पुतिन ने एकीकृत वायु रक्षा प्रणालियों और अन्य रक्षा उपकरणों के क्षेत्र में भी भारत के साथ सहयोग की इच्छा जताई।

 

******************

 

भारतीय शांतिदूत मेजर अभिलाषा बराक को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने प्रतिष्ठित 2025 संयुक्त राष्ट्र सैन्य लैंगिक समानता समर्थक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

 

लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल में भारतीय बटालियन के साथ सेवारत मेजर बराक को संयुक्त राष्ट्र शांतिदूतों के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया।

 

******************

 

अमरीका की सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरान के तटीय निगरानी रडार ठिकानों पर हमला किया है।

 

अमरीका ने कहा है कि क्षेत्रीय समुद्री यातायात को निशाना बनाने वाले ईरान के चार ड्रोन मार गिराए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। इससे अमरीका और ईरान के बीच रुकी हुई शांति वार्ताओं पर और दबाव बढ़ गया है। एक रिपोर्ट-

 

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमरीका और ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत रुकी हुई है। ईरान  विदेशों में अपनी अरबों डॉलर की परिसंपत्तियों पर लगे प्रतिबंध को हटाने की मांग कर रहा है। ईरान के अधिकारी किसी भी अंतरिम समझौते की प्रगति को इन प्रतिबंधों से जोड़ रहे हैं। इस बीच, लेबनान में हिज़्बुल्लाह ने अमरीका की मध्यस्थता वाले इस्राएल और लेबनान सरकार द्वारा स्वीकार किए युद्धविराम प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। हिज़्बुल्लाह के अनुसार किसी भी समझौते में दक्षिणी लेबनान से इस्राएल की सेना की वापसी की बात शामिल होनी चाहिए। हिज़्बुल्लाह ने ब्यूफोर्ट किले के पास इस्राएल की सेना पर हमले किए है। इस किले को इस्राएल की सेना ने हालिया हमले के बाद अपने अधिकार में ले लिया था। ईरान ने हिज़्बुल्लाह के लिए अपने समर्थन की बात दोहराई है। दुबई से विनोद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से में राजेश कुमार मीणा।

 

******************

 

केरलम में दक्षिणपश्चिम मानसून के तीव्र होने के साथ ही, मौसम विभाग ने राज्य के उत्तरी जिलों में 9 जून तक तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए आज रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड में कल भी रेड अलर्ट रहेगा। अन्य छह जिलों के लिए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

 

******************

 

भारतीय      ग्रैंडमास्टर आर. प्रग्नानंद ने ओस्लो में नॉर्वे शतरंज खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। प्रग्नानंद ने अंतिम दौर में जर्मनी के विंसेंट कीमर को हराया। यह खिताब जीतने वाले वह पहले भारतीय बन गए हैं।

 

नॉर्वे शतरंज में प्रज्ञागनन्‍द ने विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को हराया था। 

 

******************

 

भारत और अफगानिस्तान के बीच आज से शुरू हो रहा क्रिकेट टेस्ट मैच मुल्लनपुर, न्‍यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। इससे पहले 2018 में अफगानिस्तान ने भारत के साथ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था।

 

******************

 

सैफ महिला फुटबॉल चैम्पियनशिप के फाइनल में आज भारत का मुकाबला बांग्लादेश से होगा।  गोवा के मडगांव में मैच शाम साढ़े छह बजे से खेला जाएगा।

 

******************

 

समाचार पत्रों की सुर्खियों से

 

भारत की आर्थिक वृद्धि दर में बढत की खबर सभी अखबारों में प्रमुखता से है। हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है- संकट के बीच भारत की जीडीपी में उछाल, चौथी तिमाही में सात दशमलव आठ प्रतिशत रही। पत्र के अनुसार मजबूत मांग और उत्‍पादन के कारण रफ्तार तेज रही। नवभारत टाइम्‍स के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी बोले- यह एक सौ 40 करोड भारतीयों की मेहनत और आर्थिक सुधारों का नतीजा है। पत्र के अनुसार- विदेशी पूंजी के लिए टैक्‍स फ्री राह तैयार, आरबीआई ने बिना सीमा विदेशी निवेश का दायरा बढाया। देशबंधु के अनुसार- लोन महंगे नहीं होंगे और ईएमआई भी नहीं बढेगी।

 

दैनिक भास्‍कर ने ऐतिहासिक शीर्षक से लिखा है- एआई का ग्‍लोबल हब बनेंगे हम, ऑस्‍ट्रेलियाई कंपनी देश में तीन लाख करोड रूपये निवेश करेगी, पांच गीगावॉट क्षमता का डेटा सेंटर बनायेगी एयरट्रंक।

 

जनसत्‍ता ने अध्‍ययन शीर्षक से लिखा है- अमरीका के 96 यूनीकॉर्न में भारतीय मूल के उद्यमियों का योगदान, इनमें कृत्रिम मेधा आधारित सर्च इंजन परप्‍लेक्सिटी भी शामिल। पत्र के अनुसार नव उद्यमों में 59 फीसदी की स्‍थापना प्रवासी उद्यमियों ने की।

 

वीर अर्जुन ने अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प के हवाले से लिखा है- मोदी मेरे अच्‍छे मित्र है, व्‍यापार समझौता हो जाएगा। वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा व्‍यापार समझौते का पहला चरण जुलाई तक संभव।

 

दैनिक जागरण लिखता है- भारत संग एसयू-57 बनाने को रूस तैयार, रूस के राष्‍ट्रपति ब्‍लादिमीर पुतिन ने की पांचवी पीढी का अत्‍याधुनिक लडाकू विमान देने की पेशकश।

 

दिल्‍ली के मालवीय नगर अग्निकांड पर पंजाब केसरी की सुर्खी है- लापरवाह अफसरों पर सीधे एफआईआर, दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता ने कहा कि जिला मजिस्‍ट्रेट की शक्तियों को और प्रभावी बनाने का ऐतिहासिक फैसला किया गया है। जनसत्‍ता ने अनदेखी की आग शीर्षक से संपादकीय में लिखा है कि कोई हादसा एक मामूली कोताही का नतीजा हो सकता है लेकिन अगर वह गलती बनी रही है तो उन्‍हें आपराधिक लापरवाही से कम नहीं माना जा सकता।

 

******************

 

और अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- वैश्विक आर्थिक संकट के बावजूद, भारतीय अर्थव्यवस्था विशेष रूप से मजबूत बनी हुई है।

 

रिजर्व बैंक ने सरकारी प्रतिभूतियों में निवेश के लिए विदेशी निवेशकों को नियमों में छूट दी।

 

कृषि मंत्रालय ने कहा- संतुलित उर्वरक उपयोग और सतत कृषि के लिए 9 लाख 42 हजार से अधिक किसान ‘खेत बचाओ अभियान’ में शामिल हुए।

 

भारत ने जम्मू-कश्मीर के मामले में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अस्थायी सदस्यता का दुरुपयोग करने के लिए पाकिस्तान की निंदा की।

 

मौसम विभाग ने 9 जून तक केरल के उत्तरी जिलों में मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया।

 

और, भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंद नॉर्वे शतरंज खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने।

 

******************