June 5, 2026 9:02 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज गुजरात और दमन के दौरे पर रहेंगे। लगभग 21 हजार 800 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ।
  2. प्रधानमंत्री ने विश्व योगासन चैंपियनशिप के प्रतिभागियों से आयुष मंत्रालय के योग 365 अभियान के राजदूत बनने का आह्वान किया।
  3. रिजर्व बैंक आज अपनी द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा करेगा।
  4. लोकसभा के पूर्व महासचिव और संविधान विशेषज्ञ सुभाष सी. कश्यप का कल नई दिल्ली में निधन।
  5. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत को एक विश्वसनीय साझेदार बताया। कहा- अमरीका का दबाव भारत-रूस संबंधों को प्रभावित नहीं करेगा।
  6. पुरुष अंडर-18 एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में आज भारत का सामना पाकिस्तान से।

    *******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज गुजरात के सूरत में सड़क, बिजली और औद्योगिक क्षेत्रों में 18 हजार आठ सौ करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। श्री मोदी पहले हजीरा में औद्योगिक और अवसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। दोपहर में श्री मोदी एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। आज शाम प्रधानमंत्री का दमन दौरा भी होगा।

 

प्रधानमंत्री वहां लगभग दो हजार नौ सौ 70 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे को बड़ी गति देते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात और महाराष्ट्र के बीच कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के महत्वपूर्ण पैकेज राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वे  राष्ट्रीय राजमार्ग-56 के महत्वपूर्ण खंडों को फोर-लेन बनाने की भी आधारशिला रखेंगे, जिससे आदिवासी क्षेत्रों और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक पहुंच में सुधार होगा। जन कल्याण के तहत प्रधानमंत्री सूरत में चौबीसों घंटे आपातकालीन और ट्रॉमा केयर सुविधाओं से लैस एक आधुनिक दो सौ बिस्तरों वाले ईएसआईसी अस्पताल का भी उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा गुजरात में ट्रांसमिशन नेटवर्क विस्तार, दहेज पीसीपीआईआर और सरीगाम जीआईडीसी में उन्नत अपशिष्ट निपटान प्रणाली और वलसाड में आधुनिक बिजली वितरण उन्नयन सहित कई महत्वपूर्ण औद्योगिक बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी आज शुभारंभ किया जाएगा। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने विश्व योगासन चैंपियनशिप में भाग लेने वाले खिलाड़ियों से अपने-अपने देशों में आयुष मंत्रालय के योग 365 अभियान के वैश्विक राजदूत बनने का आह्वान किया है। अहमदाबाद में चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में श्री मोदी ने कहा कि योग से जुड़े रहने और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के लिए आयुष मंत्रालय ने ‘योग 365’ अभियान की शुरूआत की है। चार से आठ जून तक आयोजित पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप में 60 से अधिक देशों के 400 से अधिक खिलाडी भाग ले रहे हैं। श्री मोदी ने कहा कि योग स्वास्थ्य रहने के लिए एक व्यावहारिक दृष्टिकोण है।

मैं इस वर्ल्ड योगासना चैंपियनशिप में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों से भी आग्रह करूंगा। जब आप अपने-अपने देशों में लौटे तो योग के इस संदेश को भी अपने साथ लेकर जाएं। आप सभी अपने अपने देशों में योगा 365 के एम्बेसडर बन सकते हैं। आपका अनुभव और योग के प्रति आपका विश्वास पूरे विश्व को इस संदेश से जोड़ सकता है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि यह चैंपियनशिप आगामी अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस से पहले विश्व स्तर पर योग के संदेश को पहुंचाने का अवसर है।

21 जून को वर्ल्ड योगा डे भी मनाया जाएगा। उस दिन दुनिया के अलग अलग देशों में योग से जुड़े आयोजन होंगे और इसका प्रमुख कार्यक्रम भारत के एक और ऐतिहासिक शहर कोलकाता में होगा। वर्ल्ड योगा डे से पहले वर्ल्ड योगासना चैंपियनशिप अपने आप में हेल्थ और वेलनेस की डबल डोज लेकर आ गई है।

*******

रिज़र्व बैंक आज अपनी द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा करेगा। बैंक गवर्नर संजय मल्होत्रा आज सुबह 10 बजे मुंबई में मौद्रिक नीति की घोषणा करेंगे। छह सदस्यीय समिति ने बुधवार को तीन दिवसीय विचार-विमर्श शुरू किया था। हमारे संवाददाता ने बताया है अप्रैल में, भारतीय रिज़र्व बैंक ने अपनी प्रमुख नीतिगत दरों में कोई बदलाव नहीं किया था।

 

खुदरा मुद्रास्फिती पर आधारित महंगाई सूचकांक चार प्रतिशत तक सीमित रखने का लक्ष्य भारत सरकार ने रिजर्व बैंक को दिया है। असाधारण परिस्थितीयों मे यह सूचकांक दो से छह प्रतिशत के दायरे मे रखने की भी छूट है। सोने एवं चांदी के आभूषण तथा खानपान सामानों की कीमते बढने के कारण अप्रैल मे यह सूचकांक तीन दशमलव चार आठ पर था जो कि दिये गये दायरे के अंदर है। इसी कारण विश्लेषकों का मानना है की रिजर्व बैंक इस बार भी ब्याज़ दरो में कोई बदलाव नही करेगा। पश्चिम एशिया मे उत्पन्न संकट का महंगाई तथा आर्थिक वृद्धी पर होने वाला परिणाम देखते हुए रिजर्व बैंक सतर्क दृष्टिकोण अपनाएगा ऐसा भी कहा जा रहा है। कुछ दिन पहले स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सी. एस. सेट्टी ने भी कहा था की रिजर्व बैंक ब्याज़ दरों मे बदलाव नही करता है तो आर्थिक वृद्धी की प्रक्रिया को स्थिर रखने मे मदद मिलेगी। आकाशवाणी समाचार के लिए मुंबई से जीवन भावसार।

*******

मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के सलाहकार के रूप में 1987 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी तरुण कपूर का कार्यकाल एक वर्ष बढाने को मंजूरी दे दी है। श्री कपूर का विस्तारित कार्यकाल 10 जून से एक वर्ष की अवधि के लिए प्रभावी होगा।

*******

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी की सराहना की है। उन्‍होंने कहा कि भारत को रूस के साथ सहयोग कम करने के लिए मजबूर करने के पश्चिमी देशों के प्रयास व्यर्थ और वैश्विक स्थिरता के लिए हानिकारक हैं। प्रमुख वैश्विक समाचार एजेंसियों के प्रमुखों के साथ बातचीत में श्री पुतिन ने कहा कि अमरीका के साथ भारत की राजनयिक भागीदारी, दोनों देशों के चिरस्थायी सम्‍बंधों पर कोई प्रभाव नहीं डालती। उन्होंने कहा कि रूस भारत को एक विश्वसनीय साझेदार मानता है।

*******

रूस के राष्ट्रपति ने भारत के साथ रूस के रक्षा और सैन्य सम्‍बंधों का भी चर्चा की और ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों के सह-विकास और सह-उत्पादन के बारे में बताया। पुतिन ने कहा कि रूस ने भारत को पांचवीं पीढ़ी के एस.यू.-57 लड़ाकू विमान के निर्माण में संयुक्त रूप से काम करने का प्रस्ताव दिया है।

*******

नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खानाल आज से तीन दिन की भारत यात्रा पर रहेंगे। श्री खानाल नई दिल्ली में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ बैठक करेंगे। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों देश आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

*******

व्यापार समझौते पर चर्चा को आगे बढ़ाने के लिए अमरीकी व्यापार प्रतिनिधि के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भारत का अपना चार दिन का दौरा पूरा किया है।

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा कि इस दौरान वस्तुओं के व्यापार, गैर-टैरिफ उपायों, सीमा शुल्क और व्यापार सुविधा, आर्थिक सुरक्षा संरक्षण और पारस्परिक हित के अन्य क्षेत्रों सहित कई मुद्दों पर रचनात्मक और सकारात्मक चर्चा की गई। मंत्रालय ने बताया कि दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सम्‍बंधों को मजबूत करने वाले पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते को पूरा करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। भारत और अमरीका ने 7 फरवरी को जारी एक संयुक्त वक्तव्य में व्यापार से संबंधित एक अंतरिम समझौते पर सहमति व्यक्त की। यह भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते के प्रति दोनों देशों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

*******

आज विश्व पर्यावरण दिवस है। पृथ्वी पर सभी जीवों के जीवन की उपयोगिता बनाए रखने और इसके संरक्षण के लिए जागरूकता बढ़ाने हेतु संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम के अंतर्गत, यह दिवस मनाया जाता है। इसकी शुरूआत 5 जून को 1973 से को हुई थी।

विश्व पर्यावरण दिवस का उद्देश्य प्रकृति और पृथ्वी की रक्षा के लिए लोगों को जागरूक करना और सकारात्मक कदम उठाने के लिए प्रेरित करना है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह राष्ट्रीय राजधानी में मैदानगढ़ी स्थित नमो ऑक्सीजन पार्क में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके अलावा कई केंद्रीय मंत्री अपने अपने राज्यों में विश्व पर्यावरण दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। यह दिवस पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, लोगों को कार्यवाही के लिए प्रेरित करने और सतत विकास को बढ़ावा देने का अवसर है। विभिन्न अभियानों, कार्यक्रमों और पहलों के माध्यम से लोगों और समुदायों को पर्यावरण की रक्षा के लिए आगे आने तथा बेहतर और टिकाऊ भविष्य के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाता है। अक्षित वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*******

इस अवसर पर, केंद्रीय वन और जयवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने देशवासियों से जलवायु और भविष्य के लिए प्रकृति से प्रेरणा लेते रहने का संकल्प दोहराने का आग्रह किया है।

*******

लोकसभा के पूर्व महासचिव और संविधान विशेषज्ञ सुभाष सी. कश्यप का कल नई दिल्ली में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 97 वर्ष के थे। उन्‍होंने सौ से अधिक पुस्तकों के लेखन का काम पूरा किया। वे 1983 से 1990 तक लोकसभा के महासचिव रहे। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

*******

गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ-आरएसएस के दूसरे सरसंघचालक माधव सदाशिवराव गोलवलकर की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। श्री शाह ने कहा कि श्री गोवलकर ने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को एक मजबूत वैचारिक आधार दिया।

*******

पुरुष अंडर-18 एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में आज भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। मैच जापान के काकामिगाहारा हॉकी स्टेडियम में भारतीय समयानुसार आज शाम साढे तीन बजे से खेला जाएगा। महिला अंडर-18 एशिया कप में, भारत ने ग्रुप चरण में बिना कोई मैच हारे सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

*******

मौसम विभाग ने आज दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में गरज के साथ आंधी-तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

*******

धन्यवाद जागृति, प्रधानमंत्री मोदी और वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्‍ट्रपति की मुलाकात को आज प्रकाशित अखबारों ने प्रमुखता दी है। नवभारत टाइम्‍स की सुर्खी है-वेनेजुएला से बढ़ेगी कच्‍चे तेल की खरीद, ऊर्जा साझेदारी पर भी चर्चा। रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन का सेंट पीटर्सबर्ग में मीडिया को दिया बयान अमर उजाला ने प्रथम पृष्‍ठ पर दिया है- भारत पर दवाब की कोशिश में अमरीका……लेकिन सभी जानते है मोदी पर दबाव बनाना नामुमकिन। दिल्‍ली के मालवीय नगर अग्निकांड पर दैनिक जागरण की खबर है- धुएं ने छीन ली सांसे, पर आखिरी पल तक नहीं छोड़ा साथ। पंजाब केसरी की खबर है- मौत की इमारतों पर होगा एक्‍शन। उपराज्‍यपाल तरणजीत सिंह संधु ने नगर-निगम को दिए कार्रवाई के निर्देश। जनसत्‍ता ने अपने संपादकीय पृष्‍ठ में हादसों की जवाबदेही का विश्‍लेषण दिया है- किसी भी हादसे का सबसे जरूरी सबक यह होना चाहिए कि भविष्‍य में ऐसे इंतजाम किए जाएं ताकि वैसी घटना दोबारा न हो। दैनिक भास्‍कर ने बड़ा कदम शीर्षक से इकोफ्रैंडली खबर दी है- सिर्फ एथेनॉल से चलने वाली देश की पहली कार लांच…. पांच हजार पंप खुलेंगे। इससे प्रदूषण घटेगा और किसानों की आय भी बढ़ेगी। राजस्‍थान पत्रिका ने मॉनसून की दस्‍तक को मंगल प्रवेश बताते हुए लिखा है- बूंदों की बारात लेकर मॉनसून केरलम पहुंचा, बीस को राजस्‍थान में अगवानी। अब उत्‍तर भारत में तपिश के गिने-चुने दिन। पत्र ने विश्‍व पर्यावरण दिवस पर लिखा है- कुछ भी पहले जैसा नहीं रहा। धरती संकेत दे रही है, क्‍या हम सुन रहे हैं। पहले मौसम बदलता था…अब बिगड़ता है। प्रकृति स‍े सिर्फ लिया, कभी कुछ जमा नहीं किया… अब धरती दे रही चेतावनी।

*******

और अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज गुजरात और दमन की यात्रा पर रहेंगे। लगभग 21 हजार 800 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ।

प्रधानमंत्री ने विश्व योगासन चैंपियनशिप के प्रतिभागियों से आयुष मंत्रालय के योग 365 अभियान के राजदूत बनने का आह्वान किया।

रिजर्व बैंक आज अपनी द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा करेगा।

लोकसभा के पूर्व महासचिव और संविधान विशेषज्ञ सुभाष सी. कश्यप का कल नई दिल्ली में निधन।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत को एक विश्वसनीय साझेदार बताया। कहा- अमरीका का दबाव भारत-रूस संबंधों को प्रभावित नहीं करेगा।

पुरुष अंडर-18 एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में आज भारत का सामना पाकिस्तान से।

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.