मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के साथ वार्ता करेंगे।
- गृह मंत्री अमित शाह आज शिलांग में उत्तर–पूर्वी परिषद के 73वें पूर्ण सत्र की अध्यक्षता करेंगे।
- अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा–अमरीका और भारत बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने से कुछ सप्ताह दूर।
- मौसम विभाग ने आज केरलम् और माहे में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
- पहली विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप आज से अहमदाबाद में शुरू। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होंगे।
- भारत ने भूटान को एक–शून्य से हराकर सैफ महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई।
अब समाचार विस्तार से…
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के साथ वार्ता करेंगे। इस दौरान ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार, निवेश, औषधि उद्योग, स्वास्थ्य सेवा, परिवहन तथा नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। डेल्सी रोड्रिगेज पांच दिन की भारत यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचीं। हमारी संवाददाता की एक रिपोर्ट…
राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ के साथ एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी है। वह इससे पहले 2015 में विदेश मंत्री और 2019, 2023, 2024 तथा 2025 में उपराष्ट्रपति के रूप में भारत का दौरा कर चुकी हैं। वेनेजुएला का प्रतिनिधिमंडल भारत के ऊर्जा, औषधि और ऑटोमोबाइल क्षेत्रों से जुड़े कई प्रतिष्ठानों का दौरा करेगा। इसका उद्देश्य भारत की तकनीकी और औद्योगिक क्षमताओं को समझना तथा सहयोग की नई संभावनाओं की तलाश करना है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत और वेनेजुएला के बीच ऊर्जा, व्यापार और वैश्विक दक्षिण के प्रति साझा प्रतिबद्धता पर आधारित सौहार्दपूर्ण संबंध हैं। मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा से दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंध और अधिक मजबूत होंगे तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को नई गति मिलेगी। अनुपम मिश्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से इशिका शाह।
*******
ब्रिटेन की विदेश और राष्ट्रमंडल मामलों की मंत्री यवेट कूपर दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर कल रात नई दिल्ली पहुंचीं। सुश्री कूपर आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगी। वह आज शाम विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर के साथ भी बैठक करेंगी। विदेश मंत्रालय ने कहा कि उनकी यह यात्रा भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी।
*******
गृह मंत्री अमित शाह आज मेघालय के शिलांग में उत्तर पूर्वी परिषद के 73वें पूर्ण सत्र की अध्यक्षता करेंगे। हमारी संवाददाता ने बताया है कि बैठक में पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों और परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
बैठक में पर्यटन, कृषि एवं बागवानी, निवेश, खेल, बुनियादी ढांचा, संपर्क सुविधा और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही पूर्वोत्तर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए तैयार किए जा रहे ‘नॉर्थ ईस्ट विजन प्लान-2047’ पर भी विचार–विमर्श किया जाएगा। बैठक में पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार, पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उत्तर–पूर्वी परिषद सदस्य और केंद्र तथा राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। अनुमिदिता और रीषू की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अमीषा।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आज से ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह की दूसरी बैठक शुरू होगी। दो दिनों तक चलने वाली इस बैठक में चीन, ब्राज़ील, मिस्र, इथियोपिया और इंडोनेशिया सहित 11 देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। ब्यौरा हमारे संवाददाता से :-
इस सम्मेलन के दौरान काशी के विश्व प्रसिद्ध जीआई–टैग प्राप्त और ओडीओपी यानी एक जिला–एक उत्पाद की एक विशेष प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी में छह कारीगर वाराणसी की समृद्ध शिल्प परंपराओं का प्रतिनिधित्व करने वाले छह अनूठे उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। ये उत्पाद काशी की सदियों पुरानी कला, शिल्प कौशल और सांस्कृतिक विरासत के जीवंत प्रतीक हैं। प्रदर्शनी के माध्यम से विदेशी प्रतिनिधियों को न केवल इन उत्पादों की विशिष्टता से परिचित कराया जाएगा, बल्कि स्थानीय कलाकारों और कारीगरों को भी वैश्विक बाजार में अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। सुशील चन्द्र तिवारी आकाशवाणी समाचार लखनऊ।
*******
पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के सिद्धांतों के आधार पर भारत में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। आकाशवाणी समाचार, सरकार के पिछले 12 वर्षों के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए प्रयासों पर एक विशेष श्रृंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज हम कारोबार करने में सुगमता यानी ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के क्षेत्र में सरकार के प्रयासों पर चर्चा करेंगे।
केन्द्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के साथ–साथ कारोबार को आसान बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुधार किए हैं। इन सुधारों से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और भारत दुनिया में प्रतिस्पर्धी व्यापारिक केंद्र के रूप में मजबूत हुआ है। 2016 में शुरू की गई स्टार्टअप इंडिया योजना नवाचार, उद्यमिता और निवेश आधारित विकास को बढ़ावा दे रही है। सरकार के प्रयासों के कारण देश में स्टार्टअप की संख्या 2016 में लगभग 500 से बढ़कर इस साल मार्च तक दो लाख 23 हजार से अधिक हो गई है। वहीं, जून 2021 में आयकर विभाग ने नया ई–फाइलिंग पोर्टल शुरू किया, ताकि करदाताओं को अधिक सुविधा और बेहतर ऑनलाइन सेवाएं मिल सकें। इसके अलावा, 2017 में जीएसटी लागू किया गया, जिससे अलग–अलग कर व्यवस्थाओं की जगह एक सरल कर प्रणाली लागू हुई, जिससे कारोबार करना आसान हो गया। महाराष्ट्र के ठाणे के चार्टर्ड अकाउंटेंट मनोज बासेर ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष करों में किए गए सुधारों से अर्थव्यवस्था को स्थिरता मिली है।
वहीं सरकारी खरीद प्रक्रिया को डिजिटल, सरल और सभी के लिए सुलभ बनाने के लिए 2016 में गवर्नमेंट ई–मार्केटप्लेस (GeM) की शुरुआत की गई। GeM पर अब तक कुल कारोबार 18 लाख करोड़ रुपये से अधिक का हो चुका है। जेम से जुड़ी एक विक्रेता कामिनी गुप्ता ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि जेम की प्रक्रिया काफी सरल और पारदर्शी है और सरकारी खरीददारो तक पहुंच प्रदान करता है।
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम– एम.एस.एम.ई. के पंजीकरण को आसान बनाने के लिए, केन्द्र सरकार ने उद्यम पंजीकरण पोर्टल की शुरुआत की। इस पोर्टल पर पंजीकरण की संख्या अक्टूबर 2020 में 10 हजार थी जो बढ़कर अब आठ लाख 31 हजार से अधिक हो गई है। भारत में कारोबार के लिए बेहतर माहौल, मजबूत डिजिटल व्यवस्था और पारदर्शी शासन से व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिल रहा है। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*******
प्रथम विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप आज गुजरात के अहमदाबाद में शुरू हो रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इसका मुख्य उद्देश्य विश्व स्तर पर बहुखेल प्रतियोगिता में योग को शामिल करना है।
इस पांच दिवसीय वैश्विक प्रतियोगिता में अमरीका सहित 60 देशों के 400 से अधिक प्रतिभागी 12 विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। ‘वर्ल्ड योगासन‘ के तत्वावधान में ‘योगासन भारत‘ द्वारा आयोजित इस ऐतिहासिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य विश्व स्तर पर बहु–खेल प्रतियोगिताओं में योग को शामिल करने का मार्ग प्रशस्त करना है। यह पहल वैश्विक स्तर पर योग और कल्याण के बारे में जागरूकता फैलाने के साथ–साथ योगासन को एक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में बढ़ावा देने का एक प्रयास है। इस चैंपियनशिप के दौरान खिलाड़ी कलात्मक और लयबद्ध योग डिविजनों के साथ–साथ सात आधिकारिक योग श्रेणियों में हिस्सा लेंगे। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
*******
बिहार के मुजफ्फरपुर में एक निजी अस्पताल में भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। यह घटना ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में कल रात हुई। घटना की जांच जारी है।
*******
इधर, नई दिल्ली के मालवीय नगर में कल एक होटल में आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली पुलिस ने बताया है कि मृतकों में नौ भारतीय और 12 विदेशी नागरिक शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और इमारत के मालिक लवकेश बजाज को हिरासत में लिया है।
*******
अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि भारत और अमरीका लंबे समय से प्रस्तावित व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के बेहद करीब हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच यह समझौता अगले कुछ सप्ताह में पूरा हो सकता है। रुबियो ने कहा कि हाल ही में भारत यात्रा के दौरान क्वाड देशों के प्रतिनिधियों के साथ इस संबंध में चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि क्वाड देश अब केवल बातचीत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सहयोग सहित कई ठोस परियोजनाओं पर मिलकर काम कर रहे हैं।
सहयोग के जिन क्षेत्रों पर हम मिलकर काम कर रहे हैं वे हाल ही में दुनिया भर में हुई घटनाओं के कारण और भी अधिक प्रासंगिक और महत्वपूर्ण हो गए हैं इसलिए आज मुझे लगता है कि हम उन क्षेत्रों में अपने संबंधों को क्रियान्वित करने में और भी अधिक प्रगति करेंगे, जिन पर हम सहयोग कर सकते हैं। क्वाड के बारे में सबसे दिलचस्प बात यह है कि हम सजा हितों के क्षेत्र में विचारों का आदान–प्रदान करने के लिए एक साथ आते हैं। क्वाड तेजी से एक ऐसा मंच बनता जा रहा है, जिसके माध्यम से हम कार्रवाई कर सकते हैं।
*******
भारत ने सैफ महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में भूटान को एक-शून्य से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। गोवा के मडगांव में कल भारतीय महिला फुटबॉल टीम छह साल बाद सैफ महिला चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची। पांच बार के विजेता भारत का फाइनल में शनिवार को मौजूदा चैंपियन बांग्लादेश से सामना होगा।
*******
मौसम विभाग ने आज केरलम और माहे में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, कर्नाटक, कोंकण और गोवा, लक्षद्वीप, पश्चिम बंगाल में हिमालय के तराई क्षेत्रों, सिक्किम, तमिलनाडु, पु्द्दुचेरी और उत्तराखंड में भी बारिश की संभावना है। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, राजस्थान, तेलंगाना और विदर्भ में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी की आशंका है।
*******
राजधानी दिल्ली से प्रकाशित मुख्य समाचार पत्रों ने आज मालवीय नगर के होटल में लगी भीषण आग की खबर को सचित्र प्रकाशित किया है। जनसत्ता लिखता है- दिल्ली में भयावह अग्निकांड। दैनिक जागरण के शब्द हैं- अवैध होटल में 21 की मौत। 11 विदेशियों सहित 21 जिंदा जले। राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है। घटना के बाद अग्नि सुरक्षा संबधी व्यापक अभियान चलाने पर सख्ती शीर्षक से हिन्दुस्तान ने लिखा है- नियम तोड़ने वाले प्रतिष्ठान सील होंगे। प्रधानमंत्री राष्टीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रूपये और घायलों को पचास-पचास हज़ार रूपये अनुग्रह राशि देने की खबर भी अधिकतर समाचार पत्रों में है। अमर उजाला ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के दो गुटों में बंटने की खबर को शीर्षक दिया है- तृणमूल में टूट, 58 बागी विधायकों ने ऋतब्रत को चुना नेता, मिली मान्यता। इसी खबर पर राजस्थान पत्रिका की टिप्पणी है- टूट गई टीएमसी, 58 विधायकों ने स्पीकर को सौंपा समर्थन पत्र। अमरीका द्वारा भारत सहित पचास से अधिक देशों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने के प्रस्ताव पर नवभारत टाइम्स ने बाक्स में लिखा है- अमरीका ट्रेड डील पर बातचीत के बीच साढ़े बारह प्रतिशत की एक्स्ट्रा ड्यूटी का पेंच। अमर उजाला ने छापा है, ट्रम्प प्रशासन का आरोप- इन देशों ने बंधुआ मजदूरी रोकने के लिए नहीं उठाए कदम, इसलिए लगाया जा रहा है शुल्क। भारत ने जताई कड़ी आपत्ति। वैश्विक तापमान में हो रही वृद्धि पर अमर उजाला ने संपादकीय लेख में संयुक्त राष्ट्र की हालिया रिपोर्ट के हवाले से चिंता व्यक्त करते हुए टिप्पणी की है, जून से अगस्त 2026 के बीच अल नीनों सक्रिय होने की 80 प्रतिशत और नंवबर तक बने रहने की आशंका है। मेघालय के चेरापूंजी में सेवन सिस्टर्स और किनरेम वॉटर फॉल में लगातर हो रही बारिश की मनमोहक तस्वीर दैनिक भास्कर में है। पौष्टिक आहार के फायदों को याद दिलाते हुए लोकसत्य ने टिप्पणी की है- याददाश्त बढ़ाने में सहायक पौष्टिक आहार।
*******
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के साथ वार्ता करेंगे।
- गृह मंत्री अमित शाह आज शिलांग में उत्तर पूर्वी परिषद के 73वें पूर्ण सत्र की अध्यक्षता करेंगे।
- अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा- अमरीका और भारत बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने से कुछ सप्ताह दूर।
- मौसम विभाग ने आज केरलम् और माहे में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
- पहली विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप आज से अहमदाबाद में शुरू। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होंगे।
- भारत ने भूटान को एक-शून्य से हराकर सैफ महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई।
*******