मुख्य समाचार
- वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी एलोइना रोड्रिग्ज गोमेज़ आज से पांच दिन की भारत यात्रा पर।
- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डी.के. शिवकुमार आज दोपहर कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
- पश्चिम बंगाल में आज से शुरू होगी अन्नपूर्णा योजना। पात्र महिलाओं को हर महीने मिलेगी तीन हजार रूपये की सहायता।
- बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दी बधाई।
- जर्मनी ने हवाई मार्ग से यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए ट्रांजिट वीजा की अनिवार्यता आज से समाप्त की। भारत ने कहा– इससे दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ेगा।
- महिला क्रिकेट में, मेजबान इंग्लैंड ने तीसरे और अंतिम टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत को छह विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की।
******* *******
वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी एलोइना रोड्रिग्ज गोमेज़ आज से पांच दिन की भारत यात्रा पर रहेंगी। उनके साथ एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा। एक रिपोर्ट……
भारत और वेनेज़ुएला के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध हैं, विशेषकर ऊर्जा और व्यापार के क्षेत्र में। इस यात्रा से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और मज़बूत होंगे तथा कई क्षेत्रों में सहयोग और गहरा होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत के दौरान, दोनों पक्ष आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग को मज़बूत करने के तरीकों पर चर्चा करेंगे, जिनमें ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार और निवेश, दवाएं, स्वास्थ्य सेवा, परिवहन और नवीकरणीय ऊर्जा शामिल हैं। वेनेज़ुएला का प्रतिनिधिमंडल ऊर्जा, दवा और ऑटोमोबाइल क्षेत्रों से जुड़ी सुविधाओं का दौरा करेगा। इस यात्रा का उददेश्य सहयोग के अवसर को तलाशना और भारत की तकनीकी तथा औद्योगिक क्षमताओं के बारे में जानकारी हासिल करना है। दीपेन्द्र और ईशानी की रिपार्ट के साथ समाचार कक्ष से अर्जुन शर्मा।
******* *******
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डी.के.शिवकुमार आज कर्नाटक के 25वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
आठ बार के विधायक डी.के. शिवकुमार बेंगलुरु के लोक भवन स्थित ग्लास हाउस में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ कुछ कैबिनेट मंत्री भी शपथ लेंगे। 28 मई को सिद्धारमैया के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस विधायक दल ने 64 वर्षीय डी.के. शिवकुमार को अपना नेता चुना था। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित कई प्रमुख नेता शामिल होंगे।
******* *******
पश्चिम बंगाल सरकार आज एक महत्वपूर्ण सामाजिक कल्याणकारी पहल, ‘अन्नपूर्णा योजना’ का शुभारंभ करने जा रही है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी इस योजना का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। ब्यौरा हमारी संवाददाता से…..
पहले चरण में, लाभार्थियों को बैंक खातें में आज से ही 3,000 रुपये भेजना शुरू होगा। इस योजना से लगभग दो करोड़ महिला उपभोक्ताओं को लाभ मिलने की संभावना है। नबन्ना में, दोपहर 12:30 बजे उद्घाटन समारोह में महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण विभाग की मंत्री अग्निमित्रा पॉल उपस्थित रहेंगी। साथ ही, राज्य के सभी ब्लॉक, नगर पालिकाएं और कलकत्ता नगर निगम क्षेत्र में वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित होगा। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से राज्य के प्रत्येक ब्लॉक और नगर पालिका से जुड़ा रहेगा। पूरे कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न करने के लिए जिला अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। उद्घाटन के बाद प्रत्येक ब्लॉक और नगर पालिका क्षेत्र में चुने गए 100 अन्नपूर्णा योजना लाभार्थियों को अनुमोदन पत्र प्रदान किया जाएगा। काश्मीन नाहर, आकाशवाणी समाचार, कोलकाता।
******* *******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास सिद्धांत के अंतर्गत देश में पिछले 12 वर्ष में उल्लेखनीय बदलाव आया है। इस दौरान मोदी सरकार ने निर्धनों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहलें शुरु की हैं। आकाशवाणी समाचार पिछले 12 वर्ष में प्रमुख क्षेत्र में सरकार के प्रयासों पर विशेष श्रृंखला प्रसारित कर रहा है। आज चर्चा मध्यम वर्ग के कल्याण के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की।
केन्द्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में, विभिन्न योजनाओं और सुधारों के माध्यम से, मध्यम वर्ग के लोगों को सशक्त बनाया है। सरल कर व्यवस्था, बेहतर बैंकिंग, बीमा और पेंशन जैसी सुविधाओं ने, मध्यम वर्ग की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित की है। नई कर व्यवस्था के तहत, सालाना 12 लाख रुपये तक कमाने वाले लोगों को, कोई आयकर नहीं देना पड़ता है। वहीं जीएसटी ने भी कर व्यवस्था को सरल बनाकर और रोजमर्रा की चीजों की लागत कम करके, मध्यम वर्ग को राहत पहुंचाया है। 2015 में शुरू की गई प्रधानमंत्री आवास योजना – अर्बन ने लाखों लोगों को पक्का घर उपलब्ध कराया है। इस योजना के तहत स्वीकृत एक करोड़ 25 लाख घरों में से, 98 लाख से अधिक घर बनकर लाभार्थियों को दिए जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश के अभिषेक कुमार ने आकाशवाणी समाचार से बातचीत में कहा कि इस योजना के जरिये गरीबों को अपना घर मिल रहा है और किराए के मकान से मुक्ति मिल रही है।
वहीं आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 43 करोड़ 52 लाख स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना के अंतर्गत, जन औषधि केंद्रों के माध्यम से, लोगों को सस्ती और गुणवत्ता पुर्ण दवाईयां मिल रही है जो बाजार से, 50 से 80 प्रतिशत सस्ती दरों पर उपलब्ध है। बिहार के रहने वाले ब्रह्मदेव ने बताया कि इन केंद्रों पर दवाइयाँ बहुत कम कीमत पर मिलती हैं।
वहीं 2015 में शुरू की गई प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के कारण, लोग अपना व्यवसाय शुरू कर रहे हैं और दूसरों को भी रोजगार दे रहे हैं। इस योजना के तहत, अब तक लाभार्थियों को 40 लाख करोड़ रुपये के ऋण दिए जा चुके हैं। भारत के मध्यम वर्ग के लोगों की आय बढ़ने और नए अवसर मिलने के कारण, अब वे देश की आर्थिक प्रगति, विकास और समृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे है। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
******* *******
ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
******* *******
जनजातीय कार्य मंत्रालय आज नई दिल्ली में एकीकृत जनजातीय विकास एजेंसियों और एकीकृत जनजातीय विकास परियोजनाओं को सुदृढ़ करने पर राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन करेगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगी। सम्मेलन में 26 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। यह आयोजन जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 के अंतर्गत हो रहा है। राष्ट्रपति, बेंगलुरु के भारतीय विज्ञान संस्थान के नैनो विज्ञान और इंजीनियरिंग केंद्र में प्रशिक्षण केंद्र का वर्चुअल रूप से उद्घाटन करेंगी। वे देश के विभिन्न हिस्सों में स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में स्थापित 75 अंतरिक्ष प्रयोगशालाओं का भी उद्घाटन करेंगी।
******* *******
भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह की पहली प्रत्यक्ष तकनीकी बैठक आज ओडिशा के पुरी में शुरू होगी। तीन दिन की इस बैठक में ब्रिक्स सदस्य और साझेदार देशों के प्रतिनिधि, नीति निर्माता और आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ भाग लेंगे।
******* *******
सर्वोच्च न्यायालय ने कहा है कि विवाहित बेटियों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति से वंचित नहीं किया जा सकता है। न्यायालय ने कहा कि परिवार की परिभाषा से विवाहित बेटियों को बाहर रखना स्पष्ट रूप से अनुचित और संवैधानिक रूप से गलत है। न्यायमूर्ति पी.एस. नरसिम्हा और आलोक आराधे की पीठ ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के एक आदेश को रद्द करते हुए यह टिप्पणी की।
******* *******
जम्मू-कश्मीर में पंचायत और जिला विकास परिषद चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के लिए राज्य चुनाव आयोग की दो दिन की उच्चस्तरीय बैठक आज से शुरू होगी। बैठक की अध्यक्षता राज्य चुनाव आयुक्त शांतमनु करेंगे।
******* *******
सरकार ने थोक मूल्य सूचकांक-डब्ल्यूपीआई को धीरे-धीरे समाप्त करने और उसकी जगह एक व्यापक उत्पादक मूल्य सूचकांक-पीपीआई प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय देश के मुद्रास्फीति और मूल्य निर्धारण डेटा संरचना को आधुनिक बनाने और इसे वैश्विक सर्वोत्तम पद्धतियों के अनुरूप बनाने के लिए लिया गया है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा है कि डब्ल्यूपीआई के आधार वर्ष को 2011-12 से संशोधित करके 2022-23 करने की मंजूरी दे दी है। संशोधित थोक मूल्य सूचकांक और नया उत्पादक मूल्य सूचकांक 15 जून को जारी किया जाएगा।
******* *******
सरकार ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। महिला और बाल विकास मंत्रालय ने बताया कि नामांकन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल awards.gov.in के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
******* *******
बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उनका कार्यकाल इस वर्ष सितंबर से शुरू होगा। संयुक्त राष्ट्र महासभा में उन्हें 99 वोट मिले। संयुक्त राष्ट्र महासभा के 193 सदस्य देश कल 2027-28 कार्यकाल के लिए सुरक्षा परिषद के पांच नए अस्थायी सदस्यों का भी चुनाव करेंगे।
******* *******
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने डॉ. खलीलुर रहमान को अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई दी है। डॉ. जयशंकर ने कहा कि वे भारत और बांग्लादेश की साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने और बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए डॉ. रहमान के साथ मिलकर काम करने के इच्छुक हैं।
******* *******
जर्मनी से होकर हवाई मार्ग से यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए ट्रांजिट वीजा की अनिवार्यता आज से समाप्त हो गई है। भारत ने इस फैसले का स्वागत किया है। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि इस नई व्यवस्था से भारत और जर्मनी के बीच लोगों के बीच लोगों के आपसी संपर्क बढेगा और लोगों को संबंधों को मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ के बीच इस वर्ष जनवरी में भारत यात्रा के दौरान इसकी घोषणा की गई थी।
******* *******
बात खेलों की तीसरे और अंतिम महिला ट्वेंटी-20 क्रिकेट मैच में भारत को इंग्लैंड से छह विकेट से हार का सामना करना पडा। इंग्लैंड ने श्रृंखला दो-एक से अपने नाम कर ली है। इंग्लैंड के टॉनटन में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड को एक सौ 81 लक्ष्य दिया। इंग्लैंड ने 18 ओवर 3 गेंदों में चार विकेट पर 184 रन बनाकर मैच जीत लिया। एलिस कैप्सी प्लेयर ऑफ द मैच चुनीं गईं। साथ ही प्लेयर ऑफ द सीरीज की खिताब भी उन्हीं को मिला।
******* *******
मौसम विभाग ने आज दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में गरज-चमक के साथ आंधी चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक केरलम और माहे में अत्यधिक वर्षा का अनुमान भी व्यक्त किया है।
******* *******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
******* *******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– मुकेश कुमार बल।
- सीबीएसई के ऑन स्क्रीन मार्किंग विवाद के बीच केन्द्र सरकार की बड़ी कार्रवाई आज के सभी अखबारों के मुख पृष्ठ पर है। अमर उजाला की सुर्खी है- सीबीएसई चेयरमैन और सचिव हटाए गए। ओएसएम टेंडर की जांच के लिए समिति गठित, एक महीने में देगी रिपोर्ट। वहीं जनसत्ता ने लिखा है- पुनर्मूल्यांकन पोर्टल पर साइबर हमला, सीबीएसई ने कहा- सेवाओं को बाधित करने का प्रयास। नेपाल से सीमा विवाद सुलझाने में तीसरे पक्ष की भूमिका का सवाल ही नहीं। विदेश मंत्रालय का ये बयान दैनिक जागरण में है। विवाद सुलझाने में चीन और ब्रिटेन को शामिल करने की नेपाल की मांग भारत ने की खारिज। शिक्षा की शक्ति से आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करें युवा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का यह आह्वान वीर अर्जुन में है। एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने कहा जब युवा शिक्षा और प्रौद्योगिकी की शक्ति के बल पर आगे बढ़ेंगे तो एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण होगा।
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस में टूट की आशंका को भी अखबारों ने प्रमुखता दी है। पंजाब केसरी ने लिखा है- तृणमूल के 50 विधायकों का बगावती रुख, विधानसभा अध्यक्ष को सौंप सकते हैं प्रस्ताव। इस खबर पर राजस्थान पत्रिका ने संपादकीय में लिखा है- राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं को आज आत्ममंथन की जरूरत है। सत्ता जाते ही उन्हें न विचारधारा की चिंता रहती है और न अनुशासन की। बीते 15 वर्ष से पश्चिम बंगाल की सत्ता पर काबिज रही तृणमूल कांग्रेस में अब जो कुछ हो रहा है वह खुली बगावत की तरह है। दुश्मन की वायु रक्षा को तबाह करेगी रुद्रम-2 मिसाइल। अमर उजाला के अनुसार रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन और वायु सेना ने हवा से सतह पर मार करने वाली सुपरसोनिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया।
******* *******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी एलोइना रोड्रिग्ज गोमेज़ आज से पांच दिन की भारत यात्रा पर।
- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डी.के. शिवकुमार आज दोपहर कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
- पश्चिम बंगाल में आज से शुरू होगी अन्नपूर्णा योजना। पात्र महिलाओं को हर महीने मिलेगी तीन हजार रूपये की सहायता।
- बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दी बधाई।
- जर्मनी ने हवाई मार्ग से यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए ट्रांजिट वीजा की अनिवार्यता आज से समाप्त की। भारत ने कहा- इससे दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ेगा।
- महिला क्रिकेट में, मेजबान इंग्लैंड ने तीसरे और अंतिम टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत को छह विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की।
******* *******