June 2, 2026 9:00 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  1. म्यांमा के राष्ट्रपति ऊ मिन आऊँ लाइन् ने कहा- म्‍यांमा भारत के सुरक्षा हितों के खिलाफ अपनी धरती का इस्तेमाल नहीं होने देगा।
  2. वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा- भारत और अमरीका ने व्यापार समझौते के पहले चरण के अधिकांश बिंदुओं को अंतिम रूप दिया।
  3. उत्तराखंड का यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल – फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए खुला।
  4. एशियाई खेल 2026 से पहले टॉप्‍स समूह में 22 नौका चालक शामिल।
  5. और, हॉकी में अंडर-18 एशिया कप में भारत ने कोरिया को 4-1 से हराया।

*******

म्‍यांमा के राष्‍ट्रपति ऊ मिन आऊँ लाइन् ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को आश्‍वासन दिया है कि भारत के खिलाफ म्‍यांमा की जमीन का इस्‍तेमाल नहीं होने दिया जाएगा। दोनों नेताओं के बीच कल नई दिल्‍ली में रक्षा, व्‍यापार, ऊर्जा और संपर्क बढाने के उपायों पर विचार विमर्श हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने म्‍यांमा की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रत‍ि‍ भारत का समर्थन दोहराया। प्रधानमंत्री ने म्‍यांमा से पूर्वोत्‍तर में संचालित आतंकी गुटों का मुद्दा उठाया। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि म्‍यांमा के राष्‍ट्रपति ने भरोसा दिलाया कि भारत के सुरक्षा हितों के खिलाफ म्‍यांमा की धरती का इस्तेमाल नहीं होगा।

 

दोनों पक्षों ने अपने सुरक्षा हितों के प्रतिकूल गतिविधियों के लिए क्षेत्र के दुरुपयोग को रोकने के महत्व पर बल दिया। कुल मिलाकर, राष्ट्रपति की इस यात्रा ने दोनों पक्षों के दीर्घकालिक साझेदारी को और गहरा करने तथा क्षेत्र में पारस्परिक लाभ, विकास और समृद्धि के लिए मिलकर काम करने की साझा प्रतिबद्धता की एक बार फिर पुष्टि की है।

 

दोनों देशों के बीच मुख्‍य रूप से व्‍यापार और आर्थिक संबंध, रक्षा और सुरक्षा, सीमा प्रबंधन, विकास सहयोग और क्षेत्रीय स्थिति पर बातचीत हुई। म्‍यांमा़, भारत का रणनीतिक पडोसी देश है और इसकी एक हजार 640 किलोमीटर लंबी सीमा नागालैंड और मणिपुर सहित भारत के कई पूर्वोंत्‍तर राज्‍यों से लगी है। राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवल ने भी श्री आऊँ लाइन् से मुलाकात की और विभिन्‍न मुद्दों पर विचार विमर्श किया। पांच दिन की भारत यात्रा पर आये राष्‍ट्रपति आऊँ लाइन् व्‍यापार और उद्योग जगत से बातचीत के लिए आज मुंबई जाएंगे।

*******

वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत और अमरीका के बीच व्‍यापार समझौते के पहले चरण के अधिकांश बिंदुओं पर सहमति बन गई है। अब समझौते को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अमरीकी दल बातचीत के लिये 4 जून तक दिल्ली में है। भारत की ओर से वाणिज्‍य विभाग में अपर सचिव दर्पण जैन मुख्‍य वार्ताकार हैं और अमरीका का नेतृत्‍व ब्रेंडन लिंच कर रहे हैं।

 

दोनों पक्षों ने तीन फरवरी को समझौते के पहले चरण की रूपरेखा घोषित की थी। रूपरेखा पर सहमति बन जाने पर सात फरवरी को संयुक्‍त घोषणा पत्र जारी किया गया था। अब समझौते के लिये कानूनी पक्ष तय किया जाना है। अमरीका पिछले वित्त वर्ष में भारत का दूसरा सबसे बडा व्‍यापार साझेदार था।

*******

भारतीय जनता पार्टी के अध्‍यक्ष नि‍तिन नवीन ने कल नई दिल्‍ली में पार्टी के वरिष्‍ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। पार्टी प्रवक्‍ता संबित पात्रा ने कहा कि बैठक में पिछले 12 वर्ष के दौरान मोदी सरकार की सेवा, संगठनात्‍मक विस्‍तार, और समाज के विभिन्‍न वर्गों तक पार्टी की पहुंच बढाने के प्रयासों पर विचार विमर्श हुआ। उन्‍होंने कहा कि हर नागरिक पिछले 12 वर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्‍व में विभिन्‍न क्षेत्रों में हुई प्रगति का साक्षी है। श्री पात्रा ने कहा कि आज भाजपा और एनडीए सरकार को देश के 22 राज्‍यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सेवा का अवसर मिला है।

*******

देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्‍व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्‍वास और सबका प्रयास सिद्धांत के तहत पिछले 12 वर्ष में उल्‍लेखनीय बदलाव आया है। इस दौरान मोदी सरकार ने निर्धनों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्‍याण और सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्‍वपूर्ण पहल की है। आकाशवाणी समाचार पिछले 12 वर्षों में प्रमुख क्षेत्र में सरकार के प्रयासों पर विशेष कार्यक्रम का प्रसारण कर रहा है। आज महिला सशक्तिकरण की दिशा में हुए प्रयासों पर एक विशेष रिपोर्ट।

 

पिछले बारह वर्षों में, केंद्र सरकार के लगातार प्रयासों से महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। साल 2015 में शुरू की गई प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत लाखों महिलाओं को बिना किसी गारंटी के ऋण मिल रहा है। जिसके कारण उन्‍हें अपना व्यवसाय शुरू करने और आगे बढ़ाने में मदद मिली है। इस योजना के तहत, इस वर्ष मार्च तक 40 लाख करोड़ रुपये से अधिक के ऋण लाभार्थियों को वितरित किए जा चुके हैं, जिनमें से लगभग 17 लाख करोड़ रुपये महिलाओं को दिए गए। तमिलनाडु के तिरुपुर की रहने वाली वनिश्री ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि इस योजना ने उन्हें उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया।

 

इस योजना की सहायता से मैंने अपनी नई बुटिक शॉप खोली है और मैं यह गर्व के साथ कह सकती हूं कि ये शॉप बहुत अच्‍छी चल रही है। इसके साथ ही मैं अब अपने प्रतिष्‍ठान की तीन से चार और शाखाओं का सफल संचालन करने में सक्षम हो गई हूं।

 

वहीं, प्रधानमंत्री जन धन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और वुमनिया जैसी प्रमुख योजनाओं ने महिलाओं की बैंकिंग, बचत और उद्यमिता से जोड़ने की क्षमता को मजबूत किया है। जन धन योजना के तहत अब तक 58 करोड़ से अधिक खाते खोले जा चुके हैं, जिनमें से लगभग 33 करोड़ खाते महिलाओं के नाम पर हैं।  हिमाचल प्रदेश के शिमला की रहने वाली सरोज बाला ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि जन धन खाता खोलने के बाद अब सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ सीधे उनके बैंक खाते में पहुंचता है।

 

ये जीरो बैलेसिंग खाता आराम से खुल जाता है। इसके लिए कोई राशि जमा नहीं करवानी पड़ती। जब कोरोना था जब किसी के पास एक रूपया भी नहीं होता था उस समय लोगों को 15 सौ रूपया मोदी सरकार ने दिया। मोदी जी के 12 वर्ष का कार्यकाल बहुत अच्‍छा है। उन्‍होंने आम जनमानस को बहुत सुविधाएं दी हैं। ये हमारे को बीमा योजना मिली है दो लाख बीमा कवर मिलता है। 

 

वहीं, मोदी सरकार की एक अन्य महत्वपूर्ण पहल लखपति दीदी है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सलाना कम से कम एक लाख रुपये की स्थायी आय प्राप्‍त करने में सक्षम बनाना है। यह पहल अब लगभग छह लाख गांवों तक पहुंच चुकी है और सरकार ने देशभर में छह करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्‍य रखा है। वहीं, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के कारण राष्ट्रीय लिंगानुपात वर्ष 2014-15 के 918 से बढ़कर वर्ष 2024-25 में 929 हो गया है। सरकार की निरंतर नीतियों और योजनाओं के चलते महिलाएं आज आत्मनिर्भर और समावेशी अर्थव्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। दीपेन्‍द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*******

उत्तराखंड में चमोली जिला स्थित यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए खोल दी गई है। वन विभाग ने पर्यटकों से घाटी की समृद्ध जैव विविधता और दुर्लभ वनस्पति संरक्षण में सहयोग की अपील की है। वर्तमान में घाटी में तीन सौ से अधिक फूलों की प्रजातियां और दुर्लभ वनस्पतियां मौजूद हैं। वन क्षेत्राधिकारी चेतना कांडपाल ने बताया कि घाटी 31 अक्टूबर तक पर्यटकों के लिए खुली रहेगी।

 

वैली फर्स्‍ट जून से 31 ऑफ अक्‍तूबर तक ओपन रहती है। पहली बार इसकी डिस्‍कवरी फ्रैंटिस माइट ने की थी, 1931 में जब वो कॉमेट के एक एक्‍सपिडिशन से लौट रहे थे। उसके बाद वो वैली दोबारा आए 1937 में और 1938 में उन्‍होंने एक बुक पब्लिश की जिसका नाम था वैली ऑफ फ्लावर्स। 2005 में यूनेस्‍को द्वारा वैली ऑफ फ्लावर्स को वर्ल्ड हेरिटेज साइट डिक्लियर किया गया ।

*******

केंद्रीय अन्‍वेषण ब्यूरो- सी.बी.आई. ने रिलायंस कम्युनिकेशन ग्रुप के शीर्ष अधिकारी अमिताभ झुनझुनवाला को बैंक धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ऋण निधि के दुरुपयोग के कारण बैंकों को अनुचित नुकसान हुआ। इससे पहले, सीबीआई ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से प्राप्त शिकायत के आधार पर रिलायंस कम्युनिकेशन लिमिटेड और अनिल धीरूभाई अंबानी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

*******

उत्तर प्रदेश के आतंक रोधी दस्ते ने, पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े होने के आरोप में, आजमगढ़ से एक युवक को गिरफ्तार किया है। दस्ते ने बताया है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आई.एस.आई और कुछ आतंकी संगठन भारत में आतंक फैलाने के लिए शहजाद भट्टी के नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे थे।

*******

केंद्रीय माध्‍यमिक शिक्षा बोर्ड- सीबीएसई ने बारहवीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्‍यांकन और अंकों की पुष्टि के लिए पोर्टल को सक्रिय कर दिया है। विद्यार्थियों को पुनर्मूल्‍यांकन के लिए आवेदन करने के बारे में जारी निर्देशों का घ्यान से अनुपालन करने को कहा गया है। बोर्ड ने इस जानकारी के लिये वीडियो जारी किया है।

*******

सर्वोच्च न्यायालय के पांच नवनियुक्त न्यायाधीश आज पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत उन्‍हें शपथ दिलाएंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मुख्य न्यायाधीश से परामर्श के बाद इन न्यायाधीशों की नियुक्ति की है।

*******

अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने कहा है कि इस्राएल और हिज़बुल्‍ला संघर्ष रोकने पर सहमत हो गए हैं। श्री ट्रंप ने बताया कि उन्‍होंने इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्‍याहू से बातचीत की है और मध्‍यस्‍थों के जरि‍ए हिज़बुल्‍ला से भी संपर्क किया है। श्री ट्रंप ने बताया कि अब बेरूत की ओर सेना नहीं भेजी जा रही है और जो सैनिक रास्‍ते में हैं उन्‍हें वापस बुला लिया गया है। हिज़बुल्‍ला ने कहा है कि यदि इस्राएल की ओर से हमले बंद होते हैं तो वह भी हमला नहीं करेगा।

*******

2026 के एशियाई खेलों से पहले 22 नौका चालकों को टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम डेवलपमेंट ग्रुप में शामिल किया गया है।

 

कुल 22 रोवर्स को अब टारगेट ओलंपिक पोडियम स्‍कीम TOPS के डेवलपमेंट ग्रुप में शामिल किया गया है। ये खिलाड़ी छह अलगअलग नौका समूहों का हिस्‍सा हैं। अब ये रोवर्स एशियाई खेलों और रोइंग विश्‍व कप जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी करेंगे। टॉप्‍स डेवलपमेंट ग्रुप में शामिल खिलाड़ियों में पेरिस ओलंपिक 2024 के प्रतिभागी बलराज पंवार, एशियाई खेलो 2022 के रजत पदक विजेता अरविंद सिंह और एशियाई खेल 2022 में दो पदक जीतने वाले जसविंदर सिंह भी शामिल हैं। अक्षत वेद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*******

जापान में पुरूष अंडर-18 हॉकी एशिया कप में कल भारतीय टीम ने कोरिया को 4-1 से हराया। कप्‍तान केतन कुशवाहा ने दो, वरिंदर सिंह और शाहरूख अली ने एक-एक गोल किया। भारत का अगला मुकाबला कल चीनी ताइपे से होगा।

*******

मौसम विभाग ने आज भीतरी कर्नाटक, केरल, माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। तटीय आंध्र प्रदेश, गुजरात, ओडिशा, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में गरज और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी आज बारिश  की संभावना है। कोंकण और गोवा, लक्षद्वीप, महाराष्ट्र, रायलसीमा, सौराष्ट्र और कच्छ, तेलंगाना, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा हिमाचल प्रदेश में भी ऐसी स्थिति रह सकती है।

*******

समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ :-

देश की राजधानी से प्रकाशित लगभग सभी हिन्‍दी समाचार पत्रों ने अपनी सुर्खियों में आज राष्‍ट्रीय महत्‍व के मुद्दों को वरीयता देते हुए अंतरराष्‍ट्रीय मसलों को भी मुख पृष्‍ठ पर जगह दी है।

 

लोकसत्‍य ने पीएम स्‍वनिधि योजना के छह वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री के कथन को शीर्ष समाचार बनाया है- लाखों रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को आत्‍मनिर्भर बनाया।

 

दैनिक जागरण ने नए ड्रोन दिव्‍यास्‍त्र एमके-1 के सफल परीक्षण के समाचार को सचित्र प्रकाशित करते हुए लिखा है कि चार सौ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ये ड्रोन लगातार पांच घंटे तक उड़ान भर सकता है। पत्र ने सीबीएसई के ऑन स्‍क्रीन मार्किंग सिस्‍टम में गड़बड़ी की जांच शुरू होने और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की आला अधिकारियों के साथ मंत्रणा को दूसरा शीर्ष समाचार बनाया है।

 

हिन्‍दुस्‍तान ने केंद्रीय वाणिज्‍य मंत्री पीयूष गोयल के कथन को पहली खबर बनाते हुए लिखा है- अमरीका से व्‍यापार समझौता जल्‍द।

 

वीर अर्जुन ने म्‍यांमा के राष्‍ट्रपति की प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ भेंट का चित्र सबसे ऊपर प्रकाशित करते हुए म्‍यांमा के राष्‍ट्रपति के बयान को सुर्खी बनाया है- भारत के खिलाफ म्‍यांमा की धरती का इस्‍तेमाल नहीं होने देंगे।

 

दैनिक भास्‍कर ने अपने संपादकीय में भारतीय रिजर्व बैंक की नीति निर्धारक इकाई के तीन से पांच जून के मध्‍य लिए जाने वाले फैसलों का विश्‍लेषण किया है। शीर्षक दिया है- महंगाई से गरीबों को बचाने पर फोकस होना चाहिए। पत्र याद दिलाता है कि पिछले दस वर्षों में खद्यान्‍नों की कीमतें इलेक्‍ट्रॉनिक सामान के मुकाबले ज्‍यादा बढ़ी हैं।

*******

मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. म्यांमा के राष्ट्रपति ऊ मिन आऊँ लाइन् ने कहा- म्‍यांमा भारत के सुरक्षा हितों के खिलाफ अपनी धरती का इस्तेमाल नहीं होने देगा।
  2. वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा- भारत और अमरीका ने व्यापार समझौते के पहले चरण के अधिकांश बिंदुओं को अंतिम रूप दिया।
  3. उत्तराखंड का यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल – फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए खुला।
  4. एशियाई खेल 2026 से पहले टॉप्‍स समूह में 22 नौका चालक शामिल।
  5. और, हॉकी में अंडर-18 एशिया कप में भारत ने कोरिया को 4-1 से हराया।

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.