June 1, 2026 9:21 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

 

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्‍ली में म्‍यांमा के राष्‍ट्रपति ऊ मिन आऊं लाइन् के साथ वार्ता करेंगे।
  2. दस राज्यों से राज्यसभा की 24 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनावों की अधिसूचना आज जारी की जाएगी।
  3. केंद्र उर्वरकों के संतुलित और सही उपयोग को बढावा देने के लिए आज मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से ‘खेत बचाओ अभियान’ आरंभ करेगा।
  4. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी आज 35 नए मंत्रियों को शामिल कर मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे।
  5. प्रसिद्ध गायिका सुमन कल्याणपुर का मुंबई में निधन।
  6. और क्रिकेट में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटन्स को पांच विकेट से हराकर आईपीएल खिताब जीता।

अब समाचार विस्‍तार से

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्‍ली में म्‍यांमार के राष्‍ट्रपति ऊ मिन आऊं लाइन् के साथ वार्ता करेंगे। इस बातचीत से दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक और सभ्‍यतागत संबंधों को और मजबूती मिलेगी। इस दौरान सुरक्षा और संपर्क सुविधा सहित भारत और म्‍यांमा के समग्र सबंधों पर चर्चा होगी।

 

म्‍यांमा के राष्‍ट्रपति आज शाम राष्‍ट्रपति भवन में राष्‍ट्रपति द्रौपती मुर्मु से मुलाकात करेंगे। सांस्‍कृति परिसर में आयोजित लाइट एंड लोटस प्रदर्शनी “द लाइट एंड द लोटस: रेलिक्स ऑफ़ द अवेकन्ड वन”का भी दौरा करेंगे। इस प्रदर्शनी में भगवान बुद्ध से संबंधित पिपरवा पवित्र अवशेषों महत्‍वपूर्ण प्राचीन धरोहरों का प्रदर्शन किया जा रहा है। म्‍यांमा भारत की नेबर हुड फर्स्‍ट एक्‍स ईस्‍ट और महासागर नीतियों के संगम पर स्थित है। म्‍यांमा के राष्‍ट्रपति की भारत की यह आधिकारिक यात्रा से भारत और म्यांमा के बीच बहुआया‍मी संबंधों को और गहराई मिलेगी तथा दोनों देशों के बीच साझेदारी के नए अवसर खुलने की आशा है। अनुपम मिश्र आकाशवाण समाचार दिल्‍ली।

 

*******

 

दस राज्यों से राज्यसभा की 24 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनावों की अधिसूचना आज जारी की जाएगी। आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में चार-चार सीटें; राजस्थान और मध्य प्रदेश में तीन-तीन सीटें; झारखंड में दो सीटें; और मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश तथा मिजोरम में एक-एक सीट पर चुनाव होंगे। महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा में एक-एक सीट के लिए राज्यसभा उपचुनाव की अधिसूचना भी आज जारी की जाएगी। 8 जून तक नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। मतदान 18 जून को होगा और उसी दिन मतगणना होगी।

 

*******

 

महाराष्ट्र में सत्ताधारी महायुति गठबंधन ने आगामी विधान परिषद चुनावों के लिए 17 सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया है। समझौते के अनुसार भाजपा 11 सीट पर, शिवसेना चार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-एनसीपी दो सीट पर चुनाव लड़ेगी।

 

विपक्षी महाविकास अघाड़ी ने पहले ही 17 में से 15 सीटों के लिए अपने बंटवारे की घोषणा कर दी है, जिसमें कांग्रेस 8 सीट पर शिवसेना-यूबीटी चार और शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी तीन सीट पर चुनाव लड़ेगी।

 

*******

 

कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से ‘खेत बचाओ अभियान’ आरंभ करेंगे। उर्वरकों के संतुलित और सही उपयोग को बढावा देने के लिए एक महीने का यह अभियान 30 जून तक चलेगा।

 

यह अभियान देश की कृषि भूमि को बचाने और किसानों को वैज्ञानिक खेती के लिए जागरूक करने की दिशा में एक बड़ी पहल है। इस अभियान में कृषि विश्वविद्यालय, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, कृषि विज्ञान केंद्र और जनप्रतिनिधि सभी मिलकर भाग लेंगे। अभियान के तहत किसानों को मिट्टी परीक्षण, सॉयल हेल्थ कार्ड, प्राकृतिक खेती, संतुलित उर्वरक उपयोग और जल संरक्षण जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी। साथ ही नकली खाद, बीज और कीटनाशकों की पहचान करने के बारे में भी किसानों को सजग किया जाएगा। अभिनव गोयल आकाशवाणी भोपाल

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के सिद्धांतों से प्रेरित भारत में पिछले 12 वर्ष में अभूतपूर्व बदलाव आया है। इस दौरान, मोदी सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण तथा सशक्तिकरण के लिए कई प्रमुख पहल कीं। आकाशवाणी समाचार विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में सरकार के प्रयासों पर विशेष प्रस्तुति लेकर आया है। आज बात किसानों के कल्याण की दिशा में सरकार के कदमों की।

 

नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में, किसानों के कल्याण और उनकी आय बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गये हैं। इनमें सबसे प्रमुख योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि  है, जो देश की सबसे बड़ी किसान कल्याण योजनाओं में से एक है। इस योजना के तहत किसानों को हर साल 6 हजार रुपये सीधे उनके बैंक खातों में दिए जाते हैं और अब तक लगभग 9 करोड़ 50 लाख किसान परिवारों के खातों में 4 लाख 28 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है। उत्तर प्रदेश के अयोध्या के रहने वाले किसान दिनेश कुमार जायसवाल ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि किसान सम्मान निधि योजना, किसानों के लिए बहुत लाभकारी है।

 

वहीं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना से सिंचाई व्यवस्था मजबूत हुई है और मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के माध्यम से किसानों को मिट्टी की पोषक तत्वों की जानकारी दी जा रही है। साल 2014-15 से लेकर अब तक 26 करोड़ मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा चुके हैं। वहीं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत करीब 23 करोड़ किसानों को, एक लाख 92 हजार करोड़ रुपये के, फसल बीमा दावों का लाभ मिला है। प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना के तहत छोटे और सीमांत किसानों को 60 वर्ष की आयु के बाद, हर महीने तीन हजार रुपये की पेंशन सुनिश्चित की जा रही है। उत्तर प्रदेश के एक लाभार्थी गौरव त्यागी ने इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह किसानों के लिए बहुत फायदेमंद है।

 

वहीं न्यूनतम समर्थन मूल्य किसानों के लिए, एक मजबूत सहारा बना है जिसके तहत किसानों को उनके उत्पादन लागत का डेढ़ गुना मूल्य मिल रहा है। सरकार के द्वारा उठाये ठोस नीतियों के कारण, देश का कुल खाद्यान्न उत्पादन 2013-14 के 265 मिलियन टन से बढ़कर 2024-25 में लगभग 358 मिलियन टन हो गया है। इसके अलावा भारत ने रिकॉर्ड 154 मिलियन टन से अधिक चावल का उत्पादन कर, चीन को पीछे छोड़ते हुए, दुनिया का सबसे बड़ा चावल उत्पादक देश बन गया है। आज भारत का किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि देश की आर्थिक प्रगति और विकास का एक महत्वपूर्ण आधार भी बन चुका है। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

*******

 

पश्चिम बंगाल में आज मंत्रिमंडल का पहला बड़ा विस्तार होगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता वाली मंत्रिपरिषद में 35 नए मंत्रियों को शामिल किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह दिन में  11 बजे लोक भवन में होगा। श्री अधिकारी ने ऐतिहासिक सत्‍ता परिवर्तन के बाद 9 मई को पदभार संभाला था।

 

इस विस्तार के साथ, राज्य में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 41 हो जाएगी, जो पश्चिम बंगाल विधानसभा के 294 सदस्यों के लिए संवैधानिक रूप से तय 15 प्रतिशत की सीमा के अनुरूप है।

 

*******

 

प्रसिद्ध गायिका सुमन कल्याणपुर का कल मुंबई स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 89 वर्ष की थी। एक श्रद्धांजली-

 

सुमन कल्‍याणपुर जन्‍म 28 जनवरी 1937 को ढाका में हुआ था। सुमन कल्‍याणपुर 1950 के दशक के मध्य में हिंदी फिल्मों में अपने करियर की शुरुआत की। और आगे चलकर उन्‍होंने महान संगीतकारों और गायकों विशेष रूप से मोहम्मद रफी के साथ सैकड़ों गीत रिकॉर्ड किए। उनके सबसे लोकप्रिय गीतों में आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे, ना ना करते प्यार शामिल हैं। सुमन कल्‍याणपुर के करियर की एक विशेषता यह थी कि उनकी आवाज महान गायिका लता मंगेशकर से काफी मिलती-जुलती थी इस तुलना के बावजूद सुमन कल्याणपुर ने अपनी एक अलग पहचान आवाज बनाई और अपनी मधुर और सधी हुई गायिकी के लिए वो हमेशा याद की जाएंगी। उनके निधन से भारतीय फिल्‍म संगीत का एक और स्‍वर्णीम अध्‍याय समाप्‍त हो गया है।

 

*******

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढ़े नौ बजे पब्लिक स्‍पीक कार्यक्रम में, लू के दौरान सुरक्षा, सावधानियां और बचाव विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इस चर्चा में सफदरजंग अस्‍पताल के चिकित्‍सा विभाग की डॉ. रूपाली मलिक भाग लेंगी।

 

*******

 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई जिलों में आंधी, बारिश और खराब मौसम की घटनाओं के मद्देनजर जिला प्रशासन, राहत आयुक्त कार्यालय और संबंधित विभागों को निरंतर निगरानी बनाए रखने और किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 

*******

 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटन्स को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब जीता।

 

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 155 रन बनाए। विराट कोहली की नाबाद 75 रन की पारी की बदौलत बेंगलुरु ने 18वें ओवर में ही मैच जीत लिया। विराट कोहली को प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

 

राजस्‍थान के खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने सर्वाधिक 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती। वह 15 साल 65 दिन की उम्र में ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। कागिसो रबाडा ने सत्र में सबसे ज्‍यादा 29 विकेट लेकर पर्पल कैप जीती।

 

मनीष पांडे को बैकवर्ड पॉइंट पर टिम डेविड का शानदार कैच लेने के लिए सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार मिला। मोहम्मद सिराज को सबसे ज्यादा डॉट बॉल फेंकने का पुरस्कार मिला, उन्होंने 172 डॉट बॉल फेंकीं।

 

साई सुदर्शन को सबसे ज्यादा चौके लगाने का पुरस्कार मिला, उन्होंने 75 चौके लगाए।

 

वैभव सूर्यवंशी को सर्वश्रेष्ठ उभरता खिलाड़ी, 237.3 के स्ट्राइक रेट के लिए सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइकर और 72 छक्कों के साथ सर्वाधिक छक्के लगाने का पुरस्कार भी मिला।

 

*******

 

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में अपील की कि गर्मी और लू से बचने के लिए खूब पीए देसी पेय। यह खबर जनसत्‍ता सहित सभी अखबारों में है। पत्र आगे लिखता है कि प्रधानमंत्री ने एथलेटिक्‍स में बने कीर्तिमानों की सराहना की है।

 

भारत-ओमान व्‍यापार समझौता आज से लागू। भारतीय उत्‍पादों को शुल्‍क मुक्‍त बाजा़र अमर उजाला ने इसे प्रमुखता से देते हुए लिखा है- मोदी सरकार के कार्यकाल में पांचवा एफटीए, पश्‍चिम एशिया संकट के बीच दोगुना होगा द्विपक्षीय कारोबार।

 

राष्‍ट्रीय औषधि मूल्‍य निर्धारण प्राधिकरण द्वारा तीस जरूरी दवाओं के दाम निर्धारित करने पर हिन्‍दुस्‍तान लिखता है- कि इससे हड्डी, हृदय रोग और मधुमेह के रोगियों को राहत मिलेगी।

 

सुरक्षित सोशल मीडिया शीर्षक से हिन्‍दुस्‍तान ने संपादकीय में लिखा है- कि भारत में नौ से 17 वर्ष के करीब 76 प्रतिशत बच्‍चे सोशल मीडिया मंच का इस्‍तेमाल समय बिताने के लिए करने लगे हैं, जिससे उनकी सोचने समझने की क्षमता प्रभावित हो रही है और ध्‍यान केन्द्रित करने की क्षमता भी घटती जा रही है।

 

रोहतांग में बर्फबारी। मैदानी इलाकों में बारिश से उत्‍तर भारत में प्रचंड गर्मी से राहत मिलने और हवा में सुधार पर अमर उजाला ने सचित्र देते हुए लिखा है- कि उत्‍तर पश्चिम भारत में आंधी, तूफान और बारिश के आसार। जबकि नवभारत टाइम्‍स की सुर्खी है- दिल्‍ली वालों के लिए राहत वाली हवा। 2018 के बाद तीसरी सबसे साफ हवा दर्ज की गई।

 

प्रसिद्ध पार्श्‍व गायिका सुमन कल्‍याण के निधन पर स्‍मृति शेष विशेष में राजस्‍थान पत्रिका ने लिखा है- तीन हजार से ज्‍यादा फिल्‍मी और गैर फिल्‍मी गीत उन्‍होंने गाए। पत्र ने इसे शीर्षक दिया है- रहे न रहें हम, महका करेंगे….।

 

रॉयल चैलेजर्स बैंगलुरू के लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनने को सभी अखबारों ने सचित्र प्रकाशित किया है।

 

*******

 

मुख्य समाचार एक बार फिरः

 

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्‍ली में म्‍यांमा के राष्‍ट्रपति ऊ मिन आऊं लाइन् के साथ वार्ता करेंगे।
  2. दस राज्यों से राज्यसभा की 24 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनावों की अधिसूचना आज जारी की जाएगी।
  3. केंद्र उर्वरकों के संतुलित और सही उपयोग को बढावा देने के लिए आज मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से ‘खेत बचाओ अभियान’ आरंभ करेगा।
  4. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी आज 35 नए मंत्रियों को शामिल कर मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे।
  5. प्रसिद्ध गायिका सुमन कल्याणपुर का मुंबई में निधन।
  6. और क्रिकेट में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटन्स को पांच विकेट से हराकर आईपीएल खिताब जीता।

 

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.