May 31, 2026 9:01 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर मन की बातकार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।
  2. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहाऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय नौसेना ने पाकिस्तानी नौसेना को बंदरगाहों में दुबके रहने को किया था मजबूर।
  3. म्यांमा के राष्ट्रपति, ऊ मिन आऊं लाइन पांच दिन की भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। कल बिहार के गया में महाबोधि मंदिर में की थी पूजाअर्चना।
  4. सरकार ने पेट्रोल, डीजल और विमान ईंधन पर निर्यात शुल्क संशोधित किया। नया शुल्‍क, कल से लागू।
  5. मौसम विभाग का बुधवार तक केरलम, माहे, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कारईक्काल में मूसलाधार बारिश का अनुमान।
  6. आईपीएल क्रिकेट के फाइनल में आज शाम अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स का सामना मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों से विचार साझा करेंगे। मासिक रेडियो कार्यक्रम की यह 134वीं कड़ी होगी। कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार वेबसाइट और न्यूज़ऑनएआईआर मोबाइल ऐप पर किया जाएगा। इसका सीधा प्रसारण आकाशवाणी समाचार, दूरदर्शन समाचार, प्रधानमंत्री कार्यालय तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनलों पर भी किया जाएगा। हिंदी प्रसारण के तुरंत बाद आकाशवाणी से प्रादेशिक भाषाओं में इसका प्रसारण किया जाएगा।

*******

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारतीय नौसेना ने ऑपरेशन सिूदंर के दौरान पाकिस्‍तानी नौसेना को उसके बंदरगाहों तक ही सीमित रहने के लिए विवश कर दिया था। लखनऊ में नौसेना शौर्य वाटिका के उद्घाटन समारोह में रक्षा मत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिूदंर के दौरान पाकिस्‍तान पर दबाव बनाने में नौसेना ने महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई।

हमारी सेनाओं ने सटीक हमलें कर के पाकिस्‍तान में स्थित आतंकी ढांचे को पूरी तरह से तबाह कर दिया। हमारी अर्मी और एयर फोर्स ने तो अपनी भूमिका निभाई ही लेकिन जो भूमिका हमारी नेवी ने निभाई वो भी बहुत ही महत्‍वपूण थी। हमार नेवी पूरी ताकत के साथ अरब सागर में उस समय मौजूद थी। जिसने दुशमन के मन में लगातार भय बनाए रखा और इसी का नतीजा यह हुआ कि पाकिस्‍तान की पूरी नौसेना डरकर अपने बंदरगाहों में दुबककर बैठ गई।  

शौर्य वाटिका, खुले में बनाया गया नौसेना संग्रहालय है। नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने कहा कि ऑपरेशन सिूदंर के दौरान भारतीय नौसेना ने युद्ध के लिए तत्‍परता, सैन्‍य संचालन तथा प्रतिरोधी क्षमताओं का प्रदर्शन किया।

*******

म्यामां के राष्ट्रपति ऊ मिन आऊं लाइन पांच दिन की भारत यात्रा पर कल शाम नई दिल्ली पहुंचे। इससे पहले राष्ट्रपति ने बिहार में गया के महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना की। उनके साथ कई मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और उद्योग जगत का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है। म्‍यामां के राष्ट्रपति की यह भारत की पहली यात्रा है। विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कल शाम श्री लाइन से मुलाकात की। डॉ. जयशंकर ने दीर्घकालिक द्विपक्षीय सहयोग और प्रगाढ़ करने के लिए म्यामां के राष्ट्रपति के सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना की। म्यांमा के राष्ट्रपति कल प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ दोनों देशों के ऐतिहासिक और सभ्यतागत संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। वे व्यापारिक मंच में भी भाग लेंगे। राष्ट्रपति मंगलवार को मुंबई जाएंगे।

*******

कर्नाटक में वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता डी. के. शिवकुमार को कल सर्वसम्‍मति से कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया। इस संबंध में सिद्धारमैया और डॉ. जी. परमेश्वर ने प्रस्ताव पेश किया था। डी. के. शिवकुमार बुधवार को मुख्‍यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

*******

निर्वाचन आयोग ने अपने कानूनी ढांचे को और मजबूत करने के लिए कल नई दिल्‍ली में अपने वकीलों के साथ बैठक की। बैठक का उद्घाटन करते हुए मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि निष्‍पक्ष मतदाता सूचियों से ही निष्‍पक्ष चुनाव होते हैं। उन्‍होंने मतदाता सूचियों के प्रबंधन में बूथ स्‍तर के अधिकारियों और एजेंटों तथा देश की अदालतों में निर्वाचन आयोग का प्रतिनिधित्‍व करने के लिए वकीलों की सराहना की।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

केंद्र सरकार ने कल से शुरू हो रहे पखवाड़े के लिए पेट्रोल, डीजल और विमान ईंधन के निर्यात शुल्क में संशोधन किया है। यह कदम पश्चिम एशिया संकट से उत्पन्न अनिश्चितताओं के बीच घरेलू स्‍तर पर पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। एक रिपोर्ट…

सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात शुल्क में संशोधन किया है। वित्त मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, पेट्रोल के निर्यात पर अब 1 रुपये 50 पैसे प्रति लीटर और डीजल के निर्यात पर 13 रुपये 50 पैसे प्रति लीटर का शुल्क लगाया जाएगा। वहीं, विमान ईंधन पर निर्यात शुल्क 9 रुपये 50 पैसे प्रति लीटर निर्धारित किया गया है। अतिरिक्त उत्पाद शुल्क और सड़क तथा अवसंरचना उपकर सहित  निर्यात शुल्क 27 मार्च से लागू किए गए थे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल, पेट्रोल, डीजल और विमान ईंधन की औसत कीमतों के आधार पर प्रत्‍येक पखवाड़े इनकी समीक्षा की जाती है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पेट्रोल और डीजल पर मौजूदा उत्पाद शुल्क दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। संशोधित निर्यात शुल्क कल से लागू होंगे और 15 जून तक लागू रहेंगे। विष्णु पी. एस. की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष मैं मुकेश कुमार बल।

*******

केन्‍द्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने नई दिल्‍ली में इंदिरा गांधी अंतरराष्‍ट्रीय हवाई अड्डे पर स्‍काई कास्‍ट सिस्‍टम के शुरू होने की प्रशंसा की है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री नायडू ने कहा कि स्‍काई कास्‍ट जैसी उन्‍नत मौसम निगरानी प्रणालियों से कोहरे और विक्षोभ जैसे अन्‍य व्‍यवधानों के दौरान उड़ानों के संचालन में महत्‍वपूर्ण सुधार हो सकता है।

*******

सरकार ने पहली जून से 31 अक्‍तूबर तक कपास आयात पर सीमा शुल्‍क से अस्‍थायी छूट देने का फैसला किया है। वस्‍त्र मंत्रालय के अनुसार यह फैसला कपास किसानों और समूची कपास मूल्‍य श्रृंखला के हित में किया गया है। कपास के ऑफ सीजन के दौरान इस उपाय से वस्‍त्र उद्योग के लिए पर्याप्‍त मात्रा में कपास उपलब्‍ध होगा। इससे सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्यमों को सहायता मिलेगी, लागत कम होगी और भारतीय वस्‍त्र बाजार की स्‍पर्धा मजबूत होगी। वस्‍त्र मंत्रालय ने कहा है कि इस उपाय से किसानों के हितों की सुरक्षा होगी और बाजार स्थिरता सुनिश्चित होगी।

*******

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन एक दिवसीय दौरे पर आज केरलम पहुंचेंगे। वे कोट्टयम में मलयालम दैनिक दीपिका के 140वें स्थापना दिवस समारोह का उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।

*******

दिल्‍ली पुलिस की विशेष शाखा ने पाकिस्‍तान की आई.एस.आई. और मुम्बई अंडरवर्ल्‍ड नेटवर्क के लिए काम कर रहे आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विशेष शाखा के विशेष पुलिस आयुक्‍त अनिल शुक्‍ला ने बताया कि इन आरोपियों को दिल्‍ली में महत्‍वपूर्ण ठिकानों और सुरक्षाकर्मियों पर हमले का काम सौंपा गया था।

कुछ जगहें थी मुंबई में कुछ रेलवे स्‍टेशन्स की इन्‍होंने सर्वे किया था, रेकी की थी कुछ मुंबइ के पार्क्स थे पब्लिक पार्क, इसके अलावा कुछ वेजेस थे जिसकी फोटो और विडियो इन्‍होंने ली हुई है। जो इन्‍होंने शेयर की है ऑन दी अदर साईट, इसके अलावा दिल्‍ली में कुछ सरकारी भवन कुछ गैर सरकारी और कुछ पब्लिक प्‍लेसेस हाईप्रोफाइल एरिया और सिक्‍योरिटी पर्सन्स को हिट करने के लिए ऐसा उनका प्रीमियर इंटैरोगेशन से पता चला।

*******

कोलंबिया में आज राष्ट्रपति चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान होना है। कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। उम्मीदवार को पहले ही चरण में जीतने के लिए 50 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल करने होंगे। यदि कोई उम्मीदवार यह आंकड़ा नहीं छू पाता है, तो सबसे अधिक वोट पाने वाले दो उम्मीदवारों के बीच 21 जून को दूसरे चरण का चुनाव कराया जाएगा।

*******

विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और युगांडा में इबोला के प्रकोप के कारण यात्रा प्रतिबंध लगाने तथा सीमाएं सील करने वाले देशों से अपने इन फैसलों पर दोबारा विचार करने का आग्रह किया है। उनका मानना है कि इस तरह के कदमों से प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्यों में रुकावट आ सकती है।

*******

आज विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया जा रहा है। यह दिन तंबाकू के उपयोग को पूरी तरह समाप्त करने के उद्देश्य से विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा शुरू की गई महत्वपूर्ण वैश्विक पहल का हिस्सा है। इस वर्ष का विषय है- अपील का अनावरण – निकोटीन और तंबाकू की लत से निपटना

*******

महाराष्ट्र के पुणे में जहरीली शराब से मृतकों की संख्या 21 हो गई है। इनमें से 7 लोग पुणे और 14 लोग पिंपरी-चिंचवाड़ तथा उरुली कांचन क्षेत्रों के थे। इस मामले में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रशासन ने लापरवाही के आरोप में 22 अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इनमें 9 पुलिसकर्मी और राज्य आबकारी विभाग के 13 अधिकारी शामिल हैं।

*******

खेल जगत की हलचल के साथ हैं आनंद पाठक…

खेलों में आज की सबसे बड़ी खबर आईपीएल 2026 के फाइनल से जुड़ी है। अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु खिताबी मुकाबले में आमनेसामने होंगे। यह मुकाबला शाम साढे सात बजे से शुरू होगा। इस सीज़न में गुजरात टाइटन्स ने इसी मैदान पर आरसीबी को मात दी थी, लेकिन बेंगलुरु की टीम भी आत्मविश्वास से लबरेज़ है। पिछले वर्ष इसी मैदान पर अपना पहला आईपीएल खिताब जीतने वाली आरसीबी ने इस बार भी शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह पक्कि की है। विराट कोहली के नेतृत्व में टीम का बल्लेबाजी आक्रमण बेहद प्रभावशाली रहा है, भुवनेश्वर कुमार और जॉश हेजलवुड की तेज़ गेंदबाज़ी ने विपक्षी टीमों के लिए मुश्किलें खड़ी की हैं। दूसरी ओर, शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटन्स ने लीग चरण में शीर्ष दो में स्थान बनाया और पहले क्वालीफायर में मिली हार के बाद शानदार वापसी करते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया। अब ये देखना बेहद दिलचस्‍प होगा कि आईपीएल 2026 की ट्रॉफी आखिर किस टीम के हाथों में जाएगी। और अब बात महिला क्रिकेट की। ब्रिस्टल में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में इंग्‍लैंड ने भारत को 26 रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में बराबरी कर ली है। और अब बैडमिंटन से एक अच्छी खबर है। सिंगापुर ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरुष ड़बल्‍स के फाइनल में आज भारत की स्टार जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का मुकाबला इंडोनेशिया के मोहम्मद शोहिबुल फिक्री और फजर अलफियान की जोड़ी से होगा।

*******

केरलम, माहे, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्‍काल में बुधवार तक तेज बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने ओडिशा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और देश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में भी कल तक तेज वर्षा की आशंका जताई है। पूर्वी राजस्थान, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और विदर्भ में कुछ स्थानों पर आज बारिश के साथ बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना है। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में कल तक कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और आंधी चलने की आशंका है। कोंकण और गोवा में आज गर्म और उमस भरे मौसम का अनुमान है। अगले दो दिन में राजस्थान में कुछ स्थानों पर आंधी आ सकती है।

*******

उधर, केरलम में आज छह जिलों में वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंमुकेश कुमार।

डी.के. शिवकुमार को कर्नाटक में विधायक दल का नेता चुने जाने की खबरें सभी अखबारों में है। दैनिक जागरण की सुर्खी है- निवर्तमान मुख्‍यमंत्री सिद्धरमैया ने उनके नाम का प्रस्‍ताव किया। पत्र लिखता है- की वे तीन जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। अमरीका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ का यह कहना कि भारत शक्तिशाली, अपनी सेना का आधुनिकीकरण कर रहा है जनसत्ता सहित सभी अखबारों में है। पत्र ने उनके हवाले से लिखा है कि अमरीका ने भारत की क्षमतों को आगे बढाने के लिए सह-उत्‍पादन की प्रतिबद्धता जताई है। उत्तर भारत में आंधी-बारिश, राजस्‍थान में बवंडर अमर उजाला ने इसे सचित्र देते हुए लिखा है- राजस्‍थान में 70-80 किमी की रफ्तार से उठा रेतीला तूफान। दैनिक भास्‍कर ने भीषण गर्मी और सूखे की आशंका के बीच इस चिंता को दिया है कि जलाशयों में संकट उत्‍पन्‍न हो रहा है 22 दिन में 12 प्रतिशत घटा पानी। पत्र के अनुसार पानी की कमी की सबसे भयावह तस्‍वीर दक्षिण भारत के राज्‍यों में है। ईरान और अमरीका तथा इस्राएल के बीच युद्ध विराम को लेकर किसी सहमति पर न पहुंचने को लेकर दैनिक जागरण ने संपादकीय में लिखा है- कि यह गतिरोध विश्‍व अर्थव्‍यवस्‍था के लिए नासूर बन गया है। अब यह गतिरोध रूकना चाहिए क्‍योंकि पश्चिम एशिया संकट विश्‍व के करोडों लोगों को प्रभावित कर रहा है। लोगों के रोजी-रोटी पर ही संकट नहीं है वे गरीबी के दुष्‍चक्र में भी फंस रहे हैं। राष्‍ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित सीयूईटी-यूजी में तकनीकी गड़बडि़यों के कारण परीक्षा में हुई देरी की खबरें सभी अखबारों में है। राजस्‍थान पत्रिका ने इस संबंध में एजेंसी द्वारा माफी मांगने को प्रमुखता से दिया है। आईपीएल के फाइनल में आज रॉयल चैलेंर्ज्‍स बेंगलुरू और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाले फाइनल पर नवभारत टाइम्‍स लिखता है- घर गुजरात का, दिलों पर आरसीबी का कब्‍जा। बच्‍चों पर सोशल मीडिया का बढ़ते असर को हिन्‍दुस्‍तान ने चिंताजनक बताते हुए लिखा है- कि नौ से 17 साल के 49 प्रतिशत बच्‍चें तीन घंटें से ज्‍यादा समय सोशल मीडिया पर बिताते हैं। जो उन पर बुरा असर डालता है।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर मन की बातकार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।
  2. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय नौसेना ने पाकिस्तानी नौसेना को बंदरगाहों में दुबके रहने के लिए किया था मजबूर।
  3. म्यांमा के राष्ट्रपति, ऊ मिन आऊं लाइन पांच दिन की भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। कल बिहार के गया में महाबोधि मंदिर में की थी पूजा-अर्चना।
  4. सरकार ने पेट्रोल, डीजल और विमान ईंधन पर निर्यात शुल्क संशोधित किया। नया शुल्‍क, कल से लागू।
  5. मौसम विभाग का बुधवार तक केरलम, माहे, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कारईक्काल में मूसलाधार बारिश का अनुमान।
  6. आईपीएल क्रिकेट के फाइनल में आज शाम अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स का सामना मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।

*******

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.