मुख्य समाचार
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – कृत्रिम जनसांख्यिकीय बदलावों पर केंद्र की उच्च स्तरीय समिति इस मुद्दे से निपटने के लिए कानून की आवश्यकता का आकलन करेगी।
- राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई का आह्वान किया। कहा – आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दोहरे मापदंड नहीं हो सकते।
- भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और त्रिपुरा के लिए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किये।
- एयर इंडिया ने पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच इस्राएल के लिए अपनी उड़ानें जुलाई के अंत तक स्थगित की।
- आईपीएल क्रिकेट में, आज न्यू चंडीगढ़ में दूसरे क्वालीफायर में राजस्थान रॉयल्स का सामना गुजरात टाइटन्स से।
*******
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि अवैध घुसपैठ और अन्य अस्वाभाविक कारणों से होने वाले कृत्रिम जनसांख्यिकीय बदलावों की जांच के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति इस मुद्दे से निपटने के लिए कानून की आवश्यकता का आकलन करेगी। गांधीनगर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति प्रकाश प्रभाकर नावलेकर की अध्यक्षता वाली समिति एक वर्ष में अपनी रिपोर्ट देगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हर घुसपैठिए की पहचान कर उसे देश से बाहर निकालने के लिए प्रतिबद्ध है।
घुसपैठिए को देश के बाहर निकालना, ये हमारी सरकार का संकल्प है और इसके लिए नरेन्द्र मोदी जी ने एक डेमोग्राफिक चेंज कमेटी बनाने का निर्णय किया है। ये हाई पावर कमेटी देशभर में जनसांख्यिकी का जो कृत्रिम बदलाव हुआ है उसके कारणों और उपायों की चिंता करेगी और इसके लिए कोई कानून बनाने की जरूरत है, तो इसकी भी चिंता करेगी।
गृह मंत्री ने पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशी घुसपैठ को लेकर तृणमूल कांग्रेस सरकार की आलोचना की और कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद स्थिति बदली है। उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सराहना करते हुए कहा कि सीमा पर बाड़ लगाने के लिए सात दिनों में 600 हेक्टेयर जमीन बीएसएफ को सौंप दी गई।
भाजपा बंगाल सरकार ने डिटेंशन सेंटर बनाए हैं। मगर हम सब लोग चाहते हैं कि जो घुसपैठ करके अवैध तरीके से आए हैं, वो अपने आप जहां से आए हैं वहां वापिस चले जाएं। अगर वो अपने आप चले जाते हैं, तो बंगाल सरकार भी उन पर कोई केस नहीं करेगी। जाने के लिए उनकी सहायता भी करेगी।
*******
गृह मंत्री अमित शाह आज अपने गुजरात दौरे के दूसरे दिन कच्छ के अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे हरामी नाला और खाड़ी क्षेत्रों का दौरा करेंगे। यह क्षेत्र सामरिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। इस दौरान गृह मंत्री सीमा सुरक्षा बल के सुरक्षा इंतज़ामों की समीक्षा करेंगे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीमा सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा करेंगे। श्री शाह सीमा चौकी जी-7 का उद्घाटन करेंगे और बीएसएफ के जवानों से मुलाकात करेंगे। श्री अमित शाह का पिछले छह महीनों में कच्छ का यह दूसरा दौरा है।
*******
रूस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मंच को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दोहरे मापदंड नहीं अपनाए जा सकते। मॉस्को में आयोजित बैठक में श्री डोभाल ने कहा कि जिम्मेदार देशों को यह तय करना होगा कि वे आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले लोगों का साथ देंगे या उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।
आतंकवाद अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सबसे गंभीर खतरों में से एक है। राष्ट्रपति पुतिन ने हाल ही में इसे बहुत ही प्रभावशाली ढंग से रेखांकित किया है। उन्होंने महसूस किया है कि यह एक ऐसा मुद्दा है जिस पर सभी अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा विशेषज्ञों को ध्यान देने की जरूरत है। यह मानवता के सभी मूल्यों पर प्रहार करता है। भारत खुद ही इस प्रायोजित आतंकवाद का शिकार रहा है। अप्रैल 2025 में, पूरी दुनिया ने जम्मू-कश्मीर में 26 निर्दोष नागरिकों की जघन्य हत्या देखी है।
श्री डोभाल ने पश्चिम एशिया की स्थिति का उल्लेख करते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य और लाल सागर जैसे अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों में व्यापार की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। इस दौरान उन्होंने रूस के सुरक्षा परिषद सचिव सर्गेई शोइगु से भी मुलाकात की।
*******
भारतीय जनता पार्टी-भाजपा ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और त्रिपुरा के लिए नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पूर्वी दिल्ली के सांसद और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को पार्टी का दिल्ली इकाई अध्यक्ष नियुक्त किया है। डॉ.अर्चना गुप्ता को हरियाणा भाजपा अध्यक्ष और श्री केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अभिषेक देबराय को त्रिपुरा भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के साथ श्री नवीन ने राज्यों और राष्ट्रीय स्तर पर नए पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया भी शुरु कर दी है।
*******
केरलम में राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर आज विधानसभा को संबोधित करेंगे। यह दस वर्षों बाद केरलम में नई यूडीएफ सरकार का पहला नीति संबोधन है। राज्यपाल के संबोधन के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी जाएगी। सदन राज्यपाल के संबोधन पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा करने के लिए पहली जून को एकत्रित होगा।
*******
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने कल ट्विशा शर्मा मौत मामले में भोपाल से गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार किया है। गिरिबाला ट्विशा की सास और सेवानिवृत्त जिला और सत्र न्यायाधीश हैं।
भोपाल में एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में सीबीआई ने कल रिटायर्ड जज और ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार किया। करीब सात घंटे की पूछताछ के बाद सीबीआई ने यह कार्रवाई की है। आज उन्हें सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा। गिरफ्तारी से एक दिन पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द कर दी थी। कोर्ट का कहना था कि मामले की गंभीरता और सबूतों को देखते हुए उन्हें राहत नहीं दी जा सकती। 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में ट्विशा की संदिग्ध हालत में मौत हुई थी। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके वालों ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। अभिनव गोयल, आकाशवाणी, भोपाल।
*******
ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कल प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत बारह राज्यों को दस हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की। इस अवसर पर श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रतिबद्ध हैं कि देश में कोई भी गरीब व्यक्ति कच्चे मकान में न रहे।
प्रधानमंत्री जी का संकल्प है, हर गरीब को पक्का मकान मिले, पक्का आवास मिले और उसके लिए 2016 से ही प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के माध्यम से हर आवासहीन को पक्का मकान उपलब्ध कराने का अभियान चल रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में हमने 3 करोड़ 91 लाख घरों को मंजूरी दी और उनमें से 3 करोड़ 5 लाख से ज्यादा पूरे हो गए हैं।
*******
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन आज से कर्नाटक, गोवा और केरलम के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वे आज बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के 45 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित वैश्विक समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद उपराष्ट्रपति दावणगेरे में यूनिवर्सिटी बीडीटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के प्लेटिनम जुबली समारोह में भाग लेंगे।
*******
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। आज दौरे के दूसरे दिन वे विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दौरे के पहले दिन देहरादून स्थित पार्टी कार्यालय में राज्य मंत्री समूह और कोर कमेटी की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की।
*******
पश्चिम एशिया में जारी भूराजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच एयर इंडिया ने जुलाई के अंत तक इस्राएल के लिए अपनी उड़ानों की निलंबन सीमा को बढ़ा दिया है। इससे पहले एयरलाइन ने जून के अंत तक तेल अवीव- दिल्ली हवाई मार्ग पर उड़ान परिचालनों को रद्द कर दिया था। एयर इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण एयरलाइंस को महंगे ईंधन और हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे परिचालन लागत बढ़ गई है। उधर, उड़ानें बंद होने से इस्राएल में रह रहे चालीस हजार से अधिक भारतीयों की चिंता बढ़ गई है। सीमित उड़ान विकल्पों के कारण यात्रा खर्च भी काफी बढ़ गया है।
*******
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दावा किया है कि उसने अमरीकी हवाई अड्डे पर हमला किया है। यह हमला उस समय हुआ जब अमरीका ने ईरानी ड्रोन मार गिराए और दक्षिणी ईरान के बंदर अब्बास में एक सैन्य ठिकाने पर हमला किया। पिछले तीन दिनों में यह दूसरी बार है जब अमरीका ने ईरान पर कार्रवाई की है।
*******
आईपीएल क्रिकेट में आज दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में गुजरात टाइटंस का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से होगा। यह मैच न्यू चंडीगढ़ में शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। विजेता टीम रविवार को अहमदाबाद में फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से मुकाबला खेलेगी। राजस्थान रॉयल्स ने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर दूसरे क्वालीफायर में जगह बनाई है। जबकि गुजरात टाइटंस पहले क्वालीफायर मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हार का सामना करना पड़ा।
*******
तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट श्रृंखला में भारतीय महिला टीम ने एक-शून्य की बढ़त हासिल कर ली है। पहले मैच में भारत ने इंग्लैंड को 38 रन से हरा दिया। यह मुकाबला चेम्सफोर्ड स्थित काउंटी क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया।
*******
विश्व मौसम विज्ञान संगठन ने चेतावनी दी है कि अगले पाँच वर्षों में वैश्विक तापमान रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच सकता है।
*******
मौसम विभाग ने आज दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में बादल गरजने और बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। कल रात राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में हुई बारिश ने उमस और भीषण गर्मी से राहत दिलाई। विभाग के अनुसार आज बिहार, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में तेज हवाएं चलने का अनुमान है। छत्तीसगढ़, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख और कर्नाटक में भी इसी तरह का मौसम रहेगा।
*******
समाचार पत्रों की सुर्खियों से-
आज प्रकाशित अखबारों ने अलग-अलग खबरों को अपनी सुर्खी बनाया है। हिन्दुस्तान ने सीबीएसई प्रकरण में शिक्षा मंत्री के बयान को प्रमुखता दी है- समस्याओं का समाधान करेंगे, दोषियों को नहीं बख्शेंगे। राजस्थान पत्रिका ने 21 जून को होने वाली नीट पुनर्परीक्षा की तैयारियों पर लिखा है- सरकार सख्त…. पहली बार सेना पहुंचाएगी नीट के पेपर। हालांकि अभी इस पर अंतिम फैसला होना बाकी है। अमर उजाला ने कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को अहमियत दी है- सिद्धरमैया ने छोड़ी मुख्यमंत्री की कुर्सी, कर्नाटक में अब शिवकुमार का होगा राज। दैनिक ट्रिब्यून ने सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को प्रथम पृष्ठ पर दिया है- ट्रॉमा केयर का अधिकार जीवन के अधिकार का अभिन्न अंग। न्यायालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को तीन महीने के भीतर आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 शुरू करने और एक प्रभावी शिकायत निवारण प्रणाली स्थापीत करने का निर्देश दिया है। जनसत्ता ने अपने संपादकीय पृष्ठ पर सीमा सुरक्षा का विशलेषण किया है। पत्र लिखता है आज भी सीमा पर भारत को अक्सर घुसपैठ और आतंकी हमलों का सामना करना पड़ता है। इसकी बड़ी वजह सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था के तार और निगरानी तंत्र का अपेक्षित स्तर पर मजबूत न होने को माना जाता है। दैनिक जागरण ने मौसम में हुए बदलाव पर लिखा है- तेज हवा और वर्षा ने तोडा गर्मी का गुरूर। नवभारत टाइम्स ने पद्मश्री से सम्मानित मशहूर शायर बशीर बद्र के निधन की खबर प्रथम पृष्ठ पर दी है- और फिर जिंदगी की शाम हो गई…. थम गया अल्फाज़ का जादू, अलविदा बशीर बद्र। दैनिक भास्कर ने हार्वर्ड के एक शोध को विशेष खबर बनाया है- जीन क्लॉक बताएगी किस उम्र में थमेगी जिंदगी।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – कृत्रिम जनसांख्यिकीय बदलावों पर केंद्र की उच्च स्तरीय समिति इस मुद्दे से निपटने के लिए कानून की आवश्यकता का आकलन करेगी।
- राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई का आह्वान किया। कहा – आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दोहरे मापदंड नहीं हो सकते।
- भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और त्रिपुरा के लिए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किये।
- एयर इंडिया ने पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच इस्राएल के लिए अपनी उड़ानें जुलाई के अंत तक स्थगित की।
- और आईपीएल क्रिकेट में, आज न्यू चंडीगढ़ में दूसरे क्वालीफायर में राजस्थान रॉयल्स का सामना गुजरात टाइटन्स से।
*******