May 28, 2026 8:58 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में 51वीं प्रगति बैठक की अध्‍यक्षता की। लगभग 30 हजार करोड़ रुपये लागत वाली सात महत्वपूर्ण ढांचागत परियोजनाओं की समीक्षा की।

  2. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अधिकारियों से अंतरराष्‍ट्रीय सीमा के 15 किलोमीटर के दायरे में सभी अवैध ढांचे ढहाने को कहा।

  3. मध्‍य और उत्‍तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिन तक लू की स्थिति जारी रहेगी।

  4. ईद-उल-अज़हा आज देशभर में धार्मिक श्रद्धा और उत्‍साह के साथ मनाई जा रही है।

  5. आईपीएल क्रिकेट के एलिमिनेटर मैच में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराया।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन के दूसरे चरण को प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल बुनियादी ढांचे के निर्माण तक सीमित न रहे, बल्कि नियमित निगरानी, जनभागीदारी और विभिन्न पक्षों के समन्वय से ठोस परिणाम सुनिश्चित किए जाएं। श्री मोदी ने नई दिल्ली में 51वीं प्रगति बैठक की अध्‍यक्षता की। प्रधानमंत्री ने राज्यों से कचरा प्रसंस्करण और गोबरधन संयंत्रों सहित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में रेलवे, बिजली और सड़क क्षेत्रों की लगभग 30 हजार करोड़ रुपये लागत वाली सात महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की गई।

 

 

     

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने शहरी क्षेत्रों, आवासीय परिसर और सार्वजनिक संस्थानों में छतों पर सोलर पैनल लगाने को बढ़ावा देने पर बल दिया। सड़क और बंदरगाह संपर्क परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री ने वाधवन बंदरगाह को आधुनिक मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। केन-बेतवा नदी अंतर्संबंध परियोजना की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केन-बेतवा परियोजना अन्य राज्यों के लिए अंतरराज्यीय जल विवादों के समाधान का आदर्श मॉडल है। श्री मोदी ने    सहयोग, समय पर मंजूरी, प्रौद्योगिकी-आधारित निगरानी और मिशन-आधारित कार्यान्वयन के माध्यम से अंतर-राज्यीय जल समस्याओं के समाधान पर बल दिया। राज्यों को ऐसे ही अवसरों की पहचान करने के लिए प्रोत्साहित किया गया, जहां नदी अंतर्संबंध, जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण और कुशल सिंचाई को एकीकृत तरीके से अपनाया जा सके। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

 

*******

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि देश की सीमाओं से 15 किलोमीटर के दायरे में किसी भी अवैध निर्माण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि गृह मंत्री ने  ऐसे सभी अवैध ढांचों को तुरंत ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं।

 

 

     

राजस्थान के बीकानेर में सुरक्षा समीक्षा बैठक में गृह मंत्री ने भारत-पाकिस्तान सीमा से जुड़े जिलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। गृह मंत्रालय ने जिला अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि सीमावर्ती इलाकों में बैंकिंग लेनदेन पूरी तरह कानूनी नियमों के अनुसार हों। बड़े व्यापारिक संस्थानों की जांच और उनके आय के स्रोत की भी पड़ताल करने के निर्देश दिए गए हैं। श्री शाह ने हर सीमावर्ती जिले के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था बनाने पर जोर दिया। गृह मंत्री ने साइबर अपराध रोकने के लिए ‘1930’ हेल्पलाइन का प्रभावी इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया। समाचार कक्ष से आनंद पाठक।

 

*******

 

गृह मंत्री अमित शाह आज गुजरात के दौरे पर हैं। श्री शाह इस दौरान अहमदाबाद और गांधीनगर जिलों में सार्वजनिक उपयोगिता, शिक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं की लगभग 12 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

 

 

 

गांधी नगर के कलोल तालुका से अपने कार्यक्रमों की शुरुआत करते हुए गृह मंत्री कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व यानी क‍ि सीएसआर पहल के तहत विकसित की गई जनसुविधाओं का लोकार्पण करेंगे। जिनमें जेड़वा गांव की झील, तीन नवनिर्मित पुस्तकालय और नए प्राथमिक स्कूल भवन जैसे प्रोजेक्‍ट्स शामिल हैं। शाम को श्री शाह अहमदाबाद शहर मेँ सोला क्षेत्र के माता उमिया धाम परिसर में नवनिर्मित हॉस्टल भवन का और भीमजीपुरा में भारत माता स्क्वायरका उद्घाटन करेंगे। शाम को गृह मंत्री शाहीबाग सर्किट हाउस में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें आगामी ओलंपिक, राष्ट्रमंडल और वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स की तैयारियों और बुनियादी ढांचे की समीक्षा की जाएगी। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

 

*******

 

मंत्रिमंडल की आर्थिक कार्य समिति ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्‍तर्गत राशन, परिवहन और प्रबंधन सहायता योजना- सार्थक-पीडीएस को जारी रखने की अनुमति दे दी है। इसके लिए केंद्र सरकार ने 25 हज़ार 530 करोड़ रुपये का आवंटन किया है। नई दिल्‍ली में संवाददाताओं से बातचीत में सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह योजना सार्वजनिक वितरण प्रणाली को आधुनिक बनाने में सहयोग करेगी।

 

 

इस प्रोग्राम में तीन बड़े सुधार अप्रूव हुए हैं। सबसे पहला जिस सरकारों की एजेंसीज़ राज्‍य में जो एफसीआई का बड़ा गोडाउन होता है, वहां से डिफ्रेंट डिस्ट्रिक्ट्स में, डिविजन्‍स में, फ्रेयरप्राइस शॉप तक पहुंचाने की जो कॉस्‍ट होती है, उस कॉस्‍ट को सपोर्ट करेंगे। दूसरा फ्रेयरप्राइस शॉप्‍स हैं, उसमें डीलर्स का रिमोनरेशन रखा गया था, उसको बढ़ाने की जरूरत थी, तो वो भी फैसला लिया गया और तीसरा फैसला टेक्नोलॉजी का यूज करके पब्‍लि‍क डिस्‍ट्रि‍ब्‍यूशन सिस्‍टम को हम कैसे मॉर्डनाइज कर सकते हैं।

 

*******

 

पश्चिम बंगाल सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ चौकियों और कंटीले तार की बाड़ लगाने के लिए करीब 143 एकड़ भूमि बीएसएफ को सौंप दी है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्रों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए यह कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने पहले चरण में कई जिलों में भूमि हस्तांतरित की है।पश्चिम बंगाल की बांग्लादेश के साथ 2 हजार 217 किलोमीटर लंबी सीमा लगती है जिसमें से लगभग एक हजार 600 किलोमीटर क्षेत्र में अब तक बाड़ लगाई जा चुकी है।

 

*******

 

भारत ने कांगो में इबोला के प्रकोप को नियंत्रित करने के प्रयासों में सहयोग के लिए आपातकालीन चिकित्‍सा सहायता भेजी है। इथियोपिया स्थित अफ्रीका रोग नियंत्रण केन्द्र ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि भारत से भेजी गई आपातकालीन दवाएं युगांडा में पूर्वी अफ्रीका क्षेत्रीय समन्वय केंद्र को प्राप्त हुई है। इसमें आवश्यक निदान, उपचार, संक्रमण रोकथाम और नियंत्रण सामग्री शामिल हैं। इसे कांगो के प्रभावित समुदायों तक पहुंचाया जाएगा।

 

 

     

अफ्रीका रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र ने कांगो के बुंडीबुग्यो इबोला प्रकोप से निपटने के लिए भारत सरकार और भारत के लोगों द्वारा भेजी गई आपातकालीन चिकित्‍सा सहायता का स्वागत किया है। बुंडीबुग्यो स्ट्रेन, इबोला वायरस की छह ज्ञात प्रजातियों में से एक है। वर्ष 2007 में युगांडा में पहली बार इसकी पहचान होने के बाद से अफ्रीका के कुछ हिस्सों में समय-समय पर इसका प्रकोप होता रहा है। इबोला संक्रमित शारीरिक तरल पदार्थों, दूषित पदार्थों या संक्रमित जानवरों के सीधे संपर्क से फैलता है। इसके लक्षणों में बुखार और गंभीर मामलों में आंतरिक और बाहरी रक्तस्राव शामिल हैं। समाचार कक्ष से आनंद पाठक।

 

*******

 

मध्य और उत्तर-पश्चिमी भारत में अगले दो दिन तक भीषण लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में आज लू के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, चंडीगढ़, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, कोंकण, गोवा, ओडिशा, पंजाब, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश में भी आज लू चलने की आशंका है।

 

*******

 

मध्यप्रदेश में मौसम विभाग ने 46 जिलों में लू और भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है।

 

 

     

मध्यप्रदेश में इस बार नौतपा में सिर्फ तेज धूप नहीं बल्कि आंधी और बारिश का दौर भी साथ चल रहा है। छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव में आज भी तेज लू का रेड अलर्ट है। ये दोनों शहर 18 मई से लगातार प्रदेश के सबसे गर्म शहर बने हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 29 मई से मौसम करवट लेना शुरू करेगा। पश्चिमी विक्षोभ के असर से 31 मई तक कई जिलों में बारिश होने का अनुमान है। अभिनव गोयल, आकाशवाणी, भोपाल।

 

*******

 

ईद-उल-अज़हा, आज देश के विभिन्न हिस्सों में पूरे धार्मिक उत्साह और उमंग के साथ मनायी जा रही है। इसे बकरीद भी कहा जाता है। श्रद्धालु ईदगाहों और बड़ी मस्जिदों में ईद की नमाज अदा कर रहे हैं। ईद-उल-अज़हा पैगंबर इब्राहिम द्वारा ईश्वर के आदेश का पालन करते हुए अपने इकलौते बेटे की कुर्बानी देने की इच्छा को याद करने के लिए मनाया जाता है।हमारे संवाददाता ने बताया कि उत्तर प्रदेश में प्रशासन ने बकरीद के सुचारू आयोजन के लिए व्यापक व्यवस्था की हैं।

 

 

     

सुबह से ही मस्जिदों के आसपास चहल-पहल है और लोग तैयार होकर बकरीद की खास नमाज के लिए मस्जिदों में पहुंच रहे हैं। नमाज के बाद कुर्बानी की रस्म अदा की जाएगी। राज्य सरकार ने पहले ही सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी करके यह सुनिश्चित करने को कहा है कि कोई नई परंपरा शुरू न हो और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न दी जाए। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा के निर्देशों के बाद पुलिस ने कल संवेदनशील इलाकों में फ्लैगमार्च किया। कानपुर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, मेरठ और मऊ जैसे शहरों के संवेदनशील इलाकों में पुलिस खास एहतियात बरत रही है। सुशील चन्‍द्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।

 

*******

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों को ईद-उल-अजहा की बधाई दी है। राष्ट्रपति ने कहा कि यह त्योहार भक्ति, त्याग और निस्वार्थ भावना का प्रतीक है।

 

*******

 

गृह मंत्री अमित शाह ने आज स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के निडर योद्धा वीर सावरकर ने अपना पूरा जीवन मातृभूमि की सेवा में समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि वीर सावरकर के जीवन और लेखन से हमें राष्ट्र और विचारधारा के प्रति अटूट निष्ठा का सही अर्थ समझ में आता है। श्री शाह ने कहा कि वीर सावरकर का यह कथन, हे मातृभूमि! तुम्हारे बिना जीवन मृत्यु के समान है, राष्ट्र के प्रति उनके असीम प्रेम को दर्शाता है।

 

*******

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज गंगटोक के पालजोर स्टेडियम में सिक्किम पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस ध्वज से सम्मानित करेंगी। इस सम्मान को प्राप्त करने वाला सिक्किम देश का 15वां और पूर्वोत्तर क्षेत्र का तीसरा राज्य होगा।

 

*******

 

आईपीएल क्रिकेट के एलिमिनेटर मैच में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हरा दिया। राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 243 रन बनाए। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद 196 रन ही बना सकी।  राजस्थान के लिए वैभव सूर्यवंशी ने 29 गेंद में 97 रन की शानदार पारी खेली। वैभव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।कल क्वालीफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगे। विजेता टीम फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से खेलेगी। फाइनल रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।

 

*******

     

एसआईआर पर उच्‍चतम न्‍यायालय का फैसला हिन्‍दुस्‍तान सहित कई अखबारों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है। फैसला शीर्षक से पत्र ने लिखा है- एसआईआर पर सुप्रीम कोर्ट की मुहर। कहा – मतदाता सूची का पुनरीक्षण आयोग का अधिकार, प्रक्रिया में खामी नहीं। नवभारत टाइम्‍स की सुर्खी है- सुप्रीम कोर्ट की कसौटी पर खरा उतरा एसआईआर। पंजाब केसरी ने लिखा है- शीर्ष न्‍यायालय के अनुसार नागरिकता की भी जांच कर सकता है चुनाव आयोग। वीर अर्जुन ने केन्‍द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान को प्रमुखता दी है- अंतर्राष्‍ट्रीय सीमा के 15 किलोमीटर के दायरे में मौजूद सभी अवैध ढांचों को ध्‍वस्‍त करें।दैनिक भास्‍कर ने सीबीएसई की बारहवीं कक्षा की कॉपियों की स्‍क्रीनिंग से जुडे़ मामले पर खबर दी है- ऑन स्‍क्रीन मार्किंग का काम ब्‍लैक लिस्‍टिंग कपंनी को, सीबीएसई ने कहा- यह झूठ। दैनिक ट्रिब्‍यून ने लिखा है- घरेलू उड़ानों में बाईस प्रतिशत कटौती करेगी एयर इंडिया। एयरलाइन ने अंतर्राष्‍ट्रीय उड़ानों में 27 प्रतिशत कमी की घोषणा के दो सप्‍ताह बाद यह फैसला किया है। दैनिक जागरण ने अपने संपादकीय पृष्‍ठ पर लिखा है- कठोर कार्रवाई जरूरी। पत्र ने लिखा है-दिल्‍ली उच्‍च न्‍यायालय ने ओ-जोन यानि यमुना डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण पर चिंता जताते हुए जिम्‍मेदार अभियंताओं के विरूद्ध कार्रवाई के संकेत दिए हैं। ओ-जोन में अतिक्रमण से नदी का प्राकृतिक प्रवाह बाधित हो रहा है, जिससे मानसून में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।देशबंधु ने ईरानी मीडिया के दावे को प्रथम पृष्‍ठ पर दिया है- अमरीका ईरानी क्षेत्र से हटाएगा सेना, खुलेगा होर्मुज। संभावित समझौते का ड्राफ्ट तैयार कर दिया गया है। राजस्‍थान पत्रिका ने बिहार में एक अनोखी पहल को प्रकाशित किया है। अब ऑन डयूटी सपरिवार घूमने जाएंगे सरकारी बाबू। हर तीन महीने में सरकारी कर्मचारी मनाएंगे टूरिस्‍ट हॉलीडे, सैलेरी भी मिलेगी। सरकार का तर्क है कि इससे इको टूरिज्‍म, ग्रामीण पर्यटन और होम स्‍टे को बढ़ावा मिलेगा।   अमर उजाला ने मौसम को अहमियत दी है। नौतपा में तप रहा उत्‍तर भारत, कल से राहत मिलने की उम्‍मीद।

 

*******

 

अंत में मुख्य समाचार:- 

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में 51वीं प्रगति बैठक की अध्‍यक्षता की। लगभग 30 हजार करोड़ रुपये लागत वाली सात महत्वपूर्ण ढांचागत परियोजनाओं की समीक्षा की।

  2. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अधिकारियों से अंतरराष्‍ट्रीय सीमा के 15 किलोमीटर के दायरे में सभी अवैध ढांचे ढहाने को कहा।

  3. मध्‍य और उत्‍तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिन तक लू की स्थिति जारी रहेगी।

  4. ईद-उल-अज़हा आज देशभर में धार्मिक श्रद्धा और उत्‍साह के साथ मनाई जा रही है।

  5. आईपीएल क्रिकेट के एलिमिनेटर मैच में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराया।

 

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.