May 27, 2026 9:05 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:- 

  1. केंद्र सरकार ने घुसपैठ और अन्य कारणों से जनसंख्‍या आंकड़ों में परिवर्तन का अध्ययन करने के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन किया।
  2. सर्वोच्च न्यायालय एसआईआर को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर आज फैसला सुनाएगा।
  3. सीबीएसई ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही उन अफवाहों को खारिज किया जिनमें उसके ऑनस्क्रीन मार्किंग सिस्टम के उल्लंघन की बात कही गई थी।
  4. मौसम विभाग ने उत्‍तर भारत के अनेक राज्‍यों में तेज़ गर्मी का अनुमान व्‍यक्‍त किया, और महाराष्‍ट्र के विदर्भ में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया।
  5. नासा ने चंद्रमा पर अपना केंद्र बनाने के लिए भेजे जाने वाले रोबोटिक लैंडर्स, हॉपिंग ड्रोन और अन्य वाहनों का विवरण जारी किया।
  6. और, आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले क्वालीफायर मैच में गुजरात टाइटन्स को 92 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है।

अब समाचार विस्‍तार से…

 

******

 

केंद्र सरकार ने घुसपैठ और अन्य कारणों से होने वाले जनसांख्यिकी बदलाव की चुनौतियों से निपटने के लिए एक उच्च-स्तरीय समिति का गठन किया है। इस समिति की अध्यक्षता सर्वोच्‍च न्‍यायालय के पूर्व न्यायाधीश, प्रकाश प्रभाकर नावलेकर करेंगे। जनगणना आयुक्त के साथ-साथ पूर्व आईएएस अधिकारी दुर्गा शंकर मिश्रा, पूर्व आर्इ्रपीएस अधिकारी बालाजी श्रीवास्तव और अर्थशास्त्री डॉ. शमिका रवि को इस समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव इस समिति में सदस्य सचिव के रूप में काम करेंगे।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पिछले वर्ष 15 अगस्त को लाल किले से जनसांख्यिकीय परिवर्तन पर उच्च-स्तरीय समिति के गठन की घोषणा की थी।

 

मैं आज देश के सामने एक चिंता, एक चुनौती के संबंध में आगाह करना चाहता हूं। सहषडयंत्र के तहत देश की डेमोग्राफी को बदला जा रहा है। एक नये संकट के बीज बोये जा रहे हैं और ये घुसपैठिये मेरे देश के नौजवानों की रोजीरोटी छीन रहे हैं। ये देश सहन नहीं करेगा और इसलिए एक हाई पावर डेमोग्राफी मिशन शुरू करने का निर्णय किया है।

 

इस समिति के कार्यों के बारे में और जानकारी दे रहे हैं हमारे संवाददाता-

 

ये उच्‍च स्‍तरीय समि‍ति अवैध अप्रवासन और अन्य अप्राकृतिक कारणों से पूरे देश में हो रहे जनसांख्यिकीय परिवर्तनों का व्यापक आकलन करेगी। यह धार्मिक और सामाजिक समुदायों के स्तर पर असामान्य जनसंख्या स्थानांतरण का भी विश्लेषण करेगी और इसके लिए एक योजनाबद्ध और समयबद्ध समाधान प्रस्तुत करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले वर्ष लाल किले से अपने स्वतंत्रता दिवस भाषण में जनसांख्यिकीय परिवर्तन पर उच्च स्तरीय समिति की घोषणा की थी। सम‍ि‍ति एक वर्ष के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्‍तुत करेगी। वहीं, आवश्यकता पड़ने पर समिति का कार्यकाल 6 महीने तक बढ़ाया जा सकता है। अनुपम मिश्र के साथ शिवांग मिश्रा, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

******

 

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कल शाम नई दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग के साथ 17वें विदेश मंत्रियों के द्विपक्षीय संवाद बैठक की सह-अध्यक्षता की। डॉ. जयशंकर ने कहा कि इसमें हिंद-प्रशांत क्षेत्र, पश्चिम एशिया की स्थिति, वैश्विक और बहुपक्षीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा भी की।  

 

******

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत-कनाडा आर्थिक साझेदारी का अगला अध्याय विश्वास पर आधारित होगा, जिससे दोनों देशों की साझा समृद्धि सुनिश्चित होगी। कनाडा में आयोजित मंत्रिस्तरीय सत्र को संबोधित करते हुए श्री गोयल ने कहा कि दोनों देशों के बीच बढ़ते विश्वास से व्यापक आर्थिक साझेदारी के अंतर्गत नए व्यापार और निवेश के अवसरों पर कार्य हो रहा है।

 

भारतीय अर्थव्यवस्था की गतिशीलता पर श्री गोयल ने कहा कि भारत अगले तीन दशकों तक विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था बना रहेगा।

 

******

 

सर्वोच्च न्यायालय निर्वाचन आयोग के मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर आज निर्णय सुनाएगा। यह याचिकाएं बिहार में पिछले साल जून में एसआईआर प्रक्रिया शुरू करने के निर्वाचन आयोग के फैसले के बाद दायर की गई थी।

 

भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य-बागची की पीठ ने मामले की सुनवाई के बाद अपना फैसला सुरक्षित रखा था। एक रिपोर्ट-

 

याचिकाओं में एसआईआर प्रक्रिया की वैधता को चुनौती दी गई थी। इसमें कहा गया था कि एसआईआर प्रक्रिया संविधान के अनुच्‍छेद 326, जन प्रतिनिधित्‍व कानून 1950 और इनके अंतर्गत बनाए गए नियमों में निर्वाचन आयोग को दी गई शक्तियों के दायरे से बाहर थीं। याचिकाकर्ताओं की यह भी दलील थी कि एसआईआर प्रक्रिया ने बड़ी संख्‍या में गरीब और विस्‍थापित लोगों को वोट देने के अधिकार से वंचित कर दिया। सुनवाई के दौरान, सर्वोच्च न्यायालय ने विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर प्रक्रिया से प्रभावित मतदाताओं के बीच पारदर्शिता को बढ़ावा देने और कठिनाई को कम करने के लिए अंतरिम निर्देश जारी किए थे। समाचार कक्ष से मैं, मुकेश कुमार।

 

******

 

सर्वोच्च न्‍यायालय ने 1983 में बिहार में पांच लोगों की हत्या के मामले में कई दोषियों की सजा  बरकरार रखते हुए कहा है कि इस घटना की क्रूरता न्यायिक अंतरात्मा को झकझोर देती है। न्‍यायमूर्ति संजय करोल और एन कोटिश्वर सिंह की पीठ ने कल कहा कि निचली अदालत और पटना उच्च न्यायालय दोनों ने सही कहा है कि इस मामले में किसी भी तरह की सहानुभूति या नरमी की गुंजाइश नहीं है।

 

न्यायालय ने कहा कि यह घटना मार्च 1983 में मुजफ्फरपुर जिले के एक गांव में हुई थी, जहां कम से कम 58 लोगों की भीड़ ने चंद्र शेखर चौधरी के घर में आग लगा दी थी, जिसके बाद पांच लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई और कई लोग घायल हो गए थे।

 

******

 

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड –सी०बी०एस०ई० ने सोशल मीडिया पर किए गए एक दावे को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। सी०बी०एस०ई० ने स्पष्ट किया है कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए उपयोग की जाने वाली ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली में कोई सुरक्षा उल्लंघन नहीं हुआ है। बोर्ड ने कहा कि उत्तर पुस्तिकाओं के वास्तविक मूल्यांकन के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला पोर्टल पूरी तरह से एक अलग URL पर काम करता है। एक रिपोर्ट-

 

सीबीएसई बोर्ड ने कहा है कि cbse.onmarks.co.in केवल एक टेस्टिंग साइट है, जिसमें सैंपल डेटा होता है, जिसका इस्तेमाल पूरी तरह से आंतरिक टेस्टिंग और समीक्षा के उद्देश्यों के लिए किया जाता है और इसमें परीक्षा से संबंधित कोई भी वास्तविक जानकारी नहीं होती है। बोर्ड ने कहा कि ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली शिकायतों के निवारण के साथ-साथ मूल्यांकन में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए लागू की गई है। बोर्ड ने संबंधित पक्षों को आश्वस्त किया कि मूल्यांकन प्लेटफॉर्म की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े और ठोस उपाय किए गए हैं। समाचार कक्ष से फरहत नाज़।

 

******

 

अमरीका के राष्ट्रीय वैमानिकी और अंतरिक्ष प्रशासन -नासा ने चंद्रमा पर अपना केंद्र बनाने के लिए भेजे जाने वाले रोबोटिक लैंडर्स, हॉपिंग ड्रोन और अन्य वाहनों का विवरण जारी किया है। एक रिपोर्ट-

 

अमरीका की वर्ष 2028 में राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प का कार्यकाल समाप्त होने से पहले अमरीकियों को चंद्रमा पर उतारने की योजना है। चीन की भी वर्ष 2030 तक चंद्रमा पर मानव उतारने की योजना है। मार्च में नासा ने वर्ष 2032 तक चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर परमाणु और सौर ऊर्जा से संचालित एक स्थायी अड्डा बनाने के लिए 20 अरब डॉलर के कार्यक्रम की घोषणा की थी। जेफ बेजोस की अंतरिक्ष कंपनी ब्लू ओरिजिन को इन मशीनों का निर्माण करने के लिए चुना गया है। समाचार कक्ष से प्राची बाजपेयी।

 

******

 

कोलकाता की एक विशेष अदालत ने मालदा के मोथाबाड़ी में न्यायिक अधिकारियों पर हुए हमले के मामले में 15 और लोगों को 5 जून तक राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण-एनआईए की हिरासत में भेज दिया है। इन आरोपियों को केंद्रीय एजेंसी द्वारा सोमवार देर रात मोथाबाड़ी और उसके आस-पास के इलाकों में की गई छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया गया था।

 

******

 

भारतीय वायु सेना ने अधिकारी कैडर के तकनीकी शाखा में भर्ती के लिए अभियांत्रिकी स्नातक अभिक्षमता परीक्षा-गेट के अंकों के आधार पर चयन करने की योजना बनाई है।

 

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि गेट के अंकों के आधार पर उम्मीदवारों को वायु सेना चयन बोर्ड में परीक्षा के लिए सीधे चयनित किया जाएगा।

 

******

 

रेल मंत्रालय ने देश की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली 10 डिब्‍बों वाली डीईएमयू रेलगाड़ी चलाने की स्‍वीकृति दे दी है। यह निर्णय रेलवे क्षेत्र में हरित और टिकाऊ परिवहन को प्रोत्‍साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हाइड्रोजन रेलगाड़ी के बारे में और जानकारी दे रहे हैं हमारे सहयोगी कृष्णकांत शर्मा।

 

यह रेलगाड़ी जींद और सोनीपत के बीच अधिकतम 75 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलेगी। इसमें दो ड्राइवर पावर कार और आठ पैसेंजर कोच शामिल हैं, जिनकी कुल क्षमता दो हजार पांच सौ यात्रियों की है। इसकी कुल विद्युत क्षमता एक हजार दो सौ किलोवाट है। यह ट्रेन शून्य कार्बन उत्सर्जन करती है। इसकी परिचालन गति 110 से 140 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इसमें यात्रियों के लिए आधुनिक डिजिटल डिस्प्ले, ऑटोमैटिक दरवाजे और एयर कंडीशनिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। समाचार कक्ष से कृष्णकांत।

 

******

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सिक्किम की यात्रा के दूसरे दिन आज नाथुला दर्रे का दौरा करेंगी। राष्ट्रपति नाथुला में तैनात सैनिकों से बातचीत करेंगी। वरिष्ठ सैन्‍य अधिकारी उन्हें क्षेत्र में जारी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देंगे। राष्‍ट्रपति बाबा हरभजन मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगी।

 

******

 

अमरीकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने अमरीका और ईरान के बीच मध्यस्थता के लिए पाकिस्तान की भूमिका की आलोचना की है। उन्‍होंने कहा है कि इस्राएल के प्रति पाकिस्‍तान के लंबे समय से चले आ रहे विरोध के कारण उसे तटस्थ नहीं माना जा सकता।

 

श्री ग्राहम ने दावा किया कि ईरानी सैन्य विमान पाकिस्तानी हवाई अड्डे का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि इस्राएल के बारे में पाकिस्तानी नेताओं की टिप्पणियां चिंताजनक हैं।

 

ये टिप्पणियां पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ के एक टीवी चैनल को दिए गए साक्षात्कार में अब्राहम समझौते में पाकिस्तान के शामिल होने से इंकार करने के बाद आई है।

 

******

 

मौसम विभाग ने उत्तर भारत के अनेक राज्यों में तेज गर्मी का अनुमान व्यक्त किया है और महाराष्ट्र के विदर्भ में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है।

 

******

 

मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। और अगले दो से तीन दिनों तक दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना और उत्तराखंड में भी भीषण गर्मी की आशंका व्यक्त की है। वहीं, केरलम में मानसून एक या दो दिन की देरी से आ सकता है।

 

******

 

आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कल पहले क्वालीफायर मैच में गुजरात टाइटन्स को 92 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। 255 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटन्स 162 रन पर ही सिमट गई। प्रतियोगिता में आज सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा।

 

******

 

धन्यवाद मुनीष, देश की राजधानी से प्रकाशित सभी हिंदी समाचार पत्रों ने क्वाड समूह की एकजुटता और सीमावर्ती क्षेत्रों में घुसपैठ रोकने के लिए सख्ती को सुर्खियों में जगह दी है। साथ ही कई स्थानीय मुद्दे भी मुख पृष्ठ पर प्रमुखता से प्रकाशित किए गए हैं।

 

वीर अर्जुन की सुर्खी है- क्वाड हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बढाएगा निगरानी। पत्र ने भारत, अमरीका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्रियों की तस्वीर को भी समाचार के साथ प्रमुखता से प्रकाशित किया है।

 

दैनिक भास्कर ने घुसपैठ से निपटने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति के गठन संबंधी अमित शाह के ऐलान को सुर्खी बनाया है।

 

पंजाब केसरी ने अपने संपादकीय को शीर्षक दिया है- धर्मशाला नहीं है भारत। पत्र लिखता है- जनसांख्यिकीय संरचना बदल जाने से स्थानीय समुदायों में यह भावना बढ़ रही है कि घुसपैठिये सरकारी योजनाओं और राजनीतिक संरक्षण का लाभ उठा रहे हैं, जिससे भाषा और भूमि को लेकर तनाव बढ़ रहा है।

 

जनसत्ता ने दिल्ली में सीएनजी के दाम दो रूपये प्रति किलोग्राम और बढ़ाए जाने को पहली खबर बनाया है। अमर उजाला ने भी इस खबर को पहले पन्ने पर सबसे ऊपर जगह दी है। जबकि दैनिक ट्रिब्यून ने दिल्ली रेस क्लब को राहत न मिलने और जिमखाना पर सरकार के कुछ नर्म रुख को पहली खबर बनाया है।

 

******

 

मुख्य समाचार एक बार फिरः 

  1. केंद्र सरकार ने घुसपैठ और अन्य कारणों से जनसंख्‍या आंकड़ों में परिवर्तन का अध्ययन करने के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन किया
  2. सर्वोच्च न्यायालय एसआईआर को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर आज फैसला सुनाएगा।
  3. सीबीएसई ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही उन अफवाहों को खारिज किया है जिनमें उसके ऑनस्क्रीन मार्किंग सिस्टम के उल्लंघन की बात कही गई थी।
  4. मौसम विभाग ने उत्‍तर भारत के अनेक राज्‍यों में तेज़ गर्मी का अनुमान व्‍यक्‍त किया, महाराष्‍ट्र के विदर्भ में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी।
  5. नासा ने चंद्रमा पर अपना केंद्र बनाने के लिए भेजे जाने वाले रोबोटिक लैंडर्स, हॉपिंग ड्रोन और अन्य वाहनों का विवरण जारी किया ।
  6. आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले क्वालीफायर मैच में गुजरात टाइटन्स को 92 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

******

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.