मुख्य समाचार
- क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक आज नई दिल्ली में होगी।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज सिक्किम की तीन दिन की यात्रा पर रवाना होंगी।
- जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में गोंडोला में तकनीकी खराबी के बाद फंसे तीन सौ से अधिक पर्यटकों को सुरक्षित बचाया गया।
- विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इबोला वायरस को स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया। डीजीसीए ने एयरलाइंस को जारी किए निर्देश।
- दिल्ली में प्रति किलोग्राम सीएनजी की कीमत दो रुपये बढ़ी।
- भारत ने सैफ महिला फुटबॉल चैंपियनशिप में मॉलदीव को 11-शून्य से हराया।
- आईपीएल क्रिकेट क्वालीफायर वन में, आज शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना गुजरात टाइटन्स से।
**************
विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रह्मण्यम जयशंकर आज नई दिल्ली में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक की मेज़बानी करेंगे। बैठक में ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग, जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो हिस्सा लेंगे।
बैठक में क्वाड सहयोग को आगे बढ़ाने, विभिन्न पहलों की प्रगति की समीक्षा करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र से जुड़े ताज़ा घटनाक्रमों पर चर्चा होगी।
इस साल क्वॉड विदेश मंत्रियों की बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब विश्व भर में अनिश्चितता का माहौल है और पश्चिम एशिया में संकट गहराया हुआ है। भारत, अमरीका, ऑस्ट्रेलिया और जापान को मिलाकर बना क्वॉड एक आम समूह के तौर पर उभरा है। जिसका मुख्य उद्देश्य हिन्दप्रशांत क्षेत्र में शांति सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखना है। इस समूह के मौजूदा अध्यक्ष के तौर पर भारत इस बैठक की मेजबानी कर रहा है। क्वाड देशों ने दुनिया की भलाई के लिए मिलकर काम करने और एक ऐसे खुले स्वतंत्र और समावेशी हिंद प्रशांत क्षेत्र का समर्थन करने का संकल्प लिया है जो समृद्ध और मजबूत हो। क्वाड ने एक सकारात्मक और व्यावहारिक एजेंडा अपनाया है, जिसमें स्वास्थ्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन तथा उभरती टेक्नोलॉजी और क्षेत्रीय देशों की समुद्री क्षेत्र से जुड़ी जागरूकता को बढ़ाने जैसे समकालीन मुद्दों तथा चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित किया गया है। सुपर्णा सैकिया के साथ आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
**************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से तीन दिन की सिक्किम यात्रा पर रहेंगी। गंगटोक से हमारे संवाददाता ने बताया है कि राष्ट्रपति अपनी यात्रा के दौरान कई कार्यक्रमों में भाग लेंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज सिक्किम यात्रा के पहले दिन देवराली में नामग्याल इंस्टीट्यूट ऑफ तिब्बतोलॉजी का दौरा करेंगी और गंगटोक में महिलाओं के लिए पिंक बसों को हरी झंडी दिखाएंगी। कल वे नाथुला का दौरा करेंगी और साथ ही गंगटोक में सिक्किम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी। अपनी यात्रा के अंतिम दिन, राष्ट्रपति मुर्मु गंगटोक के पालजोर स्टेडियम में सिक्किम पुलिस को प्रेजिडेंट ऑफ इंडिया के पुलिस कलर मेडल प्रदान करेंगी। मानस प्रतिम सरमा, आकाशवाणी समाचार, गंगटोक
राष्ट्रपति भवन में कल नागरिक अलंकरण समारोह भी आयोजित किया गया। जिसमें इस वर्ष के पद्म पुरस्कार प्रदान किए।
**************
गृह मंत्री अमित शाह अगले कुछ दिन सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा करेंगे। श्री शाह दो दिन की यात्रा पर आज राजस्थान के बीकानेर पहुंच गए हैं। इस दौरान उनका सशस्त्र बलों से बातचीत करने और उनके लिए कल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन करने का कार्यक्रम है। श्री शाह 29 मई को गुजरात जाएंगे।
**************
आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा है कि सरकार, योग और प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से चिकित्सा सेवाओं को मजबूत कर रही है।
नई दिल्ली में आयुष मंत्रालय की संसदीय सलाहकार समिति की बैठक में श्री जाधव ने कहा कि योग और प्राकृतिक चिकित्सा भारत की प्राचीन पद्धति हैं और अब यह वैश्विक स्वास्थ्य अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहे हैं।
**************
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ओटावा में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से द्विपक्षीय चर्चा की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं। साथ ही भारत-कनाडा व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता- CEPA को जल्द पूरा करने पर सहमति जताई गई।
**************
नागर विमानन महानिदेशालय ने इबोला वायरस को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं। यह कदम विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा कांगो और युगांडा में इबोला वायरस को अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किए जाने के बाद उठाया गया है।
नागर विमानन महानिदेशालय ने कहा है कि युगांडा और कांगो से जुड़ी उड़ानों का संचालन करने वाली एयरलाइंस को यात्रियों के विमान से उतरने से पहले उनसे यात्री जानकारी फॉर्म भरवाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा उड़ान के दौरान यात्रियों को बुखार, कमजोरी, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द, गले में खराश, उल्टी या दस्त जैसे लक्षण होने पर अधिकारियों को जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। विमान में संदिग्ध मरीज मिलने पर उसे विमान के पिछले हिस्से में अलग रखने और आसपास की सीटें खाली रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। एयरलाइंस को मास्क, दस्ताने, पीपीई किट, सैनिटाइजर जैसी जरूरी साम्रगी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। आनंद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं जया भारती।
**************
दिल्ली में सीएनजी के दाम में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। आज सुबह 6 बजे से लागू इस नई दर के बाद राष्ट्रीय राजधानी में सीएनजी की नई कीमत 83 रुपये 9 पैसे प्रति किलोग्राम हो गई है।
**************
जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में गोंडोला रोपवे में तकनीकी खराबी आने के बाद फंसे सभी पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, रोपवे की 65 केबिनों में तीन सौ से अधिक पर्यटक फंस गए थे। एन.डी.आर.एफ, एस.डी.आर.एफ, पुलिस, सेना और प्रशासन ने संयुक्त रूप से करीब सात घंटे तक बचाव अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
**************
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में सुरक्षा बलों ने डोरिमल वन क्षेत्र में आतंकियों के एक ठिकाने को ध्वस्त कर दिया है। यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन शेरुवाली’ के तहत चल रहे तलाशी अभियान के दौरान हुई। ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
**************
पंजाब में नगर निगम चुनावों के लिए मतदान शुरू हो गया है। राज्य में 8 नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 20 नगर पंचायतों के लिए वोट डाले जा रहे हैं।
राजनैतिक पार्टियों द्वारा, 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले हो रहे इन नगर निकाय चुनावों पर, एक अहम राजनीतिक संकेत के तौर पर बारीकी से नज़र रखी जा रही है। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, पूरे राज्य में कुल 1,896 वार्डों से 7,555 उम्मीदवार मैदान में हैं। सभी नगर निकायों में आदर्श आचार संहिता पहले से ही लागू है। मतदाताओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए, पंजाब सरकार ने आज सभी के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। मतों की गिनती शुक्रवार, 29 मई को होगी। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार, जालंधर।
**************
उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्राम पंचायतों के नए निकाय गठित होने तक या अधिकतम छह महीने की अवधि के लिए निवर्तमान ग्राम प्रधानों को ग्राम पंचायतों का प्रशासक नियुक्त किया है। राज्य की ग्राम पंचायतों के प्रधानों का कार्यकाल आज समाप्त हो रहा है। निवर्तमान प्रधान स्वयं पंचायतों का प्रशासन संभालेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार, सभी जिला मजिस्ट्रेटों को ग्राम पंचायतों में निवर्तमान प्रधानों को प्रशासक के रूप में नामित करने का अधिकार दिया गया है। ये निवर्तमान प्रधान कल से प्रशासक के रूप में कार्यभार संभालेंगे। प्रशासकों को केवल नियमित और दैनिक कार्यों को करने की अनुमति होगी तथा उन्हें कोई भी नीतिगत निर्णय लेने की अनुमति नहीं होगी। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी परिस्थिति में कोई नीतिगत निर्णय आवश्यक हो, तो जिला मजिस्ट्रेट की स्वीकृति के बाद ही निर्णय लिया जा सकता है। ग्राम पंचायत के प्रधानों का कार्यकाल पांच वर्ष का होता है। कार्यकाल समाप्त होने के बाद और पंचायतों के प्रधान बनने तक राज्य सरकार को प्रशासकों की नियुक्ति करने का अधिकार है। सुशील चन्द्र तिवारी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं पायल शर्मा।
**************
भारत सहित दुनिया भर से सऊदी अरब पहुंचे लाखों जायरीन पवित्र हज यात्रा कर रहे हैं। पांच दिन के हज के पहले दिन, कल हजयात्री मीना के टेंट सिटी में एकत्रित हुए।
पवित्र हज यात्रा पर पहुंचे ज़ायरीन, आज पूरा दिन अराफ़ात के मैदान में इबादत और दुआओं में बिताएंगे। इसके बाद हजयात्री निमरा मस्जिद में हज का विशेष संदेश, खुत्बा-ए-हज सुनेंगे और दोपहर तथा शाम की नमाज़ एक साथ अदा करेंगे। सूर्यास्त के बाद वे मुज़दलिफ़ा के लिए रवाना होंगे। कल सुबह जायरीन मीना लौटेंगे, जहां वे कुर्बानी और कंकड मारने की प्रतीकात्मक रस्म अदा करेंगे। समाचार कक्ष से कलीम अहमद।
**************
अमरीकी सेना ने ईरान के साथ जारी संघर्ष विराम के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरान के मिसाइल प्रक्षेपण स्थलों और नावों को निशाना बनाया है।
यह घटनाक्रम तब सामने आया है जब अमरीका और ईरान के बीच संघर्ष विराम वार्ता में कुछ प्रगति की खबरें आई हैं।
**************
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान युद्ध समाप्त करने के लिए किसी भी समझौते में सऊदी अरब और पाकिस्तान सहित कई देशों को अब्राहम समझौते में शामिल किया जाना चाहिए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में श्री ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत अच्छी तरह आगे बढ़ रही है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी है कि या तो यह बातचीत शांति समझौते में बदलेगी या फिर पहले से भी बड़े संघर्ष की स्थिति का कारण बनेगी।
अब्राहम समझौता अमरीका की मध्यस्थता में 2020 में हुआ ऐतिहासिक शांति समझौता है। जिसका मुख्य उद्देश्य इस्राएल और कई अरब तथा मुस्लिम देशों के बीच संबंध सामान्य बनाने के लिए शुरू किया गया था।
**************
ब्राज़ील सरकार ने अमेज़न वर्षावन क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 61 करोड़ 75 लाख अमरीकी डॉलर आवंटित किए हैं। यह निवेश पिछले वर्ष के कॉप-30 सम्मेलन के दौरान घोषित इको इन्वेस्ट कार्यक्रम का हिस्सा है।
**************
जी फरहत खेल खबरों में शुरुआत फुटबॉल से। भारत ने कल गोवा में सैफ महिला चैम्पियनशिप के ग्रुप–बी मुकाबले में मॉलदीव को 11-शून्य से हरा दिया। अविका सिंह ने चार गोल किए। प्रियंका नोरेम और करिश्मा ने दो–दो गोल दागे। पांच बार की चैम्पियन भारतीय टीम का अगला मुकाबला रविवार को बांग्लादेश से होगा।
और अगर बात करें क्रिकेट की तो आईपीएल के क्वालीफायर-वन मुकाबले में आज मौजूदा चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। मैच धर्मशाला में शाम साढ़े सात बजे से शुरू होगा। इस मुकाबले की विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जबकि हारने वाली टीम को क्वालीफायर-टू में एक और मौका मिलेगा।
उधर, सिंगापुर में आज से शुरू हो रहे सिंगापुर ओपन सुपर-750 टूर्नामेंट में लक्ष्य सेन और पी–वी सिंधु भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। पुरुष सिंगल्स में लक्ष्य सेन, एच–एस प्रणॉय, किदांबी श्रीकांत और आयुष शेट्टी वहीं, महिला सिंगल्स में पी–वी सिंधु, उन्नति हुड्डा और मालविका बंसोड़ चुनौती पेश करेंगी। पुरुष डबल्स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी तथा मिक्स्ड डबल्स में तनीषा क्रास्टो–ध्रुव कपिला और रोहन कपूर– रुथविका शिवानी गड्डे की जोड़ियां भी अपना–अपना दावा पेश करेंगी। जी फरहत खेल जगत से बस आज इतना ही।
**************
मौसम विभाग ने आज दिल्ली में भीषण गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी में कल तक लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पंजाब, उत्तर प्रदेश, विदर्भ और पश्चिम राजस्थान में आज भी भीषण लू चल सकती है। छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, उत्तराखंड और पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी इसी तरह की स्थिति बनी रहेगी।
**************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा कला, खेल और विज्ञान सहित कई क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विभूतियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित करने की खबर आज हिंदुस्तान सहित कई अखबारों में है। पत्र लिखता है – पैरा खिलाड़ी प्रवीण कुमार को पद्म श्री सम्मान। अमर उजाला ने पुद्दुचेरी के पारंपरिक मार्शल आर्ट विशेषज्ञ के. पजनीवेल के पद्म श्री सम्मान ग्रहण करने से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दण्डवत प्रणाम करने और प्रधानमंत्री के तुरंत कुर्सी से उठकर उनको उठाने का चित्र प्रकाशित किया है। धर्मेन्द्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण सम्मान, धर्मपत्नी हेमा मालिनी ने भावुक होकर ग्रहण किया सम्मान देशबंधु में है।
जनसत्ता ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़ने का समाचार आंकड़ों सहित प्रकाशित किया है। दस दिन में चौथी बार, अब दिल्ली में भी कीमत सौ पार। पत्र ने वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन के शब्द भी दिए हैं – ईंधन, उर्वरक और विदेशी मुद्रा संरक्षण पर ध्यान देने की जरूरत।
क्वाड बैठक आज, चीन की चुनौती पर होगी बात.. पश्चिम एशिया संकट के बीच दिल्ली में हो रही है मीटिंग, नवभारत टाइम्स की सुर्खी है।
नीट पेपर लीक मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, सरकार से मांगा जवाब, एनटीए ने कोई सबक नहीं सीखा, लोकसत्य ने सुनवाई शीर्षक से खबर प्रकाशित की है।
राजस्थान पत्रिका ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो – एनसीआरबी की रिपोर्ट प्रकाशित की है – महिला अपराध के मामलों में देशभर में मध्य प्रदेश की हालत चिंताजनक, प्रदेश में हर रोज दर्ज हो रहे दहेज प्रताड़ना के 20 प्रकरण।
दैनिक जागरण ने आज अपने संपादकीय पन्ने पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन का लेख प्रकाशित किया है। शीर्षक है – विकसित भारत के निर्माण की राह। संपादक ने अपने लेख में स्वामी विवेकानंद के शब्दों को अहमियत दी है। उठो जागो और लक्ष्य प्राप्त होने तक मत रुको। संपादक ने आयुष्मान भारत योजना, चंद्रयान तीन की सफल लांचिंग और ए.आई में भारत को वैश्विक कम्पनियों में अहमियत मिलने से लेकर भारत की प्रगति पर चर्चा की है।
**************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक आज नई दिल्ली में होगी।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज सिक्किम की तीन दिन की यात्रा पर रवाना होंगी।
- जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में गोंडोला में तकनीकी खराबी के बाद फंसे तीन सौ से अधिक पर्यटकों को सुरक्षित बचाया गया।
- विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इबोला वायरस को स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया। डीजीसीए ने एयरलाइंस को जारी किए निर्देश।
- दिल्ली में प्रति किलोग्राम सीएनजी की कीमत दो रुपये बढ़ी।
- भारत ने सैफ महिला फुटबॉल चैंपियनशिप में मॉलदीव को 11-शून्य से हराया।
- और आईपीएल क्रिकेट क्वालीफायर वन में, आज शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना गुजरात टाइटन्स से।