May 25, 2026 8:53 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  1. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी।

  2. गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – सरकार ने सभी जनजातीय समुदायों को समान नागरिक संहिता के दायरे से बाहर रखा।

  3. पेट्रोल की कीमत में 2 रुपये 61 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 2 रुपये 71 पैसे की वृद्धि।

  4. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने 28 मई को होने वाली सीयूईटी स्‍नातक परीक्षा 2026 स्थगित की।

  5. विदेश मंत्री सुब्रहमण्यम जयशंकर ने कहा – भारत और अमरीका आतंकवाद के सभी रूपों से लड़ने के लिए तत्‍पर।

  6. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा – भारत उन पर विश्‍वास कर सकता है और वह प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के बड़े प्रशंसक हैं।

  7. आईपीएल क्रिकेट में, डेल्ही कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 40 रनों से हराया।

अब समाचार विस्‍तार से…

 

*******

     

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज राष्‍ट्रपति भवन में वर्ष 2026 के पद्म पुस्‍कार प्रदान करेंगी। समारोह में उपराष्‍ट्रपति सी. पी. राधाकृष्‍णन, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह भी उपस्थित रहेंगे।

       

दो पद्म विभूषण, छह पद्म भूषण और 58 पद्मश्री सहित 86 अलंकरण आज दिए जायेंगे। राष्‍ट्रपति ने वर्ष 2026 के लिए 131 पद्म पुरस्‍कारों की स्‍वीकृति दी थी। इनमें पांच पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्मश्री शामिल हैं। हमारी संवाददाता ने बताया है कि शेष पद्म पुरस्‍कार समारोह के दूसरे दौर में दिए जायेंगे।

 

 

इस वर्ष, भारत सरकार ने कुल 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की है। जिसमें पांच पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्मश्री पुरस्कार शामिल हैं। पुरस्कार पाने वालों में 19 महिलाएं हैं, जबकि 16 लोगों को मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा। पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं। जिसकी शुरुआत वर्ष 1954 में हुई थी और प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर इनकी घोषणा की जाती है। यह पुरस्कार कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान, इंजीनियरिंग, जन सेवा, व्यापार और उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट और विशिष्ट योगदान के लिए दिए जाते हैं। सौम्या श्ररण, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

*******

     

आकाशवाणी से पीपल्स पद्म ऑन आकाशवाणीश्रृंखला के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम प्रसारित किये जा रहे हैं।

     

कार्यक्रम में प्रति दिन अलग-अलग पद्म पुरस्कार विजेता के जीवन और कृतित्व की जानकारी दी जाती है। कार्यक्रम सुबह 9 बजकर 10 मिनट से आकाशवाणी के एफएम गोल्ड चैनल पर प्रसारित किया जाएगा। इसे न्यूज़ ऑन एआईआर ऐप और न्यूज़ ऑन एआईआर ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर भी सुना जा सकता है।

 

*******

     

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार ने सभी जनजातीय समुदायों को समान नागरिक संहिता के दायरे से बाहर रखने के विशेष प्रावधान किए हैं। इसका उद्देश्‍य उनके अधिकारों को पूरी तरह संरक्षित रखना है। श्री शाह ने यह बात नई दिल्‍ली में कल जनजातीय सांस्‍कृतिक समागम में कही।

 

 

नरेन्द्र मोदी सरकार के गृहमंत्री के नाते स्पष्ट कर देना चाहता हूं, यूसीसी की कोई पाबंदी वनवासी जगत पर वनवासी व्यक्ति पर लगने वाली नहीं, यूसीसी से कोई वनवासी अधिकारों का अतिक्रमण नहीं होने वाला है।

 

     

गृहमंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसामुंडा की विरासत का उल्‍लेख करते हुए कहा कि उन्‍होंने संदेश दिया था कि वन भूमि पर जनजातीय समुदाय का स्‍वामित्‍व होना चाहिए। श्री शाह ने कहा कि नरेन्‍द्र मोदी सरकार ने जनजातीय कल्याण के लिए बजट बढ़ाने का काम किया है।

 

 

नरेन्द्र मोदी जी ने एक प्रकार से जनजाति कल्याण को आगे बढ़ाने का काम किया है। कांग्रेस के जमाने में जनजातियों के कल्याण का कुल बज़ट 28 हज़ार करोड़ था और नरेन्द्र मोदी जी ने उसको एक लाख पच्चास हज़ार करोड़ तक बढ़ाने का काम किया है।

 

*******

     

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने फाल्ता विधानसभा सीट एक लाख से अधिक वोटों से जीत ली है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के शंभुनाथ कुर्मी को एक लाख नौ हजार 21 वोटों से हराया।

 

     

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान फाल्ता में मतदान में धांधली के बाद निर्वाचन आयोग ने इस सीट पर पुनर्मतदान के आदेश दिए थे।

 

*******

     

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने फाल्‍ता विधानसभा चुनाव रिकॉर्ड अंतर से जीतने पर देबांग्‍शु पांडा को बधाई दी है।

 

*******

     

पेट्रोल की कीमतों में आज दो रुपये 61 पैसे और डीजल में दो रुपये 71 पैसे प्रति लीटर की बढोत्‍तरी की गयी है। पेट्रोल और डीजन के मूल्य में यह पिछले दो सप्‍ताह में चौथी वृद्धि है। अब दिल्‍ली में पेट्रोल 102 रुपये 12 पैसे प्रति लीटर और डीज़ल 95 रुपये 20 पैसे प्रति लीटर मिलेगा।

 

*******

     

राष्‍ट्रीय परीक्षा एजेंसी- एनटीए ने 28 मई को होने वाली संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा की तिथि आगे बढ़ा दी है। एनटीए ने कहा कि बकरीद की तिथि में बदलाव के कारण यह निर्णय लिया गया है। संशोधित परीक्षा तिथि की सूचना शीघ्र ही दी जाएगी।

 

*******

     

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बारहवीं की बोर्ड परीक्षा की स्‍कैन उत्तर पुस्तिकाओं को प्राप्त करने की अंतिम तिथि आज तक के लिये बढ़ा दी है। बोर्ड ने कहा कि छात्रों को आवेदन करने का पर्याप्त समय देने के लिए यह फैसला किया गया। स्कैन कॉपी उपलब्ध कराने के बाद भी पोर्टल दो दिन तक खुला रहेगा। बोर्ड ने बताया कि पुनर्मूल्यांकन के लिये आवेदन करने की तारीख शीघ्र घोषित की जाएगी।

 

*******

     

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहमण्यम जयशंकर ने कहा है कि भारत और अमरीका आतंकवाद के हर रूप का मुकाबला करने को तत्‍पर है। नई दिल्‍ली में कल अमरीका के 250वें स्‍वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों को आतंकवाद को कतई बर्दाश्‍त न करने की नीति पर दृढ़ रहना होगा।

 

 

भारत और अमरीका आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ लडाई लड़ रहे हैं। आतंकवाद के खिलाफ हमारी कतई बर्दाश्त न करने की नीति रही है। ऐसा इसलिए है कि आतंकवाद के खिलाफ आपसी सहयोग बहुत जरूरी है। हमारे संबंधों में आपसी सहयोग की बहुत बड़ी भूमिका है। यह हमारी राजनीति समझ को बनाने में सेतु का काम करता है।

 

     

डॉ जयशंकर ने कहा कि वैश्विक अर्थव्‍यवस्‍था को जोखिम से बचाने और विश्‍व को अधिक विकल्‍प उपलब्‍ध कराने में दोनों देशों का हित है। विदेश मंत्री ने कहा कि अनेक स्थितियों में दोनों देशों को विभिन्‍न क्षेत्रों में प्रभावी रणनीतिक साझेदार बनाया है।

 

*******

     

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कल नई दिल्ली के भारत मंडपम में अमरीका के 250वें  स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में अमरीकी राजदूत सर्जियो गोर को फोन किया। श्री ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी का “बहुत बड़ा प्रशंसक” बताते हुए कहा कि वे भारत से प्रेम करते हैं और भारत उन पर शत प्रतिशत भरोसा कर सकता है।

 

*******

     

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने अपने प्रतिनिधियों को ईरान के साथ किसी समझौते में जल्दबाजी नहीं करने को कहा है। तीन महीने से जारी संघर्ष में अमरीकी प्रशासन ने फिलहाल किसी बड़े समझौते की संभावना से इंकार किया है। श्री ट्रंप ने कहा कि उनके प्रशासन के अंतर्गत ईरान के साथ किसी भी संभावित समझौते में कोई वित्तीय छूट नहीं दी जाएगी।

 

 

मीडिया के अनुसार, विचाराधीन समझौते में 60 दिन के लिए युद्धविराम बढ़ाना, होर्मुज जलडमरूमध्य फिर खोलना और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर आगे की बातचीत शामिल है। हालांकि इस प्रस्‍ताव को लेकर रिपब्लिकन पार्टी में भी मतभेद है, कुछ का कहना है कि यह प्रस्‍ताव ईरान के प्रति बहुत नरम रुख अपनाता है। सीनेटर टेड क्रूज़ ने इसे एक बड़ी गलती बताया है, जबकि सीनेट सशस्त्र सेवा समिति के अध्यक्ष रोजर विकर ने कहा कि 60 दिन का युद्धविराम ऑपरेशन एपिक फ्यूरी की उपलब्धियों को निरर्थक कर देगा। विदेश मामलों की समिति के प्रतिनिधि माइक लॉलर ने कहा कि अमरीकी प्रशासन ईरान को बातचीत करने के लिए विवश करने में सफल रहा है। अमरीका और इस्राएल ने 28 फरवरी को ईरान पर व्यापक हमले शुरू किए थे। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।

 

*******

     

पांच दिन की वार्षिक हज यात्रा, आज से शुरू हो रही है। भारत सहित पूरे विश्व से मुस्लिम समुदाय के दस लाख साठ हजार से अधिक लोग मक्‍का से हज यात्रा शुरू करेंगे और सउदी अरब के मिना में एकत्र होंगे। इस वर्ष हज में भारत से लगभग एक लाख 75 हजार जायरीन भाग ले रहे हैं।

 

*******

     

मौसम विभाग ने दिल्‍ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कई भागों के लिये लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजस्‍थान, मध्‍यप्रदेश, उत्‍तर प्रदेश, बिहार, छत्‍तीसगढ़, तटवर्ती आंध्रप्रदेश, झारखंड, ओडीशा और तेलंगाना में भी भीषण गर्मी का अनुमान है। पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में गर्मी और उमस रहेगी।

 

     

पूर्वोत्‍तर भारत, पश्चिम बंगाल के उप हिमालयी क्षेत्र, सिक्किम, केरल, माहे, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में तेज बारिश हो सकती है। जम्‍मू-कश्‍मीर, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम, मेघालय, बिहार, पूर्वी उत्‍तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और लक्षद्वीप में गरज के साथ आंधी और वर्षा का अनुमान है।

 

*******

     

आईपीएल क्रिकेट के अंतिम लीग मैच में डेल्‍ही कैपिटल्‍स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 40 रन से हरा दिया। कोलकाता में कल डेल्‍ही कैपिटल्‍स के 204 रन के लक्ष्‍य के जवाब में कोलकाता की 163 रन पर सिमट गई। कुलदीप यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

 

     

एक अन्‍य मुकाबले में राजस्‍थान रॉयल्‍स ने मुंबई इंडियंस को 30 रन से हरा दिया। इसके साथ ही राजस्थान रॉयल्स प्ले ऑफ में पंहुचने वाली चौथी टीम बन गयी है।

     

पहले क्‍वालीफायर मुकाबले में कल रॉयल्‍स चैलेंजर्स बैंगलुरू का मुकाबला गुजरात टाइटन्‍स से होगा।

 

*******

     

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे पब्लिक स्‍पीक कार्यक्रम में, वरिष्‍ठ नागरिकों को एकीकृत डिजिटल सहायता प्रदान करने की पहल – जीवन और शतायु ऐप पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में संयुक्त सचिव मोनाली पी. ढाकाटे परिचर्चा में भाग लेंगी।

 

*******

     

धन्यवाद मुकेश, भारत और अमरीका के विदेश मंत्रियों की बैठक पर हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है- होर्मुज सबके लिए खुला रहे, विदेश मंत्री जयशंकर और मार्को रूबियो ने बैठक के बाद जताई सहमति। पत्र के अनुसार ईरान बोला नियंत्रण हमारा ही रहेगा। नवभारत टाइम्‍स के अनुसार कड़े वीजा नियम पर यू.एस. ने कहा भारत टारगेट नहीं। जनसत्ता लिखता है- भारत-अमरीका व्‍यापार समझौता को जल्‍द अंतिम रूप मिलेगा।

     

पंजाब केसरी ने डॉनल्‍ड ट्रंप के हवाले से दिया है- 60 दिन के सीजफायर पर लगभग सहमति, होर्मुज जलडमरू मध्‍य खोला जाएगा, ईरान यूरेनियम प्रोग्राम छोड़ने को तैयार, पेजेश्कियन बोले हम- परमाणु हथियार नहीं चाहते।

     

नवभारत टाइम्स ने सबसे बड़ी राहत शीर्षक से संपादकीय में लिखा है- अमरीका और ईरान के बीच होर्मुज खोलने के लिए सैद्धांतिक सहमति बनना पूरी दुनिया के लिए बहुत बड़ी राहत है। हालांकि ईरान के पास मौजूद एनरिच्ड यूरेनियम समेत कुछ संवेदनशील मुद्दों पर अभी सहमति नहीं बन पाई है। फिर भी संकेत बताते हैं कि दोनों पक्ष इस बार मामले को सुलझाने के लिए गंभीर हैं। 

     

लोकसत्‍य ने एतिहासिक जीत शीर्षक से लिखा है- पश्चिम बंगाल में ममता का आखिरी किला ढहा, फालता में भाजपा की एक लाख वोटों से विजय। दैनिक जागरण ने घुसपैठियों की वापसी शीर्षक से लिखा है- यह अच्छा है कि पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार पहले दिन से ही राज्य के हालात सुधारने वाले ठोस फैसले लगातार ले रही है। ऐसी समय की मांग भी है क्योंकि ममता बैनर्जी ने 15 साल के शासन में राज्य को पटरी से उतारने का काम किया था।

     

देशबंधु की सुर्खी है- पाकिस्तान के बलूचिस्तान में ट्रेन विस्फोट, 30 की मौत, 100 से अधिक घायल, प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन बी.एल.ए. ने ली हमले की जिम्मेदारी। 

     

राजस्‍थान पत्रिका ने विडंबना शीर्षक से लिखा है- फीस से ज्‍यादा स्‍कूल आने-जाने और किताब- यूनिफॉर्म का खर्च, कई राज्‍यों में स्‍कूल ट्रॉन्‍सपोर्ट सबसे बड़ा बोझ, आंकड़े बता रहे- कहां है सुधार की जरूरत।

     

दैनिक भास्‍कर ने री-इवैल्‍युएशन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 मई करने की खबर मुख पृष्‍ठ पर दी है। पत्र के अनुसार ने स्‍कैन कॉपी आने के बाद दो दिन और मिलेंगे।

     

अमर उजाला की सुर्खी है- नौतपा आज से शुरू ……… कई राज्‍यों में पारा 46 डिग्री के पार, शुक्रवार तक राहत नहीं, उत्तर प्रदेश में लू और आंधी की दोहरी मार, 46 दशमलव आठ डिग्री के साथ बांदा सबसे गर्म।

*******

अंत में मुख्य समाचार :

 

  1. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी।

  2. गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – सरकार ने सभी जनजातीय समुदायों को समान नागरिक संहिता के दायरे से बाहर रखा है।

  3. पेट्रोल की कीमत में 2 रुपये 61 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 2 रुपये 71 पैसे की वृद्धि।

  4. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने 28 मई को होने वाली सीयूईटी स्‍नातक परीक्षा 2026 स्थगित की।

  5. विदेश मंत्री सुब्रहमण्यम जयशंकर ने कहा – भारत और अमरीका आतंकवाद के सभी रूपों से मुकाबले के लिए तत्‍पर।

  6. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा – वे प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के बड़े प्रशंसक हैं और भारत उन पर पूरी तरह विश्‍वास कर सकता है।

  7. आईपीएल क्रिकेट में, डेल्ही कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 40 रनों से हराया।

*******