May 24, 2026 9:38 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

 

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर आज नई दिल्ली में अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

 

पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना जुलाई से लागू होगी। स्वास्थ्य साथी योजना के लाभार्थी  भी इसमें शामिल होंगे।

 

महाराष्‍ट्र विशेष जांच दल ने नाशिक टी.सी.एस. दुष्‍कर्म और धर्मांतरण मामले में चार आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया।

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने कहा- ईरान के साथ समझौते पर काफी हद तक सहमति बनी। होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना भी शामिल।

 

मौसम विभाग ने दिल्‍ली सहित उत्तरी, मध्‍य और पूर्वी भारत में आज भीषण लू की आशंका व्‍यक्‍त की।

 

और गुरिंदरवीर सिंह ने रांची में फेडरेशन कप में एथलेटिक्स में, राष्‍ट्रीय रिकॉर्ड के साथ पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता।

 

*******

 

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहमण्‍यम जयशंकर आज नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। वे क्षेत्रीय और वैश्विक शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों सहित कई विषयों पर चर्चा करेंगे। विदेश मंत्री रूबियो क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए चार दिन की यात्रा पर भारत पहुंचे हैं।

 

क्‍वाड विदेश मंत्रियों की बैठक मंगलवार को होगी। बैठक में विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर, ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग, जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो हिस्सा लेंगे। स्वतंत्र और मुक्त हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए क्‍वाड के परिकल्पना के अनुरूप, प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में क्‍वाड सहयोग को आगे बढ़ाने पर अपने विचार-विमर्श किया जाएगा, बैठक में क्‍वाड की वर्तमान पहलों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में हाल के घटनाक्रमों तथा आपसी चिंता के अन्य अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी। सुपर्णा सैकिया की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।

 

श्री रूबियो ने कल प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें रक्षा, रणनीतिक प्रौद्योगिकी, व्यापार और निवेश तथा ऊर्जा सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में हो रही प्रगति के बारे में जानकारी दी। श्री मोदी ने कहा कि भारत और अमरीका वैश्विक कल्याण के लिए मिलकर काम करते रहेंगे। प्रधानमंत्री ने शांति प्रयासों के लिए भारत के निरंतर समर्थन की बात दोहराई और बातचीत तथा कूटनीति के ज़रिए संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान की अपनी अपील को दोहराया।

 

विदेश मंत्री रूबियो ने पश्चिम एशिया की स्थिति सहित विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर अमरीकी दृष्टिकोण साझा किया। उन्होंने भारत को अमरीका का एक अत्यंत महत्वपूर्ण साझेदार बताया।

 

*******

 

इस बीच, श्री रूबियो ने  कहा है कि अमरीका जिस तरह से हिंद-प्रशांत क्षेत्र को देखता है, उसमें भारत की भूमिका सबसे अहम है। नई दिल्ली में अमरीकी दूतावास की सपोर्ट एनेक्स बिल्डिंग का उद्घाटन करते हुए श्री रूबियो ने कहा कि भारतीय कंपनियों ने अमरीका में 20 अरब डॉलर का निवेश किया है।

 

अब हमारे व्यापारिक संबंध और भी बढ़ गए हैं, इसमें भारतीय कंपनियों का अमेरीका में 20 अरब डॉलर से अधिक का निवेश शामिल है। हमने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सैन्य अभ्यासों के माध्यम से अपनी सुरक्षा साझेदारी को और भी मज़बूत बनाया है। निश्चित रूप से, इस महत्वपूर्ण रिश्ते को और मजबूत बनाने के लिए एक व्यवस्थित और सुरक्षित काउंसलर प्रणाली की अत्यंत आवश्यकता है।

 

*******

 

पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना इस वर्ष जुलाई से शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के साथ एक वर्चुअल बैठक के बाद कल कोलकाता में इसकी घोषणा की। राज्य की स्वास्थ्य योजना ‘स्वास्थ्य साथीके अंतर्गत मौजूदा लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया जाएगा। आयुष्मान भारत आरोग्य मंदिर के संबंध में अगले महीने सहमति पत्र पर नई दिल्ली में हस्ताक्षर किए जाएंगे। श्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों की संख्या मौजूदा 117 से बढ़ाकर 469 करने के संबंध में केंद्र सरकार को एक प्रस्ताव भेजा गया है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि अलीपुरद्वार, कलिम्पोंग और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में नए मेडिकल कॉलेज खोलने और उत्तर बंगाल के लिए एक नए एम्‍स का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजा गया है।

 

*******

 

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि स्वास्थ्य सेवा अवसंरचना के साथ-साथ स्वास्थ्य विशेषज्ञों और चिकित्सा पेशेवरों का प्रशिक्षण भी बहुत महत्वपूर्ण है। वे कल नई दिल्ली में राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान बोर्ड के 23वें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र और स्वस्थ भारत की परिकल्पना विकसित भारत का लक्ष्‍य प्राप्त करने में प्रमुख भूमिका निभाएगी।

 

हम सभी जानते है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतत्‍व में 2047 तक विकसित भारत बनाना है। जब हम 2047 तक विकसित भारत की बात करते है तो तब स्‍वास्‍थ्‍य और स्‍वस्‍थ भारत एक बहुत बडा फैक्‍टर है। क्‍योंकि जब हम स्वस्थ होंगे, तभी सफलता प्राप्‍त कर सकते है।

 

*******

 

सरकार ने विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025 के तहत व्यापक जन परामर्श के लिए मसौदा नियम प्रकाशित किए हैं। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने कहा कि कोई भी व्यक्ति, हितधारक, संगठन या संस्था 21 जून तक मसौदा नियमों पर आपत्ति या सुझाव प्रस्तुत कर सकते हैं। एक रिपोर्ट…

 

विकसित भारत की राम जी एक्ट ने 20 साल पुराने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम 2005 की जगह ली है। नए कानून के तहत अब एक वित्तीय वर्ष में रोजगार की गारंटी 100 दिनों से बढ़कर 125 दिन कर दी गई है। मंत्रालय के अनुसार इस कानून के मसौदा नियम धारा 33 और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत तैयार किए गए हैं। मंत्रालय ने बताया कि मसौदा नियमों को जनता से सुझाव और राय लेने के लिए सार्वजनिक किया गया है। इनमें संक्रमण प्रावधान नियम, राष्ट्रीय स्तर संचालन समिति नियम, केंद्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी परिषद नियम, प्रशासनिक खर्च नियम और शिकायत निवारण नियम शामिल हैं। नए कानून में मजदूरी का भुगतान समय पर, पारदर्शी और जवाब देही के साथ करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके अलावा तय समय के भीतर काम नहीं मिलने पर बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान किया गया है। वीबी जी राम जी एक्ट 2025 को इस महीने की 11 तारीख को अधिसूचित किया गया था और यह इस साल 1 जुलाई से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लागू होगा। अक्षित वैद्यान आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

*******

 

महाराष्ट्र की नाशिक अदालत में विशेष जांच दल ने टी.सी.एस. कंपनी के एक केंद्र से संबंधित दुष्‍कर्म और धर्मांतरण मामले में एक हजार पांच सौ पन्नों का अभियोग पत्र दाखिल किया है। जांच दल के प्रमुख संदीप मिटके ने बताया कि कल चार आरोपियों, मतीन पटेल, निदा खान, दानिश शेख और तौसीफ अत्तर के खिलाफ अभियोग पत्र दाखिल किया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में अगले कुछ दिन में सात-आठ अन्य आरोपियों के खिलाफ अतिरिक्त आरोप पत्र दाखिल होने की संभावना है।

 

*******

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि इस्राएल से बातचीत के बाद ईरान के साथ एक समझौते पर काफी हद तक सहमति बन चुकी है। उन्‍होंने कहा कि समझौते में होर्मुज जलडमरूमध्य खोलना भी शामिल है। एक ऱिपोर्ट-

 

श्री ट्रंप ने कहा कि समझौते के अंतिम पहलुओं और विवरणों पर चर्चा जारी है और शीघ्र ही इसकी घोषणा की जाएगी, लेकिन उन्होंने समझौते की समय-सीमा के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि समझौते के बारे में इस्राएल के साथ सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, पाकिस्तान, तुर्किए, मिस्र, जॉर्डन और बहरीन से बात की गई है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाक़ाई ने इससे पहले अमरीकियों पर विरोधाभासी बयान देने का आरोप लगाया। अमरीका और ईरान के बीच आठ अप्रैल को युद्धविराम पर सहमति बनी थी और तब से दीर्घकालिक शांति समझौते के लिए बातचीत जारी है। अमरीका द्वारा ईरान के बंदरगाहों की नाकेबंदी के कारण ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है। समझौते को लेकर मुख्य रूकावटें, ईरान के परमाणु कार्यक्रम के भविष्य और होर्मुज जलडमरूमध्य पर उसके प्रभाव तथा क्षेत्र में अमरीकी सैन्य उपस्थिति से संबधित रही है। समाचार कक्ष से चन्द्रशेखऱ शर्मा।

 

*******

 

अमरीका में व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी की घटना हुई है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेर कर हाईअलर्ट जारी कर दिया है। इस बीच सीक्रेट सर्विस ने घटना स्थल के पास ही एक संदिग्ध व्यक्ति को गोली मार दी। इस दौरान एक नागरिक भी गोली लगने से घायल हो गया।

 

घटना के समय अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप व्हाइट हाउस में ही मौजूद थे।

 

*******

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल कल से भारतीय व्यापार जगत के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ कनाडा की तीन दिन की यात्रा पर रहेंगे। वाणिज्य मंत्रालय ने बताया कि श्री गोयल ओटावा और टोरंटो में द्विपक्षीय बैठक करेंगे। जिसका उद्देश्य व्यापार, निवेश और भारत-कनाडा व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते-सीईपीए पर चल रही बातचीत को आगे बढ़ाना है।

 

*******

 

मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ के कुछ क्षेत्रों में आज भीषण लू चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तेलंगाना, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों में ऐसा ही मौसम रहेगा।

 

*******

 

गुरिंदरवीर सिंह ने रांची में फेडरेशन कप एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पुरुषों की 100 मीटर स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया है। उन्होंने 10 दशमलव शून्‍य-नौ सेकंड के नए राष्ट्रीय कीर्तिमान के साथ यह उपलब्धि हासिल की। ​​गुरिंदरवीर का पिछला कीर्तिमान 10 दशमलव एक-सात सेकंड था। इस‍के साथ ही उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई कर लिया है। अनिमेष कुजूर ने 10 दशमलव दो-शून्‍य सेकंड के साथ रजत पदक जीता। प्रणव प्रमोद को 10 दशमलव दो-नौ सेकंड के साथ कांस्य पदक मिला।

 

*******

 

आईपीएल क्रिकेट में पंजाब किंग्‍स ने कल लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हरा दिया। प्रतियोगिता में आज दो मैच खेले जाएंगे। पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस का सामना राजस्‍थान रॉयल्‍स से होगा। यह मैच दोपहर साढे तीन बजें से मुम्‍बई में खेला जाएगा।

 

*******

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार को नागरिक अलंकरण समारोह में वर्ष 2026 के लिए पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। इस अवसर पर आकाशवाणी अपनी श्रृंखला आकाशवाणी पर पीपल्स पद्मके 16 कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहा है।

 

इस श्रृंखला में पद्म पुरस्कार विजेताओं के कार्यों और जीवन के बारे में जानकारी दी जाएगी। इनका प्रसारण कल और सोमवार को 100.1 आकाशवाणी गोल्ड पर किया जाएगा।

 

*******

 

समाचार पत्रों की सुर्खियों से

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के कल 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपने के दौरान यह कहना कि देश के नौजवानों को मिले ग्‍लोबल एक्‍सपोजर लोक सत्‍य में है। दैनिक जागरण की सुर्खी है- प्रधानमंत्री ने कहा- युवाओं को ध्‍यान में रखते हुए ही हमने किए हैं अंतरराष्‍ट्रीय समझौते।

 

अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियों के भारत दौरे को भी अखबारों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है। हिन्‍दुस्‍तान कहता है- मोदी से मिले रूबियो, अमरीका आने का न्‍यौता। नवभारत टाइम्‍स के अनुसार-रूबियो से मिलकर पी एम बोले बात से निकले संघर्ष का हल। रूबियो की भारत यात्रा पर दैनिक जागरण अपने संपादकीय में लिखता है कि उनके भारत दौरे की शुरूआत के बाद जिस तरह उन्‍होंने अपने समकक्ष से मिलने की परंपरा को तोडते हुए प्रधानमंत्री से मुलाकात की यह प्रतीत होना स्‍वभाविक है कि वे दोनों देशों के संबंधों को प्रगाढ़ करने में विशेष महत्‍व दे रहे हैं।

 

गृह मंत्री अमित शाह के महा प्‍लान स्‍मार्ट बोर्डर प्रोजेक्‍ट पर लोकसत्‍य ने संपादकीय में लिखा है कि गृह मंत्री की यह परियोजना वक्‍त की नजाकत को देखते हुए समीचीन है और भारत के लिए आवश्‍यक भी है। अखबार के अनुसार घुसपैठियों को रोकने के लिए हमारी सीमाएं मुस्‍तैद और सुरक्षित होनी जरूरी हैं।

 

केन्‍द्र सरकार का जिमखाना क्‍लब की जमीन पांच जून तक सरकार को सौंपने का समाचार अमर उजाला सहित सभी अखबारों में हैं। पंजाब केसरी के अनुसार सरकार का कहना है कि यह भू-खंड रक्षा बुनियादी ढांचे को मजबूत और सुरक्षित करने के लिए आवश्‍यक है।

 

केन्‍द्रीय माध्‍यमिक शिक्षा बोर्ड के 12वीं कक्षा की आंसर सीट की स्‍कैन कॉपी के लिए ऑन-लाइन आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दैनिक भास्‍कर ने विस्‍तार से दी है।

 

देश का बडा हिस्‍सा भीषण लू की चपेट में शीर्षक से जनसत्‍ता लिखता है – गर्म हवाओं से मस्तिष्‍क और आंखों पर पड रहा है बुरा असर। पत्र ने चिकित्‍सकों की इस सलाह को भी प्रमुखता दी है कि गंभीर सिर दर्द, चक्‍कर आना और बेहोशी जैसे लक्षण दिखते ही तुरंत डॉक्‍टर के पास जाना चाहिए।

 

राजस्‍थान पत्रिका ने इस वैश्विक अध्‍ययन को प्रमुखता से दिया है कि मुम्‍बई विश्‍वविद्यालय ने दुनिया को दिए 31 अरबपति। पत्र ने इसे भारतीय सपनों की जीत बताते हुए लिखा है- दुनिया में सबसे अधिक अरबपति बनाने वाली विश्‍वविद्यालयों की सूची में यह 10वें नम्‍बर पर पहुंच गया है।

 

*******

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

 

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर आज नई दिल्ली में अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

 

पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना जुलाई से लागू होगी। स्वास्थ्य साथी योजना के लाभार्थी भी इसमें शामिल होंगे।

 

महाराष्‍ट्र विशेष जांच दल ने नाशिक टी.सी.एस. दुष्‍कर्म और धर्मांतरण मामले में चार आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया।

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने कहा- ईरान के साथ समझौते पर काफी हद तक सहमति बनी। होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना भी शामिल।

 

मौसम विभाग ने दिल्‍ली सहित उत्तरी, मध्‍य और पूर्वी भारत में आज भीषण लू की आशंका व्‍यक्‍त की।

 

और गुरिंदरवीर सिंह ने रांची में फेडरेशन कप एथलेटिक्स में, राष्‍ट्रीय रिकॉर्ड के साथ पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता।

 

*******

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.