मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स के साथ वार्ता करेंगे।
- नई दिल्ली में पहली जून को आयोजित होने वाला पहला अंतरराष्ट्रीय बिग कैट अलायंस शिखर सम्मेलन स्थगित।
- रेलवे ने यात्रियों से सतर्क रहने और रेलवे परिसर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 139 पर देने को कहा।
- कलकत्ता उच्च न्यायालय ने आरजी कर दुष्कर्म–हत्या मामले में आरोपों को छिपाने की जांच के लिए सी.बी.आई की विशेष टीम गठित करने का आदेश दिया।
- पुलवामा आतंकी हमले के एक मास्टरमाइंड हमजा बुरहान को पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू–कश्मीर में अज्ञात हमलावरों ने मार गिराया।
- अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा– अमरीका भारत की आवश्यकता के अनुसार ऊर्जा की आपूर्ति करने को तैयार।
- और, आईपीएल क्रिकेट में, गुजरात टाइटन्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से हराया।
अब समाचार विस्तार से…
******* *******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स से वार्ता करेंगे। श्री क्रिस्टोडौलाइड्स कल नई दिल्ली पहुंचे। सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टमटा ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। इससे पहले श्री क्रिस्टोडौलाइड्स मुंबई भी आ चुके हैं। उनके साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राष्ट्रपति निर्वाचित होने के बाद श्री क्रिस्टोडौलाइड्स की यह पहली भारत यात्रा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति विभिन्न पारस्परिक हितों के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के लिए चर्चा करेंगे। इन क्षेत्रों में व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, संस्कृति, आवागमन, रक्षा और सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता–एआई, फिनटेक नवाचार और अनुसंधान शामिल हैं। साइप्रस के राष्ट्रपति आज शाम राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे। दोनों देश अगले वर्ष फरवरी में अपने राजनयिक संबंधों के 65 वर्ष पूरे करेंगे। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
******* *******
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि दुनिया भारत को एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में देख रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पांच देशों के दौरे के बारे में नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में श्री गोयल ने कहा कि इस यात्रा से समाज के हर वर्ग को लाभ की गारंटी है। उन्होंने बताया कि पांच देशों की यात्रा के दौरान 57 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इसमें भारत में 75 से 100 अरब डॉलर के निवेश की संयुक्त अरब अमीरात की प्रतिबद्धता भी शामिल है।
******* *******
नई दिल्ली में पहली जून को होने वाले प्रथम अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट एलायंस-आईबीसीए शिखर सम्मेलन स्थगित कर दिया गया है। इसका आयोजन चौथे भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन के साथ किया जा रहा था, क्योंकि कई अफ्रीकी देश बिग कैट्स के मेजबान हैं। एक रिपोर्ट…
पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष और अफ्रीकी संघ आयोग के साथ परामर्श करके चौथे भारत–अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन को बाद में आयोजित करने के फैसले के बाद यह निर्णय लिया गया है। अफ्रीकी देशों सहित सभी देशों की व्यापक और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह शिखर सम्मेलन भी बाद में आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार ने पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अधीन अपने नोडल संगठन, राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के माध्यम से 2024 में अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट एलायंस की स्थापना की। इसकी शुरुआत बाघ, शेर, तेंदुए, हिम तेंदुए, चीतों, जगुआर और प्यूमाओं के संरक्षण के लिए की गई थी। अनुपम की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनोज।
******* *******
रेल मंत्रालय ने रेलवे के बुनियादी ढांचे और ट्रेन संचालन को निशाना बनाकर हाल ही में हुई घटनाओं के बीच यात्रियों से यात्रा के दौरान सतर्क रहने और रेलवे परिसर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना हेल्पलाइन नंबर 139 पर तुरंत देने का आग्रह किया है। एक रिपोर्ट-
नई दिल्ली के रेल भवन में कल रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक के बाद यह आग्रह किया गया। मंत्रालय के अनुसार आग लगने की कुछ घटनाओं सहित हाल ही में हुई कई घटनाओं की प्रारंभिक जांच में असामाजिक तत्वों की संलिप्तता की संकेत मिले हैं। कई मामलों में रेलवे अधिकारियों द्वारा समय पर और सक्रिय कार्रवाई से बड़ी दुर्घटनाओं को रोकने में सहायता मिली है। बैठक में रेलवे नेटवर्क में सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने और रेलवे बोर्ड मुख्यालय तथा जोन के बीच समन्वय सुधारने पर भी विचार–विमर्श किया गया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आधुनिक प्रौद्योगिकी उपकरणों की सहायता से जमीनी स्तर से खुफिया जानकारी जुटाने की व्यवस्था मजबूत की जा रही है। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।
******* *******
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज से राजस्थान के दो दिन की यात्रा पर रवाना होंगे। रेल मंत्री जोधपुर में विभिन्न रेल सेवाओं का उद्घाटन करेंगे। जोधपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में वे 20 डिब्बों वाली जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे, जो पहले केवल आठ डिब्बों के साथ चल रही थी। श्री वैष्णव साबरमती-जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जैसलमेर तक विस्तार का भी उद्घाटन करेंगे।
******* *******
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो- सी.बी.आई को तीन सदस्यीय विशेष जांच दल गठित करने का आदेश दिया है। यह दल अगस्त 2024 में आरजी कर मेडिकल कॉलेज की प्रशिक्षु डॉक्टर के दुष्कर्म और हत्या मामले की विस्तृत जांच करेगा। एक रिपोर्ट..
इस घटना ने राज्य के साथ–साथ देश भर के चिकित्सक समुदाय में आक्रोश पैदा कर दिया था। घटना के तुरंत बाद सबूत नष्ट करने और मामले को दबाने का आरोप है। न्यायमूर्ति शम्पा सरकार और तीर्थंकर घोष की खंडपीठ ने कल कहा कि सीबीआई के पूर्वी क्षेत्र के संयुक्त निदेशक इस दल का नेतृत्व करेंगे। पीठ ने कहा कि इस जघन्य घटना के सामाजिक परिणामों को ध्यान में रखते हुए, तीन सदस्यीय विशेष जांच समिति साक्ष्य नष्ट करने के आरोपों और मृतक डॉक्टर के माता–पिता द्वारा घटना को दबाने के आरोपों की जांच करेगी। जांच दल को अदालत ने 25 जून तक एक विस्तृत रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है। डॉक्टर के माता–पिता ने दुष्कर्म और हत्या की आगे की जांच की मांग करते हुए उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। उनका दावा है कि इस जघन्य अपराध में एक से अधिक व्यक्ति शामिल थे। कोलकाता से संदीपन दास की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आनंद पाठक।
******* *******
सीबीआई ने नीट परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में लातूर के एक बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज शिरुरे को हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसी को संदेह है कि डॉ. शिरुरे ने कथित तौर पर अपनी बेटी के लिए नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र खरीदा था।
सीबीआई अधिकारियों ने कुछ दिन पहले डॉ. शिरुरे के लातूर स्थित अस्पताल जाकर गहन पूछताछ भी की थी।
******* *******
तमिलनाडु में, जोसेफ विजय के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में आज दो और मंत्रियों को शामिल किया जाएगा। वीसीके के वन्नियारासु और आईयूएमएल के ए.एम. शाहजहाँ को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। चेन्नई के लोक भवन में सवेरे दस बजे राज्यपाल विश्वनाथ अर्लेकर मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
******* *******
पुलवामा आतंकी हमले के कथित मास्टरमाइंड हमज़ा बुरहान की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अल-बद्र आतंकी संगठन का कमांडर था और भारत ने उसे वर्ष 2022 में आतंकवादी घोषित किया था।
पुलिस के अनुसार, मुज़फ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने उस पर कई गोलियां चलाईं। गंभीर रूप से घायल बुरहान को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
हमज़ा बुरहान जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले का रहने वाला था और पाकिस्तान जाकर अल-बद्र आतंकी संगठन में शामिल हो गया था।
2019 के पुलवामा आतंकी हमले में 40 से अधिक सीआरपीएफ जवान शहीद हुए थे।
******* *******
पंजाब पुलिस ने पठानकोट-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 44 पर इंटरनेट से जुड़े सीसीटीवी कैमरे लगाकर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में पठानकोट निवासी को गिरफ्तार किया है। पठानकोट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी बलजीत सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक पुल के पास सीसीटीवी कैमरा लगाया था।
******* *******
अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि अमरीका भारत की आवश्यकता के अनुसार ऊर्जा बेचने को तैयार है। उन्होंने यह बात होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने के कारण भारत में ऊर्जा की बढ़ती कीमतों से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में कही।
भारत के साथ बहुत कुछ करने को है, वे एक महान सहयोगी और साझेदार हैं, यह एक महत्वपूर्ण यात्रा है। मुझे लगता है कि हमारे पास बात करने के लिए बहुत कुछ होगा और हम वहां क्वाड के साथ भी बैठक करेंगे। विदेश मंत्री के रूप में मेरी पहली बैठक क्वाड के साथ ही हुई थी। मुझे खुशी है कि हम अब भारत में यह बैठक कर पा रहे हैं और हम इस साल के अंत में भी एक और बैठक करेंगे।
श्री रुबियो 23 से 26 मई तक भारत में रहेंगे। इस दौरान वे कोलकाता, आगरा, जयपुर और नई दिल्ली का दौरा करेंगे। 26 मई को क्वाड की बैठक में श्री रुबियो, ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापान के विदेश मंत्री मोतेगी तोशिमित्सु के भाग लेने की संभावना है। बैठक की अध्यक्षता विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर करेंगे।
******* *******
भारत के चंद्रयान-3 चंद्र मिशन को अमरीकी वैमानिकी और अंतरिक्ष विज्ञान संस्थान ने 2026 का गोडार्ड अंतरिक्ष पुरस्कार प्रदान किया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन की ओर से अमरीका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।
******* *******
कान्स फिल्म महोत्सव में कल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई से बनी एक नई फिल्म का प्रीमियर हुआ। “हेल ग्राइंड” नामक इस 95 मिनट की फिल्म को 15 लोगों की टीम ने केवल 14 दिन में तैयार किया है। इस पर लगभग 5 लाख डॉलर की लागत आई है।
******* *******
मणिपुर पुलिस महानिदेशक राजीव सिंह को कैबिनेट सचिवालय में सुरक्षा सचिव नियुक्त किया गया है। सुरक्षा सचिव, विशेष सुरक्षा समूह- एसपीजी के प्रमुख होते हैं।
******* *******
आईपीएल क्रिकेट में, कल रात गुजरात टाइटन्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से हरा दिया। इसके साथ ही चेन्नई की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।
प्रतियोगिता में आज सनराइजर्स हैदराबाद का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। यह मैच हैदराबाद में शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।
******* *******
मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में भीषण लू की स्थिति के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में लू की स्थिति के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
******* *******
धन्यवाद फरहत, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इटली दौरे से भारत लौटने का समाचार सभी समाचार पत्रों ने सचित्र प्रकाशित किया है। राजस्थान पत्रिका लिखता है- 65 समझौते, यूएई से इटली तक दिखा भारत का रणनीतिक दबदबा। लोकसत्य के शब्द है- छह दिवसीय मैराथन दौरे में कच्चे तेल से अंतरिक्ष तक 57 बढ़े करार।
पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा राज्य के सभी मदरसों में वंदे मातरम अनिवार्य करने का समाचार भी आज सभी समाचार पत्रों की सुर्खी बनी है। जनसत्ता लिखता है- पश्चिम बंगाल सरकार का आदेश, सभी मदरसों में अब वंदे मातरम गाना अनिवार्य।
हिन्दुस्तान ने पुलवामा आतंकी हमले के साजिशकर्ता की मौत का समाचार दिया है, पत्र लिखता है- पीओके में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार कर ढ़ेर किया। पुलवामा हमले का सुत्रधार मारा गया।
अमर उजाला ने केन्द्रीय मंत्रीपरिषद की अहम बैठक में लिए गए निर्णयों पर समाचार दिया है- सरकारी कामकाज़ में लेटलतीफी पर पीएम सख्त, मंत्रियों को तेज़ी से परिणाम देने का अल्टीमेटम। मंत्रालयों और नीति आयोग ने पेश की कार्य योजना।
35 शहरों में रात का पारा 30 पार, दिल्ली में 14 साल का रिकॉर्ड टूटा। दैनिक भास्कर की सुर्खी है। पंजाब केसरी लिखता है- हीट स्ट्रोक का कहर, दो मरीज़ अस्पताल में भर्ती।
नवभारत टाइम्स ने अपने संपादकीय पन्ने पर हंता वायरस पर लेख प्रकाशित किया है- शीर्षक है- वायरस कहीं आतंकी न बन जाए, कोरोना और हंता वायरस ने बढ़ाई तकनीकी विकास के गलत इस्तेमाल की चिंता। संपादक लिखता है- दुनिया को अब फ्रिक सता रही है कि आने वाले दिनों में कहीं आतंकी संगठन वायरसों का इस्तेमाल न करने लगे। धन्यवाद वैष्णवी।
******* *******
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स के साथ वार्ता करेंगे।
- नई दिल्ली में एक जून को आयोजित होने वाला पहला अंतरराष्ट्रीय बिग कैट अलायंस शिखर सम्मेलन स्थगित।
- रेलवे ने यात्रियों से सतर्क रहने और रेलवे परिसर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 139 पर देने को कहा।
- कलकत्ता उच्च न्यायालय ने आरजी कर दुष्कर्म–हत्या मामले में आरोपों को छिपाने की जांच के लिए सी.बी.आई की विशेष टीम गठित करने का आदेश दिया।
- पुलवामा आतंकी हमले के एक मास्टरमाइंड हमजा बुरहान को पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू–कश्मीर में अज्ञात हमलावरों ने मार गिराया।
- अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा – अमरीका भारत की आवश्यकता के अनुसार ऊर्जा की आपूर्ति करने को तैयार।
- आईपीएल क्रिकेट में, गुजरात टाइटन्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से हराया।
******* *******