May 21, 2026 9:17 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में इटली की सफल यात्रा के बाद स्वदेश लौटे।
  2. भारत और इटली, सांस्कृतिक संबंध को मजबूत करने के लिए वर्ष 2027 को संस्कृति और पर्यटन वर्ष के रूप में मनाएंगे।
  3. केंद्र सरकार ने नीटयूजी पुनः परीक्षा से पहले अफवाहों और फर्जी पेपर लीक की खबरों पर नकेल कसने के लिए प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को निर्देश जारी किए।
  4. पश्चिम बंगाल सरकार ने भारतबांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को जमीन सौंपना शुरू किया।
  5. पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर पुन: मतदान जारी।
  6. आईपीएल क्रिकेट में, कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराया।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच देशों की आधिकारिक यात्रा के अंतिम चरण में इटली की सफल यात्रा के बाद नई दिल्ली लौट आए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कल इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद, संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में दोनों देशों के बीच संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी तक ले जाने की घोषणा की।

हमने हमारी भावी साझेदारी को और सशक्‍त बनाने के लिए विस्‍तृत रूप से चर्चा की। भारत इटली जॉइंट स्‍ट्रेटेजी एक्शन प्‍लान 2025-2029 हमारी साझेदारी को एक प्रैक्टिकल और फ्यूचरस्टिक ढांचा प्रदान करता है। हम इस पर समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहे हैं। हमारे साझा प्रयासों में द्विपक्षीय व्‍यापार 20 बिलियन यूरो के लक्ष्‍य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

दोनों पक्षों ने कृषि, महत्वपूर्ण खनिजों, आयुर्वेद, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग को और सुदृढ़ करने तथा भारत की नर्सों के इटली आने-जाने को आसान बनाने से जुड़े कई समझौता ज्ञापनों पर हस्‍ताक्षर किए। भारत और इटली ने कर से जुड़े अपराधों, धन शोधन और आतंकवाद के लिए धन मुहैया कराने की समस्या से निपटने में भी समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये। श्री मोदी ने कहा कि भारत और इटली, समुद्री महाशक्तियों के तौर पर जहाजरानी, बंदरगाहों के आधुनिकीकरण, लॉजिस्टिक्स और समुद्री अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में सहयोग का विस्तार करेंगे। वैश्विक चुनौतियों का उल्‍लेख करते हुए श्री मोदी ने बातचीत और कूटनीति को संघर्ष के समाधान का एकमात्र रास्ता बताया। इस अवसर पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कहा कि भारत और इटली वर्ष 2027 को संस्कृति और पर्यटन वर्षके रूप में मनाएंगे। इसका उद्देश्य सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना और दोनों प्राचीन सभ्यताओं के बीच संवाद को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि भारत और इटली भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे को और विकसित करने की दिशा में भी मिलकर काम करेंगे।

*******

हमारी संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत और इटली के बीच अंतरराष्ट्रीय सहयोग और सांस्कृतिक संबंधों को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की सफल यात्रा भारत के अंतरराष्ट्रीय संबंधों और सांस्कृतिक सहयोग को मजबूत करने के उनके निरंतर प्रयासों का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। उन्होंने इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मत्तारेला से मुलाकात की। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता की, जिसमें भारत इटली सहयोग को और बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने खाद्य एवं कृषि संगठन का दौरा किया, जहाँ भारत की बहुपक्षवाद और वैश्विक खाद्य सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया और उन्हें प्रतिष्ठित संयुक्त राष्ट्र एग्रीकोला मेडल से सम्मानित किया गया। रोम से सुपर्णा भाटिया आकाशवाणी समाचार के लिए।

*******

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कल मेटा, गूगल और टेलीग्राम सहित प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित गलत सूचनाओं के बढ़ते प्रसार को रोकने पर ध्यान केन्द्रित किया गया। यह बैठक 21 जून को फिर से होने वाली नीट-यूजी परीक्षा से पहले काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि कई ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट हैं जो परीक्षाओं से पहले अत्यधिक सक्रिय हो जाते हैं तथा फर्जी पेपर लीक के दावे, क्लिकबेट सामग्री और अफवाहें फैलाते हैं। इससे विद्यार्थी और अभिभावकों में चिंता और भ्रम की स्थिति पैदा होती है। एक अन्य बैठक में, श्री प्रधान ने नीट-यूजी की पुन: परीक्षा के सुरक्षित, निष्पक्ष और सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए कड़ी निगरानी और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता पर बल दिया।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

पश्चिम बंगाल सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर कंटीले तारों की बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल-बी.एस.एफ. को ज़मीन सौंपना शुरू कर दिया है। नबन्ना में कल मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बी.एस.एफ अधिकारियों की मौजूदगी में औपचारिक रूप से इस प्रक्रिया की शुरुआत की। एक रिपोर्ट…

मुख्‍यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने असहयोग के माध्‍यम से सीमा सुरक्षा में बाधा डाली। उन्‍होंने जोर देकर कहा कि सीमा पर बाड लगाना राष्‍ट्रीय राज्‍य सुरक्षा के लिए अत्‍यंत आवश्‍यक है। उन्‍होंने घुसपैठ, तस्‍करी, नकली मुद्रा, जबरल धार्मिक परिवर्तन और अवैध बांग्लादेशी प्रवेशों को जुडे अपराध जैसे समस्‍याओं का उल्‍लेख किया। पश्चिम बंगाल लगभग दो हजार दो सौ किलोमीटर लंबी भारतबांग्लादेशी सीमा साझा करता है, जो कुल चार हजार किलोमीटर है। मुख्‍यमंत्री ने आश्‍वासन दिया है कि जल्‍द ही और भूमि हस्‍तांतरित कि जाएगी जिसकी लाग‍त पूरी तरह से केंद्र सरकार और बीएसएफ सरकार द्वारा वहन की जाएगी। संदीपन दास गुप्‍ता आकाशवाणी न्‍यूज कोलकाता

*******

इस बीच, राज्‍य के दक्षिण 24 परगना जिले में फलता विधानसभा सीट के लिए आज पुन: मतदान हो रहा है। मतदान शाम 6 बजे समाप्त होगा। निर्वाचन आयोग ने फलता विधानसभा क्षेत्र में सभी मतदान केन्‍द्रों पर पुन: मतदान का आदेश दिया था और 29 अप्रैल को हुए मतदान को रद्द कर दिया था, क्योंकि मतदाताओं को डराने-धमकाने, मतदान केंद्रों के अंदर अनधिकृत उपस्थिति और मतदान मशीनों के साथ संभावित छेड़छाड़ सहित कई खबरें मिली थीं। और अधिक जानकारी के लिए हमारे साथ फोन लाइन पर मौजूद हैं हमारे संवाददाता कल्‍याण लाहा

*******

16वीं असम विधानसभा का पहला सत्र आज से शुरू होगा। इस सत्र के दौरान कुल चार बैठकें होंगी। सत्र के पहले दिन अस्थायी अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी। असम के राज्यपाल ने वरिष्ठ भाजपा विधायक चंद्र मोहन पटवारी को अस्थायी अध्यक्ष नियुक्त किया है। श्री पटवारी नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाएंगे।

*******

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय आज अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। कांग्रेस विधायक दल के नेता राजेश कुमार और मेल्‍लूर से विधायक पी. विश्वनाथन को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। 1967 के बाद यह पहली बार है कि कांग्रेस सदस्य राज्य मंत्रिमंडल में शामिल होंगे। शपथ ग्रहण समारोह आज सुबह 10 बजे लोकभवन में होगा। राज्यपाल विश्वनाथ अर्लेकर नव नियुक्त मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

*******

अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि वह भारत के साथ अमरीका की 250वीं वर्षगांठ मनाने के लिए उत्सुक हैं। अपनी यात्रा से पहले श्री रूबियो ने एक वीडियो संदेश जारी किया है।

अमरीका अपनी 250वीं वर्षगांठ मनाने की तैयारी कर रहा है और हम भारत में अपने साझेदारों के साथ इसे मनाने के लिए उत्सुक हैं। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और हम विश्व के सबसे पुराने लोकतंत्र हैं, इसलिए हम साथ मिलकर जश्न मनाने के लिए तत्पर हैं।

श्री रुबियो शनिवार से भारत की चार दिन की यात्रा पर रहेंगे।

*******

भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान में वर्षों से जारी नरसंहार की निंदा की है। कल सशस्त्र संघर्ष में नागरिकों की सुरक्षा विषय पर आयोजित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की वार्षिक खुली बहस में, संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी राजदूत हरीश पर्वतनेनी ने कहा कि पाकिस्तान का अमानवीय आचरण दशकों से अपनी आंतरिक विफलताओं को हिंसा के माध्यम से छिपाने के प्रयासों को दर्शाता है।

*******

आईपीएल क्रिकेट में, कोलकाता नाइट राइडर्स ने कल ईडन गार्डन्स में मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स की प्ले ऑफ में पहुंचने की उम्मीदें अब भी बरकरार हैं। मनीष पांडे को मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता में आज गुजरात टाइटंस का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। अहमदाबाद में ये मैच शाम साढ़े सात बजे खेला जाएगा।

*******

भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम और ऑस्ट्रेलियाई टीम के बीच कल भोपाल में श्रृंखला का चौथा और अंतिम मैच 3-3 से ड्रॉ रहा। भारत की ओर से कप्तान केतन कुशवाहा, करण गौतम और बेन सिद्धार्थ ने गोल किए। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के साथ चार मैचों की श्रृंखला एक जीत, दो ड्रॉ और एक हार के साथ समाप्त की।

*******

मौसम विभाग ने आज दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में लू चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश, पंजाब, उत्तर प्रदेश और विदर्भ, बिहार, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, तेलंगाना और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी लू चल सकती है। पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्र, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्‍काल में आज गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।

*******

आज अंतर्राष्ट्रीय चाय दिवस मनाया जा रहा है। यह दिवस संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन द्वारा मनाया जाता है। चाय की खेती और उत्‍पादन में पर्यावरण की रक्षा तथा किसानों और मजदूरों की आजीविका में सुधार लाने के उद्देश्‍य इस वर्ष का विषय हैसतत चाय उत्‍पादन, मजबूत समुदाय।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंसरफिरोज़ी।

ए.आई. से अंतरिक्ष तक भारत-इटली साथ बढेंगे-प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता को हिन्‍दुस्‍तान और जनसत्‍ता सहित सभी अखबारों ने प्रमुखता दी है। नवभारत टाइम्‍स ने मेलोडी डिप्‍लोमेसी शीर्षक से लिखा है- मोदी-मेलोनी की बातचीत में भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी का हुआ ऐलान। हिन्‍दुस्‍तान ने अपने संपादकीय में लिखा है- प्रधानमंत्री की संयुक्‍त अरब अमीरात, नीदरलैंड्स, स्‍वीडन, नॉर्वे और इटली की यात्रा का उद्देश्‍य जितना आर्थिक है, उतना ही रणनीतिक भी। पत्र लिखता है- यूरोप के पांच देश नॉर्डिक समूह में गिने जाते हैं, जो अमरीकी रवैये से बहुत निराश है और स्‍वतंत्र रूप से दुनिया में खुद को मजबूत करना चाहते हैं। इस कार्य में उन्‍हें भारत जैसे विशाल देश की जरूरत पडेगी। दैनिक जागरण की सुर्खी है-सूर्यास्‍त्र रॉकेट सिस्‍टम का सफल परीक्षण, 330 किलोमीटर दूर लक्ष्‍य पर करेगा सटीक प्रहार। पत्र ने नई पीढी के युद्धपोत संघमित्रा के जलावतरण की खबर भी प्रकाशित की है। दैनिक भास्‍कर ने लिखा है-सी.बी.एस.ई की 12वीं की उत्‍तर पुस्‍तिकाओं की पुन: मूल्‍याकन की साइट दूसरे दिन भी अटकी, चालू होते ही तीन घंटे में एक लाख 27 हजार आवेदन आये। पत्र ने सीबीएसई के हवाले से कॉपियों की स्‍कैनिंग में गडबडी के दावे को गलत बताया है। अमर उजाला की खबर है- यू.जी.सी. नेट के लिए अब 23 मई तक कर सकेंगे आवेदन। ताइवान की लेखिका यांग शूआंग जी और अनुवादक लिन किंग को उपन्‍यास ताइवान ट्रैवलॉग के लिए अंतरराष्‍ट्रीय बुकर पुरस्‍कार मिलने की खबर को राजस्‍थान पत्रिका सहित कई अखबारों ने प्रकाशित किया है।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में इटली की सफल यात्रा के बाद स्वदेश लौटे।
  2. भारत और इटली, सांस्कृतिक संबंध को मजबूत करने के लिए वर्ष 2027 को संस्कृति और पर्यटन वर्ष के रूप में मनाएंगे।
  3. केंद्र सरकार ने नीट-यूजी पुनः परीक्षा से पहले अफवाहों और फर्जी पेपर लीक की खबरों पर नकेल कसने के लिए प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को निर्देश जारी किए।
  4. पश्चिम बंगाल सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को जमीन सौंपना शुरू किया।
  5. पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर पुन: मतदान जारी।
  6. आईपीएल क्रिकेट में, कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराया।

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.