May 20, 2026 9:24 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज रोम में इटली की प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी से वार्ता करेंगे, दोनों नेता भारतपश्चिम एशियायूरोप आर्थिक गलियारे के लिए सहयोग बढ़ाने पर चर्चा और वर्ष 2025 से 2029 तक संयुक्त रणनीतिक कार्रवाई योजना की समीक्षा करेंगे।
  2. पश्चिम बंगाल सरकार 25 से 60 वर्ष की महिलाओं के लिए प्रतिमाह तीन हज़ार रुपये की आर्थिक सहायता वाली अन्नपूर्णा योजना पहली जून से शुरू करेगी।
  3. एक राष्ट्र, एक चुनाव की संयुक्त संस्दीय समिति ने कहा – लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने से लगभग सात लाख करोड़ रुपये की बचत और भारत के सकल घरेलू उत्पाद में एक दशमलव छह प्रतिशत की वृद्धि होगी।
  4. नागर विमानन महानिदेशालय ने इस वर्ष के शुरू में तकनीकी गड़बड़ी के बाद एयर इंडिया के बोईंग 787-8 विमान के ईंधन नियंत्रण स्विच की आगे की जांच के आदेश दिये।
  5. आईपीएल क्रिकेट में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को सात विकेट से हराया।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज रोम में इटली की प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी से वार्ता करेंगे। दोनों नेता भारत-पश्चिम एशिया- यूरोप आर्थिक गलियारे के लिए सहयोग बढ़ाने पर चर्चा और वर्ष 2025 से 2029 तक संयुक्त रणनीतिक कार्रवाई योजना की समीक्षा करेंगे। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, परिवहन, समुद्री सुरक्षा, बंदरगाह संबंधी सहयोग और स्वच्छ ऊर्जा सहित प्रमुख क्षेत्रों में समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। इटली से हमारी संवाददाता की रिपोर्ट-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज क्विरिनल पैलेस में इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटरेला से मुलाक़ात करेंगे, जहाँ उन्हेंगार्ड ऑफ़ ऑनरप्रदान किया जाएगा। आज के कार्यक्रमों में प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ताएं प्रेस वक्तव्य समझौता ज्ञापनों का आदानप्रदान, द्विपक्षीय बैठके और खाद्य एवं कृषि संगठन का दौरा शामिल है। प्रधानमंत्री मोदीमोरस निग्राब्‍लैक मूलवैरी का पौधा भी लगाएंगे। यह एक ऐसी प्रजाति है जो अपने पाक औषधीय और सांस्कृतिक महत्व के कारण भारत और इटली को प्रतीकात्मक रूप से जोड़ती है। रोम से सुपर्णा भाटिया।

प्रधानमंत्री मोदी इटली की अपनी पहली द्विपक्षीय यात्रा पर कल रात रोम पहुंचे। इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने श्री मोदी के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। अनंतारा पलाज़ो नायदी होटल पहुंचने पर प्रवासी भारतीय समुदाय ने श्री मोदी का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने भी गर्मजोशी से समुदाय के सदस्यों से हाथ मिलाया।

*******

हाल के वर्षों में भारत-इटली संबंधों में अभूतपूर्व प्रगति हुई है और अब यह संबंध निर्णायक मोड़ पर पहुँच गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के संयुक्त लेख में, दोनों नेताओं ने कहा है कि दोनों देशों के बीच संबंध सौहार्दपूर्ण मित्रता से विकसित होकर एक विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्‍तर तक पहुंच गए हैं।

*******

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने नॉर्वे की राजधानी ओस्‍लो में तीसरे भारत नॉर्डिक शिखर सम्‍मेलन को संबोधित किया। उन्‍होंने कहा कि नॉर्डिक देशों के साथ भारत की भागीदारी को पर्यावरण अनुकूल प्रौद्योगिकी और नवाचार रणनीतिक भागीदारी के स्‍तर तक ले जाने का निर्णय लिया गया है।

इस ग्रीन टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप से हम आइसलैंड की जियोथर्मल और फिशरीज, नॉर्वे की ब्लू इकोनामी और आर्कटिक और सभी नॉर्डिक देशों की मैरिटाइम और सस्टेनेबिलिटी की एक्सपर्टीज को भारत के स्केल के साथ जोड़कर पूरे विश्व के लिए एक बेहतर भविष्य सुनिश्चित करेंगे।

नॉर्वे की दो दिन की यात्रा के दौरान श्री मोदी ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे के साथ द्विपक्षीय बैठक की। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से…

ओस्लो दौरे में हुए बहुपक्षीय और द्विपक्षीय बैठकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरित परिवर्तन, नीली अर्थव्यवस्था, जहाज निर्माण, स्वास्थ्य और रक्षा जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए नॉर्डिक देशों को आमंत्रित किया। नेताओं ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले सहित सभी प्रकार के आतंकवाद की स्पष्ट और कड़ी निंदा की। सारे प्रधानमंत्रियों ने भारतनॉर्डिक देशों के सहयोग को और गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अगला शिखर सम्मेलन फिनलैंड के हेलसिंकी में आयोजित किया जाएगा। संगीता गोडबोले, आकाशवाणी न्यूज़, ओस्लो, नॉर्वे।

*******

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने जिनेवा में उनासीवीं विश्व स्वास्थ्य सभा में सभी के लिए स्वास्थ्य कल्‍याण, डिजिटल स्वास्थ्य नवाचार और वैश्विक स्वास्थ्य एकजुटता के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई है। वैश्विक स्वास्थ्य का पुनर्निर्माण- एक साझा दायित्‍व विषय पर आयोजित सभा में श्री नड्डा ने ‘संपूर्ण सरकार’ और ‘संपूर्ण समाज’ के दृष्टिकोण पर आधारित सभी के लिए स्वास्थ्य कल्‍याण की दिशा में भारत की प्रगति का उल्‍लेख किया।

भारत, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा तक पहुँच का विस्तार करके, सभी के लिए स्वास्थ्य कल्‍याण की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। इसके लिए हमने एक लाख 85 हजारआयुष्मान आरोग्य मंदिरस्‍थापित किए है। इसके अलावा, हम महामारी की तैयारियों और आपातकालीन राहत के लिए मज़बूत और सुदृढ़ सार्वजनिक स्वास्थ्य बुनियादी ढाँचा विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल

मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

पश्चिम बंगाल सरकार ने महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए तीन हजार रुपये की मासिक वित्तीय सहायता की अन्नपूर्णा योजना अधिसूचित कर दी है। महिला और बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग की यह योजना पहली जून से प्रभावी होगी। एक रिपोर्ट…

इस योजना के अंतर्गत राशि पात्र लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से भेजी जाएगी। इस योजना के लिए 25 से 60 वर्ष की महिलाएं पात्र हैं। पात्र महिलाएं आयकर का भुगतान नहीं करती हों और किसी भी स्थायी सरकारी नौकरी में कार्यरत न हों। नए आदेश के अनुसार, लक्ष्मी भंडार योजना के सभी वर्तमान लाभार्थी स्वतः ही अन्नपूर्णा योजना में स्थानांतरित हो जाएंगे। नए आवेदकों के लिए, अन्नपूर्णा योजना का ऑनलाइन पोर्टल पहली जून, 2026 को शुरू किया जाएगा। कल्‍याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से, अर्जुन शर्मा।

*******

एक राष्ट्र, एक चुनाव पर गठित संयुक्त संसदीय समिति ने कहा है कि लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनाव एक साथ कराने से करीब 7 लाख करोड़ रुपये की बचत हो सकती है। इससे देश के सकल घरेलू उत्‍पाद वृद्धि दर में 1 दशमलव 6 प्रतिशत तक की बढ़ोत्तरी हो सकती है। समिति के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद पी.पी. चौधरी ने कल शाम गुजरात के गांधीनगर में पत्रकारों को यह जानाकरी दी।

हमें जो इनपुट मिला है उसमें हमने और कहा है इसको और इंप्रूव करो और एक रोल मॉडल के रूप में हम पूरे देश में सारे सरकार को हम भेजेंगे भई इस रूप में आप हमें अपनी रिपोर्ट प्रिपेयर करके दो जैसे इंडस्ट्रीज डिपार्टमेंट करें इंडस्ट्रीज में क्या लॉस होता है प्रोडक्शन का कितना लॉस होता है लेबर एक तरफ से दूसरी तरफ माइग्रेट करती है। मैंने सबको कहा अपनी रिपोर्ट प्रिपेयर करें और उनका संकलन करके आगे दे सकें।

*******

नागर विमानन महानिदेशालय ने एयर इंडिया के बोइंग 787-8 विमान के ईंधन नियंत्रण स्विच की जांच मूल उपकरण निर्माता केंद्र पर महानिदेशालय के अधिकारियों की उपस्थिति में करने का निर्देश दिया है। महानिदेशालय के अनुसार, एयर इंडिया के बोइंग 787-8 विमान का संचालन इस वर्ष दो फरवरी को लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से बेंगलुरु के लिए उड़ान एआईसी-132 संचालित करने के बाद रोक दिया गया था। एक रिपोर्ट-

यह कार्रवाई पायलट डिफेक्ट रिपोर्ट में दर्ज एक प्रविष्टि के बाद की गई थी। इसमें कहा गया था कि बायां ईंधन नियंत्रण स्विच थोड़ा सा दबाने पर रन से कटऑफ स्थिति में फिसल जाता है और चयनित स्थिति में ठीक से लॉक नहीं होता है। महानिदेशालय ने कहा कि एयर इंडिया ने मूल उपकरण निर्माता की निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार और महानिदेशालय के अधिकारियों की उपस्थिति में ईंधन नियंत्रण स्विच का निरीक्षण और कार्यात्मक परीक्षण किया। निरीक्षण परिणामों और उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा के बाद, निष्कर्ष निकाला गया कि ईंधन नियंत्रण स्विच यांत्रिक रूप से डिजाइन के अनुसार कार्य कर रहा था और इकाई को सेवा योग्य घोषित किया। हालांकि, महानिदेशालय ने निगरानी के अंतर्गत निर्देश दिया है कि ईंधन नियंत्रण स्विचों का भविष्‍य में निरीक्षण किया जाए। अनुपम की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से कृष्‍णकांत।

*******

भारतीय रेल ने ब्रॉड गेज नेटवर्क का 99 दशमलव 6 प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस वर्ष मार्च तक, ब्रॉड गेज रेलवे लाइन का 69 हजार आठ सौ 73 किलोमीटर से अधिक मार्ग विद्युतीकृत हो चुका था। इस उपलब्धि के साथ, भारत ने यूरोपीय संघ, ब्रिटेन और अमरीका सहित कई प्रमुख देशों को पीछे छोड़ दिया है।

*******

नई दिल्ली के प्रधानमंत्री संग्रहालय में आज से महात्मा गांधी का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से संचालित थ्री-डी अवतार आगंतुकों के लिए खोल दिया जाएगा। आगंतुक महात्मा गांधी के थ्री-डी अवतार के साथ संवाद कर सकेंगे और अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से बापू की आत्मा को जीवंत कर सकेंगे।

*******

खेल समाचार के साथ हैं आनंद पाठक…

आईपीएल क्रिकेट में, राजस्थान रॉयल्स ने कल रात लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही राजस्थान की प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना भी बनी हुई है। राजस्थान रॉयल्स ने 221 रन का लक्ष्य सात विकेट के नुकसान पर पांच गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। वैभव सूर्यवंशी ने 93 रन की शानदार पारी खेली। वैभव को प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता में आज कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा। यह मैच कोलकाता में शाम साढे सात बजे से शुरू होगा। वरिष्ठ भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने भारतीय हॉकी खिलाड़ियों के फिटनेस स्तर की सराहना करते हुए इसे खेल के लिए समर्पण की पहचान बताया है। कोहली ने कहा कि क्रिकेटरों की फिटनेस भारतीय हॉकी खिलाड़ी की फिटनेस के 15 प्रतिशत के बराबर भी नहीं है। सैफ महिला फुटबॉल चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय दल की पहली सूची की घोषणा कर दी गई है। यह प्रतियोगिता इस महीने की 25 तारीख से 6 जून तक गोवा में आयोजित की जा रही है। उधर, राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी ने सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के अंकित और रेलवे के जयेश पाटिल पर तीन वर्ष का प्रतिबंध लगा दिया है। दोनों खिलाड़ियों का डोपिंग टेस्ट पॉजिटिव आया था। अंकित ने राष्ट्रीय क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में तीसरा स्थान जबकि पाटिल ने पांचवां स्थान प्राप्त किया था। दोनों खिलाड़ियों ने आरोपों को स्वीकार कर लिया, जिसके परिणामस्वरूप उनकी अयोग्यता अवधि में एक वर्ष की कमी हुई है।

*******

अब बात मौसम की, मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में अगले दो दिन भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में बढता तापमान हर दिन नए रिकॉर्ड बना रहा है। एक रिपोर्ट…..

राज्य के बुंदेलखंड इलाके का बांदा जिला लगातार तीसरे दिन भी देश का सबसे गर्म क्षेत्र बना हुआ है, जहां अधिकतम तापमान 48 दशमलव 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राज्य के अन्य हिस्सों में भी भीषण गर्मी से राहत नहीं मिली है और कई स्थानों पर दिन का अधिकतम तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है और रात के समय भी तापमान 30 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है। पारा बढ़ने से आम जनजीवन पर तो असर पड़ा ही है, पशुपक्षी भी सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए राज्य में भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया है। सुशील चन्‍द्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार लखनऊ।

*******

मध्य प्रदेश भी भीषण गर्मी की चपेट में है। राज्य में पहली बार पारा 47 डिग्री तक पहुंच गया है।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंआकर्षिता सिंह।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की नॉर्वे यात्रा लोकसत्‍य सहित कई अख़बारों में है। भारत-नार्वे के बीच अंतरिक्ष, हेल्‍थ, डिजिटल क्षेत्रों सहित 12 समझौते। भारत-नॉर्डिक समिट में पीएम मोदी के शब्‍द नवभारत टाइम्‍स में है। आतंकवाद पर हो एक रुख, कोई समझौता नहीं, कोई दोहरा मापदंड नहीं। प्रधानमंत्री मोदी की इटली यात्रा पर दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों का साझा लेख दैनिक जागरण में है। रणनीतिक साझेदारी के युग में भारत और इटली शीर्षक से छपे लेख के अनुसार- भारत का तेजी से बढ़ता नवाचार तंत्र और कुशल पेशेवरों की बड़ी संख्‍या तथा इटली की उन्‍नत औद्योगिक क्षमता दोनों देशों के सहयोग को स्‍वाभाविक और रणनीतिक सहयोगी बनाती है। आवारा कुत्‍तों पर सर्वोच्‍च न्‍यायालय का आदेश सभी अख़बारों के मुख पृष्‍ठ पर है। हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है- खूखांर कुत्‍तों को सजाए-ए-मौत। शीर्ष न्‍यायालय ने कहा-बच्‍चों और बुजुर्गों के जीवन को भाग्‍य के भरोसे नहीं छोड़ सकते। राजस्‍थान पत्रिका ने सुप्रीम कोर्ट की टिप्‍पणी को दिया है भयमुक्‍त जीवन लोगों का अधिकार। नक्‍सलवाद की तरह तीन वर्ष में हर केस खत्‍म करने का लक्ष्‍य। गृह मंत्री अमित शाह का ये बयान दैनिक भास्‍कर में है।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज रोम में इटली की प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी से वार्ता करेंगे, दोनों नेता भारत-पश्चिम एशिया- यूरोप आर्थिक गलियारे के लिए सहयोग बढ़ाने पर चर्चा और वर्ष 2025 से 2029 तक संयुक्त रणनीतिक कार्रवाई योजना की समीक्षा करेंगे।
  2. पश्चिम बंगाल सरकार 25 से 60 वर्ष की महिलाओं के लिए प्रतिमाह तीन हज़ार रुपये की आर्थिक सहायता वाली अन्नपूर्णा योजना पहली जून से शुरू करेगी।
  3. एक राष्ट्र, एक चुनाव की संयुक्त संस्दीय समिति ने कहा – लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने से लगभग सात लाख करोड़ रुपये की बचत और भारत के सकल घरेलू उत्पाद में एक दशमलव छह प्रतिशत की वृद्धि होगी।
  4. नागर विमानन महानिदेशालय ने इस वर्ष के शुरू में तकनीकी गड़बड़ी के बाद एयर इंडिया के बोईंग 787- 8 विमान के ईंधन नियंत्रण स्विच की आगे की जांच के आदेश दिये।
  5. आईपीएल क्रिकेट में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को सात विकेट से हराया।

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.