मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत-नॉर्वे व्यापार और अनुसंधान शिखर सम्मेलन में भारत-ईएफटीए समझौते के तहत 100 अरब अमरीकी डॉलर के निवेश और 10 लाख नौकरियों के सृजन का आह्वान किया।
- प्रधानमंत्री मोदी आज तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में सभी पांच नॉर्डिक देशों के नेताओं से मुलाकात करेंगे।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को भारत का मजबूत, आत्मविश्वासी और सक्षम राष्ट्र बनने का प्रतीक बताया।
- न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा से संबंधित आरोपों की जांच कर रही न्यायाधीश जांच समिति ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को रिपोर्ट सौंपी।
- पश्चिम बंगाल सरकार ने वित्तीय अनियमितता मामले में आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रचार्य संदीप घोष पर मुकदमा चलाने की अनुमति दी।
- आईपीएल क्रिकेट में सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ में जगह बनाई।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत और नॉर्वे को व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते के अंतर्गत 100 अरब डॉलर के निवेश लक्ष्य को प्राप्त करने और भारत में दस लाख रोजगार सृजित करने के लिए प्रयास करने चाहिए। प्रधानमंत्री कल ओस्लो में आयोजित भारत-नॉर्वे व्यापार और अनुसंधान शिखर सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। क्राउन प्रिंस हाकॉन और नॉर्वे के प्रधानमंत्री योनास गहर स्टोर भी इस शिखर सम्मेलन में शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते–टीईपीए के लागू होने के बाद द्विपक्षीय व्यापार और निवेश में हुई वृद्धि की सराहना की।
यूरोपीयन फ्री ट्रेड एसोशिएशन के साथ ट्रेड एंड इकोनॉमिक पार्टनरशिप एर्गीमेंट लागू किया। यूनीक और स्पेशल एर्गीमेंट हमारे बीच टेलेंट टेक्नोलॉजि और मिचुएल ट्रस्ट का एर्गीमेंट है। इसी एर्गीमेंट के माध्यम से हेक्टा कंट्री से भारत में अगले 15 वर्षों में वन हंड्रेड बिलियन डॉलर इंवेस्टमेंट और वन मिलियन जॉब क्रिएट करने का लक्ष्य है।
प्रधानमंत्री ने भारत के हरित परिवर्तन पर बल देते हुए देश के विकास, बढ़ती ऊर्जा मांग, जलवायु प्रतिबद्धताओं और नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रिड अवसंरचना, हरित हाइड्रोजन और स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार का उल्लेख किया।
2030 तक हमने 500 गीगा वॉट क्लीन एनर्जी और 5 मिलियन टन ग्रीन हाइड्रोजन प्रॉडूस्ट करने का टारगेट रखा है। क्लीन एनर्जी इंवेस्टमेंट नॉर्वे बिल फंड की भी प्राथमिकता है। मैं नॉर्वे को भारत के क्लीन एनर्जी फ्यूचर में अहम हिस्सेदार बनने के लिए आमंत्रित करता हूं।
प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के व्यापारिक समुदायों से नई साझेदारियां बनाने, सहयोग के उभरते क्षेत्रों की पहचान करने और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने का आग्रह किया।
शिखर सम्मेलन में 50 से अधिक कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और भारत तथा नॉर्वे के व्यापार और अनुसंधान समुदायों के 250 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री मोदी को नॉर्वे के राजा हेराल्ड पंचम ने रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट को ग्रैंड क्रॉस से सम्मानित किया।
*******
विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने प्रेस वार्ता में कहा कि इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के हरित और समुद्री अर्थव्यवस्था में साझेदारी से अधिक निवेश आएगा, रोजगार सृजित होगा और भारत के लिए ऊर्जा सुरक्षा सहित सतत ऊर्जा लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकेगा।
भारत के महत्वाकांक्षी समुद्री अमृतकाल विजन 2047 को मान्यता देते हुए, दोनों नेताओं ने जहाज निर्माण, हरित जहाजरानी, जहाज पुनर्चक्रण, बंदरगाह अवसंरचना का विकास, नाविकों का प्रशिक्षण, मत्स्य पालन, जलीय कृषि और बंदरगाहों के हरितकरण सहित समुद्री अर्थव्यवस्था साझेदारी को बढ़ाने का आह्वान किया है।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नॉर्वे की यात्रा के दूसरे दिन आज तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। यह विभिन्न क्षेत्रों में भारत-नॉर्डिक सहयोग की दिशा में एक और कदम होगा।
भारत और 5 नॉर्डिक देशों के प्रधानमंत्रियों की उपस्थिति में आज तीसरा भारत–नॉर्डिक शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह शिखर सम्मेलन भारत और नॉर्डिक देशों के बीच बढ़े हुए क्षेत्रीय सहयोग को और मजबूत करेगा। 2022 में डेनमार्क के कोपेनहेगेन में पिछला सम्मलेन आयोजित हुआ था | इस सम्मलेन में प्रौद्योगिकी और नवाचार, स्थिरता, नवीकरणीय ऊर्जा और डिजिटलीकरण चर्चा के मुख्य क्षेत्र हैं। टीईपीए के लागू होने के परिप्रेक्ष्य में यह शिखर सम्मेलन व्यापार और निवेश संबंधों को और अधिक मजबूत करने का प्रयास करेगा। वर्तमान में इन देशों के साथ भारत के द्विपक्षीय व्यापार का मूल्य 19 अरब डॉलर है। तीसरे भारत–नॉर्डिक शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी डेनमार्क, आइसलैंड और फिनलैंड के प्रधानमंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। संगीता गोडबोले आकाशवाणी न्यूज़ ओस्लो नॉर्वे |
*******
प्रधानमंत्री मोदी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में आज इटली पहुंचेंगे। यह यात्रा इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के निमंत्रण पर हो रही है।
श्री मोदी प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। वे इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मत्तारेल्ला से भी मुलाकात करेंगे। हमारी संवाददाता ने बताया कि श्री मोदी भारत और इटली के बीच व्यापार और निवेश को और बढावा देने के लिए उद्योगपतियों से भी बातचीत करेंगे।
रोम पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इटली में बसे भारतीय समुदाय के सदस्यों से मुलाकात करेंगे। जिनकी यहां उल्लेखनीय उपस्थिति है। वे भारतीय मूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी देखेंग। जिसमें प्रवासी भारतीय समुदाय के बच्चों द्वारा गाया गया एक पंजाबी लोकगीत शामिल है। ये बच्चे रोम के पास स्थित होंदी कस्बे से आते हैं जहां उनके माता–पिता कृषि क्षेत्र में कार्यरत है। ये पंजाबी लोक शैली का गीत एक जट किसान के गौरव,शक्ति और उत्सहपूर्ण जीवन का उत्सव मनाता है। रोम से आकाशवाणी के लिए सुपर्णा भाटिया।
*******
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को भारत के मजबूत, आत्मविश्वासी और सक्षम राष्ट्र बनने का प्रतीक बताया। हनोई में कल भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि भारत “पहले परमाणु हमला नहीं” करने की नीति के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन वह परमाणु धमकी के आगे नहीं झुकेगा और किसी भी दुश्मन की दुस्साहसपूर्ण कार्रवाई का करारा जवाब देने के लिए तैयार है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत सेमीकंडक्टर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और यह केवल तकनीकी प्रगति ही नहीं, बल्कि नए भारत की पहचान भी है।
*******
गृह मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में केंद्रीय क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बैठक में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि पिछले छह दशकों के दौरान नक्सलवाद के कारण बस्तर को बड़े पैमाने पर जो आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार अगले पांच वर्षों में करेगी। उन्होंने कहा कि अगले डेढ़ वर्षों के दौरान बस्तर में स्थापित सुरक्षा बलों के करीब 200 कैम्पों में से 70 कैम्पों को जनसेवा केन्द्रों में बदल कर उन्हें आदिवासी कल्याण का केन्द्र बनाया जाएगा। इन सेवा केन्द्रों में बैंकिंग, आधार, राशन कार्ड, कौशल प्रशिक्षण सहित केन्द्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर
*******
न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा से संबंधित आरोपों की जांच कर रही न्यायाधीश जांच समिति ने संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। यह रिपोर्ट न्यायाधीश जांच अधिनियम, 1968 के अंतर्गत वैधानिक आवश्यकताओं के अनुसार प्रस्तुत की गई।
उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश यशवंत वर्मा के खिलाफ लगे आरोपों की जांच के लिए लोकसभा अध्यक्ष द्वारा पिछले वर्ष 12 अगस्त को एक समिति का गठन किया गया था। रिपोर्ट को संसद के दोनों सदनों में उचित समय पर प्रस्तुत किया जाएगा। न्यायाधीश जांच समिति के पीठासीन अधिकारी, सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरविंद कुमार, बंबई उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर और कर्नाटक उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता बी.वी. आचार्य ने श्री बिरला को न्यायाधीश जांच समिति की रिपोर्ट सौंपी। आनंद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं प्राची।
*******
पश्चिम बंगाल सरकार ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय को मुकदमा चलाने की अनुमति दे दी है। मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी ने आधिकारिक आदेश जारी कर निदेशालय को घोष के खिलाफ कथित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में मुकदमा चलाने की अनुमति दे दी है।
श्री अधिकारी ने कहा कि पूर्व की तृणमूल कांग्रेस सरकार ने इस मामले की जांच प्रक्रिया को लंबे समय तक जबरन और अनैतिक रूप से रोक रखा था।
यह मामला एक प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या से भी संबंधित है। सीबीआई ने 29 नवंबर, 2025 को आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में वित्तीय अनियमितताओं के संबंध में आरोप पत्र दाखिल किया गया था।
*******
अमरीका ने समुद्र में पहले से मौजूद रूस के तेल पर प्रतिबंधों की छूट की अवधि को एक महीने के लिए बढ़ा दिया है। अमरीका के वित्त विभाग ने कल एक आदेश जारी कर 17 अप्रैल या उससे पहले समुद्र में फंसे रूसी तेल पर प्रतिबंधों से मिली छूट की समय सीमा को 17 जून तक बढ़ा दिया है।
इससे पहले, अमरीका ने 5 मार्च को एक महीने के लिए रूस का तेल खरीदने पर भारत को प्रतिबंधों से छूट दी थी। कुछ दिनों बाद यह छूट अन्य देशों को भी दी गई, जो 11 अप्रैल को समाप्त हो गई थी।
*******
अमरीका इस वर्ष 30 और 31 अक्तूबर को जॉर्जिया के अटलांटा शहर में जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता करेगा।
अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कल घोषणा की कि इस बैठक में दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के विदेश मंत्री शामिल होंगे ताकि वैश्विक स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के जी20 के मुख्य उद्देशय को आगे बढ़ाया जा सके।
*******
आईपीएल क्रिकेट में सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हराकर प्लेऑफ में जगह बना ली है। चेन्नई में पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में सात विकेट पर 180 रन बनाए।
जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद ने 19 ओवर में पांच विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। ईशान किशन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
आज जयपुर में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से शाम साढ़े सात बजे से होगा।
*******
मौसम विभाग ने आज मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण लू चलने का अनुमान व्यक्त किया है। तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में दिन के समय मौसम गर्म और उमस भरा रहने की संभावना है। राजस्थान, विदर्भ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज गर्मी बनी रहने का अनुमान है।
जम्मू और कश्मीर और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में आज बादल गरजने के साथ बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है।
*******
धन्यवाद जागृति, आज प्रकाशित अखबारों ने अलग-अलग खबरों को अपना शीर्षक बनाया है। दैनिक जागरण लिखता है- अमरीका प्रतिबंध हटाये या लगाकर रखे, रूस से तेल खरीद जारी रखेगा भारत। सरकार की दो टूक – अपने देश की ऊर्जा जरूरत के हिसाब से तेल खरीदेंगे।
हिन्दुस्तान ने अमरीकी मीडिया रिपोर्ट के दावे को प्रमुखता दी है। ईरान का नया शांति प्रस्ताव भी खारिज। पंजाब केसरी ने लिखा है- ट्रंप ने युद्ध पूरी तरह खत्म करने के लिए रखी पांच शर्तें। जवाब में तेहरान ने भी पांच शर्तों की सूची थमाई।
देशबन्धु की खबर है- ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट पर लागू की नई व्यवस्था। स्ट्रेट के प्रबंधन के लिए नया निकाय बनाने की घोषणा की गई है।
नवभारत टाइम्स के अनुसार नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई ने सोमवार को महाराष्ट्र के लातूर से दसवीं गिरफ्तारी की। सीबीआई का दावा, नीट से दस दिन पहले मिले थे सवाल।
अमर उजाला ने अपने संपादकीय पृष्ठ में प्रधानमंत्री मोदी की पांच देशों की यात्रा पर विश्लेषण दिया है। नए समीकरणों की उम्मीद शीर्षक से पत्र लिखता है गहरे भू-राजनीतिक संकटों और आर्थिक अनिशचितताओं के दौर में प्रधानमंत्री मोदी की पांच देशों की छह दिवसीय यात्रा सिर्फ औपचारिक राजनयिक दौरा भर नहीं है, बल्कि इसके व्यापक कूटनीतिक, आर्थिक और सामरिक निहतार्थ भी हैं।
दैनिक भास्कर की विशेष खबर ध्यान आकर्षित करती है- स्मार्ट से ऊबे लोग…. बेसिक चीजों मे सकून की तलाश, जो गैजेट चुपचाप काम करे अब वही ज्यादा समझदार।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत-नॉर्वे व्यापार और अनुसंधान शिखर सम्मेलन में भारत-ईएफटीए समझौते के तहत 100 अरब अमरीकी डॉलर के निवेश और 10 लाख नौकरियों के सृजन का आह्वान किया।
- प्रधानमंत्री मोदी आज तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में सभी पांच नॉर्डिक देशों के नेताओं से मुलाकात करेंगे।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को भारत का मजबूत, आत्मविश्वासी और सक्षम राष्ट्र बनने का प्रतीक बताया।
- न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा से संबंधित आरोपों की जांच कर रही न्यायाधीश जांच समिति ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को रिपोर्ट सौंपी।
- पश्चिम बंगाल सरकार ने वित्तीय अनियमितता मामले में आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रचार्य संदीप घोष पर मुकदमा चलाने की अनुमति दी।
- आईपीएल क्रिकेट में सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ में जगह बनाई।