May 18, 2026 9:12 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोथेनबर्ग में स्‍वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ बातचीत की। भारत और स्‍वीडन ने आपसी सहयोग को बढाकर व्‍यापक रणनीतिक साझेदारी तक करने का फैसला किया।
  2. प्रधानमंत्री ने स्वीडन की कंपनियों कोमेक इन इंडिया‘, ‘नेशनल ग्रीन हाइड्रोजन मिशनऔरनेशनल क्रिटिकल मिनरल मिशनजैसी योजनाओं के तहत भारत में निवेश बढ़ाने का निमंत्रण दिया।
  3. केरलम में कांग्रेस नेता वीडी सतीशन आज मुख्‍यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
  4. दक्षिण पश्चिम मॉनसून के सामान्‍य तिथि से छह दिन पहले 26 मई को केरलम तट पर पहुंचने की संभावना।
  5. आईपीएल क्रिकेट में डेल्‍ही कैपिटल्‍स ने राजस्‍थान रॉयल्‍स को 5 विकेट से हराया।

*******

भारत और स्‍वीडन ने आपसी साझेदारी को बढाकर व्‍यापक रणनीतिक साझेदारी करने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्‍वीडन यात्रा की यह ऐतिहासिक उपलब्धि है। श्री मोदी ने कल रात गोथेनबर्ग में स्‍वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ बातचीत की। वे कल स्वीडन की दो दिवसीय यात्रा पर गोथेनबर्ग पहुंचे। भारत-स्वीडन संबंधों में असाधारण योगदान और दूरदर्शी नेतृत्व की पहचान के रूप में श्री मोदी को ‘रॉयल ​​ऑर्डर ऑफ़ द पोलर स्टार, डिग्री कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ से सम्मानित किया गया। प्रतिनिधिमंडल-स्तर की वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, नवाचार, हरित बदलाव, अंतरिक्ष, उभरती प्रौद्योगिकियों, रक्षा, सुरक्षा, एसएमई, अनुसंधान और जनता के बीच संबंधों में सहयोग को प्रगाढ करने के तरीकों पर चर्चा की। दोनों नेता भारत-यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी की भावना और हाल ही में संपन्न भारत-यूरोपीय संघ मुक्‍त व्‍यापार समझौते के अनुरूप, जनहित के नए अवसरों की पहचान करने पर भी सहमत हुए। उन्‍होंने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की। संयुक्त राष्ट्र और बहुपक्षीय संगठनों में सुधार की तात्कालिकता पर ज़ोर दिया गया और बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।

यात्रा के दौरान दोनों देशों ने वर्ष 2026 से 2030 तक के लिए संयुक्त कार्ययोजना अपनाई, जिसका उद्देश्य अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय आर्थिक आदानप्रदान को दोगुना करना है।इंडियास्वीडन: स्ट्रॉन्गर टुगेदरटुवर्ड्स 2047” थीम के तहत दोनों देशों ने 2027 में भारत में द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश शिखर सम्मेलन आयोजित करने पर सहमति जताई। स्वीडिश उद्योगपतियों और प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत में प्रधानमंत्री नेमेक इन इंडियाऔरमेड विद स्वीडनपहल के तहत निवेश बढ़ाने का आह्वान किया, विशेषकर राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन और क्रिटिकल मिशन मिनरल मिशन जैसे क्षेत्रों में। दोनों देशों की साझेदारी अब सेमीकंडक्टर और मजबूत सप्‍लाई चेंज जैसे उच्च विकास वाले क्षेत्रों तक विस्तारित होगी। तकनीक और जलवायु परिवर्तन के क्षेत्र में भी इस यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण समझौते हुए। प्रधानमंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के प्रति समर्थन व्यक्त करने के लिए स्वीडन का विशेष आभार भी व्यक्त किया।

आतंकवाद पूरी मानवता के लिए गंभीर चुनौती है। पिछले वर्ष पहलगांम में हुए आतंकी हमले के बाद हमें स्‍वीडन से मिले समर्थन के लिए मैं प्रधानमंत्री  क्रिस्टर्सन का आभार व्‍यक्‍त करता हूं। हम आतंकवाद और समर्थकों के विरूद्ध लड़ाई जारी रखेंगे।   इस यात्रा ने साझा बौद्धिक विरासत और व्यापक क्षेत्रीय सहयोग को भी नई पहचान दी। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, गोथेनबर्ग, स्वीडन।

*******

प्रधानमंत्री पांच देशों की यात्रा के चौथे चरण में आज नॉर्वे जाएंगे। वे तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे और द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। यह श्री मोदी की नॉर्वे की पहली यात्रा होगी। 43 वर्ष बाद भारत के कोई प्रधानमंत्री नॉर्वे जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी सम्राट हेराल्ड पंचम और महारानी सोन्या से मिलेंगे, और प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर के साथ बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी, नॉर्वे के प्रधानमंत्री के साथ भारतनॉर्वे व्यापार और अनुसंधान शिखर सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। यह यात्रा भारतनॉर्वे संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा करने और उन्हें और मज़बूत बनाने के तरीकों को खोजने का अवसर प्रदान करेगी; इसमें व्यापार और निवेश पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। तीसरा भारतनॉर्डिक शिखर सम्मेलन कल होगा। इस सम्‍मेलन में श्री मोदी के साथ नॉर्वे, डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड और स्वीडन के प्रधानमंत्री शामिल होंगे। साक्षी सिंह की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।

*******

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा 79वें विश्व स्वास्थ्य सम्‍मेलन में भाग लेने के लिए स्विट्जरलैंड पहुंच गए हैं। सम्‍मेलन 18 से 23 मई तक चलेगा। इस वर्ष सम्‍मेलन का विषय है – वैश्विक स्वास्थ्य को नया स्वरूप देना: साझा जिम्मेदारी।  श्री नड्डा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह वैश्विक स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने में सामूहिक प्रयासों के महत्व को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि यह सम्‍मेलन 165 से अधिक देशों के स्वास्थ्य मंत्रियों, गणमान्य जनों और सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों को एक मंच पर लाएगा।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

कांग्रेस नेता वी.डी. सतीशन आज केरलम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर आज सुबह 10 बजे तिरुवनंतपुरम में आयोजित समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। मुख्यमंत्री पद के लिए नामित सतीशन ने कल शाम शपथ ग्रहण समारोह से पहले 21 सदस्यीय यूडीएफ मंत्रिमंडल की घोषणा की।    

कांग्रेस के नेतृत्‍व वाली यू.डी.एस. सरकार आज केरलम् में दस साल के अंतराल के बाद शपथ ले रही है। मुख्यमंत्री और 20 अन्य मंत्री तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित समारोह में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह देखने के लिए यूडीएफ कार्यकर्ता कल दोपहर से ही बड़ी संख्‍या में राजधानी पहुंच रहे हैं। इस समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना के मुख्यमंत्री, केरलम के निवर्तमान मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर साहित कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। तिरुवनंतपुरम से स्मिथ एम पल्लुरुथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मृगनयनी पांडये।

*******

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रिमंडल में नव नियुक्त और पदोन्नत मंत्रियों को विभाग आवंटित कर दिए हैं। दस मई को हुए उत्तर प्रदेश सरकार के दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विभागों का आवंटन किया गया है। इस फेरबदल में दो कैबिनेट मंत्रियों और चार राज्य मंत्रियों को सरकार में शामिल किया गया, जबकि दो राज्य मंत्रियों को स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री के पद पर पदोन्नत किया गया है।

*******

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर कल शाम रायपुर पहुंचे। हमारे संवाददाता ने बताया कि श्री शाह रायपुर और बस्तर में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज सुबह रायपुर में आपातकालीन सेवा डायल-112 के तहत नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद वे बस्तर जाएंगे और जिले  के नेतानार गांव में जन सुविधा केन्द्र का शुभारंभ करेंगे । इस केंद्र से दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों को शासकीय और डिजिटल सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी। इसके बाद श्री शाह जगदलपुर पहुंचकर अमर वाटिका में श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। शाम को वेबस्तर के संगलोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ के नक्सल मुक्त होने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री का यह राज्य का पहला दौरा है। विकल्प शुक्ला आकाशवाणी समाचार रायपुर।

*******

मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण पश्चिम मॉनसून सामान्‍य तिथि से छह दिन पहले 26 मई को केरलम तट पर पहुंचने की संभावना है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दक्षिण-पूर्व अरब सागर, बंगाल की खाड़ी, अंडमान- निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर में अगले दो से तीन दिन तक मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए स्थिति अनुकूल है।

मौसम विभाग ने अनुमान व्‍यक्‍त किया है कि आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम, लक्षद्वीप, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में भारी बारिश हो सकती है। वहीं आज विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भीषण लू चलने की संभावना व्‍यक्‍त की है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्‍ली, मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, पंजाब, राजस्थान, तेलंगाना और विदर्भ के कुछ इलाकों में भी लू चल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों में उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्‍सों मे अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की बढोत्तरी हो सकती है। अमन यादव आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

*******

आकाशवाणी से प्रसारित होने वाले साप्‍ताहिक कार्ययक्रम पब्लिक स्‍पीक में आज जनगणना 2027 के प्रथम चरण – मकान सूचीकरण और आवास गणना पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। कार्यक्रम में गृह मंत्रालय के अंतर्गत भारत के रजिस्‍ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्‍त कार्यालय में उप रजिस्‍ट्रार जनरल वी ए वराडे स्टूडियो में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान श्रोता विषय से संबंधित प्रश्‍न पूछ सकते हैं। नम्‍बर – 011-23310481, 011-23717117, 011-23717106, और 011-23314444 । व्हाट्सएप नम्‍बर 9289094044 पर भी सवाल पूछे जा सकते हैं।

*******

नीट-यूजी प्रवेश परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच अब महाराष्ट्र के लातूर से नांदेड़ तक पहुंच गई। एक अभिभावक पर अपनी बेटी के लिए प्रश्नपत्र पांच लाख रुपये में खरीदने का आरोप है। केन्‍द्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो की टीम .ने कल उस व्यक्ति से पूछताछ कर जांच के लिए कल पुणे कार्यालय में बुलाया है। इस मामले में दिल्ली की राउज़ एवेन्यू अदालत ने पुणे की आरोपी मनीषा मंधारे को 14 दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया। एजेंसी के अनुसार, मंधारे नीट जीव विज्ञान परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में मुख्य षड्यंत्रकारी है।

*******

पश्चिम मध्य रेलवे ने तिरुअनंतपुरम सेंट्रल-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में आग की घटना की जांच के लिए उच्च प्रशासनिक स्तर की जांच समिति गठित की है। मध्य प्रदेश के लूणी रिच्छा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच रेलगाडी के एक यात्री डिब्बे, सामान रखने वाले डिब्‍बे और जनरेटर वाले डिब्बे में आग लग गयी थी। समिति घटना के कारणों, तकनीकी पहलुओं और सुरक्षा मानकों की विस्तृत जांच करेगी, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

*******

चेन्‍नई में आईपीएल क्रिकेट में आज शाम साढे सात बजे चेन्‍नई सुपर किंग्‍स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगे। प्‍लेऑफ में बने रहने के लिए यह मैच दोनों टीम के लिए बेहद महत्‍वपूर्ण है। अंक तालिका में हैदराबाद तीसरे और चेन्‍नई छठे स्‍थान पर है। प्रतियोगिता में कल डेल्‍ही कैपिटल्‍स ने राजस्‍थान रॉयल्स को पांच विकेट से हरा दिया। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को 23 रन से हरा कर प्‍लेऑफ में जगह बनाई।

*******

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने एच.डी. देवेगौड़ा को सही मायने में धरती का सपूत बताया।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंमनोज।

भारत और नीदरलैंड्स का द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तक ले जाने का निर्णय आज के सभी अखबारों की पहली खबर है। अमर उजाला की सुर्खी है- रक्षा खनिज और एआई में मिलकर काम करेंगे भारत-नीदरलैंड्स। 17 समझौतें हुए, पांच साल का रोड मैप तैयार। होर्मुज जलमार्ग में जहाजों पर हमले और आवागमन को रोकना मंजूर नहीं। संयुक्‍त राष्‍ट्र में भारत के स्‍थायी प्रतिनिधि का बयान जनसत्‍ता में है। सुरक्षित अवागमन से संबंध‍ित अंतरराष्‍ट्रीय कानून का पूरी तरह से सम्‍मान किया जाना चाहिए।भारत को मिलने लगा निर्यात विविधता का लाभ। नए बाजार तलाशने की कवायद का दिखा नतीजा, अप्रैल में भी निर्यात 13 प्रतिशत बढ़ा। दैनिक जागरण के अनुसार वैश्विक व्‍यापार में रूकावटों के बावजूद एशिया, अफ्रीका और दक्षिण अमरीका को निर्यात में हुई मजबूत वृद्धि। केन्‍द्रीय माध्यिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं के नतीजों पर छात्रों के विरोध के बाद बोर्ड के पुर्नमूल्‍यांकन फीस में बड़ी कटौती के फैसले को दैनिक भास्‍कर ने प्रमुखता दी है। बोर्ड ने कहा-दोबारा कॉपी जंचवाने में एक नंबर भी बढ़ा तो पूरी फीस लौटाई जाएगी। एनडीए सरकारों पर लोगों का भरोसा, गृहमंत्री का यह बयान हिन्‍दुस्‍तान में है। गुजरात के दौरे पर गए गृह मंत्री ने हाल के विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत पर कहा- भाजपा और एनडीए की सरकारें आज देश के 80 प्रतिशत भू-भाग पर शासन कर रही हैं। दिल्‍ली में महिलाओं को मिलेगा दस करोड का कर्ज। नहीं देनी होगी कोई गारंटी। पंजाब केसरी के अनुसार दिल्‍ली सरकार राष्‍ट्रीय राजधानी में महिलाओं के नेतृत्‍व वाले स्‍टार्ट-अप और स्‍वयं सहायता समूहों को बिना गारंटी देगी ऋण। तीसरे और चौथे के बच्‍चें के जन्‍म पर परिवारों को आर्थिक प्रोत्‍साहन देने की आंध्र प्रदेश सरकार की घोषणा पर नवभारत टाइम्‍स संपादकीय में लिखा है- ऐसे प्रयोग दूसरी जगहों पर भी हुए लेकिन खास सफल नहीं रहे। दक्षिण भारत के राज्‍यों ने बहुत मेहनत से जनसंख्‍या नीति लागू की थी। शिक्षा और जागरूकता पर बाकी राज्‍यों के मुकाबले अधिक खर्च किया गया। यहीं कारण है कि आज दक्षिण के राज्‍य आगे खड़े दिखते हैं। पत्र लिखता है- आबादी को बढ़ाने की नाकाम कोशिशों के बजाय मौजूदा कार्यबल के बेहतर इस्‍तेमाल पर ध्‍यान देने होंगे।  

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोथेनबर्ग में स्‍वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ बातचीत की। भारत और स्‍वीडन ने आपसी सहयोग को बढाकर व्‍यापक रणनीतिक साझेदारी तक करने का फैसला किया।
  2. प्रधानमंत्री ने स्वीडन की कंपनियों को ‘मेक इन इंडिया’, ‘नेशनल ग्रीन हाइड्रोजन मिशन’ और ‘नेशनल क्रिटिकल मिनरल मिशन’ जैसी योजनाओं के तहत भारत में निवेश बढ़ाने का निमंत्रण दिया।
  3. केरलम में कांग्रेस नेता वीडी सतीशन आज मुख्‍यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
  4. दक्षिण पश्चिम मॉनसून के सामान्‍य तिथि से छह दिन पहले 26 मई को केरलम तट पर पहुंचने की संभावना।
  5. आईपीएल क्रिकेट में डेल्‍ही कैपिटल्‍स ने राजस्‍थान रॉयल्‍स को 5 विकेट से हराया।

*******

 

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.