मुख्य समाचार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री रॉब येटेन के बीच विचार विमर्श के बाद दोनों देशों ने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
प्रधानमंत्री मोदी दो दिन की स्वीडन यात्रा पर आज गोथेनबर्ग पहुंचेंगे। स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ बातचीत करेंगे।
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के फैसले के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने भोजशाला परिसर में हिंदुओं के निर्बाध प्रवेश की अनुमति दी।
सरकार ने चांदी के आयात पर प्रतिबंध लगाया। इसे मुक्त से प्रतिबंधित श्रेणी में रखा गया है।
दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में विमानन टरबाइन ईंधन पर मूल्य वर्धित कर- वैट को 25 प्रतिशत से घटाकर 7 प्रतिशत करने का निर्णय लिया।
और, थाईलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष डबल्स के फाइनल में आज भारत के सात्विक सांईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी का मुकबला इंडोनेशियाई जोड़ी से होगा।
*******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री रॉब येटेन के बीच हेग में व्यापक विचार विमर्श के बाद दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की है। दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, प्रौद्योगिकी, जल प्रबंधन, स्वच्छ ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की। प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के लिए कई समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए गए। संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने की घोषणा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत-नीदरलैंड्स के संबंधों में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
हमें नीदरलैंड की एक्सपर्टीज और भारत की स्पीड और स्केल को हर क्षेत्र में जोड़ना चाहिए। इनोवेशन इन्वेस्टमेंट सस्टेनेबिलिटी और डिफेंस जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नए आयामों तक पहुंचना है। इसी साझा दृष्टि के साथ भारत-नीदरलैंड्स संबंधों को स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप के स्तर पर ले जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों को नवाचार, निवेश, सतत विकास और रक्षा क्षेत्रों में अपने सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की आवश्यकता है।
नीदरलैड्स के प्रधानमंत्री रॉब येटेन ने भी भारत के साथ संबंधों के बढ़ते महत्व पर जोर दिया और आर्थिक और रणनीतिक क्षेत्रों में मजबूत सहयोग का समर्थन किया।
*******
पांच देशों की यात्रा के दूसरे चरण में श्री मोदी ने नीदरलैंड्स के हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया पिछले कुछ समय से कोविड महामारी, वर्तमान में जारी संघर्षों और ऊर्जा संकट जैसी कई बड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है।
श्री मोदी ने कहा कि 21वीं सदी में भारत अवसरों की भूमि बनकर उभर रहा है।
21वीं सदी का भारत अवसरों की भूमि है। भारत टेक्नोलॉजी ड्रिवन भी है और ह्यूमैनिटी ड्रिवन भी है भारत जितना एनशिएंट है, उतना ही मॉडर्न बन रहा है और विकसित भारत की जर्नी में भागीदारिता भी है। मैं नीदरलैंड्स में भारतीय समुदाय के सभी साथियों से कहूंगा आप भारत में ज्यादा से ज्यादा सहयोग बढ़ाएं, इससे भारत का समर्थ्य भी बढ़ेगा और आपके इन्वेस्टमेंट पर रिटर्न भी ज्यादा मिलेगा।
*******
प्रधानमंत्री मोदी आज स्वीडन की दो दिन की यात्रा पर गोथनबर्ग पहुंचेंगे। यह यात्रा भारत और स्वीडन के बीच मजबूत होते गठबंधन में ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। श्री मोदी स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ वार्ता करेंगे, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। एक रिपोर्ट-
दुनिया की सबसे नवाचारी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल स्वीडन को भारत की डिजिटल प्रतिभा और तकनीकी क्षमता के साथ स्वाभाविक साझेदारी मिलती है। वर्तमान में भारत में 280 से अधिक स्वीडिश कंपनियां सक्रिय हैं, जबकि लगभग 75 भारतीय कंपनियों ने स्वीडन में अपनी उपस्थिति स्थापित करी है। इस यात्रा का एक विशेष आकर्षण यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री का संबोधन है। जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, स्वीडन के प्रधानमंत्री और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष के साथ करेंगे। भारत-यूरोपीय संघ फ्री-ट्रेड समझौता भारतीय निर्यात के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे वस्त्र, लैदर और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों को व्यापक बाजार पहुंच मिलने की संभावना है। रक्षा और सुरक्षा सहयोग भी अब दोनों देशों की साझेदारी का एक प्रमुख स्तंभ बन चुका है। कुल मिलाकर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गोथेनबर्ग यात्रा ऐतिहासिक विश्वास और भविष्य की साझेदारी के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य कर रही है। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, गोथेनबर्ग, स्वीडन।
आकाशवाणी से विशेष बातचीत में स्वीडन में भारतीय राजदूत अनुराग भूषण ने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करेगी।
रक्षा क्षेत्र में स्वीडन के साथ हमारी साझेदारी बहुत पुरानी है, लेकिन अब यह रिश्ता सिर्फ़ ‘खरीदार-विक्रेता’ के सम्बंध से आगे बढ़कर ‘रक्षा साझेदार’ के रिश्ते में बदल गया है। अब दोनों देश और दोनों देशों की कंपनियाँ मिलकर रक्षा उपकरण बनाने और उनके उत्पादन करने की दिशा में काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल जैसे ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’, और साथ ही देश में हुए बुनियादी ढाँचे के विकास से इस प्रयास को और भी अधिक गति मिली है।
*******
एक राष्ट्र-एक चुनाव विधेयक पर संयुक्त संसदीय समिति ने कल बेंगलुरु में राजनीतिक दलों, वैधानिक संस्थाओं और सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों से गहन विचार विमर्श किया। समिति के सभापति पी पी चौधरी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी के शिव कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री वीरप्पा मोइली और भारतीय जनता पार्टी तथा अन्य पार्टियों के नेताओं ने अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि कई राज्यों की यात्रा के दौरान समिति, आपत्तियां और सुझाव एकत्र कर रही है। इससे जुडी चुनौतियों पर उन्होंने कहा कि देश में एक साथ चुनाव कराने के लिए कुछ राज्यों की विधानसभाओं को निर्धारित समय से पहले भंग करना होगा और दलबदल विरोधी कानून, अविश्वास प्रस्ताव तथा राष्ट्रपति शासन के माध्यम से समस्याओं का निदान करना पडेगा।
*******
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने मध्य प्रदेश के धार में भोजशाला परिसर में हिंदुओं को पूजा-पाठ और अन्य कार्यक्रमों के लिए निर्बाध प्रवेश की अनुमति दे दी है। इससे पहले मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने भोजशाला को देवी सरस्वती का मंदिर घोषित किया था। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के आदेश का हवाला देते हुए एक अधिकारी ने कहा कि भोजशाला एक मंदिर होने के साथ-साथ संस्कृत भाषा, व्याकरण और साहित्य के अध्ययन और अनुसंधान का केंद्र भी है। हिंदू समाज को प्राचीन परंपरा के अनुसार मां देवी सरस्वती की पूजा-अर्चना और अध्ययन के लिए इस परिसर में बिना किसी रोक-टोक के आने का अधिकार होगा। हाई कोर्ट की इंदौर बेंच ने भारतीय पुरात्तव सर्वेक्षण के उस 7 अप्रैल 2003 के आदेश को भी रद्द कर दिया, जिसमें मुस्लिम समुदाय को हर शुक्रवार भोजशाला परिसर में नमाज पढ़ने की अनुमति दी गई थी। कोर्ट ने यह भी कहा है कि मुस्लिम समुदाय जिले में मस्जिद निर्माण के लिए अलग जमीन के आवंटन के लिए राज्य सरकार से संपर्क कर सकता है। अभिनव गोयल, आकाशवाणी, भोपाल।
*******
केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सी.बी.आई. ने नीट पेपर लीक मामले में पुणे से एक अन्य अभियुक्त प्रोफेसर मनीषा मंधारे को गिरफ्तार किया है। वे पुणे के एक कॉलेज में वनस्पति शास्त्र की अध्यापक हैं। सी.बी.आई. के अनुसार राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने मंधारे को परीक्षा प्रक्रिया में विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त किया था। इससे पहले, सी.बी.आई. ने 14 मई को पुणे से ही मनीषा वाघमरे का गिरफ्तार किया था।
*******
पश्चिम बंगाल में, आरजी कर मेडिकल कॉलेज दुष्कर्म और हत्या मामले की सुनवाई कलकत्ता उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति शम्पा सरकार और न्यायमूर्ति तीर्थंकर घोष की खंडपीठ करेगी। इससे पहले, न्यायमूर्ति राजा शेखर मंथा और न्यायमूर्ति राय चट्टोपाध्याय ने 11 मई को इस मामले से खुद को अलग कर लिया था। इसमें एक मात्र दोषी संजय रॉय को जनवरी 2025 में आजीवन कारावास की सजा हुई थी।
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सर्वोच्च न्यायालय (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन अध्यादेश, 2026 के माध्यम से सर्वोच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश के अलावा न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या को 33 से बढ़ाकर 37 करने की मंजूरी दे दी है। इस अध्यादेश के माध्यम से सर्वोच्च न्यायालय (न्यायाधीशों की संख्या) अधिनियम, 1956 में संशोधन किया गया है।
*******
कीमती धातुओं पर भारी सीमा शुल्क लगाने के कुछ ही दिनों बाद, सरकार ने चांदी के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है। विदेश व्यापार महानिदेशालय ने एक अधिसूचना में कहा कि सोने और प्लैटिनम से मढ़ी हुई चांदी सहित चांदी के आयात की नीति को मुक्त से प्रतिबंधित करके संशोधित कर दिया गया है। सरकार ने बुधवार को कीमती धातुओं पर आयात शुल्क छह प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया था। प्रतिबंधित श्रेणी के अंतर्गत आने वाली वस्तुओं के आयात के लिए सरकारी लाइसेंस की आवश्यकता होती है।
*******
दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में विमानन ईंधन पर मूल्य वर्धित कर- वैट 25 प्रतिशत से घटाकर 7 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्पर्क और आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करने के अनुरूप लिया गया है।
*******
और अब खेल जगत की खबरों के साथ हैं मुकेश कुमार बल।
जी लवलीन, खेल खबरों में सबसे पहले बात बैडमिंटन की…बैंकॉक में थाईलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष डबल्स के फाइनल में आज भारत के सात्विक सांईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी का मुकाबला इंडोनेशिया के लियो रोली कॉर्नेडो और डेनियल मार्टिन की जोड़ी से होगा और, अगर बात करें टेनिस की तो, भारत के सिद्धांत बंथिया और बुल्गारिया के अलेक्जेंडर डोन्स्की की जोड़ी ने पुर्तगाल में ओइरास-फोर एटीपी चैलेंजर वन हंड्रैड टूर्नामेंट में पुरूष डबल्स का खिताब अपने नाम कर लिया है। और टेनिस में ही इटली ओपन टूर्नामेंट में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी इटली के यानिक सिनर फाइनल में पहुंच गये हैं। फाइनल में आज सिनर का सामना कैस्पर रूड से होगा। उधर बैंग्लुरू में भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले टीम की तैयारियों पर ज़ोर दिया है। भारतीय टीम 26 से 30 मई के बीच पर्थ हॉकी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैच खेलेगी। और अगर बात करें क्रिकेट की तो आईपीएल में, कल रात कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात टाइटन्स को 29 रन से हरा दिया। प्रतियोगिता में, आज धर्मशाला में दोपहर साढे तीन बजे से पंजाब किंग्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। और शाम साढ़े सात बजे से दिल्ली में राजस्थान रॉयल्स और डेल्ही कैपिटल्स आमने-सामने होंगे। जी लवलीन…खेल जगत से बस आज इतनी ही।
*******
मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अरब सागर, बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान द्वीप समूह के कई हिस्सों और पूरे निकोबार द्वीप समूह में आगे बढ़ चुका है। विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई को केरलम् तक पहुंचने की संभावना है। अगले तीन से चार दिनों के दौरान अंडमान निकोबार द्वीप समूह, हिमालय के तराई क्षेत्र, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कारईक्काल, केरलम्, माहे और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है।
*******
आज विश्व उच्च रक्तचाप दिवस है। इसका उद्देश्य उच्च रक्तचाप के बारे में वैश्विक जागरूकता, रोकथाम, पहचान और नियंत्रण को बढ़ावा देना है। इस वर्ष का विषय है-उच्च रक्तचाप को मिलकर नियंत्रित करें: नियमित रूप से अपने रक्तचाप की जांच करें और इस बीमारी को हराएं”।
*******
समाचार पत्रों की सुर्खियों से
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस दशक को अपदाओं का दशक बताते हुए इस स्थिति को बदलने का अपील की है। लोकसत्य की सुर्खी है- मानवता के सामने कई बडी चुनौतियां। हालात नहीं बदले तो गरीबी के दल-दल में फंसेगी दुनिया। प्रधानमंत्री की चेतावनी र्शीषक से दैनिक जागरण ने संपादकीय में लिखा है, एक ऐसे समय जब भारत पिछले कुछ वर्षों में करोडो लोगों को गरीबी से उबारने में सफल हुआ है। तब इससे अधिक चिंता की बात कोई ओर नहीं हो सकती, कि फिर से न सिर्फ भारतीयों के, बल्कि पूरी दुनिया के सामने आर्थिक संकट तेजी से बढ रहा है। भोजशाला में अब बिना रोक टोक के 365 दिन हो सकेगी पूजा। दैनिक जागरण ने इसे पहली खबर बनाते हुए लिखा है, प्रवेश और पूजा की नई व्यवस्था, भोजशाला में लौटा आस्था का उल्लास। नीट यूजी पेपर लीक मामले में दैनिक ट्रिब्यून लिखता है – रक्षक ही भक्षक, पत्र के अनुसार। एनटीए ने चार नए अफसरों की नियुक्ति हुई, कथित सरगना कुलकर्णी को दस दिन की हिरासत में भेजा। नवभारत टाइम्स की खबर है- जुलाई से सी बी एस ई के अंतर्गत 9वीं और दसवीं के विद्यार्थी पढेंगे तीसरी भाषा, जिनमें दो भारतीय भाषाएं अनिवार्य होंगी। पत्र के अनुसार नये नियम पहली जुलाई प्रभावी हो जायेंगे। आज विश्व दूरसंचार दिवस पर राजस्थान पत्रिका लिखता है – धरती के संसाधनों को निचोड रहा आपके फोन में पड़ा डार्क डेटा। पत्र के अनुसार हर दिन अनावश्यक फाईल और चैट से बढ रहा है डार्क डेटा, जिसे संभालने में खर्च हो रही है बिजली और पानी। मॉनसून के अंडमान पहुंचने की खबर हिंदुस्तान में है। पत्र मे अनुसार अगले हफ्ते दक्षिण पूर्वी अरब सागर और बंगाल की खाडी में पहुंचने के आसार।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री रॉब येटेन के बीच विचार विमर्श के बाद दोनों देशों ने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
प्रधानमंत्री मोदी दो दिन की स्वीडन यात्रा पर आज गोथेनबर्ग पहुंचेंगे। स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ बातचीत करेंगे।
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के फैसले के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने भोजशाला परिसर में हिंदुओं के निर्बाध प्रवेश की अनुमति दी।
सरकार ने चांदी के आयात पर प्रतिबंध लगाया। इसे मुक्त से प्रतिबंधित श्रेणी में रखा गया है
दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में विमानन टरबाइन ईंधन पर मूल्य वर्धित कर- वैट को 25 प्रतिशत से घटाकर 7 प्रतिशत करने का निर्णय लिया।
और, थाईलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष डबल्स के फाइनल में आज भारत के सात्विक सांईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी का मुकबला इंडोनेशियाई जोड़ी से होगा।
*******