May 16, 2026 9:06 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  1. भारत और संयुक्त अरब अमीरात ने भारत में रणनीतिक पेट्रोलियम और गैस भंडार स्थापित करने सहित कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

  2. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा के दूसरे चरण में नीदरलैंड्स पहुंचे।

  3. प्रधानमंत्री ने विदेश यात्रा पर कर लगाने की खबर का खंडन किया।

  4. सीबीएसई ने कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मुल्यांकन की सुविधा शुरू करने की घोषणा की।

  5. इस्राएल और लेबनान युद्धविराम को 45 दिन बढ़ाने पर सहमत हुए।

  6. थाईलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष डबल्स सेमीफाइनल में भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का सामना मलेशियाई जोड़ी से।

 

*******

 

भारत और संयुक्‍त अरब अमीरात-यूएई ने पेट्रोलियम भंडार, दीर्घकालिक एलपीजी आपूर्ति और रक्षा सहयोग से संबंधित कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए है। ये समझौते पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच अबू धाबी में उच्च स्तरीय वार्ता के बाद हुए। यूएई ने भारत में 5 अरब अमरीकी डॉलर के निवेश का भी वादा किया। प्रधानमंत्री मोदी कल पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में यूएई गए थे। इन समझौतों में इंडियन स्‍ट्रेटेजिक पेट्रोलियम रिज़र्व्स लिमिटेड और अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी के बीच भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए रणनीतिक सहयोग समझौता शामिल हैं। पेट्रोलियम भंडार में सहयोग और तरल प्राकृतिक गैस और एलपीजी भंडारण सुविधाओं पर सहयोग के लिए समझौता किया गया। इस समझौते से भारत के रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार में यूएई की हिस्सेदारी बढ़कर 3 करोड़ बैरल हो जाएगी और भारत में रणनीतिक गैस भंडार स्थापित किए जाएंगे। दोनों पक्षों ने एलपीजी पर रणनीतिक सहयोग समझौते पर भी हस्ताक्षर किए, इससे भारत में व्यापक रूप से ईंधन की दीर्घकालिक आपूर्ति सुनिश्चित होने की संभावना है। भारत और संयुक्त अरब अमीरात ने रणनीतिक रक्षा साझेदारी के ढांचे पर भी हस्ताक्षर किए, जो रक्षा औद्योगिक सहयोग, प्रौद्योगिकी साझाकरण, नवाचार और क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग पर केंद्रित है। वार्ता के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति जायद अल नाहयान ने पश्चिम एशिया संकट पर भी चर्चा की। श्री मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के नेतृत्व और लोगों के साथ भारत की एकजुटता की पुष्टि की।

 

 

 

पश्चिम एशिया क्षेत्र में युद्ध की परिस्थिति का प्रभाव पूरे विश्व पर दिखाई दे रहा है। भारत ने हमेशा समस्याओं के समाधान के लिए डॉयलॉग और डिप्लोमेसी को प्राथमिकता दी है। होर्मुज को फ्री, ओपन और सेफ बनाए रखना, ये हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। भारत हर परिस्थिति में यू.ए.ई. के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और आगे भी खड़ा रहेगा।

 

*******

     

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल अपने पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण में नीदरलैंड्स पहुंचे। इस दौरे का उद्देश्य यूरोपीय देशों के साथ भारत के रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करना है। एम्स्टर्डम हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत नीदरलैंड्स के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन ने किया।

 

 

 

इससे भारत-यूरोप मुक्त व्यापार समझौते के बाद भारत-यूरोपीय संबंधों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। आज प्रधानमंत्री मोदी भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे और नीदरलैंड्स की प्रमुख कंपनियों के सीईओ से मुलाक़ात करेंगे। कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर होने की भी उम्मीद है, खासकर सेमीकंडक्टर चिप्स और ए.आई के क्षेत्रों में, जहाँ नीदरलैंड्स वैश्विक लीडर है। नीदरलैंड्स भारत का अहम आर्थिक साझेदार है। यह भारत के लिए सबसे बड़े निर्यात स्थलों में से एक होने के साथ-साथ भारत में निवेश करने वाला प्रमुख देश भी है। दोनों देशों के बीच जल प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन अर्थव्यवस्था, कृषि तकनीकों और स्वास्थ्य के क्षेत्रों में मज़बूत साझेदारी और सहयोग है। हेग, नीदरलैंड्स से सुश्रुत शर्मा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं पूजा।

 

*******

     

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सरकार देशवासियों के लिए व्यापार में आसानी और जीवन सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने विदेश यात्रा पर उपकर, कर या अधिभार लगाने से संबंधित रिपोर्ट खारिज कर दी। उन्होंने कहा कि यह रिपोर्ट पूरी तरह से झूठी और निराधार है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विदेश यात्रा पर इस तरह के प्रतिबंध लगाने का कोई प्रश्‍न ही नहीं हैं।

 

*******

     

सरकार ने तेल निर्यात पर उत्‍पाद शुल्‍क में परिवर्तन किया है। पेट्रोल के निर्यात पर तीन रुपये प्रति लीटर का विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क लगाया गया है। डीजल के निर्यात पर यह शुल्क 23 रुपये से घटाकर 16 रुपये 50 पैसे प्रति लीटर कर दिया गया है। विमान ईंधन पर भी इसे 33 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 16 रुपये कर दिया। संशोधित दरें आज से 15 दिन तक लागू रहेंगी। घरेलू खपत के लिए पेट्रोल और डीजल पर मौजूदा उत्पाद शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

 

*******

     

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सीबीएसई ने 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए परिणाम घोषित होने के बाद उपलब्ध सुविधाओं के बारे में नोटिस जारी किया है। इसमें निष्पक्ष, पारदर्शी और समान मूल्यांकन प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्धता को दोहराया गया है। बोर्ड ने कहा है कि जो विद्यार्थी अपने परिणामों से संतुष्ट नहीं हैं, वे दो चरणों वाली समीक्षा प्रणाली का लाभ उठा सकते हैं। इसके पहले चरण में, विद्यार्थी अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई प्रतियां मांग सकते हैं।

 

*******

     

नीट यूजी परीक्षा 21 जून को होगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एनटीए ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा के उम्मीदवार बृहस्‍पतिवार तक अपना वर्तमान पता और प्रथम तथा दूसरी वरीयता के शहर का नाम अपडेट कर सकते हैं। परीक्षा दोपहर बाद 2 बजे से शाम पांच बजकर 15 मिनट तक होगी। पेपर लीक होने के कारण 3 मई को आयोजित परीक्षा रद्द कर दी गई थी। सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है।

 

*******

     

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कल वर्चुअल माध्यम से राजस्थान के पहले सेमीकंडक्टर प्लांट का शुभारंभ किया।

 

 

भिवाड़ी के सलारपुर में यह प्‍लांट इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और सेमीकंडक्टर के लिए वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में भारत की यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सहस्रा सेमीकंडक्टर्स प्राइवेट लिमिटेड का यह प्लांट भारत का पहला लघु और मध्यम उद्यम है, जिसने सेमीकंडक्टर चिप्स का वाणिज्यिक उत्पादन शुरू किया है। यह प्लांट 150 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश से स्थापित किया गया है। यहां प्रति वर्ष 60 मिलियन सेमीकंडक्टर यूनिट्स बनाई जा सकेंगी। अगले 2 से 3 वर्ष में इसकी वार्षिक क्षमता बढ़ाकर 400 से 600 मिलियन यूनिट्स तक करने की योजना है। यह प्लांट अपने उत्पादन का 60% से अधिक हिस्सा अमरीका, जर्मनी, फ्रांस, पूर्वी यूरोप, चीन और नेपाल जैसे वैश्विक बाजारों में निर्यात कर रहा है। समाचार कक्ष से कृष्‍ण कांत।

 

*******

     

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत में कोई भी गरीब व्यक्ति स्थायी घर के बिना नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी को पक्के मकान उपलब्ध कराना केंद्र सरकार की प्रमुख प्रतिबद्धता है। श्री चौहान महाराष्ट्र के सतारा में आयोजित महा आवास अभियान के तहत नए घरों के उद्घाटन और राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे।

 

 

भारत की धरती पर कोई भी गरीब कच्‍चे मकान में नहीं रहेगा। हर एक गरीब को पक्‍की छत मुहैय्या कराई जाएगी। फिर से हमारी सरकार बनी, देवेन्‍द्र जी मुख्‍यमंत्री बने, उन्‍होंने कहा कि बैकलॉग बहुत है शिवराज, हमें तो बहुत मकान चाहिए और मुझे कहते हुए गर्व है कि प्रधानमंत्री जी के आशीर्वाद से, उनकी पहल पर लगभग एक साल के अंतराल में 30 लाख मकान महाराष्‍ट्र को मिले, ये इतिहास में आज तक नहीं हुआ है।

 

*******

     

सिक्किम आज अपना स्‍थापना दिवस मना रहा है। राज्‍य 16 मई 1975 को आधिकारिक रूप से भारत में शामिल हुआ था। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन गंगतोक के मनन केंद्र में राज्‍य स्‍थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। पदभार ग्रहण करने के बाद उपराष्‍ट्रपति की यह पहली सिक्किम यात्रा है। इस कार्यक्रम में राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर, मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और पूवोत्‍तर विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी भाग लेंगे।

 

*******

     

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सिक्किम के राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि विश्व का पहला पूर्णतः जैविक राज्य बनने से लेकर पर्वतीय पर्यटन को नई परिभाषा देने तक, सिक्किम की उपलब्धियां पूरे देश को प्रेरित करती हैं।

 

*******

     

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान कथित भड़काऊ टिप्पणियों के संबंध में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि गृह मंत्री अमित शाह को लक्षित करके की गई टिप्पणियां सांसद अभिषेक बनर्जी के आधिकारिक फेसबुक पेज सहित सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित की गईं।

 

*******

     

इस्राएल और लेबनान युद्धविराम को 45 दिन के लिए बढ़ाने पर सहमत हो गए हैं। अमरीकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता टॉमी पिगोट ने इसकी पुष्टि की। उन्‍होंने बताया कि वाशिंगटन में दो दिन की वार्ता के बाद यह समझौता हुआ है। दो या तीन जून को बातचीत करने पर भी सहमति बनी है। इस्राएल और लेबनान के हिजबुल्लाह आतंकी समूह के बीच युद्धविराम कल समाप्त हो रहा था।

 

*******

     

बैडमिंटन में, भारतीय पुरुष डबल्‍स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी आज बैंकॉक में थाईलैंड ओपन के सेमीफाइनल में मलेशियाई शटलर नूर इज़्ज़ुद्दीन और गोह स्ज़े फ़ेई से भिड़ेंगे। इस बीच, पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन सहित अन्य भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

 

*******

     

आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ सुपर जायंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को सात विकेट से हरा दिया। चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में 187 रन बनाए। लखनऊ सुपर जायंट्स ने 17वें ओवर में ही जीत का लक्ष्‍य हासिल कर लिया। मिचेल मार्श ने शानदार 90 रन बनाए। उन्‍हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता में आज शाम कोलकाता के ईडन गार्डन्‍स में साढे सात बजे से गुजरात टाइटन्स का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा।

 

*******

     

आज अंतर्राष्ट्रीय प्रकाश दिवस मनाया जा रहा है। यह दिवस प्रत्‍येक वर्ष 16 मई को भौतिक विज्ञानी और अभियंता थियोडोर मैमन द्वारा 1960 में लेजर के पहले सफल संचालन की स्मृति में मनाया जाता है।

 

*******

     

आज राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया जा रहा है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा आधिकारिक रूप से घोषित इस दिवस का उद्देश्य डेंगू के प्रति जागरूकता बढ़ाना और मानसून से पहले इसके खिलाफ निवारक उपायों को मजबूत करना है।

 

*******

     

धन्यवाद मुकेश, भारत और संयुक्‍त अरब अमीरात के बीच ऊर्जा आपूर्ती समझौते की खबर सभी अखबारों में प्रमुखता से है। हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है – भारत और यूएई के बीच एलपीजी की आपूर्ति समेत कई अहम समझौते। जनसत्‍ता के अनुसार – प्रधानमंत्री मोदी ने कहा – पश्चिम एशिया में शांति के लिए हर संभव सहयोग को तैयार। पंजाब केसरी की सुर्खी है – खत्‍म होगा एलपीजी संकट, यूएई से डील पत्र के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई पर हमलों की निंदा की। लोक सत्‍य का कहना है कि – भारत में पांच अरब डॉलर का निवेश करेगा यू ए ई। दैनिक जागरण ने मध्‍य प्रदेश हाईकोर्ट का ऐतिहासिक निर्णय देते हुए लिखा है – मंदिर ही है भोजशाला, नमाज की अनुमति का आदेश निरस्‍त। हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है – धार भोजशाला मस्जिद नहीं वाग्देवी का मंदिर। नवभारत टाइम्‍स का शीर्षक है – नीट-यूजी की रद्द हो चुकी परीक्षा अब 21 जून को होगी, लेकिन अगले साल से कंप्‍यूटर आधारित होगी यह परीक्षा। इसी खबर पर हिन्‍दुस्‍तान ने परीक्षा सुधार का समय शीर्षक से संपादकीय में लिखा है – भारत में परीक्षाओं को सोलह आना चाक – चौबंद बनाने की कोई भी कोशिश सराहनीय है। सरकार ने इस दिशा में कदम बढाते हुए मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं को भी अब ऑन-लाईन कराने का फैसला लिया है। परीक्षा की कमियां दूर करने के प्रयास प्रशंसनीय है, साथ ही पेपर लीक की जांच कर रही सीबीआई दोषियों को कडी सजा दिला पाए तो पूरी शिक्षा का भला होगा। अमर उजाला की सुर्खी है – पेट्रोल – डीजल तीन रुपये महंगे, सी एन जी के दाम दो रुपये बढे, पत्र के अनुसार चार साल बाद वृद्धि। दैनिक भास्‍कर ने सर्वोच्‍च न्‍यायालय के मुख्‍य न्‍यायाधीश सूर्यकांत के हवाले से लिखा है – बेरोजगार युवा कॉकरोच की तरह एक्टिविस्‍ट बनकर सिस्‍टम पर हमला करते हैं, वकीलों की प्रमाणिकता पर गंभीर संदेह जताया। राजस्‍थान पत्रिका की सुर्खी है – ईरान युद्ध पर मतभेद, ब्रिक्‍स का संयुक्‍त बयान नहीं हो सका जारी, ईरान का आरोप, नाम लिए बिना यू ए ई पर रोडा लगाने का आरोप जडा। पत्र के अनुसार ईरान के विदेश मंत्री अब्‍बास अराग़ची ने कहा – शांति में भारत निभाये भूमिका। पंजाब केसरी का शीर्षक है – 26 मई को केरल तट पर दस्‍तक देगा मॉनसून, समय से चार दिन पहले आयेंगी बौछारें।

 

*******


अंत में मुख्य समाचार:

  1. भारत और संयुक्त अरब अमीरात ने भारत में रणनीतिक पेट्रोलियम और गैस भंडार स्थापित करने सहित कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

  2. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा के दूसरे चरण में नीदरलैंड्स पहुंचे।

  3. प्रधानमंत्री ने विदेश यात्रा पर कर लगाने की खबर का खंडन किया।

  4. सीबीएसई ने कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मुल्यांकन की सुविधा शुरू करने की घोषणा की।

  5. इस्राएल और लेबनान युद्धविराम को 45 दिन बढ़ाने पर हुए सहमत।

  6. थाईलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष डबल्स सेमीफाइनल में भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का सामना मलेशियाई जोड़ी से होगा।

 

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.