May 15, 2026 9:55 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड्स, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की छह दिन की यात्रा पर रवाना होंगे।
  2. प्रधानमंत्री ने कहा- भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स समूह अधिक समावेशी वैश्विक व्यवस्था के निर्माण के लिए मिलकर काम करेगा।
  3. पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि।
  4. सरकार ने अग्रिम प्राधिकार योजना के अंतर्गत शुल्क मुक्त सोने के आयात की सीमा एक सौ किलोग्राम तय की।
  5. प्रवर्तन निदेशालय ने जबरन वसूली गिरोह चलाने के आरोप में कोलकाता पुलिस उपायुक्‍त शांतनु सिन्हा बिस्वास को गिरफ्तार किया।
  6. वुशु में, अपर्णा दहिया ने मकाऊ में सांडा विश्व कप में महिला वर्ग के 52 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।

******

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज संयुक्त अरब अमीरात- यू.ए.ई., नीदरलैंड्स, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की छह दिन की यात्रा पर रवाना होंगे। यात्रा के पहले चरण में, श्री मोदी आज यू.ए.ई. पहुंचेंगे, जहां वे राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता द्विपक्षीय मुद्दों, विशेष रूप से ऊर्जा सहयोग, पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया कि प्रधानमंत्री की इस यात्रा से दोनों पक्षों के बीच ऊर्जा सुरक्षा, निवेश, प्रौद्योगिकी और रणनीतिक साझेदारी मजबूत होने की उम्मीद है।

इंडिया और यूएई की ऊर्जा सुरझा साझेदारी अब सिर्फ क्रूड ऑयल तक सीमित नहीं रही। यूएई अभी भी इंडिया का एक महत्वपूर्ण क्रूड ऑयल आपूर्ति करता है, लेकिन ये संबंध अब नेचुरल गैस तक भी विकसित हो चुका है। इस वर्ष के आरंभ में, हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी के साथ एक दस-वर्षीय समझौता किया – जिसके अंतर्गत 2028 से प्रति वर्ष 5 लाख टन एलएनजी की आपूर्ति होगी, जिससे इंडिया को स्थिर बाजार मूल्यों से कुछ राहत मिलने की संभावना है। रिन्यूएबल एनर्जी और सिविल न्यूक्लियर क्षेत्र में भी सहयोग तेजी से बढ़ रहा है। यूएई के सॉवरेन वेल्थ फंड, भारत के सोलर इंफ्रास्ट्रक्चर में एक्टिवली निवेश कर रहे हैं। साथ ही, भारत का शांति एक्ट, न्यूक्लियर सेक्टर को प्राइवेट प्लेयर के लिए खोल रहा है। क्रूड ऑयल से एलएनजी तक, परम्परागत ऊर्जा से स्वच्छ ऊर्जा तक – इंडिया और यूएई की ऊर्जा सुरक्षा साझेदारी अब एक नए चरण में प्रवेश कर रही है. विनोद कुमार, आकाशवाणी समाचार, अबु धाबी।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि इस वर्ष भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स, समूह बहुपक्षवाद को मजबूत करने, सतत विकास को बढ़ावा देने, आर्थिक लचीलेपन को बढ़ाने और अधिक समावेशी वैश्विक व्यवस्था के निर्माण के लिए मिलकर काम करेगा। नई दिल्ली में ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों से बातचीत में श्री मोदी ने कहा कि ब्रिक्स विकासशील देशों के बीच सहयोग बढ़ाने और ग्‍लोबल साऊथ की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभरा है।

इससे पहले, ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा कि शांति और सुरक्षा वैश्विक व्यवस्था के केंद्र में हैं। उन्होंने कहा कि हाल के संघर्षों ने संवाद और कूटनीति के महत्व पर बल दिया है।

हम ऐसे समय में मिल रहे हैं जब दुनिया तेजी से बदल रही है। अंतरराष्ट्रीय तनाव, संघर्ष, आर्थिक अनिश्चितता, और व्यापार, तकनीक तथा जलवायु से जुड़ी चुनौतियाँ वैश्विक स्थिति को प्रभावित कर रही हैं। ऐसे समय में ब्रिक्स से सकारात्मक और स्थिर भूमिका निभाने की उम्मीद बढ़ी है। आज कई देश ऊर्जा, भोजन, उर्वरक, स्वास्थ्य सुरक्षा और वित्तीय सहायता जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ब्रिक्स उन्हें इन समस्याओं से बेहतर तरीके से निपटने में सहायता कर सकता है।

******

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज आंध्र प्रदेश के श्री सत्य साई जिले के पुट्टपर्थी में कई एयरोस्पेस और रक्षा परियोजनाओं के शिलान्यास समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर श्री राजनाथ सिंह अनाकापल्ली जिले के टी. सिरसापल्ली गांव में भारत डायनेमिक्स लिमिटेड की नई अत्याधुनिक नौसेना प्रणाली निर्माण सुविधा की भी आधारशिला रखेंगे।

******

दुनियाभर में कच्‍चे तेल की कीमतों में आए उछाल के बाद तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढोतरी की है। दिल्ली में अब पेट्रोल की कीमत 97 रुपये 77 पैसे प्रति लीटर, जबकि डीजल की कीमत 90 रुपये 67 पैसे प्रति लीटर हो गई है। वहीं, मुंबई में पेट्रोल 106 रुपये 68 पैसे और डीजल 93 रुपये 14 पैसे प्रति लीटर की दर से मिलेगा। कोलकाता में पेट्रोल 108 रुपये 74 पैसे और डीजल 95 रुपये 13 पैसे प्रति लीटर पर उपलब्‍ध होगा। चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 103 रुपये 77 पैसे और डीजल का मूल्‍य 95 रुपये 35 पैसे प्रति लीटर निर्धारित किया गया है।

******

कीमती धातुओं पर आयात शुल्क बढ़ाने के बाद सरकार ने अब अग्रिम प्राधिकार योजना के अंतर्गत सोने के आयात पर एक सौ किलोग्राम की सीमा तय कर दी है। पहले इस योजना के तहत सोने के आयात की कोई सीमा नहीं थी। एक रिपोर्ट …

यह योजना आभूषण निर्यातकों को शून्य शुल्क पर कच्चे माल का आयात करने की अनुमति देती है। विदेश व्यापार महानिदेशालय ने एक सार्वजनिक सूचना में कहा है कि इस योजना के अंतर्गत निर्यातक एक बार में अधिकतम एक सौ किलोग्राम सोना ही बिना किसी शुल्‍क के मंगा सकते है। महानिदेशालय पहली बार अवेदन करने वालो के लिए विनिर्माण संयंत्रों का भौतिक निरीक्षण अनिवार्य कर दिया है, ताकि उनकी परिचालन स्थिति और क्षमता का पता लगाया जा सके। इसमें यह भी कहा गया है कि दोबारा बिना शुल्‍क सोने के आयात के लिए कंपनी को अपने पिछले टारगेट का कम से कम पच्चास प्रतिशत निर्यात पूरा करना होगा। समाचार कक्ष से जया भारती।

******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

******

प्रवर्तन निदेशालय – ईडी ने जबरन वसूली गिरोह चलाने के आरोप और धनशोधन मामले में कोलकाता पुलिस के उपायुक्त शांतनु सिन्हा बिस्वास को गिरफ्तार किया है। कोलकाता के सीजीओ कॉम्प्लेक्स में कल शांतनु से दस घंटे से अधिक की पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। शांतनु सिन्हा को आज अदालत में पेश किया जाएगा।

प्रवर्तन निेदेशालय ने कालीघाट पुलिस स्टेशन के पूर्व प्रभारी शांतनु को सोना पप्पू उर्फ ​​बिस्वजीत पोद्दार द्वारा चलाए जा रहे कथित आपराधिक गिरोह से जुड़े धनशोधन मामले में कई बार पूछताछ के लिए तलब किया था। सूत्रों के अनुसार, ईडी को शांतनु बिस्वास से जुड़े कुछ संदिग्‍ध वित्तीय लेनदेन मिले हैं, जिनमें सोना पप्पू और उनके करीबी सहयोगी भी शामिल हैं।

******

केंद्रीय अन्‍वेषण ब्यूरो- सीबीआई ने अनिल धीरूभाई अंबानी- ए.डी.ए. समूह की कंपनियों में से एक, रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड के विरुद्ध दर्ज मामले में मुंबई, गुरुग्राम और बेंगलुरु स्थित सात परिसरों पर तलाशी ली है। ये तलाशी कंपनी के तत्कालीन मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी, मुख्‍य वित्तीय अधिकारी और निदेशकों के आवासों पर की गई है, जो वर्ष 2015 से 2017 के दौरान कंपनी में कार्यरत थे।

सीबीआई ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस समूह के विरुद्ध विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और एलआईसी द्वारा हजारों करोड़ रुपये के कथित धोखाधड़ी के सात मामले दर्ज किए गये हैं।

******

आगामी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारियों की समीक्षा के लिए कल शाम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। इसमें नीट परीक्षा को सुचारू और प्रभावी ढंग से संचालित करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

******

केरलम में सरकार गठन की तैयारियां तेज हो गई है। सोमवार को नए यूडीएफ सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। इस बीच, नए मंत्रालय के सदस्यों को लेकर चर्चा जारी है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से …

वी. डी. सतीशन सोमवार को केरलम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यूडीएफ सूत्रों ने तिरुवनंतपुरम में बताया कि मुख्यमंत्री के साथ पूरी मंत्रिपरिषद भी शपथ लेगी। वहीं, नए मंत्रियों और उनके विभागों को लेकर यूडीएफ के घटक दलों के बीच गहन चर्चा जारी है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला चार मई को चुनाव परिणाम आने के बाद तिरुवनंतपुरम और नई दिल्ली में दस दिनों तक चली लगातार बैठकों और विचार-विमर्श के बाद लिया गया। कांग्रेस और यूडीएफ के अन्य सहयोगी दल कल तक नई मंत्रिपरिषद को अंतिम रूप देने की कोशिश में जुटे हैं। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी एस पल्लुरुथी की रिपोर्ट  समाचार कक्ष के साथ मैं मुकेश कुमार बल।

******

केरलम के शबरीमला मंदिर में कल शाम से मासिक पूजा-एडवम शुरू हो गई है। मंदिर में दर्शन सुबह 5 बजे से किए जा सकते हैं। श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन बुकिंग सुविधा उपलब्ध है।

******

उधमपुर जिले के शिव-पार्वती मंदिर में आयोजित होने वाला ऐतिहासिक तीन दिवसीय वार्षिक मौंगरी मेला आज से शुरू हो रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया कि इसे शिव-पार्वती मेला के नाम से भी जाना जाता है।

मेले में मौगरी, पंचारी, उधमपुर और जम्मू कश्मीर के अन्य क्षेत्रों तथा बाहर से भी भारी संख्या में लोग सर डब्बर आते हैं। वे यहां कुदरती गुफाओं में विराजमान भगवान शिव, देवी पार्वती और अन्य देवी देवताओं को नमन करते हैं। इन गुफाओं में प्राकृतिक रूप से बना साढ़े नौ फीट का शिवलिंग है। युवा सेवा और खेल विभाग के सहयोग से कबड्डी, रस्साकशी, पत्थर उठाना और अन्य मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाता है। आकाशवाणी समाचार के लिए जम्मू से, मैं एन. गुलशन।

******

महाराष्ट्र के सतारा में आज प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लाभार्थियों और महा आवास अभियान के राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीण विकास और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान लाभार्थियों के लिए निर्मित पांच लाख घरों का आवंटन किया जाएगा।

******

आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह के हिस्‍से के रूप में आज छत्तीसगढ की राजधानी रायपुर स्थित आकाशवाणी केन्‍द्र द्वारा एक वॉकथॉन का आयोजन किया गया। यह आयोजन आकाशवाणी के गौरवशाली 90 वर्षों के सफर को यादगार बनाने के लिए किया जा रहा है। बहुजन हिताय बहुजन सुखाय के आदर्श वाक्य के साथ आकाशवाणी की स्थापना आठ जून 1936 में हुई थी।

******

केंद्रीय संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सिक्किम के तीन दिन के दौरे पर कल रात नामची जिला पहुंचे। आज वे प्रस्तावित नामची पर्यटन सर्किट, पीएम-डिवाइन के तहत भालेडुंगा में स्काईवॉक परियोजना और गंगटोक के ऑर्केडियम जैसी कई पर्यटन स्‍थलों और विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे।

******

मौसम विभाग ने आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, केरलम, माहे और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में गरज के साथ बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। वहीं, पश्चिम बंगाल में हिमालय के तराई क्षेत्रों, सिक्किम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है।

******

मौसम विभाग ने केरलम में तेज़ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। राज्‍य के तटवर्ती इलाकों में आज 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

******

खेलों में, भारत की वुशु खिलाड़ी अपर्णा दहिया ने कल मकाऊ में आयोजित 11वें सांडा विश्व कप में महिलाओं के 52 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। अपर्णा ने फाइनल में मौजूदा विश्व चैंपियन वियतनाम की थी फुओंग न्गा न्गो को हराया।

प्रतिस्पर्धी वुशु को ताओलू और सांडा में दो प्रमुख वर्गो में बांटा गया है।

******

आईपीएल क्रिकेट में, मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया।

प्रतियोगिता में आज लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला शाम साढ़े सात बजे से चेन्नई सुपर किंग्स से होगा।

******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंवैष्णवी।

  1. चुनाव आयुक्‍तों की नियुक्‍त‍ि प्रक्रिया पर सु्प्रीम कोर्ट द्वारा सवाल उठाए जाने का समाचार आज सभी समाचार पत्रों ने प्रकाशित किया है। अमर उजाला लिखता है- चुनाव आयुक्‍तों की नियुक्ति समि‍ति में मंत्री क्‍यों, तटस्‍थ हो तीसरा सदस्‍य। जनसत्‍ता के शब्‍द हैं- यह बहुमत की तानाशाही, चयन समि‍ति में निष्‍पक्ष व्‍यक्ति क्‍यों नहीं।
  2. निर्वाचन आयोग ने 16 राज्यों और तीन केन्‍द्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित किया। अब दिल्‍ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब में भी एसआईआर। दैनिक ट्रि‍ब्यून की सुर्खी है। 
  3. दिल्‍ली सरकार ने ईंधन बचाने के लिए कई जरूरी कदम उठाए, सरकारी दफ्तरों का समय बदला, दो दिन घर से काम। हिन्‍दुस्‍तान सहित सभी अखबारों की खबर है।
  4. नवभारत टाइम्‍स ने सीयूईटी-यूजी में सुधार लाने पर लेख प्रकाशित किया है। अपने संपादकीय पन्‍ने पर पत्र लिखता है- एग्‍जाम पैटर्न में लगातार बदलाव और दूर सेंटर होने की वजह से परेशानी में स्‍टूडेंट्स। एनटीए का बोझ बाटा जाए।
  5. वहीं, राजस्‍थान पत्रिका ने आज अंतरराष्‍ट्रीय परिवार दिवस पर एक शोध प्रकाशि‍त किया है। पत्र लिखता है- समय बदला, दूरियां बढ़ी लेकिन परिवार अब भी सबसे मजबूत सहारा। 1993 में संयुक्‍त राष्‍ट्र ने की थी इस दिवस की शुरूआत।

******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड्स, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की छह दिन की यात्रा पर रवाना होंगे।
  2. प्रधानमंत्री ने कहा- भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स समूह अधिक समावेशी वैश्विक व्यवस्था के निर्माण के लिए मिलकर काम करेगा।
  3. पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि।
  4. सरकार ने अग्रिम प्राधिकार योजना के अंतर्गत शुल्क मुक्त सोने के आयात की सीमा एक सौ किलोग्राम तय की।
  5. प्रवर्तन निदेशालय ने जबरन वसूली गिरोह चलाने के आरोप में कोलकाता पुलिस उपायुक्‍त शांतनु सिन्हा बिस्वास को गिरफ्तार किया।
  6. वुशु में, अपर्णा दहिया ने मकाऊ में सांडा विश्व कप में महिला वर्ग के 52 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।

******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.