May 14, 2026 9:21 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

 

  1. ब्रिक्‍स देशों के विदेश मंत्रियों की दो दिवसीय बैठक आज से नई दिल्ली में शुरू हो रही है।
  2. असम सरकार 26 मई को विधानसभा में समान नागरिक संहिता विधेयक प्रस्‍तुत करेगी।
  3. भारत ने घरेलू कीमतों पर नियंत्रण के लिए इस वर्ष सितंबर तक चीनी के निर्यात पर प्रतिबंध लगाया।
  4. पश्चिम बंगाल सरकार ने आलू, प्याज, फल, सब्जियों, अनाज और अन्य आवश्यक वस्तुओं की अंतर-राज्य आवाजाही पर सभी प्रतिबंध हटाए।
  5. उत्तर प्रदेश में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं में 60 लोगों की मौत।
  6. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो के निदेशक प्रवीण सूद का कार्यकाल एक वर्ष बढाया गया।
  7. आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराया। विराट कोहली ने रचा इतिहास।

*******

     

ब्रिक्‍स देशों के विदेश मंत्रियों की दो दिन की बैठक आज से नई दिल्ली में शुरू हो रही है। विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

 

बैठक के दौरान, ब्रिक्स सदस्य देशों के विदेश मंत्री पारस्परिक हित के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। बैठक के दूसरे दिन, ब्रिक्स @20: लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण” विषय पर एक विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके बाद “वैश्विक शासन और बहुपक्षीय प्रणाली में सुधार” पर चर्चा की जाएगी। ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की पिछली बैठक 26 सितंबर 2025 को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र के दौरान हुई थी। बैठक की अध्यक्षता भारत ने 2026 के लिए ब्रिक्स अध्यक्ष के रूप में की थी। अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

 

*******

     

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल संयुक्‍त अरब अमीरात, नीदरलैंड्स, स्‍वीडन, नार्वे और इटली की छह दिन की यात्रा पर रवाना होंगे। विदेश मंत्रालय में सचिव सिबी जॉर्ज ने नई दिल्‍ली में बताया कि श्री मोदी कल संयुक्‍त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी पहुंचेंगे और राष्‍ट्रपति शेख मोहम्‍मद बिन ज़ायद अल नाह्यान से मुलाक़ात करेंगे। पिछले पांच महीने में प्रधानमंत्री मोदी और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान की यह दूसरी मुलाकात होगी। दोनों नेताओं की पिछली बैठक जनवरी में नई दिल्ली में हुई थी।

 

भारत और संयुक्‍त अरब अमीरात के बीच ऊर्जा और व्‍यापार के क्षेत्र में मजबूत साझेदारी है। इस बारे में खाड़ी क्षेत्र के लिए अपर सचिव असीम महाजन ने बताया-

 

यूएई हमारी ऊर्जा सुरक्षा का महत्‍वपूर्ण साझेदार है। पिछले साल यूएई भारत के लिए कच्‍चे तेल का चौथा सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता था और उसने हमारी कुल जरूरत का लगभग 11 प्रतिशत तेल उपलब्‍ध कराया। एलएनजी के क्षेत्र में भी, भारतीय कंपनियों और यूएई की अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी के बीच दीर्घकालिक समझौते हुए हैं, जिनके तहत भारत को कुल 4.5 एमएमटीपीएएलएनजी की आपूर्ति की जाएगी।

 

भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस-यूपीआई और संयुक्‍त अरब अमीरात के आनी सिस्‍टम को जोड़ने से दोनों देशों के बीच व्‍यापार करना पहले से आसान हो गया है। पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच, अबू धाबी में होने वाली यह बैठक दोनों देशों के मजबूत और दीर्घकालिक रिश्‍तों के लिए बहुत महत्‍वपूर्ण मानी जा रही है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से चाहत सिंह।

 

*******

     

असम सरकार 26 मई को विधानसभा में समान नागरिक संहिता विधेयक प्रस्‍तुत करेगी। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने कल अपने नये कार्यकाल की पहली मंत्रिमंडलीय बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में यह घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा का विशेष सत्र 21 से 26 मई तक चलेगा, जिसमें नव निर्वाचित विधायकों को शपथ दिलायी जायेगी।

 

यूनिफॉर्म सिविल कोड विधेयक सत्र के अंतिम दिन यानी 26 मई को पेश किया जाएगा। प्रस्तावित कानून में विवाह की आयु, बहुविवाह, उत्तराधिकार और लिव-इन संबंधों जैसे विषय शामिल होंगे। धार्मिक प्रथाओं को इस विधेयक के दायरे से बाहर रखा जाएगा, जबकि राज्य के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में रहने वाले जनजातीय समुदायों को भी प्रस्तावित कानून के दायरे से बाहर रखा जाएगा। राकेश डोले, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।

     

उत्तराखंड और गुजरात के बाद असम नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का तीसरा राज्य होगा।

 

*******

     

सरकार ने घरेलू कीमतों पर नियंत्रण के लिए इस वर्ष सितंबर या अगले आदेश तक चीनी के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अधीन विदेश व्यापार महानिदेशालय की अधिसूचना में यह जानकारी दी गई है। यह प्रतिबंध अमरीका, यूरोपीय संघ और अन्य देशों की खाद्य सुरक्षा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए निर्यात की जा रही चीनी पर लागू नहीं होगा। निर्यात प्रक्रिया में पहले से मौजूद खेपों को भी छूट दी गई है।

 

*******

     

पश्चिम बंगाल सरकार ने आलू, प्याज और अन्य आवश्यक उत्पादों को अन्‍य राज्‍यों में ले जाने पर लगे सभी प्रतिबंध हटा दिए हैं। ये प्रतिबंध पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार ने लगाए थे। इन प्रतिबंधों से आलू उत्‍पादक किसानों और अन्य संस्थाओं को भी भारी नुकसान हुआ था। भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव से पहले राज्‍य के किसानों को प्रतिबंध हटाने का आश्वासन दिया था।

 

आलू, प्याज, सब्जियां, फल, खाद्यन और तिलहन जैसी वस्तुएं अब बिना किसी बाधा के राज्य की सीमाओं के पार स्वतंत्र रूप से भेजी जा सकती हैं। जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन अधिकारियों को इस आदेश के सुचारू कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ये निर्णय छोटे और सीमांत किसानों के साथ-साथ व्यापारियों को भी लाभ पहुंचाएगा। अब किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी चेतावनी दी कि यदि माल से भरे वाहनों को अंतर्राज्‍जीय सीमाओं पर अनावश्यक रूप से रोका या परेशान किया गया तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संदीपन दासगुप्ता, आकाशवाणी न्‍यूज़, कोलकाता।

 

*******

     

केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने विपणन सत्र 2026-27 के लिए ख़रीफ की 14 फ़सलों के न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य में वृद्धि को मंजूरी दे दी है। नई दिल्‍ली में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने कहा कि सरकार ने किसानों को उपज का लाभकारी मूल्‍य सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला किया है।

 

खरीफ के लिए जो फैसला लिया गया उसमें जितने भी खरीफ के क्रॉप्स है उन सब में कॉस्ट प्लस 50% या 50 से अधिक टोटल दो लाख 60 हजार करोड रुपए किसानों को पे आउट जाएगा और इस साल का एनुअल खरीफ प्रोक्योरमेंट होगा आठ सौ 24 लाख मैट्रिक टन।

     

श्री वैष्‍णव ने बताया कि सूरजमुखी के बीजों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में छह सौ 22 रुपये प्रति क्विंटल, कपास के लिए 557 रुपये और तिल के लिए पांच सौ रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है।

 

*******

     

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं में 60 लोगों की मौत हो गई।

 

मौसम में आए अचानक बदलाव ने राज्य भर में भारी तबाही मचाई है। आंधी, भारी बारिश और बिजली गिरने से कई लोगों की जान चली गई है। प्रयागराज में 17, भदोही जिले में 15, मिर्जापुर में 10, फतेहपुर में 9, बदायूं में 5 और बरेली जिले में 4 लोगों की मौत हो गई है। 100 से ज्‍यादा लोग घायल भी हैं जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सबसे ज्यादा मौतें बिजली गिरने की घटनाओं के कारण हुईं है। विभिन्न जिलों से बिजली के खंभे और पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे बिजली आपूर्ति और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और उन्हें अगले 24 घंटों के भीतर प्रभावित लोगों को मुआवजा दिलाने का निर्देश दिया। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।

 

*******

     

केंद्र सरकार ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो के निदेशक प्रवीण सूद को एक वर्ष का सेवा विस्तार दे दिया है। कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग के आधिकारिक आदेश के अनुसार, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने यह मंजूरी दी। श्री सूद का कार्यकाल 24 मई को समाप्त होना था।

 

*******

     

अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति षी जिनपिंग की महत्वपूर्ण शिखर बैठक आज से शुरू हो रही है। श्री ट्रंप पेइचिंग पहुंच गए हैं। दो दिन की बैठक में, ईरान से युद्ध, ताइवान को अमरीकी हथियारों की बिक्री, व्यापार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और टैरिफ जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद है। यह बैठक दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच बढ़ती आर्थिक और तकनीकी स्‍पर्धा के बीच हो रही है।

 

अमरीकी राष्ट्रपति अपने साथ कई शीर्ष व्यापार और प्रौद्योगिकी अधिकारियों को लेकर गए हैं। अमरीकी राष्ट्रपति ने अपनी यात्रा से पहले, आशा व्यक्त की है कि इस बैठक से आने वाले दशकों तक अमरीका और चीन के बीच मजबूत संबंधों का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। राष्ट्रपति ट्रंप के साथ विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और व्हाइट हाउस के प्रमुख सहयोगी भी गए हैं। इस यात्रा पर वैश्विक स्तर पर कड़ी नजर रखी जा रही है, क्योंकि राष्ट्रपति ट्रंप और शी जिनपिंग की यह मुलाकात व्यापार, प्रौद्योगिकी और रणनीतिक प्रभाव को लेकर दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के समय हो रही है। 2017 के बाद राष्ट्रपति ट्रंप की चीन की यह पहली आधिकारिक यात्रा है। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।

 

*******

     

आईपीएल क्रिकेट में विराट कोहली ने कल रात रायपुर में कोलकाता नाइट राइडर्स पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की छह विकेट की जीत के दौरान इतिहास रचा और कई कीर्तिमान ध्‍वस्‍त किए। कोहली ने 60 गेंद में नाबाद 105 रन बनाए। यह आईपीएल में उनका 9वां शतक है जो इस टूर्नामेंट के इतिहास में किसी भी खिलाड़ी के सबसे ज़्यादा शतक हैं। वे टी-20 में सबसे तेज दस हजार रन बनाने वाले बल्‍लेबाज बन गए हैं। उन्‍होंने क्रिस गेल का कीर्तिमान ध्‍वस्‍त करते हुए 409 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की। गेल ने 423 पारियों में यह रिकार्ड बनाया था। कोहली ने इस आईपीएल में 400 रन भी पूरे कर लिए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने 19 ओवर और एक गेंद में 4 विकेट के नुकसान पर 194 रन बनाकर मैच जीत लिया। विराट कोहली को प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट में आज शाम साढे सात बजे धर्मशाला में पंजाब किंग्‍स का सामना मुंबई इंडियंस से होगा।

 

*******

     

मौसम विभाग ने आज पश्चिम मध्य प्रदेश और पश्चिम राजस्थान के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना जताई है। साथ ही, पूर्वी राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी लू की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश का अनुमान है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, केरलम, माहे, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्‍कल में अगले तीन दिन भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, बिहार, छत्तीसगढ़, चंडीगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में आज गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने झारखंड, तटीय कर्नाटक और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में अगले दो दिनों तक तेज आंधी और गरज के साथ बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।

 

*******

     

धन्‍यवाद मुकेश, विदेशी मुद्रा की बचत के लिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अपील पर कार्रवाई शुरू होने के खबर पर नवभारत टाइम्‍स की सुर्खी है- पीएम मंत्र- समझदारी से खर्च बनेगा, देश का आर्थिक कवच, कटौती नहीं, स्‍मार्ट लाइफ की सलाह, हम मिलकर कर सकते हैं ये सब। हिन्‍दुस्‍तान का शीर्षक है- सख्‍ती- संयम का समय शुरू, मोदी और शाह ने गाडि़यों के काफिले में कटौती की। उत्‍तराखंड में वर्क फ्रॉम होम और एक दिन नो व्हीकल डे। जनसत्‍ता का शीर्षक है सोने-चांदी पर आयात शुल्‍क छह से बढ़कर पद्रह फीसद। इसी खबर पर दैनिक जागरण ने फिजूलखर्ची की संस्‍कृति शीर्षक से संपादकीय में लिखा है कि यह अच्‍छा है कि प्रधानमंत्री ने अपनी कारों के काफिले में कटौती कर इसका उदाहरण पेश किया कि वो जो कुछ औरों को करने के लिए कह रहे हैं उसपर स्‍वयं अमल कर रहे हैं। आशा है कि भाजपा शासित राज्‍यों के मुख्‍यमंत्री और मंत्री भी इसका अनुसरण करेंगे। अमर उजाला ने नीट पेपर लीक पर सुर्खी दी है- सीबीआई ने मारे कई जगह छापे, एनटीए मुख्‍यालय भी पहुंची एजेंसी, चार और गिरफ्तार, 40 लाख तक में बिका पेपर। पंजाब केसरी का शीर्षक है- तमिलनाडु में फ्लोर टेस्‍ट में विजय की शानदार विजय, समर्थन में एक सौ 44 और विरोध में 22 वोट पड़े। दैनिक भास्‍कर ने केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले देते हुए लिखा है- धान का समर्थन मूल्‍य 72 रुपए बढ़ाकर 2 हजार चार सौ 41 रुपए किया। खरीफ फसलों के न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य में भी इजाफा। जनसत्‍ता का कहना है- प्रधानमंत्री मोदी कल से पांच देशों की यात्रा पर, सबसे पहले यूएई जाएंगे, एलपीजी और रणनीतिक तेल भंडार पर करार संभव। राजस्‍थान पत्रिका के अनुसार- ईरान को ब्रिक्‍स से आस, कहा अधिकार की रक्षा करें। पत्र के अनुसार दिल्‍ली बनी केंद्र- भारत मंडपम में जुटेंगे कई विदेश मंत्री। दैनिक टिब्‍यून का शीर्षक है हरियाणा निकाय चुनाव में कमल का क्‍लीन स्‍वीप, हुड्डा के गढ़ से लेकर तीनों निगमों तक भाजपा का दबदबा, पीएम मोदी ने जताया आभार। लोकसत्‍य की सुर्खी है- सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद का कार्यकाल एक साल बढ़ा। देशबन्‍धु ने मंहगाई का एक और झटका शीर्षक से लिखा है- अमूल ने बढ़ा दिए दूध के दाम- 2 रुपए प्रति लीटर। दैनिक जागरण की सुर्खी है- बारहवीं में अव्‍वल बेटियां ही बेटियां, पत्र के अनुसार सीबीएसई के बारहवीं कक्षा की कॉपियां स्‍क्रीन पर जांची गईं, सात साल में सबसे कम रहा रिजल्‍ट।

 

*******

 

और अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. ब्रिक्‍स देशों के विदेश मंत्रियों की दो दिवसीय बैठक आज से नई दिल्ली में शुरू हो रही है।
  2. असम सरकार 26 मई को विधानसभा में समान नागरिक संहिता विधेयक प्रस्‍तुत करेगी।
  3. भारत ने घरेलू कीमतों पर नियंत्रण के लिए इस वर्ष सितंबर तक चीनी के निर्यात पर प्रतिबंध लगाया।
  4. पश्चिम बंगाल सरकार ने आलू, प्याज, फल, सब्जियों, अनाज और अन्य आवश्यक वस्तुओं की अंतर-राज्य आवाजाही पर सभी प्रतिबंध हटाए।
  5. उत्तर प्रदेश में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं में 60 लोगों की मौत।
  6. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो के निदेशक प्रवीण सूद का कार्यकाल एक वर्ष बढाया गया।
  7. आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रायपुर में कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराया। विराट कोहली ने रचा इतिहास।

 

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.