May 13, 2026 9:18 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  1. तमिलनाडु में सी. जोसेफ विजय के नेतृत्‍व वाली टीवीके सरकार का बहुमत परीक्षण आज, राज्‍य में राजनीतिक गतिविधियां तेज।

  2. अखिल भारतीय एन आर कांग्रेस प्रमुख एन. रंगासामी आज पुद्दुचेरी के मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

  3. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अपील पर उत्‍तर प्रदेश, मध्‍य प्रदेश और दिल्‍ली सरकार ने ईंधन बचाने के उपाय शुरू किए।

  4. केंद्र ने सोना सहित अन्‍य कीमती धातुओं के उत्‍पाद शुल्‍क में वृद्धि की।

  5. समय से पहले दस्‍तक देगा मॉनसून।

  6. आईपीएल क्रिकेट में गुजरात टाइटन्‍स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से हराया।

 

*******

 

तमिलनाडु में जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली नव निर्वाचित तमिलग् वेत्री कड़गम- टीवीके सरकार को विधानसभा में आज अपना बहुमत साबित करना है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि विधानसभा में अब टी.वी.के. के पास लगभग 150 विधायकों का समर्थन है।

 

 

मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय विधानसभा में विश्वासमत परीक्षण से पहले समर्थन जुटाने के लिए सहयोगी दलों के नेताओं के साथ लगातार संपर्क में हैं। सहयोगियों के समर्थन के साथ-साथ, टीवीके सरकार को अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम-ए.आई.ए.डी.एम.के. से अलग हुए गुट का समर्थन प्राप्त है। इस बीच, तमिलनाडु में ए.आई.ए.डी.एम.के. सरकार को समर्थन देने को लेकर दो गुटों में बंट गई। पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी के नेतृत्व वाले गुट ने पार्टी विधायकों को टी.वी.के. सरकार का समर्थन न करने का निर्देश दिया है। वरिष्ठ नेता एग्री कृष्णमूर्ति ने चेतावनी दी है कि पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने वाले किसी भी विधायक को पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा। वहीं, 30 विधायकों के समर्थन का दावा करने वाले दूसरे गुट ने एस.पी. वेलुमणि को ए.आई.ए.डी.एम.के. विधायक दल का नेता चुना है। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जसपाल कौर।

 

वहीं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने राज्य सरकार में आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है, जिनमें पूर्व मुख्य सचिव एन. मुरुगनंदम और वित्त सचिव टी. उदय चंद्रन शामिल हैं। कांग्रेस सांसद शशिकांत सेंथिल और ज्योति मणि ने इस नियुक्ति पर सवाल उठाए, जबकि सीपीआई(एम) के राज्य सचिव पी. शनमुगम ने कहा कि यह कदम सरकार के वैज्ञानिक दृष्टिकोण के खिलाफ है।

 

*******

 

अखिल भारतीय एनआर कांग्रेस के नेता एन. रंगासामी आज पुद्दुचेरी के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। लोक निवास में आयोजित एक समारोह में, पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन श्री रंगासामी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

 

 

पुद्दुचेरी में आज नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। एन. रंगासामी एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 76 वर्षीय एन. रंगासामी का मुख्यमंत्री के रूप में यह पांचवां कार्यकाल होगा। शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री और भाजपा के चुनाव प्रभारी मनसुख मांडविया, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा पुद्दुचेरी प्रभारी निर्मल कुमार सुराना और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी.पी. रामालिंगम सहित कई प्रमुख नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इससे पहले, श्री नितिन नवीन ने पार्टी मुख्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और विधायकों के साथ बैठक की। पुद्दुचेरी से बिबिन एस. नाथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से कृष्‍ण कांत।

 

*******

 

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के सरकार में आने के बाद, राज्य की पुलिस ने कानून व्यवस्था और राजनीतिक हिंसा पर कड़ा रुख़ अपनाया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, कानून-व्यवस्था ने सभी पुलिस आयुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और रेलवे पुलिस अधिकारियों को कई अहम निर्देश जारी किए हैं।  इन निर्देशों में 2021 विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के सभी मामलों की नए सिरे से जांच करने को कहा गया है। पुलिस ने सीमा पार तस्करी, अवैध पशु बाजारों, बूचड़खानों और अवैध खनन के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

 

*******

 

केंद्रीय अनवेष्‍ण ब्यूरो – सीबीआई ने कथित नीट पेपर लीक मामले में शुभम खैरनार को हिरासत में ले लिया है। राजस्थान पुलिस के अनुरोध पर नासिक पुलिस ने कल महाराष्ट्र के नासिक से शुभम को हिरासत में लिया था।      इस महीने की तीन तारीख को आयोजित नीट (यूजी) परीक्षा कल पेपर लीक के आरोपों के बीच  रद्द कर दी गई। नीट-यूजी के एक उम्मीदवार के अभिभावक ने लातूर एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है, और आरोप लगाया गया है कि एक निजी कोचिंग संस्थान ने परीक्षा से पहले एक मॉक टेस्ट आयोजित किया था, जिसमें कथित तौर पर 42 प्रश्न नीट परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से मेल खाते थे। इससे पहले, राजस्थान पुलिस के विशेष जांच दल ने संदिग्ध नेटवर्क और धन के लेन-देन की जांच के दौरान 15 लोगों को हिरासत में लिया था। पुलिस ने कल जयपुर से कथित मास्टरमाइंड मनीष को भी गिरफ्तार किया। इसी महीने की 7 तारीख को सीकर के करियर काउंसलर राकेश कुमार समेत पांच लोगों को देहरादून से गिरफ्तार किया गया था और अगले दिन चार नीट उम्मीदवारों को गिरफ्तार किया गया।

 

*******

 

इस बीच राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर राज्य भर के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है।

 

*******

 

 

वैश्विक ईंधन कीमतों में वृद्धि के चलते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मितव्ययिता के आह्वान पर  उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और दिल्ली के मुख्यमंत्रियों ने मंत्रियों, विधायकों और जन प्रतिनिधियों द्वारा सरकारी वाहनों के उपयोग को कम करने की घोषणा की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री, मंत्रियों और अन्य अधिकारियों के वाहन बेड़े में 50 प्रतिशत की कमी का आदेश दिया है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

 

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नागरिकों से ईंधन की खपत कम करने और सोने की अनावश्यक खरीद से बचने का आग्रह किया। राज्‍य के वरिष्‍ठ अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री और अन्य लोगों के वाहनों के बेड़े को तत्काल 50 प्रतिशत तक कम करने का निर्देश दिया। उन्होंने आधिकारिक काफिलों से अनावश्यक वाहनों को हटाने के भी निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने राज्य में घर से काम करने की संस्कृति को प्राथमिकता देने की भी अपील की। ​​उन्होंने सार्वजनिक परिवहन, मेट्रो सेवाओं और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों के उपयोग पर विशेष जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और जन प्रतिनिधियों को सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करना चाहिए। सप्ताह में एक बार ‘वाहन निषेध दिवस’ यानि नो व्‍हीकल डे का भी आयोजन किया जाना चाहिए। सुशील चन्‍द्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।

 

 

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी अगले आदेश तक अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर दी है। मुख्यमंत्री के काफिले में अब केवल आठ वाहन होंगे और कोई भी वाहन रैली आयोजित नहीं की जाएगी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि मंत्री, विधायक, अधिकारी और सरकारी विभाग सरकारी वाहनों का उपयोग सीमित करेंगे, कारपूलिंग अपनाएंगे और मेट्रो और बस सेवाओं को प्राथमिकता देंगे।

 

*******

 

सरकार ने सोने और अन्य कीमती धातुओं पर आयात शुल्क बढ़ा दिया है, जो आज से प्रभावी हो गया है। वित्त मंत्रालय ने कहा कि सोने और चांदी पर 5 प्रतिशत तथा प्लैटिनम पर पांच दशमलव चार प्रतिशत आयात शुल्क लगेगा। इसके अलावा, अनुपालन मानदंडों की पूर्ति के अंतर्गत कीमती धातु के प्रयुक्त उत्प्रेरक पर चार दशमलव तीन-पांच प्रतिशत आयात शुल्क निर्धारित किया गया है।  इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम एशिया में चल रहे संकट के चलते लोगों से सोने की खरीदारी से बचने की अपील की थी।

 

*******

 

सरकार द्वारा सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के वार्षिक और चौथी तिमाही के अनुमानों की प्रकाशन तिथि को संशोधित करते हुए प्रत्येक वर्ष मई के अंतिम कार्य दिवस से बदलकर 7 जून कर दिया है।  मंत्रालय ने कहा कि यह संशोधन आंकड़ों की गुणवत्ता को और मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है।

 

*******

 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में भारतीय संसद का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल आज से भूटान की यात्रा पर जाएगा। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और भूटान के संबंधों को और मजबूत करना है।       यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल भूटान और भारत के बीच संबंधों के विभिन्न पहलुओं तथा दोनों पड़ोसी देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा करेगा।

 

*******

 

भारत कल से शुरू होने वाली दो दिन की ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा। बैठक की अध्यक्षता विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर करेंगे। इस बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के विदेश मंत्री और प्रतिनिधिमंडल भाग लेंगे। बैठक के दौरान, ब्रिक्स सदस्य देशों के विदेश मंत्री आपसी हित के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

 

*******

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप आज चीन की राजधानीअमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप आज चीन की राजधानी पेइचिंग पहुंचेंगे। वह चीन की तीन दिन की यात्रा पर हैं। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होने की उम्मीद है। राष्ट्रपति ट्रंप ने संकेत दिया है कि व्यापार इस वार्ता का प्रमुख विषय रहेगा।    

 

*******

 

युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी ने जनवरी में हुए चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद अपने सातवें कार्यकाल की शपथ ली। राष्ट्रपति मुसेवेनी पिछले 40 साल से राष्ट्रपति पद पर हैं। मुसेवेनी ने कल युगांडा की राजधानी कंपाला के कोलोलो इंडिपेंडेंस ग्राउंड्स में आयोजित समारोह में हजारों लोगों के बीच पद की शपथ ली। मुसेवेनी ने 71 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल किए।

 

*******

 

भारत में इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून का आगमन इस सप्‍ताह हो सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल बन रही हैं। इस सप्ताह के अंत तक दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मानसून आ जाएगा। मौसम विभाग ने बताया दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र कल भी इसी क्षेत्र में था, और इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 4 दशमलव 5 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ था।

 

*******

 

इस बीच राजस्थान के सीमावर्ती जिले भीषण लू की चपेट में हैं। कई स्थानों पर तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है।एक रिपोर्ट-

 

 

मौसम केंद्र ने सीमावर्ती बाड़मेर, जैसलमेर और फलौदी जिलों के लिए आज भीषण गर्मी और लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा चार पश्चिमी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 6 दक्षिणी-पूर्वी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिन के साथ रातें भी तप रहीं हैं और कई स्थानों पर रात का पारा 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर मापा जा रहा है। गर्मी की इन परिस्थितियों से जनजीवन पर खासा असर हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2-3 दिन तापमान के यही हालात रहने के आसार हैं। जितेंद्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।

 

 *******

 

महाराष्ट्र के सांगली जिले की जाट तहसील में कल एक धार्मिक सभा के दौरान दीवार गिरने से छह लोगों की मृत्‍यु हो गई और लगभग 15 घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।   प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

 

*******

 

जम्मू-कश्मीर में, सेना ने कल पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास कृष्णा घाटी सेक्टर में एक आतंकवादी को मार गिराया। हमारे संवाददाता के अनुसार, सेना को मिली सूचनाओं के बाद शाम करीब 4 बजे नियंत्रण रेखा के अंदर संदिग्ध गतिविधि देखी गयी। इस पर सैनिकों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया।

 

*******

 

खेलों में आईपीएल क्रिकेट में, गुजरात टाइटन्स ने कल रात सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।      प्रतियोगिता में आज रायपुर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। यह मैच शाम साढे़ सात बजे से शुरू होगा।

 

*******

 

उज़्बेकिस्तान में आयोजित एशियाई अंडर-17 बॉक्सिंग चैंपियनशिप में लक्ष्य फोगाट फाइनल में पहुंच गए हैं। 75 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में फोगाट ने कोरिया के सेउंगमिन ली को पराजित किया। वहीं, आठ भारतीय लड़कियों ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए फाइनल में जगह बनाई और चार ने कांस्य पदक जीते।

 

*******

 

धन्‍यवाद फरहत,    नीट यूजी 2026 की परीक्षा निरस्‍त करने का अखबारों सभी समाचार पत्रों की सुर्खी बनी है। अमर उजाला लिखता है- सीबीआई को पेपर लीक की जांच, एक गिरफ्तार, 20 संदिग्‍ध हिरासत में। दैनिक भास्‍कर की खबर है- 22 लाख अ‍भ्‍यर्थियों से खिलवाड़। परीक्षा दोबारा होगी, नई तारीखों की घोषणा जल्‍द।    कल से ब्रिक्‍स विदेश मंत्रियों की समिट नवभारत टाइम्‍स की सुर्खी है। पत्र लिखता है- पीएम से भी संयुक्‍त मुलाकात, खाड़ी संकट के बीच दिल्‍ली पर दुनिया की निगाहें। तमिलनाडु में अन्‍नाद्रमुक के तीस विधायकों का टीवीके को समर्थन का ऐलान। विजय आज बहुमत साबित करेंगे जनसत्‍ता सहित कई अखबारों की सुर्खी है।     अमर जाला ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों पर लेख प्रकाशित किया है। पत्र लिखता है- नया भारत और बदलती सियासी समझ। संपादक का कहना है कि हाल ही में संपन्‍न हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे बताते हैं कि देश का मिजा़ज अब राजनीति में किसी तरह की संकीर्णता को बर्दाश्‍त नहीं करता। कोलकाता से लेकर चेन्‍नई और तिरूवंतपुरम तक नए की उम्‍मीद और पुराने के प्रति गुस्‍से के चलते मौजूदा व्‍यवस्‍था बहती दिखी।    दैनिक जागरण ने पेट्रोल और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के शब्‍द प्रकाशित किए हैं- पेट्रो उत्‍पादों की दिक्‍कत नहीं, लेकिन कंपनियों का घाटा चिंताजनक।       शेयर मार्केट में निवेशकों के नौ लाख करोड़ स्‍वाहा। आखिरी घंटे और बढ़ी गिरावट, सेंसेक्‍स पंद्रह सौ प्‍वाइंट टूटने से मचा हाहाकार। लोकसत्‍य ने कारोबार पन्‍ने पर यह खबर प्रकाशित की है।     जम्‍मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्‍सप्रेस बनी लोगों की पहली पंसद। दस दिनों में करीब 45 हजार यात्रियों ने किया सफर देशबंधु की खबर है।नवभारत टाइम्‍स ने जनगणना 2027 पर खबर प्रकाशित की है। पत्र लिखता है- क्‍यू आर कोड से जनगणना कर्मियों की होगी पहचान, फर्जी मैसेजिस को लेकर किया फैसला।      मेहनत के बिना जवाब, चैटबॉट खत्‍म कर रहा रचनात्‍मकता। राजस्‍थान पत्रिका ने डिजिटल एडिक्‍शन शीर्षक से ये खबर प्रकाशित की है। धन्‍यवाद मुकेश

 

*******

 

अंत में मुख्य समाचार :-

  1. तमिलनाडु में सी. जोसेफ विजय के नेतृत्‍व वाली टीवीके सरकार का बहुमत परीक्षण आज, राज्‍य में राजनीतिक गतिविधियां तेज।

  2. अखिल भारतीय एन आर कांग्रेस प्रमुख एन. रंगासामी आज पुद्दुचेरी के मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

  3. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अपील पर उत्‍तर प्रदेश, मध्‍य प्रदेश और दिल्‍ली सरकार ने ईंधन बचाने के उपाय शुरू किए।

  4. केंद्र ने सोना सहित अन्‍य कीमती धातुओं के उत्‍पाद शुल्‍क में वृद्धि की।

  5. मौसम विभाग का अनुमान, समय से पहले दस्‍तक देगा मॉनसून।

  6. आईपीएल क्रिकेट में गुजरात टाइटन्‍स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से हराया।

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.