May 12, 2026 9:39 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के बीच विदेशी मुद्रा बचाने के लिए लोगों से ईंधन  और विदेशी उत्पादों का उपयोग कम करने का आग्रह किया।
  2. वरिष्‍ठ भाजपा नेता हिमंता बिस्वा सरमा आज गुवाहाटी में असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे; भाजपा के दो तथा असम गण परिषद और बोडो पीपल्‍स फ्रंट से एकएक मंत्री भी शपथ लेंगे।
  3. प्रवर्तन निदेशालय ने दक्षिणी दमदम नगर पालिका भर्ती घोटाले में पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री सुजीत बसु को गिरफ्तार किया जाएगा
  4. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को संयुक्‍त अरब अमीरात, नीदरलैंड्स, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की छह दिन की यात्रा पर रवाना होंगे।
  5. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहाईरान के साथ युद्धविराम सबसे कमजोर स्थिति में और लाइफ सपोर्ट पर है।
  6. बांग्लादेश ने भारत में आईसीसी टी-20 क्रिकेट विश्व कप से अपनी टीम के हटने के कारणों की जांच के लिए समिति गठित की।

**************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के बीच विदेशी मुद्रा की बचत के लिए लोगों से ईंधन बचाने और विदेशी उत्‍पादों का उपयोग कम करने का आग्रह किया है। गुजरात के वडोदरा में कल जनसभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने पेट्रोल और डीजल का उपभोग कम करने तथा घर से काम, ऑनलाईन कक्षाएं और वर्चुअल बैठक जैसे कोविड दौर के उपाय अपनाने की अपील दोहराई। 

पेट्रोल डीजल का उपयोग कम करें, इलेक्ट्रिक बस और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अधिक इस्तेमाल करें । कार पुलिंग को बढ़ावा दें। यह जरूरी है कि सरकारी और प्राइवेट दोनों ही दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता दी जाए। मैं कुछ स्‍कूलों से भी आग्रह करूंगा कि कुछ समय के लिए ऑनलाइन क्लासेस की व्यवस्था पर काम करें। मैं आप सबसे आग्रह करूंगा कि जब तक हालात सामान्य ना हो हम सोने की खरीद को टालें।

**************

सरकार ने कहा है कि देश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्‍त भंडार है तथा रसोई गैस की आपूर्ति लगातार हो रही है। पश्चिम एशिया के हाल के घटनाक्रम पर कल नई दिल्‍ली में अंतरमंत्रालय संवाददाता सम्मेलन में पेट्रोलि‍यम और प्रकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्‍त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि एलपीजी वितरण केंद्रों पर किसी अभाव की सूचना नहीं है। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पेट्रोल और डीजल का उपभोग कम करने तथा सार्वजनिक परिवहन और कार पूलिंग पर बल दिया है।

माननीय प्रधानमंत्री जी ने देश के सभी लोगों से आग्रह किया है कि पेट्रोल और डीजल की खपत कम करें। जहां भी संभव हो मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें । कारपुलिंग का विकल्‍प चुने। रेलवे ऐज ए मोड ऑफ ट्रांसपोर्टेशन फॉर गुड्स को प्रेफर करें। और जहां भी संभव हो इलेक्‍ट्रिक वाहनों का उपयोग बढाएं। 

रसायन और उर्वरक मंत्रालय में अपर सचिव अपर्णा शर्मा ने बताया कि देश में खरीफ सीज़न के लिए 51 प्रतिशत से अधिक उर्वरक भंडार उपलब्‍ध है। उन्‍होंने कहा कि किसानो के लिए उपलब्‍धता सुनिश्चित करने के लिए 97 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का अतिरिक्‍त प्रबंध किया गया है।

संवाददाता सम्‍मेलन में पत्तन, पोत और जलमार्ग मंत्रालय में निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने कहा समुद्री क्षेत्र में सभी भारतीय जहाज सुरक्षित हैं।

विदेश मंत्रालय में अपर सचिव असीम महाजन ने कहा कि भारतीय दूतावास और वाणिज्‍य दूतावास समय से सहायता उपलब्‍ध कराने के लिए लगातार हेल्‍पलाइन संचालित कर रहे हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया को बताया कि भारतीय जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए भारत, ईरानी अधिकारियों के संपर्क में है। मंत्रालय ने बताया कि तेहरान में भारतीय दूतावास ने ढाई हजार से अधिक भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकलने में मदद की है।        

**************

भारतीय जनता पार्टी नेता हिमंत बिस्वा सरमा आज दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह असम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन – एनडीए की तीसरी सरकार होगी। श्री सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वे राज्य में यह उपलब्धि हासिल करने वाले एकमात्र गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्री हैं। एक रिपोर्ट….

डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के साथ आज चार अन्य मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जाएगी। जिन चार कैबिनेट मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी, उनमें रामेस्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नेओग शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कई केंद्रीय मंत्री तथा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। गुवाहाटी के खानापाड़ा स्थित वेटेरिनरी कॉलेज मैदान को शपथ ग्रहण समारोह के लिए पूरी तरह सजाया गया है। वहीं, कामरूप (मेट्रो) जिला प्रशासन ने शहर के विभिन्न हिस्सों में यातायात सुचारू बनाए रखने और जाम से बचने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है। राकेश डोले, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी। 

**************

तमिलनाडु में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के 30 विधायकों ने पी. वेलुमणि को विधायक दल का नेता और सी. विजय भास्कर को सचेतक चुनने की घोषणा की है। इन विधायकों ने अस्थायी अध्यक्ष करुपैया से मुलाकात कर अपने हस्ताक्षर वाला पत्र उन्हें सौंपा है। वहीं, 17 विधायकों के एक अन्य समूह ने इडापड्डी के. पलनीसामी को विधायक दल का नेता चुना है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की नेतृत्व वाली नई सरकार को बुधवार तक विधानसभा में बहुमत साबित करना है।

**************

ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

**************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी शुक्रवार को पांच देशों की छः दिन की यात्रा पर रवाना होंगे। पहले चरण में शुक्रवार को प्रधानमंत्री संयुक्‍त अरब अमीरात के राष्‍ट्रपति शेख मोहम्‍मद बिन जायद अल नह्यान से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता द्विपक्षीय मुद्दों पर विचार विमर्श करेंगे। इस दौरान विशेष रूप से ऊर्जा सहयोग तथा आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतराष्‍ट्रीय मुद्दों पर बातचीत होगी। एक रिपोर्ट…

संयुक्‍त अरब अमीरात की यात्रा के बाद अपनी यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री शुक्रवार को ही नीदरलैंड्स पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री मोदी नरेश विलेम अलेक्‍ज़ाद्र और महारानी मैंक्सिमा से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री की यात्रा से नीदरलैंड्स के साथ संबंधों को नई गति मिलेगी। इसके बाद श्री मोदी रविवार को स्‍वीडन की यात्रा पर गोथनबर्ग पहुंचेंगे। वहां स्‍वीडन के प्रधानमंत्री अल्‍फ क्रिस्‍टर्सन के साथ बातचीत में द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की जाएगी तथा व्‍यापार और विभिन्‍न क्षेत्रों में सहयोग के नए उपाय तलाशे जाएंगे। दोनों प्रधानमंत्री यूरोपीय आयोग की अध्‍यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन के साथ उद्योग जगत प्रमुखो को संबोधित करेंगे। अनुपम की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनोज।

**************

प्रवर्तन निदेशालय ने पश्चिम बंगाल में दक्षिणी दमदम नगर पालिका भर्ती घोटाले में पूर्व अग्नि शमन और आपात सेवा मंत्री सुजीत बसु को कल कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया। निदेशालय ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में सुजीत बसु ने नगर पालिका में विभिन्‍न पदों के लिए कथित रूप से लगभग 150 उम्‍मीदवारों की सिफारिश की थी। प्रवर्तन निदेशालय ने नौकरी देने के बदले कथि‍त रूप से फ्लैट की मांग के अपराध का भी पता लगाया है। जांच एजेंसी को बसु के बैंक खातों में बडी राशि जमा होने के भी सबूत मिले हैं। सुजीत बसु को आज विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। 

**************

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि देश में खाद्यान्‍न का पर्याप्‍त भंडार है और किसी तरह का कोई अभाव नहीं है। नई दिल्‍ली में कल कृषि बदलाव से स्‍वास्‍थ्‍य के लिए विज्ञान की उत्‍कृष्‍टता – सेहत पहल का शुभारंभ करते हुए श्री चौहान ने कहा कि इससे लोगों के लिए स्‍वास्थ्‍य के लिए लाभदायक जीवनशैली को बढावा देने में मदद मिलेगी।

सदियों से कहा गया है- पहला सुख निरोगी काया। शरीरम आद्यम सर्वधर्म साधनम। अगर शरीर स्‍वस्‍थ है तो आप सब धर्मों का पालन कर सकते हैं। जो शरीर के लिए उपयोगी है और स्‍वास्‍थ्‍य के लिए उपयोगी है, पोषण के लिए उपयोगी है वहीं खाओ, संतुलित आहार।

इस अवसर पर स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि यह पहल स्‍वास्‍थ्‍य क्षेत्र के लिए सरकार की सक्रियता दर्शाती है।

हम जानते है कि हम लोगों ने ट्रांसफोरमेटिक प्रोग्रेस किया है और जब हम ट्रांसफोरमेटिक प्रोग्रेस की बात करते हैं तो हमने हेल्‍थ सिस्‍टमस को भी काफी स्‍ट्रैथन किया है और हमारी कोशिश क्‍या है कि हम एक्‍सपैंड करें। अर्फोडेबल और हाई क्‍वालिटी के लिए और जो हमारा फोकस है वो फोकस है प्रीवेंशन पर, अर्ली डिटेक्‍शन पर और कॉनटिनम ऑफ केयर पर।

सेहत पहल का उद्देश्‍य स्‍वस्‍थ भारत के लिए कृषि, पोषण और वैज्ञानिक नवाचार को मजबूत करना है।

**************

खान मंत्रालय जम्मू कश्मीर में चूना पत्थर खण्‍डों की नीलामी का दूसरा चरण आज से शुरू करेगा। इसके अंतर्गत 12 चूना पत्थर खण्डों की नीलामी की जाएगी। खान मंत्रालय ने इन खण्डों को संयुक्‍त राष्‍ट्र संसाधन वर्गीकरण प्रणाली– के तीन और चार अन्वेषण चरणों के अंतर्गत रखा है। मंत्रालय ने कहा कि ये संसाधन सीमेंट, निर्माण और अवसंरचना जैसे प्रमुख क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण हैं। इससे क्षेत्र में औद्योगिक विकास और आर्थिक प्रगति को गति मिलेगी।

**************

अमरीका और ईरान के बीच कमजोर संघर्ष विराम के लाईफ सपोर्ट पर होने के राष्‍ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की टिप्‍पणी के बाद राजनयिक तनाव गहरा गया है। इससे तेल बाजारों को झटका लगा है। अमरीका ने ईरान के शांति प्रस्‍ताव पर अपनी प्रतिक्रिया में अमरीकी प्रतिबंध हटाए जाने, ईरान की फ्रीज परिसंपत्तियां खोलने, अमरीकी नाकाबंदी समाप्‍त करने और होर्मुज जलडमरूमध्‍य पर ईरानी प्रबंधन को मान्‍यता देने की मांग की थी। लेकिन राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने इन शर्तों को नामंजूर कर दिया था। शांति प्रस्‍ताव खारिज होने के बाद कच्‍चे तेल की कीमतों में चार प्रतिशत से अधिक का उछाल आया है। एक रिपोर्ट-

ईरान की मांगें मुख्य रूप से युद्धकालीन परिस्थितियों और आर्थिक दबावों पर केंद्रित रही हैं, न कि तत्काल परमाणु रियायतों पर। लेकिन फिलहाल अमरीका इन मांगें को मानने के पक्ष में नहीं है। मध्यस्थ लगातार साझा समाधान खोजने की कोशिश में हैं, लेकिन युद्ध के दबाव और आर्थिक संकट के कारण स्थिति और जटिल होती जा रही है। इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों पर अपनी प्रतिक्रिया तय कर रहा है उसने एक राष्ट्रीय समिति का गठन किया है, जिसका उद्देश्य देश पर दो हजार आठ सौ से अधिक ड्रोन और मिसाइल हमलों से हुए नुकसान का दस्तावेज़ीकरण करना है। संयुक्त अरब अमीरात अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानूनी जवाबदेही तय करने और अपने प्रमुख स्थलों तथा ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हुए हमलों के लिए मुआवज़े की मांग करने की तैयारी कर रहा है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अमीषा।

**************

बंगलादेश क्रिकेट टीम के भारत में आईसीसी टी-20 विश्‍वकप से हटने के कारणों की जांच के लिए तीन सदस्‍यों की जांच समिति गठित की गई है। एक रिपोर्ट….

इस साल 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेज़बानी में हुए टी-20 विश्व कप से बांग्लादेश ने अपना नाम वापस ले लिया था। यह फैसला तब लिया गया जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सुरक्षा चिंताओं के कारण बांग्लादेश के मैच भारत से श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग ठुकरा दी। विवाद तब शुरू हुआ जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कथित तौर पर कट्टरपंथी समूहों से धमकियों के बाद बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर कर दिया।  हालांकि आईसीसी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त है, लेकिन इसके बाद अंतरिम सरकार ने बीसीबी को टूर्नामेंट से हटने का निर्देश दिया। नवलसंग परमार, आकाशवाणी समाचार, ढाका।

**************

समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंसरफिरोजी।

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की विदेशी मुद्रा बचाने की सलाह सभी अखबारों में प्रमुखता से है। हिन्‍दुस्‍तान के अनुसार- मोदी बोले- ऑनलाइन कक्षाओं और काम को प्राथमिकता दें, कोरोना महामारी की तरह इस संकट से भी बाहर निकल आयेंगे। पत्र के अनुसार सरकार ने कहा – परेशान न हों देश में पर्याप्‍त पेट्रोल और डीजल उपलब्‍ध। जनसत्‍ता के अनुसार पोखरण परीक्षण की याद दिलाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कोई ताकत भारत को झुका नहीं सकती। दैनिक भास्‍कर की सुर्खी है – कोरोना सदी का सबसे बडा संकट था, जंग दशक के बडे संकटों में एक।
  2. नवभारत टाइम्‍स इसी खबर पर ऊर्जा में आत्‍म निर्भरता शीर्षक से संपादकीय में लिखता है – पीएम नरेन्‍द्र मोदी के बाद सोमवार को पेट्रोलियम और गैस मंत्रालय ने भी लोगों से सार्वजनिक परिवहन और इलेक्ट्रिकल व्‍हीकल का उपयोग करने की अपील की, ताकि पेट्रोल, डीजल की खपत कम की जा सके। हालांकि सरकार ने यह भरोसा दिया है कि देश में ईंधन की कमी नहीं है।
  3. वीर अर्जुन का शीर्षक है – अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प ने ईरान के शांति प्रस्‍ताव को पूरी तरह अस्‍वीकार्य बताकर खारिज किया।
  4. दैनिक जागरण की सुर्खी है – बंगाल सरकार का फैसला, सीमा पर बाढ के लिए 45 दिन के भीतर देगी जमीन।

**************

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के बीच विदेशी मुद्रा बचाने के लिए लोगों से ईंधन  और विदेशी उत्पादों का उपयोग कम करने का आग्रह किया।
  2. वरिष्‍ठ भाजपा नेता हिमंता बिस्वा सरमा आज गुवाहाटी में असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे; भाजपा के दो तथा असम गण परिषद और बोडो पीपल्‍स फ्रंट से एक-एक मंत्री भी शपथ लेंगे।
  3. प्रवर्तन निदेशालय ने दक्षिणी दमदम नगर पालिका भर्ती घोटाले में पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री सुजीत बसु को गिरफ्तार किया।
  4. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को संयुक्‍त अरब अमीरात, नीदरलैंड्स, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की छह दिन की यात्रा पर रवाना होंगे।
  5. अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा- ईरान के साथ युद्धविराम सबसे कमजोर स्थिति में और लाइफ सपोर्ट पर है।
  6. बांग्लादेश ने भारत में आईसीसी टी-20 क्रिकेट विश्व कप से अपनी टीम के हटने के कारणों की जांच के लिए समिति गठित की।  
Most Read
View All arrow-right

No posts found.