मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के बीच नागरिकों से एक वर्ष तक सोना नहीं खरीदने, ईंधन की खपत कम करने और विदेशी मुद्रा संरक्षित करने का आग्रह किया।
- प्रधानमंत्री आज गुजरात में “सोमनाथ अमृत पर्व” में शामिल होंगे। वडोदरा में सरदारधाम हॉस्टल का शुभारंभ करेंगे।
- असम के राज्यपाल ने हिमंत बिस्वा सरमा को राज्य में नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया।
- उत्तराखंड सरकार ने प्रतिकूल मौसम के बीच चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से सतर्क रहने और यात्रा के दौरान सुरक्षा बरतने का आग्रह किया।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने ईरान के शांति प्रस्ताव को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया।
- एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई फुटबॉल कप के क्वार्टर फ़ाइनल में आज भारत और मेज़बान चीन सूज़ौ में आमने–सामने होंगे।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि केंद्र सरकार के प्रयासों के कारण भारत पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न ऊर्जा संकट का प्रभावी ढंग से प्रबंधन कर रहा है। श्री मोदी ने तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक जनसभा में नागरिकों से एक वर्ष के लिए पेट्रोल और डीजल के संयमित उपयोग, अनाश्यक विदेशी यात्रा से बचने, सोने की खरीदारी नहीं करने और स्थानीय वस्तुओं को प्राथमिकता देने जैसे उपाय अपनाने की अपील की।
जो एनर्जी प्रॉडक्ट हम विदेशों से मंगाते हैं। हमें प्रयास करना है कि जितनी ज़रूरत है, उतना ही उपयोग करें। इससे विदेशी मुद्रा की भी बचत होगी और युद्ध के संकट से होने वाले दुष्प्रभाव को भी कम किया जा सकेगा।
प्रधानमंत्री ने हैदराबाद में लगभग नौ हजार चार सौ करोड़ रुपये की ढांचागत और औद्योगिक परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
*******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात में “सोमनाथ अमृत पर्व” में शामिल होंगे। प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह पर्व मनाया जा रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी भी उपस्थिति रहेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हवाई मार्ग से जामनगर से सोमनाथ पहुंचेंगे। हेलीपैड पर उतरने के बाद, वे वीर हमीरजी गोहिल सर्कल तक रोड शो के दौरान जनता का अभिवादन स्वीकार करेंगे। इसके बाद, प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। जिन्होंने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का सपना देखा था। श्री मोदी मंदिर में विशेष पुजा अर्चना करेंगे तथा मंदिर के शिखर पर कुंभाभिषेक और ध्वजारोहण भी करेंगे। इस अवसर पर भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम सोमनाथ के आकाश में रोमांचक एयर शो प्रस्तुत करेगी। पूजा-अर्चना के बाद प्रधानमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे। वे एक विशेष स्मारक डाक टिकट और 75 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का भी जारी करेंगे। मयूर सोलंकी, आकाशवाणी समाचार, सोमनाथ।
*******
बाद में प्रधानमंत्री वडोदरा जाएंगे। वे शाम लगभग 6 बजे सरदारधाम हॉस्टल परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना में एक हजार लड़कों और एक हजार लड़कियों के लिए हॉस्टल की सुविधाएँ शामिल हैं। इसमें सेंट्रल डाइनिंग हॉल, पुस्तकालय और ऑडिटोरियम जैसी सुविधाएँ भी हैं। श्री मोदी सरदारधाम परिसर में विभिन्न सुविधाओं का भी दौरा करेंगे, जिनमें रिसेप्शन एरिया, नागरिक सुविधाएँ, डाइनिंग एरिया और ई-लाइब्रेरी शामिल हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
*******
असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने श्री हिमंत बिस्वा सरमा को राज्य में नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। इससे राज्य में एनडीए के लगातार तीसरे कार्यकाल का रास्ता साफ हो गया है।
सर्वसम्मति से भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद श्री सरमा ने गठबंधन के नेताओं के साथ लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात की और औपचारिक रूप से सरकार बनाने का दावा पेश किया। श्री आचार्य कल श्री सरमा और नई मंत्रिपरिषद के सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह खानपाडा के वेटरनरी कॉलेज मैदान में होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई गणमान्य लोगों के समारोह में शामिल होने की संभावना है। एनडीए में भाजपा, असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट शामिल हैं। गठबंधन ने विधानसभा चुनावों में 126 में से 102 सीटें जीतीं। भाजपा ने 82 सीटें हासिल कीं। श्री सरमा पहली बार 2021 में मुख्यमंत्री बने थे। वह असम में पहले ऐसे गैर–कांग्रेसी नेता बनने जा रहे हैं जो लगातार दो बार मुख्यमंत्री के पद पर रहेंगे। समाचार कक्ष से मैं अर्जुन शर्मा।
*******
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी आज नबन्ना में मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। एक रिपोर्ट-
पश्चिम बंगाल की नई सरकार अपनी प्रशासनिक यात्रा शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी आज नमन में पहली कैबिनेट बैठक करेंगे। उस बैठक में पांच नए शपथ ग्रहण किए गए मंत्रियों का विभाग होगा, अन्य विभागों पर भी निर्णय दिए जाने की उम्मीद है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा के चुनावी वादे एजेंडा में सबसे ऊपर रहेंगे, जिनमें आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना का क्रियान्वयन, अन्नपूर्णा भंडार और राज्य कर्मचारियों के सातवें वेतन आयोग का लागू होना शामिल है। आज मुख्यमंत्री सचिवों, जिला मजिस्ट्र और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से भी मिलेंगे ताकि प्रशासनिक कार्यों की गति और कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की जा सके। संदीपन दास गुप्ता, आकाशवाणी न्यूज़, कोलकाता।
*******
पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और वामपंथी दलों ने भाजपा के खिलाफ संयुक्त विपक्षी मोर्चा बनाने के ममता बनर्जी का प्रस्ताव खारिज कर दिया है। ममता बनर्जी ने कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और कट्टर वाम दलों सहित सभी विपक्षी दलों से भाजपा के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया था।
कांग्रेस प्रवक्ता सौम्या ऐच रॉय ने ममता बनर्जी की अपील खारिज करते हुए पूछा कि वह कट्टर वामपंथी समूह की बात क्यों कर रही हैं। उन्होंने 2013 में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ माओवादी हिंसा का भी जिक्र किया। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर पिछले चुनावों में कांग्रेस को बदनाम करने और भाजपा के उदय को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और कहा कि ममता बनर्जी ने ही भाजपा को बंगाल में पैर जमाने का मौका दिया।
माकपा के प्रदेश सचिव मोहम्मद सलीम ने भी इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज करते हुए ममता बनर्जी को भ्रष्ट और सांप्रदायिक बताया। सीपीआई के प्रदेश सचिव स्वपन बंदोपाध्याय ने कहा कि ममता बनर्जी के साथ जुड़ने का कोई सवाल ही नहीं है।
*******
ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
उत्तराखंड सरकार ने चार धाम यात्रा के श्रद्धालुओं और पर्यटकों से राज्य में खराब मौसम की स्थिति के बीच सतर्क रहने तथा सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के विभिन्न भागों, विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में कल और बुधवार को खराब मौसम और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से यात्रा के दौरान मौसम के बारे में ताजा जानकारी रखने और सावधानी के साथ यात्रा कार्यक्रम तैयार करने का आग्रह किया है। यात्रियों से राज्य में खराब मौसम को देखते हुए 12 और 13 मई को यात्रा कार्यक्रम तैयार करते समय अधिक सजग रहने की अपील की गई है। सभी संबंधित सरकारी विभागों को यात्रियों के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। समाचार कक्ष से मैं एस बी त्रिपाठी।
*******
पश्चिम एशिया संघर्ष को समाप्त करने के प्रयासों के बीच अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने ईरान के शांति प्रस्ताव को पूरी तरह अस्वीकार कर दिया है। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने ईरान का प्रस्ताव खारिज कर दिया है।
इससे पहले, कल ईरान ने कहा था कि उसने पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्त करने के उद्देश्य से अमरीका के प्रस्ताव पर जवाब भेजा है। यह जवाब पाकिस्तान के माध्यम से भेजा गया जो ईरान और अमरीका के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने कहा कि पश्चिमी देशों के साथ बातचीत को आत्मसमर्पण या पीछे हटने के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। इस बीच, इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू ने कल रात राष्ट्रपति ट्रम्प से बातचीत की। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की। इस्राएल के प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प ईरान के उच्च संवर्धनित यूरेनियम भंडार को हटाने की आवश्यकता पर सहमत हुए जो वार्ता का प्रमुख मुद्दा बना हुआ है। ईरान ने चेतावनी दी है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में अमरीकी समुद्री अभियानों के साथ फ्रांसीसी या ब्रिटिश युद्धपोतों की किसी भी तैनाती का निर्णायक और तत्काल जवाब दिया जाएगा। फ्रांस के अधिकारियों ने कहा है कि परमाणु ऊर्जा से चलने वाला विमानवाहक पोत चार्ल्स डी गॉल, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रोन और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के नेतृत्व में रणनीतिक जलमार्ग में नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करने के प्रयासों के तहत इस क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है। समाचार कक्ष से मैं कृष्णकांत।
*******
खेल जगत की खबरों के साथ है– अर्जुन शर्मा…
सूज़ौ में एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई फुटबॉल कप के क्वार्टरफ़ाइनल में आज मेज़बान चीन और भारत आमने–सामने होंगे। यह मैच जीतते ही भारत फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप में जगह पक्की कर लेगा। भारत इससे पहले 2017 और 2022 में मेज़बान के तौर पर इस विश्व कप में हिस्सा ले चुका है, लेकिन उसने प्रतियोगिता के ज़रिए क्वालिफ़ाई नहीं किया था। भारत ने ग्रुप–स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टरफ़ाइनल में जगह बनाई है। इस बीच, भारत के छह खिलाडी ताशकंद में एशियाई अंडर-15 मुक्केबाजी चैंपियनशिप के फ़ाइनल में पहुँच गए, जबकि सात को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। सेमीफ़ाइनल में कल यश कुमार ने 33 किलो वर्ग में, 37 किलो वर्ग में वसंत कुमार ने, 43 किलो वर्ग में समीर बोहरा ने, सुदर्शन वासुदेव चांडक ने 52 किलो वर्ग में, 58 किलो वर्ग में मोहम्मद यासिर ने जबकि 67 किलो वर्ग में रोनक पराग लोखंडे ने जीत दर्ज की। रोहित पोथीना, नितिन, नोंगपोकंगनबा मेइतेई ओइना, प्रशांत, हर्षवर्धन जीना, देव और सुशांत जयानी को सेमीफ़ाइनल में हार का सामना करना पड़़ा। इधर, आईपीएल क्रिकेट में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को दो विकेट से हरा दिया। मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवर में 166 रन बनाए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आठ विकेट खोकर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। भुवनेश्वर कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टूनामेंट में आज शाम साढे सात बजे धर्मशाला में पंजाब किंग्स का सामना डेल्ही कैपिटल्स से होगा।
*******
पश्चिम बंगाल में विशेष जांच दल ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्र नाथ रथ की हत्या के सिलसिले में तीन लोगों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए तीनों कुख्यात शूटर हैं। हत्या की साजिश में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
*******
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे पब्लिक स्पीक कार्यक्रम में, अग्नि सुरक्षा जागरूकता– खतरों को कम करना और आपदा रोकना विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। चर्चा में गृह मंत्रालय में अग्नि सुरक्षा सलाहकार प्रशांत लोनकर और दिल्ली अग्नि शमन सेवा के निदेशक अतुल गर्ग भाग लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान, श्रोता विषय से संबंधित प्रश्न पूछ सकते हैं। हमारे फोन नम्बर हैं- 0 1 1 – 2 3 3 1 0 4 8 1, 0 1 1 – 2 3 7 1 7 1 1 7, 0 1 1 -2 3 7 1 7 1 0 6.
व्हाट्सएप नम्बर 9 2 8 9 0 9 4 0 4 4 पर भी सवाल पूछे जा सकते हैं या हैशटैग आस्क–ए.आई.आर. के साथ एक्स पर पोस्ट किये जा सकते हैं।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– फरहत नाज़।
- पश्चिम एशिया संकट से उत्पन्न चुनौतियों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का देशवासियों से अह्वान दैनिक जागरण सहित सभी अखबारों के पहले पन्ने पर है। पेट्रोल, डीजल और गैस का संयम से करें इस्तेमाल। राजस्थान पत्रिका ने पीएम के हवाले से लिखा है – एक साल सोना नहीं खरीदें, वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन मीटिंग करें। हिंदुस्तान ने आर्थिक विशेषज्ञों के हवाले से लिखा है – प्रधानमंत्री की अपील का सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद, आयात बिल घटने से अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती।
- तमिलनाडु में नई सरकार का गठन भी अखबारों की सुर्खी बनी है। राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है -तमिलनाडु में विजयराज, छह दशक बाद गैर द्रविड़ सरकार। टीवीके प्रमुख विजय ने ली सीएम की शपथ। वहीं, देशबंधु की सुर्खी है – केरलम् में नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर संशय बरकरार।
- बदलाव का चेहरा शीर्षक से अमर उजाला ने संपादकीय में लिखा है – तमिलनाडु में द्रविड़ राजनीति का चक्र तोड़ते हुए थालापति विजय का मुख्यमंत्री बनना इस बात का प्रतीक है कि राज्य नई ऊर्जा, नई सोच और नए राजनीतिक प्रयोग की ओर बढ़ रहा है। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि मुख्यमंत्री विजय केन्द्र राज्य संबंधों में संतुलन बनाने में कैसी परिपक्वता दिखाते हैं और सुशासन की मिसाल कायम करते हैं।
- भारत की सभ्यता का प्रतिबिंब सोमनाथ शीर्षक से केन्द्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री का लेख नवभारत टाइम्स में है। सोमनाथ मंदिर के पुनर्निमाण के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने लिखा है- कोई सभ्यता तब तक मजबूत रहती है, जब तक वह अपनी जड़ों से जुड़ी रहे।
- लोकतंत्र की ताकत संघर्ष में नहीं बल्कि संतुलन और सम्मान में है। केन्द्रीय गृहमंत्री अमितशाह का यह बयान पंजाब केसरी में है। एक कार्यक्रम में गृहमंत्री ने कहा कि 1947 से संसद और विधानसभाओं द्वारा लाए गए बदलाव, देश में लोकतंत्र की मजबूती को बताते हैं।
- झूठ को तोड़ता और सच को जोड़ता चीन सीमा पर सेना का रेडियो। दैनिक ट्रिब्यून के अनुसार भारत-चीन सीमा से लगे हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में सेना के ये रेडियो स्थानीय बोलियों में मौसम के अलर्ट के साथ-साथ संवेदनशील सीमा पर गलत जानकारी से निपटने में मददगार साबित हो रहे हैं।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के बीच नागरिकों से एक वर्ष तक सोना नहीं खरीदने, ईंधन की खपत कम करने और विदेशी मुद्रा संरक्षित करने का आग्रह किया।
- प्रधानमंत्री आज गुजरात में “सोमनाथ अमृत पर्व” में शामिल होंगे। वडोदरा में सरदारधाम हॉस्टल का शुभारंभ करेंगे।
- असम के राज्यपाल ने हिमंत बिस्वा सरमा को राज्य में नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया।
- उत्तराखंड सरकार ने प्रतिकूल मौसम के बीच चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से सतर्क रहने और यात्रा के दौरान सुरक्षा बरतने का आग्रह किया।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने ईरान के शांति प्रस्ताव को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया।
- एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई फुटबॉल कप के क्वार्टर फ़ाइनल में आज भारत और मेज़बान चीन सूज़ौ में आमने-सामने होंगे।
*******