May 10, 2026 9:33 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज कर्नाटक और तेलंगाना का दौरा करेंगे। वे हैदराबाद में लगभग 9 हजार 400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्‍यास करेंगे और बेंगलुरु में ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के 45वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे।

 

टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय आज सुबह तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एन. रंगासामी को पुडुचेरी का मुख्यमंत्री नियुक्त किया।

 

केंद्र ने नियमों के प्रकाशन के साथ चार श्रम संहिताएं लागू कीं।

 

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने स्क्रैमजेट कंबस्टर के सफल परीक्षण से हाइपरसोनिक मिसाइल विकास में बड़ी सफलता हासिल की।

 

और, ताशकंद में एशियाई अंडर-15 और अंडर-17 मुक्केबाजी चैंपियनशिप नौ भारतीय महिला मुक्‍केबाज फाइनल में।

 

******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज कर्नाटक के बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग संस्था की 45वीं वर्षगांठ समारोह में शामिल होंगे। श्री मोदी आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में नव-निर्मित ध्‍यान मंदिर का उद्घाटन भी करेंगे। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से.

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के सदस्यों को संबोधित करेंगे और यहां पर नए ध्यान मंदिर का उद्घाटन भी करेंगे। फाउंडेशन द्वारा संचालित समाज सेवा से जुड़े कार्यक्रम का उद्घाटन भी उनके द्वारा होगा। आर्ट ऑफ लिविंग केंद्र जाने के पहले प्रधानमंत्री एयरपोर्ट के बाहर बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। कर्नाटक विधानसभा के विपक्ष के नेता आर. अशोका ने बताया कि विभिन्न राज्यों में पार्टी की जीत के कारण अभिनंदन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया है। प्रधानमंत्री के आगमन के संदर्भ में बेंगलुरु पुलिस ने वाहन संचार पर कुछ समय के लिए रोक लगाई है। सुधींद्र, आकाशवाणी समाचार, बेंगलुरु।

 

प्रधानमंत्री इसके बाद तेलंगाना के हैदराबाद में कई विभिन्‍न विकास परियोजनाओं का लाकार्पण और शिलान्‍यास करेंगे। एक रिपोर्ट…

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज एचआईसीसी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 9400 करोड़ रूपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। जिनमें मुख्य रूप से जहीराबाद इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी और वारंगल में पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क की आधारशिला रखना शामिल है। इसके साथ ही वह काजीपेट विजयवाड़ा रेलवे ट्रिपलिंग परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। जनसभा और सरकारी कार्यक्रमों के समर्पण के बाद प्रधानमंत्री जामनगर के लिए प्रस्थान करेंगे। श्रीनिवास मानकाली, आकाशवाणी न्यूज़, हैदराबाद।

 

******

 

ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर आध्‍यात्मिक पर्यटन के वैश्विक केन्‍द्र के रूप में अपनी यात्रा के 75 वर्ष पूरे कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल सोमनाथ अमृत पर्व में शामिल होंगे। सोमनाथ ट्रस्‍ट के अध्‍यक्ष के रूप में श्री मोदी के नेतृत्‍व में सोमनाथ मंदिर वर्तमान समय में अपने स्‍वर्ण युग में है। धार्मिक महत्‍व के अतिरिक्‍त सोमनाथ मंदिर पर्यावरणीय संरक्षण में भी अग्रणी स्तर पर उभर रहा है। इसका लक्ष्‍य देश के पहले शून्‍य उत्‍सर्जन वाले मंदिर के रूप में स्‍थापित होना है। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से…

 

मिशन लाइफ पहल के तहत सोमनाथ मंदिर फूलों के कचरे को खाद में और प्लास्टिक कचरे को पेवर ब्लॉक्स में बदलकर स्थिरता के नए मानक स्थापित कर रहा है। इतना ही नहीं आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, वर्षा जल संचयन प्रणाली और मियावाकी वनों के माध्यम से ट्रस्ट तेजी से नैट जीरो कार्बन फुटप्रिंट की दिशा में आगे बढ़ रहा है। डिजिटल पहलों ने अब दुनिया भर के श्रद्धालुओं को घर बैठे पूजा बुक करने और प्रसाद प्राप्त करने की सुविधा प्रदान की है। वंदे भारत एक्सप्रेस और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा जैसी विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे की कनेक्टिविटी के साथ ही देश और दुनिया भर से प्रतिवर्ष 97 लाख से अधिक श्रद्धालु सोमनाथ के दर्शन के लिए आते हैं। अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

 

******

 

तमिलनाडु में तमिलग् वेत्री कड़गम– टीवीके पार्टी प्रमुख सी.जोसेफ विजय को आज सुबह मुख्‍यमंत्री पद की शपथ दिलाई जायेगी। शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई के नेहरू इंडोर स्‍टेडियम में होगा। राज्‍यपाल राजेन्‍द्र विश्‍वनाथ आर्लेकर श्री विजय और नौ मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। हमारी संवाददाता ने बताया है कि समारोह के लिए पर्याप्‍त सुरक्षा व्‍यवस्‍था की गई है और बड़ी संख्‍या में लोगों के चेन्‍नई पहुंचने की संभावना है।

 

टी.वी.के. की जीत के नायक सी. जोसेफ विजय आज चेन्नई में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। विजय ने फिल्म नालैया थिरूपू से फिल्म जगत में प्रवेश किया। बाद में उन्होंने कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया। इनमें कई राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ी फिल्में भी शामिल हैं। यह चुनाव मुख्य रूप से युवाओं और 45 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के बीच था। इस बार उन लोगों ने भी वोट किया जो कभी अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं करते थे। सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद टीवीके को 108 सीटों पर संतोष करना पड़ा। हालांकि, यह बहुमत सिद्ध करने के लिए काफी नहीं था लेकिन फिर भी जोसेफ विजय कांग्रेस, वीसी के वामपंथी दलों और आईयूएमएल के समर्थन से बहुमत हासिल करने में कामयाब रहे। विजय, इतिहास रचते हुए पहली बार ही मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। विजय ने उंगा विजय, ना वारेन के नारे के साथ विजय ने यह चुनाव जीता है। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से मैं, इशिका।

 

******

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने श्री एन. रंगासामी को पुद्दुचेरी का मुख्‍यमंत्री नियुक्‍त किया है। उप-राज्‍यपाल कैलाश नाथन ने श्री रंगासामी को केन्‍द्रशासित प्रदेश में नए सरकार के गठन के लिए आमंत्रित किया। एक रिपोर्ट…

 

एन. रंगासामी, 13 मई को पुद्दुचेरी के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। विधानसभा चुनाव में ए.आई.एन,आर.सी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन की शानदार जीत के बाद, श्री रंगासामी रिकॉर्ड पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। विधानसभा चुनाव में श्री रंगासामी थट्टनचावडी और मंगलम विधानसभा क्षेत्रों से निर्वाचित हुए। शुक्रवार को, श्री रंगासामी ने उपराज्यपाल से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। उन्होंने निर्वाचित विधायकों के समर्थन पत्र भी प्रस्तुत किए, जिनमें सरकार बनाने की अनुमति मांगी गई है। 30 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए को 18 विधायकों का समर्थन प्राप्त हुआ है। पुद्दुचेरी से बिबिन एस नाथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं, कृष्ण कांत।

 

******

 

केरलम् में सरकार गठन पर विचार विमर्श के लिए कल नई दिल्ली में कॉंग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। पार्टी ने कहा कि जल्‍द ही मुख्‍यमंत्री के नाम की घोषणा की जायेगी।

 

******

 

असम में भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक आज सुबह 9 बजे गुवाहाटी में होगी। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से..

 

भाजपा विधायक दल की यह बैठक भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक जगत प्रकाश नड्डा और सह-पर्यवेक्षक नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में होगी। बैठक के बाद इसी स्थान पर एनडीए विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद एनडीए विधायक दल सरकार गठन का दावा पेश करने के लिए राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात करेगा। इस बीच, 12 में को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयारियां की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी इस हाई प्रोफाइल कार्यक्रम में आमंत्रित किया है। राकेश डोले, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।

 

******

 

शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री बन गए हैं। राज्यपाल आर.एन. रवि ने कल कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में श्री अधिकारी और पांच कैबिनेट मंत्र‍ियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही राज्य में पहली बार भाजपा सरकार का गठन हुआ।

 

******

 

केंद्र सरकार ने श्रम संहिता के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इससे केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों, स्वायत्त निकायों और केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में कार्यरत आउटसोर्स और संविदा कर्मचारियों की सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। एक रिपोर्ट..

 

श्रम और रोजगार मंत्रालय ने कहा कि इन सुधारों का उद्देश्य समय पर वेतन का भुगतान, अनिवार्य सामाजिक सुरक्षा अंशदान, ठेकेदारों और प्रमुख नियोक्ताओं की अधिक जवाबदेही तथा श्रम कानूनों के उल्लंघन के खिलाफ मजबूत प्रवर्तन व्‍यवस्‍था सुनिश्चित होगी। इन उपायों से संविदा कर्मचारियों के वेतन भुगतान में देरी और वैधानिक देय राशियों के भुगतान में चूक कम हो सकेगी। इसमें समय पर वेतन और सामाजिक सुरक्षा अंशदान का उल्लंघन करने वाली कंपनियों के लिए प्रतिबंध और कड़े दंड का प्रावधान है। दैनिक वेतन शिफ्ट समाप्त होने तक, साप्ताहिक वेतन साप्ताहिक अवकाश से पहले, पाक्षिक वेतन पखवाड़े की समाप्ति के दो दिन में और मासिक वेतन का भुगतान अगले महीने के सात दिन में हो जाना चाहिए। समाचार कक्ष से मुकेश कुमार।

 

******

 

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ ने स्क्रैमजेट कंबस्टर का सफल परीक्षण कर हाइपरसोनिक मिसाइल विकास में बड़ी सफलता हासिल की। एक रिपोर्ट…

 

इस सफल परीक्षण में एक हजार दो सौ सेकंड से अधिक का रन-टाइम प्राप्त हुआ। यह रन-टाइम इस वर्ष जनवरी में किए गए सात सौ सेकंड के परीक्षण से अधिक है। सफल परीक्षण से भारत उन्नत एयरोस्पेस क्षमता और लगातार उभरती युद्ध प्रौद्योगिकियों में अग्रणी स्थान पर आ गया है। इससे भारत के हाइपरसोनिक क्रूज मिसाइल विकास कार्यक्रम को मजबूती मिलेगी। कम्बस्टर को डीआरडीओ ने उद्योग भागीदारों के सहयोग से विकसित किया है। इसमें स्वदेशी रूप से विकसित तरल हाइड्रोजन ईंधन और उन्नत थर्मल बैरिंग कोटिंग तथा आधुनिक विनिर्माण तकनीकों का उपयोग किया गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डीआरडीओ और उद्योग भागीदारों की सराहना करते हुए इस उपलब्धि को देश के हाइपरसोनिक क्रूज मिसाइल कार्यक्रम के लिये महत्वपूर्ण बताया है। अनुपम की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शशांक कुमार।

 

******

 

गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्‍ली में उच्‍च-स्‍तरीय बैठक में बाढ़ और लू से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बैठक के दौरान श्री शाह राहत और बचाव उपायों में केन्‍द्रीय सरकारी एजेंसियों की तत्‍परता का आकलन करेंगे। शुरुआती चेतावनी प्रणालियों, संसाधनों की तैनाती और अंतर-एजेंसी समन्‍वय की भी समीक्षा की जायेगी ताकि जानमाल का नुकसान कम से कम किया जा सके।

 

******

 

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने ट्रिनिडाड और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर के साथ दक्षिण ट्रिनिडाड में एक कृषि-प्रसंस्करण केन्‍द्र का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत की सीड्स पहल के अंतर्गत संचालित यह केन्‍द्र ट्रिनिडाड और टोबैगो के लघु और मध्यम उद्यमों को मजबूत करेगी और कृषि क्षेत्र को नई गति देगी।

 

******

 

और, अब खेल खबरों के साथ हैं – मुकेश कुमार बल।

 

ताशकंद में एशियाई अंडर-15 और अंडर -17 एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारत की नौ महिला मुक्केबाज फाइनल में पहुंच गई हैं। अंडर- 15 में अक्षिता ने 30 से 33 किलो में, अंज़ी ने 37 किलो में, और सोनिया ने 40 किलो में जीत हासिल की। तन्वी ने ​​43 किलो में, हंशिका अत्री ने 46 किलो में और सुनैना ने 58 किलो में तथा भूमिका ने 61 किलो और तन्वी ने 64 किलो में जीत हासिल की। इसके अलावा, आईपीएल क्रिकेट में चेन्नई में आज दोपहर साढ़े तीन बजे लखनऊ सुपर जांयटस का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। दूसरे मैच में रायपुर में शाम साढे सात बजे से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला मुंबई इडियंस से होगा। प्रतियोगिता में कल जयपुर में गुजरात टाइटन्स ने राजस्थान रॉयल्स को 77 रन से मात दी।

 

******

 

मौसम विभाग ने आज केरलम, माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्कल के कुछ हिस्सों में तेज वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र के कुछ इलाकों में आंधी आने की संभावना है।

 

******

 

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों से

 

शुभेंदु अधिकारी के पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बनने पर हिन्दुस्तान ने लिखा है- शुभेंदु के साथ बंगाल में भाजपा युग आरंभ। दैनिक जागरण के अनुसार इतिहास के पन्नों में शनिवार को एक ऐसी इबारत लिखी गई जिसकी कल्पना भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने दशकों पहले की थी। पत्र ने इसे शीर्षक दिया है – 74 में पहली बार भगवा बंगाल।

 

तमिलनाड़ु में राजनीतिक अनिश्चितता समाप्त, अभिनेता से राजनेता टीवीके प्रमुख के आज शपथ लेने की खबरें सभी अखबारों में है। अमर उजाला की सुर्खी है- तमिलनाडु में कल सारे दिन चली राजनीतिक गतिविधियों को फिल्मी सीन बताते हुए लिखा है- दिनभर चला सस्पेंस शाम को ऐलान के बाद जश्न।

 

केन्द्र सरकार द्वारा चारों नए लेबर कोड से जुड़े नियम नोटिफाई करने को नवभारत टाइम्स ने प्रमुखता से देते हुए लिखा है 48 घंटे से ज्यादा काम नहीं लिया जा सकेगा, अतिरिक्त काम कराने के लिए कर्मचारी की सहमति जरुरी होगी और ओवरटाइम का भुगतान दोगुनी दर से करना होगा।

 

एयर डिफेंस को चकमा देने वाली विशेष मिसाइल का कल सफल परीक्षण किए जाने पर हिन्दुस्तान लिखता है- एक वार में कई दुश्मनों को भस्म कर देगी अग्नि मिसाइल। पत्र ने इसे आत्मनिर्भर भारत की ओर बढते कदम बताया है।

 

अमरीका के व्हाइट हाउस में राष्ट्रीय प्रार्थना दिवस के अवसर पर गूंजे मंत्र, हिन्दू परंपरा से शांति पाठ, राजस्थान पत्रिका में है। पत्र लिखता है- कि इसकी शुरूआत 1952 अमरीकी कांग्रेस के कानून के अंतर्गत हुई थी।

 

अमर उजाला की यह खबर चिंतित करती है- इतिहास का सबसे गर्म अप्रैल, विशेषज्ञों के अनुसार दुनिया अब पैरिस समझौते में तय डेढ़ डिग्री सेल्सियस की सीमा करीब पहुंच रही है और अगर ऐसा हुआ तो आने वाले समय में चर्म मौसमी घटनाएं और गंभीर हो सकती है।

 

नवभारत टाइम्स की खास खबर है- डायनासोर के बाद गधों की बारी, घट रही आबादी। पत्र ने इसे अस्तित्व का संकट बताते हुए लिखा है- कि सरकार ने गधों की घटती आबादी पर चिंता जाहिर करते हुए इनके संरक्षण के लिए कई योजनाएं लागू की है।

 

आज मदर्स डे पर सभी अखबारों ने विशेष आलेख लिखे हैं- दैनिक भास्कर लिखता है- मां होने का हक बच्चों को मुश्किल से बचाना नहीं, लड़ना भी सिखाना है।

 

******

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज कर्नाटक और तेलंगाना का दौरा करेंगे। वे हैदराबाद में लगभग 9 हजार 400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्‍यास करेंगे और बेंगलुरु में ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के 45वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे।

 

टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय आज सुबह तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एन. रंगासामी को पुडुचेरी का मुख्यमंत्री नियुक्त किया।

 

केंद्र ने नियमों के प्रकाशन के साथ चार श्रम संहिताएं लागू कीं।

 

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने स्क्रैमजेट कंबस्टर के सफल परीक्षण से हाइपरसोनिक मिसाइल विकास में बड़ी सफलता हासिल की।

 

और, ताशकंद में एशियाई अंडर-15 और अंडर-17 मुक्केबाजी चैंपियनशिप नौ भारतीय महिला मुक्‍केबाज फाइनल में। 

 

******

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.