मुख्य समाचार:-
- शुभेंदु अधिकारी आज सुबह पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे; प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
- तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर अनिश्चितता बरकरार।
- लेफ्टिनेंट जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि भारत के नए प्रमुख रक्षा अध्यक्ष नियुक्त।
- अगले दो दिन में केरलम्, दक्षिण कर्नाटक, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में तेज बारिश का पूर्वानुमान।
- फुटबॉल में, भारत ने एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप के क्वार्टर फाइनल में पहली बार प्रवेश कर इतिहास रचा।
******* *******
शुभेन्दु अधिकारी आज पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि शपथ ग्रहण समारोह कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा।
राज्य के राजनीतिक इतिहास में पहली बार भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेगी। शपथ ग्रहण समारोह सुबह दस बजे शुरू होने वाला है और इसमें लाखों पार्टी समर्थकों, राजनीतिक नेताओं और देश भर से आए गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्य का मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। राज्यपाल आर. एन. रवि मुख्यमंत्री और नए मंत्रिमंडल के सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। नवनिर्वाचित संसदीय दल के नेता सुवेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में आयोग राज्य में संस्थागत भ्रष्टाचार की जांच करेगा। संदीपोन दासगुप्ता, आकाशवाणी न्यूज़, कोलकाता।
इससे पहले कल, श्री शुभेन्दु अधिकारी को राज्य भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। विधायक दल की बैठक कोलकाता में गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई।
******* *******
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार देश की सीमाओं को सुरक्षित करेगी और राष्ट्रीय सुरक्षा की सबसे बड़ी कमी को दूर करेगी। कोलकाता में कल नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों को संबोधित करते हुए श्री अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की जीत संगठन के विस्तार या विचारधारा की पुष्टि के लिए नहीं है, बल्कि देश सुरक्षा को मजबूत करने के लिए है।
घुसपैठिया मुक्त बंगाल, सुरक्षित महिला और सुरक्षित जनता – ये हमारा वादा है। हमने बंगाल के आर्ष द्रष्टताओं ने जो सोनार बंगला का संकल्प और स्वप्न देखा है, हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम सोनार बंगला को जमीन पर उतारने के लिए अपना सबसे अच्छा प्रबंध, बंगाल की जनता को दें।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि लंबे समय से ठप पड़ी विकास योजनाओं को भाजपा सरकार फिर से शुरू करके पश्चिम बंगाल की जनता की सभी आकांक्षाओं को पूरा करने का काम करेगी।
आधुनिक खेती, बंगाल तक पहुची नहीं है। इंडस्ट्रीज़, बंगाल से भाग गई हैं। इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलप करने का विज़न ही नहीं है और महिला सुरक्षा और नागरिक सुरक्षा पाताल तक नीचे पहुंच गई। ये सारे मुद्दे भारतीय जनता पार्टी ने अपने संकल्प पत्र के अंदर दिए हैं और मुझे विश्वास है कि भाजपा सरकार मोदी जी के नेतृत्व में ये डबल इंजन की सरकार बनकर दीन दुनी रात चौगुनी बंगाल को प्रगति की दिशा में ले जाएगी।
******* *******
तमिलनाडु में तमिलग् वेत्री कड़गम – टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व में सरकार गठन को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। आई.यू.एम.एल. ने टीवीके को सरकार बनाने में समर्थन देने वाली खबरों का खंडन किया है। खबरों के अनुसार आज शपथ ग्रहण समारोह नहीं होगा। इससे पहले, टीवीके ने दावा किया था कि विजय सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
प्रोफेसर खादर मोहिदीन के नेतृत्व वाली इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने कहा है कि उनकी पार्टी ने तमिलग वेत्री कड़गम को समर्थन पत्र नहीं दिया है।
ए.एम.एम.के. पार्टी के नेता टीटीवी दिनाकरन ने राज्यपाल से संपर्क किया और मन्नारकुई से निर्वाचित एकमात्र विधायक एस. कामराज का समर्थन पत्र प्रस्तुत किया। इसमें एआईएडीएमके के महासचिव एडाप्पडी पलानीसामी को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की गई थी।
******* *******
उधर, केरलम में भी नई सरकार के गठन को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। यूडीएफ की प्रमुख पार्टी कांग्रेस रविवार तक नेता की घोषणा कर सकती है। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि विधायक दल के नेता के बारे में राज्य में पार्टी पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर राष्ट्रीय नेतृत्व निर्णय लेगा।
******* *******
वहीं, असम में भाजपा के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को होगा। पार्टी विधायक दल की बैठक कल होगी।
******* *******
सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि को अगला प्रमुख रक्षा अध्यक्ष – सी.डी.एस नियुक्त किया है। वे जनरल अनिल चौहान का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 मई को समाप्त हो रहा है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि पदभार ग्रहण करने की तिथि से वे सैन्य मामलों के विभाग के सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि वर्तमान में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वे सेना के उप प्रमुख और केंद्रीय कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्य कर चुके हैं।
******* *******
सरकार ने वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को नौसेना प्रमुख नियुक्त किया है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि वाइस एडमिरल स्वामीनाथन वर्तमान में पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें भारतीय नौसेना में लगभग चार दशकों की विशिष्ट सेवा का अनुभव है। वे एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी का स्थान लेंगे, जो 31 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
******* *******
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने नई दिल्ली में एल.वी.एम.एच. मोएट हेनेसी लुई विटों एसई के अंतर्राष्ट्रीय संबंध निदेशक विंसेंट एस्टॉक्स से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में गोयल ने बताया कि चर्चा का मुख्य विषय निर्यात बढ़ाने के लिए भारत में विनिर्माण को मजबूत करना, स्थानीय प्रतिभाओं में निवेश करना, भविष्य के सहयोगों के माध्यम से भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देना और संतुलित तथा पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार साझेदारी को आगे बढ़ाना था।
******* *******
वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने 16वें भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन के परिणामों की सराहना करते हुए इसे रणनीतिक साझेदारी के लिए एक निर्णायक मोड़ बताया है। वित्त मंत्री कल नई दिल्ली में यूरोप दिवस समारोह को संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिखर सम्मेलन के परिणाम दोनों देशों के संबंधों में परिवर्तनकारी चरण का संकेत देते हैं।
******* *******
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच तीन दिन के यु्द्धविराम की घोषणा की है। युद्धविराम आज से 11 मई तक रहेगा।
राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि यह प्रस्ताव उन्होंने स्वयं रखा था और इसमें दोनों पक्षों के एक-एक हज़ार कैदियों का आदान-प्रदान भी शामिल होगा।
यह युद्धविराम रूस के विजय दिवस के मौके पर हो रहा है, जो हर साल 9 मई को मनाया जाता है। यह दिन द्वितीय विश्व युद्ध में नाज़ी जर्मनी पर सोवियत संघ की जीत के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।
******* *******
ईरान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अमरीका द्वारा समर्थित मसौदा प्रस्ताव को ‘त्रुटिपूर्ण’ और ‘राजनीतिक रूप से प्रेरित’ बताते हुए खंडन कर दिया है। यह प्रस्ताव होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाज़ों की सुरक्षा से संबंधित था। एक रिपोर्ट…
ईरान ने इसे अपने आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप और अमरीकी हितों को साधने वाला कदम करार दिया है। ईरान ने संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों से प्रस्तावित प्रस्ताव का समर्थन न करने की अपील की है। अमरीका, बहरीन, सऊदी अरब, यूएई, कुवैत और कतर द्वारा समर्थित इस मसौदा प्रस्ताव का उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य से आवागमन सुगम बनाना है। अमरीका ने ईरान पर वाणिज्यिक जलमार्ग को रोकने और समुद्री यातायात को अस्थिर करने का आरोप लगाया है। इस बीच, ईरान की सेना ने कहा है कि अमरीकी रक्षा बलों ने यूएई के फुजैराह बंदरगाह के पास एक ईरानी तेल टैंकर और एक अन्य जहाज को निशाना बनाया। पश्चिमी तेहरान के ऊपर ईरानी वायु रक्षा प्रलियाँ भी सक्रिय थीं। वहीं, अमरीकी सेना ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में उसकी नौसेना को ईरानी बलों द्वारा मिसाइल, ड्रोन और तेज नावों से हमलों का सामना करना पड़ा रहा है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आनंद पाठक।
******* *******
अमरीका ने 10 व्यक्तियों और कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए हैं, जिनमें चीन और हांगकांग की कंपनियां भी शामिल हैं। अमरीका का आरोप है कि ये लोग और कंपनियां ईरान को हथियार बनाने और ड्रोन तथा बैलिस्टिक मिसाइल के लिए आवश्यक सामान जुटाने में मदद कर रही थीं।
******* *******
‘सोमनाथ अमृतपर्व‘ का आधिकारिक रूप से कल से शुभारंभ हो गया है, जो मंदिर के पुनर्निर्माण की 75वीं वर्षगांठ का प्रतीक है। पांच दिवसीय इस उत्सव ने मंदिर परिसर को वैदिक मंत्रों और दिव्य ऊर्जा के केंद्र में बदल दिया है, जो देशभर से श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। ब्योरा हमारी संवाददाता से-
सोमनाथ अमृत पर्व के पावन अवसर पर कल से पाठात्मक अतिरुद्र का विधिवत प्रारंभ किया गया, जिसमें अगले पांच दिनों तक निरंतर रूद्र पाठ किया जाएगा। मंदिर में आज से तीन दिवसीय होमत्मक महारुद्र यज्ञ का भी आयोजन होगा, जिसमें लगभग सवा लाख आहूतियां अर्पित की जाएंगी। इस महायज्ञ का मूल उद्देश्य वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में शांति की स्थापना और मानव कल्याण सुनिश्चित करना है। अमृत पर्व का मुख्य आकर्षण 11 मई को होगा, जब मंदिर के शिखर पर 11 पवित्र तीर्थों के जल से कुंभ अभिषेक किया जाएगा। इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए देश के कोने–कोने से श्रद्धालुओं का सैलाब सोमनाथ उमड़ पड़ा है। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
******* *******
आकाशवाणी समाचार के विशेष कार्यक्रम ‘पीपल्स पद्म‘ के अंतर्गत अगली कड़ी में हम भारत में रेडियो प्रसारण के क्षेत्र में अग्रणी रहे डॉ. राममूर्ति श्रीधर से बातचीत करेंगे। उन्हें प्रतिष्ठित पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
यह कार्यक्रम आज सुबह नौ बजकर 10 मिनट पर आकाशवाणी गोल्ड पर प्रसारित किया जाएगा।
******* *******
राष्ट्रीय विधि सेवा प्राधिकरण आज देशभर में इस वर्ष की दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन करेगा। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में प्राधिकरण के सदस्य सचिव संजीव पांडे ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य सहभागी और जन-केंद्रित तंत्रों के माध्यम से विवादों का सौहार्दपूर्ण निपटारा करना और अदालतों पर बोझ कम करना है।
******* *******
मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए केरलम्, माहे, लक्षद्वीप, दक्षिण कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्काल में तेज वर्षा की संभावना व्यक्त की है।
******* *******
इस बीच, बिहार में बिजली गिरने और तूफान से संबंधित अलग-अलग घटनाओं में सात लोगों की मृत्यु हो गई।
******* *******
खेलों में, भारत की महिला फुटबॉल टीम, एएफसी अंडर-17 एशिया कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। भारत ने 2005 के बाद इस टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की।
******* *******
वहीं,आईपीएल क्रिकेट में, कोलकाता नाइट राइडर्स ने कल रात दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हरा दिया। प्रतियोगिता में आज राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होगा। यह मैच जयपुर में शाम साढे़ सात बजे से खेला जाएगा।
******* *******
धन्यवाद फरहत, सभी समाचार पत्रों ने आज पश्चिम बंगाल में शुभेन्दु अधिकारी के भाजपा के विधायक दल का नेता चुने जाने की खबर प्रकाशित की है। दैनिक जागरण लिखता है बंगाल में सत्ता के सुभेन्दु अधिकारी, नए अध्याय की शुरूआत, भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में आज लेंगे शपथ।
लोकसत्य ने तमिलनाडु में सत्ता का संग्राम नहीं थमने पर खबर प्रकाशित की है- विजय के शपथ ग्रहण पर फिर लगा ग्रहण। राज्य में सरकार पर फिर सस्पेंस, सियासत बदली।
कांग्रेस के शीर्ष कमान पर अब केरलम के अगले मुख्यमंत्री को चुनने की जिम्मेदारी, राज्य में सरकार गठन को लेकर तैयारियां तेज, पर्यवेक्षक ने खड़गे को सौंपी रिपोर्ट दिल्ली में होगा- फैसला देशबंधु की सुर्खी है।
गर्म होते हिमालय में ऊंचाई पर आवास बना रहे जानवर हिंदुस्तान की खबर है- पत्र लिखता है जलवायु परिवर्तन की वजह से निचले इलाकों में रहने वाला हिमालयन बीजल पहली बार साढ़े तीन हजार मीटर की ऊंचाई पर नज़र आया।
अमर उजाला ने अपने संपादकीय पन्ने पर एआई समय शीर्षक से लेख प्रकाशित किया है, पत्र लिखता है- चैटबॉट हैं नई पीढ़ी के असली दोस्त, बेशक एआई चैटबॉट्स ने युवाओं को अभिव्यक्ति का नया मंच दिया है लेकिन इसके कुछ गंभीर खतरे भी सामने आने लगे हैं।
जान, जमापूंजी छीन रहा गेमिंग ऐप का जुनून, ऑनलाइन गेमिंग में 2025 में लोगों ने 20 हज़ार करोड़ रूपये गवांए –हिंदुस्तान की खबर है।
नवभारत टाइम्स सहित सभी समाचार पत्रों ने सोमनाथ मंदिर के पुर्नउत्थान होने का समाचार भी प्रकाशित किया है।
नमामि गंगे की डालफिन एम्बुलेंस ने चार महीने में आठ डालफिन को बाचाया। जनसत्ता ने अभियान शीर्षक से ये खबर प्रकाशित की है। धन्यवाद मुकेश।
******* *******
अंत में मुख्य समाचार :-
- शुभेंदु अधिकारी आज सुबह पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे; प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
- तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर अनिश्चितता बरकरार।
- लेफ्टिनेंट जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि भारत के नए प्रमुख रक्षा अध्यक्ष नियुक्त।
- अगले दो दिन में केरलम्, दक्षिण कर्नाटक, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में तेज बारिश का पूर्वानुमान।
- फुटबॉल में, भारत ने एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप के क्वार्टर फाइनल में पहली बार प्रवेश कर इतिहास रचा।
******* *******