May 8, 2026 10:26 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

 

  • पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक अमित शाह आज कोलकाता में विधायक दल का नेता चुनने के लिए पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों से मुलाकात करेंगे।

 

  • तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर गतिरोध जारी। सबसे बड़ी पार्टी को समर्थन देने के मुद्दे पर वीसीके, सीपीआई और सीपीआई(एम) के विधायकों की आज बैठक।

 

  • वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम ने मुंबई में व्‍यापार फोरम में वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में भारत और वियतनाम की भूमिका पर बल दिया।

 

  • वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने वैश्विक कृषि परिदृश्य में भारत की स्थिति मज़बूत करने के उपायों की समीक्षा की।

 

  • सऊदी अरब ने अपने सैन्‍य ठिकानों और वायु क्षेत्र तक अमरीकी सेना की पहुंच रोकी।

 

 

  • आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ सुपर जायंट्स ने डकवर्थ लुईस नियम से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 9 रन से हराया।

 

 

*******

 

 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के केन्‍द्रीय पर्यवेक्षक और केन्‍द्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज कोलकाता पहुंच रहे हैं। वे भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक करेंगे। बैठक के दौरान पार्टी विधायक दल के नेता का चयन किया जायेगा।

 

पश्चिम बंगाल में पहली बीजेपी सरकार इस शनिवार, 25 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ लेगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, जेपी नड्डा सहित कई वरिष्ठ नेता समारोह में शामिल हो सकते हैं। इससे पहले शुक्रवार को न्यू टाउन से विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में नवनिर्वाचित बीजेपी विधायकों की बैठक होगी, जिसमें विधायक दल के नेता का औपचारिक चयन किया जाएगा। अमित शाह केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में बैठक में मौजूद रहेंगे। आकाशवाणी समाचार के लिए संदीपन दास गुप्ता, कोलकाता।

 

 

*******

 

     

उधर, तमिलनाडु में नई सरकार के गठन में देरी से राजनीतिक स्थिति अनिश्चित बनी हुई है। सरकार बनाने के लिए आवश्यक एक सौ 18 के बहुमत तक पहुंचने के लिए बातचीत जारी है। डीएमके और ऑल इंडिया अन्‍ना डीएमके पार्टी ने कल नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक की। ऑल अन्‍ना डीएमके पार्टी के महासचिव ई. पलनीसामी को विधायक दल का नेता चुना गया। राज्‍य की सबसे बड़ी पार्टी तमिलग् वेत्री कड़गम- टीवीके को समर्थन देने के मुद्दे पर विदुथलाई चिरूथइगल काची, भारतीय कम्‍युनिस्‍ट पार्टी और मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक आज होगी।

 

एआईएडीएमके और डीएमके की विधायक दल की बैठक का नतीजा भी महत्वपूर्ण है। डीएमके प्रवक्ता टी.के.एस. एलंगोवन ने कहा कि सबसे बड़ी पार्टी का यह कर्तव्य है कि वह अपना बहुमत साबित करे और साथ ही यह भी कहा कि डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन कोई संवैधानिक संकट नहीं चाहते। गौरतलब है कि विधायक दल की बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए पुद्दुचेरी एआईएडीएमके के सचिव ए. अनबाझगन ने कहा कि फैसला लेने का अधिकार पार्टी के महासचिव को दिया गया है। उन्होंने बहुमत के मुद्दे पर राज्यपाल के फैसले की सराहना की और कहा कि मौजूदा राजनीतिक अनिश्चितता में अप्रत्याशित फैसले भी हो सकते हैं। उन्होंने मीडिया को यह भी बताया कि उनके नेता स्टालिन की चुनाव में हार से दुखी हैं। चैन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची वाजपेयी।

 

 

*******

 

 

उधर, असम में भाजपा के नेतृत्‍व में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार 12 मई को लगातार तीसरी बार शपथ ग्रहण करेगी। पार्टी प्रदेश अध्‍यक्ष दिलीप सैकिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि भाजपा विधायक दल की बैठक रविवार को होगी।

 

 

*******

 

 

केरलम में कांग्रेस हाई कमान नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पर्यवेक्षकों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्टों पर विचार करने के बाद नए मुख्यमंत्री के चयन पर निर्णय की घोषणा करेगी।

 

 

*******

 

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल वैश्विक कृषि परिदृश्य में भारत की स्थिति मजबूत करने के लिये विभिन्न उपायों की समीक्षा की है। उन्होंने भारतीय खाद्य और कृषि चैंबर के अध्यक्ष डॉ. एम.जे. खान के साथ बैठक की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री गोयल ने बताया कि बैठक में किसानों के जीवन को बेहतर बनाने, देश की कृषि व्यवस्था को मजबूत करने और अफ्रीकी क्षेत्र के साथ सहयोग बढाने पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि दीर्घकालिक खाद्य सुरक्षा के लिए कृषि सहयोग बढ़ाने के नए उपायों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

 

 

*******

 

 

उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा है कि देश का सरकारी अनाज भंडार छह सौ चार लाख टन से अधिक हो गया है। यह मात्रा बफर स्टॉक यानी अनिवार्यता के समय की आवश्‍यक मात्रा से लगभग तीन गुणा अधिक है। श्री जोशी ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि गेंहू और चावल के सुरक्षित भंडार से देश में कल्‍याणकारी योजनाओं तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।

 

 

*******

 

 

इस बीच, सरकार ने कहा है कि 6 मई तक मंडियों से 78 लाख 96 हजार मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 75 लाख 63 हजार मीट्रिक टन था।

 

 

*******

 

 

कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के अंतर्गत प्रशिक्षण महानिदेशालय आज कानपुर स्थित राष्‍ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्‍थान में उद्योग परामर्श बैठक आयोजित कर रहा है। तीस से अधिक उद्योग प्रमुख, मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी और नीति विशेषज्ञ राष्‍ट्रीय उत्‍कृष्‍टता केंद्र की स्‍थापना के बारे में विचार-विमर्श करेंगे।

 

 

*******

 

 

इंडिया एआई और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने स्वास्थ्य सेवा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को तेजी से अपनाने के लिए नई दिल्‍ली में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा कि यह साझेदारी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जिम्मेदार और व्यापक अनुप्रयोग के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

 

 

*******

 

 

 

वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम ने कहा है कि बदलती वैश्विक व्‍यवस्‍था में भारत और वियतनाम के पास वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का महत्वपूर्ण अवसर है। मुंबई में भारत-वियतनाम व्यापार मंच को संबोधित करते हुए श्री लाम ने कहा कि पहले भी दोनों देशों ने आपसी सहयोग में कई चुनौतियों का सामना किया है। उन्होंने भारतीय कंपनियों को वियतनाम में निवेश के लिए आमंत्रित किया। वियतनाम के राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देशों के संबंध पूर्व वियतनामी राष्ट्रपति हो ची मिन्ह और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू जैसे नेताओं की दूरदृष्टि पर आधारित हैं। वर्ष 2016 के बाद से यह संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंचे हैं। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भारत और वियतनाम के प्रौद्योगिकी तथा विनिर्माण क्षेत्र के उद्यमी, निवेशक और पेशेवर एशिया के भविष्य को आकार देंगे।

 

भारत और वियतनाम दुनिया को कुछ महत्वपूर्ण चीज़ें देते हैं एक भरोसेमंद साझेदारी, स्थिर शासन, आर्थिक गतिशीलता और दीर्घकालिक रणनीतिक विश्वास। एशिया का भविष्य भारत और वियतनाम जैसे देशों के उद्यमियों, इनोवेटर्स, निवेशकों, टेक्नोलॉजी लीडर्स, निर्माताओं और युवाओं के मिलकर काम करने से बनेगा।

 

 

*******

 

 

सऊदी अरब ने अपने सैन्‍य ठिकानों और वायु क्षेत्र तक अमरीकी सेना की पहुंच पर रोक लगा दी है। इससे राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प को हॉर्मुज जलडमरूमध्‍य में जहाजों पर निगरानी रखने की अपनी योजना छोड़ने को बाध्‍य होना पड़ा है। अमरीकी अधिकारियों ने इस खबर की पुष्टि की। सऊदी अरब के इस कदम से खाड़ी देशों को लेकर अमरीकी रणनीति को झटका लगा है। राष्‍ट्रपति ट्रम्‍प ने अब अपना ध्‍यान राजनयिक माध्‍यमों पर केंद्रित कर दिया है। उन्‍होंने ने इरान के साथ हाल की बातचीत को संतोषजनक बताते हुए किसी स्‍थाई समाधान निकलने की आशा व्यक्त की।

 

ईरान अब युद्ध समाप्त करने के लिए अमरीका द्वारा 14 सूत्री प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने संवाद और कूटनीति का आह्वान किया है। प्रस्तावित ढांचे के अंतर्गत शत्रुता को विराम दिया जाएगा और अंतिम वार्ता के लिए 30 दिनों की अवधि दी जाएगी, हालांकि ईरान के परमाणु कार्यक्रम सहित प्रमुख मुद्दों को बाद की वार्ताओं के लिए छोड़ दिया जाएगा। कूटनीतिक स्थिति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है क्योंकि ईरान ने सार्वजनिक रूप से किसी भी शर्त को स्वीकार करने की पुष्टि नहीं की है और ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ ने कुछ मीडिया रिपोर्टों को फर्जी बताकर खारिज कर दिया है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार बल।

 

 

*******

 

 

अमरीका की एक संघीय अदालत ने राष्‍ट्रपति ट्रम्‍प के दस प्रतिशत के नए वैश्विक टैरिफ को गैर कानूनी बताया है। न्‍यूयॉर्क में अंतराष्‍ट्रीय व्‍यापार अदालत की तीन सदस्‍यीय पीठ ने व्‍यवस्‍था दी कि राष्‍ट्रपति ट्रम्‍प ने व्‍यापार कानून के तहत अमरीकी संसद से प्रदत्त शक्तियों का उल्‍लंघन किया। छोटे व्‍यवसायियों ने राष्‍ट्रपति ट्रम्‍प के शुल्‍क संबंधी फैसले को अदालत में चुनौती दी थी।

 

 

*******

 

 

आकाशवाणी की स्थापना की 90वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आज सुबह राजधानी दिल्ली में मैराथन का आयोजन किया गया। लगभग साढ़े तीन किलोमीटर की यह दौड़ आकाशवाणी भवन से शुरू होकर कृषि भवन, रेल भवन और रिजर्व बैंक भवन होते हुए आकाशवाणी भवन में संपन्न हुई। प्रसार भारती के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी और आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन तथा दूरदर्शन सहित प्रसार भारती में कार्यरत सभी कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों ने इस मैराथन में भाग लिया। बहुजन हिताय बहुजन सुखाय के आदर्श वाक्य के साथ आकाशवाणी की स्थापना वर्ष 1936 में हुई थी। यह देश का सर्वाधिक विश्वसनीय प्रसारण माध्यम है, जो विभिन्न भाषाओं में समाचार बुलेटिन के अलावा संगीत, मनोरंजन और जन उपयोगी कार्यक्रमों का प्रसारण करता है।

 

 

*******

 

 

आई.पी.एल क्रिकेट में कल लखनऊ सुपर जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 9 रन से हरा दिया। वर्षा से बाधित मैच का फैसला डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर हुआ। आज डेल्‍ही कैपिटल्स का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से शाम साढे़ सात बजे दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होगा।

 

 

*******

 

 

और अब मौसम की जानकारी मौसम विभाग ने आज केरल, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कारईक्‍काल में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, तटीय कर्नाटक और रायलसीमा में आज गरज के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और देश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में भी ऐसी ही स्थिति रहने का अनुमान है।

 

 

*******

समाचार पत्रों की सुर्खियों से-

हाल में सम्‍पन्‍न विधानसभा चुनाव वाले राज्‍यों में सरकार गठन की प्रक्रिया पर आज के अधिकांश समाचार पत्रों की नज़र है। नवभारत टाइम्‍स की सुर्खी है- तमिलनाडु में विजय के लिए बहुमत का क्‍लाइमैक्‍स बाकी। राज्‍यपाल ने कहा- टीवीके के पास पर्याप्‍त विधायक नहीं। पार्टी प्रमुख विजय ने मांगा लेफ्ट दलों से समर्थन। दैनिक जागरण ने लिखा है- राज्‍यपाल ने भंग की बंगाल विधानसभा। चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बावजूद भी ममता बनर्जी ने नहीं दिया इस्‍तीफा। अमर उजाला ने लिखा है- पश्चिम बंगाल में पहली बार बन रही भाजपा की सरकार, शपथ ग्रहण समारोह कल। पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा पर पंजाब केसरी संपादकीय में लिखता है- इस हिंसा ने राजनीति के रक्‍त चरित्र को एक बार फिर उजागर किया है। सत्ता में आने वालों के चहरे तो बदलते रहे लेकिन खूनी स‍ियासत का चरित्र नहीं बदला। लोकतंत्र में इस तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं। राज्‍य में भाजपा की नई सरकार के सामने राजनीतिक हिंसा, आपराधिक तत्‍वों और गुंडा संस्‍कृति पर लगाम लगाने की बड़ी चुनौती होगी। ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्‍तान के सौ जवान मारे, 13 विमान गिराए। ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर भारतीय सशस्‍त्र सेनाओं का यह बयान दैनिक भास्‍कर के मुख पृष्‍ठ पर है। देश में सड़क हादसों में रोज़ाना औसतन 546 लोगों की मौत। राष्‍ट्रीय क्राइम रिकॉर्ड ब्‍यूरो की रिपोर्ट के हवाले से जनसत्ता लिखता है- तेज गति से गाड़ी चलाना है सड़क हादसों का सबसे बड़ा कारण। बड़ा बदलाव शीर्षक से राजस्‍थान पत्रिका की ख़बर है- देश में मुफ्त एंटरटेनमेंट पर लगेगी लगाम, बंद होगी फ्री चैनल स्‍ट्रींमिंग। सरकार की शुल्‍क लगाने की तैयारी, रजिट्रेशन होगा अनिवार्य। केन्‍द्र सरकार की ओर से 40 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों के लिए बड़ी सौगात अमर उजाला में है। कामगारों की अब हर साल होगी मुफ्त स्‍वास्‍थ्‍य जांच।

 

 

*******

 

 

अब अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

 

  1. पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक अमित शाह आज कोलकाता में विधायक दल का नेता चुनने के लिए पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों से मुलाकात करेंगे।

 

  1. तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर गतिरोध जारी। सबसे बड़ी पार्टी को समर्थन देने के मुद्दे पर वीसीके, सीपीआई और सीपीआई(एम) के विधायकों की आज बैठक।

 

  1. वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम ने मुंबई में व्‍यापार फोरम में वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में भारत और वियतनाम की भूमिका पर बल दिया।

 

  1. वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने वैश्विक कृषि परिदृश्य में भारत की स्थिति मज़बूत करने के उपायों की समीक्षा की।

 

  1. सऊदी अरब ने अपने सैन्‍य ठिकानों और वायु क्षेत्र तक अमरीकी सेना की पहुंच रोकी।

 

  1. आईपीएल क्रिकेट में, लखनऊ सुपर जायंट्स ने डकवर्थ लुईस नियम से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 9 रन से हराया।

 

 

*******

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.