May 7, 2026 8:52 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

 

  1. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई गणमान्य व्यक्ति पटना में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

 

  1. केरलम् के नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक आज तिरुवनंतपुरम में अपने नेता का चुनाव करेंगे।

 

  1. देश आज पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ बना रहा है।

 

  1. पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में भाजपा नेता शुभेन्‍दु अधिकारी के सहयोगी की गोली मारकर हत्या।

 

  1. अमरीका और ईरान पश्चिम एशिया में युद्ध समाप्‍त करने के लिए समझौते के करीब।

 

  1. फ्रांस ने होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित करने के अंतर्गत अपने विमानवाहक पोत समूह को लाल सागर में तैनात किया।

 

  1. दिल्ली राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 की मेजबानी करेगा।

 

 

*******

 

 

केरलम के नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक आज तिरुवनंतपुरम में अपने नेता के चयन के लिए बैठक करेंगे। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने राज्य की 140 विधानसभा सीटों में से 104 सीटें जीती हैं। यूडीएफ नेता, राज्यपाल के तिरुवनंतपुरम पहुंचने के बाद उनसे भी मुलाकात करेंगे। केरलम् के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लरकर के पास तमिलनाडु का अतिरिक्त प्रभार भी है और वह फिलहाल चेन्नई में हैं। 

 

 

******

 

 

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह पार्टी अध्यक्ष नितन नवीन और एन.डी.ए. के कई वरिष्ठ नेता पटना के गांधी मैदान में दोपहर 12 बजकर दस मिनट पर होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

हमारे संवाददाता ने बताया है कि मंत्रिमंडल विस्तार पिछली सरकार द्वारा अपनाए गए फार्मूले के आधार पर किया जा रहा है। भाजपा के लगभग पंद्रह और जे.डी.यू. के चौदह विधायकों के मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है। इसके अतिरिक्त, लोक जनशक्ति पार्टी-राम विलास से दो, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा से एक-एक प्रतिनिधि को भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की उम्‍मीद है।

 

 

******

 

 

तमिलनाडु में द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम-डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने कहा है कि उनकी पार्टी राज्य में नई पार्टी को मिले जनादेश का सम्मान करती है और वह न तो दोबारा चुनाव चाहते हैं और न ही किसी प्रकार का संवैधानिक संकट चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी नई सरकार के गठन में बाधा नहीं बनेगी। स्टालिन ने उन अफवाहों को भी खारिज कर दिया कि डीएमके अगली सरकार बनाने के लिए अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम-एआईएडीएमके से बातचीत कर रही है।

 

 

******

 

 

पश्चिम बंगाल में नवनिर्वाचित भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में रवींद्र जयंती के अवसर पर आयोजित किया जाएगा।

राज्य भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कल राज्य सचिवालय नवान्न में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर समारोह की तैयारियों और चुनाव बाद हिंसा रोकने के उपायों पर चर्चा की। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्य प्रभारी सुनील बंसल, पार्टी नेता सौमित्र खान और ज्योतिर्मय सिंह महतो भी मौजूद रहे।

 

शमिक भट्टाचार्य ने बताया कि पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक कल अपने संसदीय दल के नेता का चुनाव करेंगे। शनिवार सुबह दस बजे होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।

 

उन्होंने कहा कि यदि ममता बनर्जी मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देती हैं, तब भी समारोह पूरी तरह संवैधानिक प्रक्रिया के तहत आयोजित किया जाएगा।

 

 

******

 

 

 

देश आज ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ मना रहा है। पिछले वर्ष 7 मई को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था, जिसके तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकियों के नौ ठिकानों पर हवाई हमले किए गए। इन हमलों में कम से कम एक सौ आतंकी मारे गए थे। यह कार्रवाई पिछले वर्ष 22 अप्रैल को पहलगाम में पर्यटकों पर हुए पाकिस्तान प्रायोजित बर्बर आतंकी हमले का भारत की ओर से करारा जवाब थी।

 

ऑपरेशन सिंदूर भारत की सैन्य और रणनीतिक शक्ति का एक महत्वपूर्ण प्रदर्शन था, जिसे सैन्य और गैर-सैन्य साधनों के संयोजन से अंजाम दिया गया। इस बहुआयामी अभियान ने आतंकवादी खतरों को प्रभावी ढंग से निष्क्रिय कर दिया, पाकिस्तानी आक्रामकता को रोका और आतंकवाद के प्रति भारत की शून्य-सहिष्णुता नीति को दृढ़ता से लागू किया। इस अभियान का उद्देश्य आतंकवाद के अपराधियों और योजनाकारों को दंडित करना और सीमा पार आतंकी ढांचे को नष्ट करना था। इस अभियान के परिणामस्वरूप नौ प्रमुख आतंकी शिविरों का विनाश, 11 पाकिस्तानी हवाई अड्डों पर हमला और कई प्रमुख आतंकवादियों का खात्मा हुआ। इस भारी क्षति से आहत होकर पाकिस्तान को युद्धविराम का सहारा लेने के लिए विवश होना पड़ा। भारत ने न केवल इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया, बल्कि इसने भारतीय वायु सेना, भारतीय सेना और भारतीय नौसेना – इन तीनों बलों के बीच समन्वित कार्रवाई और अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन भी किया। भानु प्रताप सिंह की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं प्राची वाजपेई।

 

 

******

 

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य और बलिदान को नमन किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि देश की सशस्त्र सेनाओं का साहस और समर्पण लगातार राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेनाओं की कार्रवाई ने सटीक रणनीति, तीनों सेनाओं के बेहतरीन तालमेल और समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया, जो आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए एक नई मिसाल है।

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर राष्ट्रीय संकल्प और तैयारी का मजबूत प्रतीक है, जो दिखाता है कि भारतीय सशस्त्र बल हर चुनौती का निर्णायक जवाब देने के लिए हमेशा तैयार हैं।

 

 

******

 

 

भारतीय सेना ने आज ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत की सुनियोजित, सटीक और प्रभावी कार्रवाई को दर्शाया गया है।

 

 

******

 

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रमुख रक्षा अध्‍यक्ष जनरल अनिल चौहान आज जयपुर में संयुक्त कमांडर सम्मेलन के दूसरे संस्करण में शामिल होंगे। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, नए क्षेत्रों में सैन्य क्षमता विषय पर आयोजित यह दो दिन का सम्मेलन ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है, जिससे इसका महत्व और बढ़ गया है।

सम्मेलन में साइबर, अंतरिक्ष और मनोवैज्ञानिक युद्ध जैसे उभरते क्षेत्रों की चुनौतियों पर चर्चा होगी।

 

 

******

 

 

श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया आज नई दिल्ली स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम-ईएसआईसी से श्रमिकों के लिए राष्ट्रव्यापी वार्षिक स्वास्थ्य जांच पहल का शुभारंभ करेंगे। इस पहल के अंतर्गत मेडिकल कॉलेज तथा अस्पताल में 40 वर्ष और उससे अधिक आयु के श्रमिक स्‍वास्‍थ्‍य जांच करा सकेंगे।

यह पहल नए चार श्रम संहिताओं के अंतर्गत किए गए सुधारों पर आधारित है, जिनके माध्यम से 29 केंद्रीय श्रम कानूनों को चार प्रमुख श्रेणियों में समाहित किया गया है।

 

 

******

 

 

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि बीती रात दोहरिया इलाके में बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार पर अंधाधुंध फायरिंग की। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हमले में उनके ड्राइवर बुद्धदेव बेरा भी घायल हुए हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

 

******

 

 

पुलिस ने चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच शुरू कर दी है। पुलिस महानिदेशक सिद्धिनाथ गुप्ता ने बताया कि घटना में इस्तेमाल वाहन बरामद कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार, हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे।

इस बीच, उत्तर 24 परगना के बसीरहाट में एक अन्य भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय को भी गोली मारी गई। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

कांग्रेस, वामपंथी दलों और तृणमूल कांग्रेस ने शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक की हत्या की कड़ी निंदा की है।

 

 

******

 

 

वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम तीन दिन की भारत यात्रा के दौरान आज मुंबई में हैं। हमारी संवाददाता ने बताया है कि राष्‍ट्रपति लाम मुंबई में कई कार्यक्रम में शामिल होंगे।

 

वियतनाम के अध्‍यक्ष तो-लाम का मुंबई का एकदिवसीय दौरा नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज से शुरू होगा। जिसमें अध्‍यक्ष लाम द्वारा रिंगबेस सेरेमनी भी शामिल है। इसके बाद वे महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री देवेन्‍द्र फडणनवीस से मुलाकात करेंगे। बाद में राष्‍ट्राध्‍यक्ष तो-लाम मुख्‍यमंत्री फडणनवीस के साथ भारत-वियतनाम व्‍यापार मंच में भाग लेंगे। इस मंच का आयोजन सीआईआई द्वारा और वियतनाम चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्‍ट्रीज के सहयोग से किया जा रहा है। यात्रा के अंतिम चरण में राष्‍ट्राध्‍यक्ष तो-लाम लोकभवन में महाराष्‍ट्र के राज्‍यपाल से मुलाकात करेंगे। वियतनाम के राष्‍ट्राध्‍यक्ष की भारत की वित्‍तीय राजधानी मुंबई की यात्रा दोनों देशों के बीच बढ़ते रणनीतिक और आर्थिक सहयोग के परिपेक्ष्‍य में महत्‍वपूर्ण है। संगीता गोडबोले, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

 

******

 

 

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कल पारामारिबो में सूरीनाम के विदेश मंत्री मेल्विन बाउवा के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने नौवीं संयुक्त आयोग बैठक के तहत भारत-सूरीनाम संबंधों की व्यापक समीक्षा की। बातचीत में डॉ. जयशंकर ने बताया कि व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा, विकास सहयोग, स्वास्थ्य, क्षमता निर्माण, संस्कृति और लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

 

हमारा रिश्ता गहरा और भरोसेमंद है, क्योंकि यह लोगों के बीच मज़बूत जुड़ाव की नींव पर टिका है। भारत इस बात की सराहना करता है कि सूरीनाम आज अपनी विकास यात्रा में बड़े कदम आगे बढ़ाने के लिए तैयार है।

 

 

******

 

 

अमरीका और ईरान के बीच तनाव कम करने को लेकर बातचीत आगे बढ़ रही है। क्षेत्रीय सूत्रों के मुताबिक, एक प्रारंभिक समझौते का मसौदा तैयार किया जा रहा है, जिस पर दोनों पक्ष चर्चा कर रहे हैं।

 

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर नौसेना ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित मार्ग “नई प्रक्रियाओं” के तहत संभव है, हालांकि उसने इसका विस्तृत विवरण नहीं दिया। इस बीच, अमरीका केंद्रीय कमान ने कहा है कि उसने ओमान की खाड़ी में एक ईरानी ध्वज वाले तेल टैंकर को निष्क्रिय कर दिया है, जिसने जारी अमरीका नाकाबंदी की अवहेलना करते हुए एक ईरानी बंदरगाह की ओर जाने का प्रयास किया था। लेबनान में, इस्राएली सेना ने बेरूत में एक लक्ष्य पर हमला किया, जिसके बारे में माना जाता है कि वह हिजबुल्लाह के कुलीन रादवान बल से जुड़ा हुआ था। इस्राएली अधिकारियों का कहना है कि लक्षित व्यक्ति इस्राएली सैनिकों और नागरिक क्षेत्रों पर हमलों के लिए जिम्मेदार था। हिजबुल्लाह ने जवाबी कार्रवाई का दावा करते हुए इस्राएली ठिकानों पर हमले और इस्राएली बलों के हताहत होने की सूचना दी है। ये घटनाक्रम नाजुक सुरक्षा वातावरण को रेखांकित करते हैं, जबकि वार्ता जारी है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं कृष्‍णकांत शर्मा।

 

 

******

 

 

फ्रांस ने होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित करने के संभावित अभियान के तहत अपने विमानवाहक पोत समूह को लाल सागर में तैनात किया है। एक बयान में, फ्रांसीसी सेना ने कहा है कि चार्ल्स डी गॉल विमानवाहक पोत समूह, जिसके साथ एक इतालवी और एक डच युद्धपोत भी है, दक्षिणी लाल सागर की ओर अग्रसर है।

फ्रांस और ब्रिटेन कई हफ्तों से एक प्रस्ताव पर काम कर रहे हैं जिसका उद्देश्य तनावपूर्ण स्थिति को सामान्‍य करने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित आवागमन की नींव रखना है।

 

 

******

 

 

हमारे विशेष कार्यक्रम पीपल्स पद्म ऑन आकाशवाणी की अगली कड़ी में आज हम प्रख्यात लेखिका शिवशंकरी से बातचीत करेंगे। उन्हें प्रतिष्ठित पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

 

यह कार्यक्रम आज सुबह 9 बजकर दस मिनट पर आकाशवाणी के एफ. एम. गोल्ड चैनल पर प्रसारित होगा। आप इसे न्यूज़ ऑन ए.आई.आर. ऐप और न्यूज़ ऑन एयर ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर भी सुन सकते हैं।

 

 

******

 

 

दिल्ली में राष्‍ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता 27 जुलाई से 2 अगस्त तक त्यागराज स्टेडियम में खेली जाएगी। इसमें 35 से अधिक देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

यह प्रतियोगिता दिल्ली सरकार और टेबल टेनिस महासंघ द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित की जाएगी। जिसमें इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया, सिंगापुर, स्कॉटलैंड, वेल्स, नाइजीरिया, केन्या, जमैका और त्रिनिदाद तथा टोबैगो जैसे देशों के खिलाड़ी शामिल होंगे।

 

 

******

 

 

और, आईपीएल क्रिकेट में सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को 33 रन से हरा दिया है।

प्रतियोगिता में आज लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से लखनऊ के एकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगा। यह मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।

 

 

******

 

 

समाचार पत्रों की सुर्खियों से-

 

पहलगाम आतंकी हमले में निर्दोष लोगों की निमर्म हत्‍या का बदला लेने के लिए भारतीय सेना द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूरे होने पर आज सभी समाचार पत्रों ने सुर्खी बनाई है। हिन्‍दुस्‍तान लिखता है – शौर्य का एक वर्ष, जल थल नभ में और सशक्‍त हुई सेना। दैनिक भास्‍कर के शब्‍द हैं – भारत में पहली बार पचास हजार जवानों की अलग ड्रोन फोर्स, किसी भी सैन्‍य हमले में सबसे पहले करेगी प्रहार। पत्र लिखता है – ऑपरेशन सिंदूर का एक साल, अजय हिन्‍दुस्‍तान के वो 88 घंटे जब हमारे प्रहार से घुटनों पर आ गया था पाकिस्‍तान।

आज हिन्‍दुस्‍तान ने अपने संपादकीय पन्‍ने पर ऑपरेशन सिंदूर पर लेख प्रकाशित किया है। पत्र लिखता है- आज देश इस सैन्‍य अभियान की सफलता की वर्षगांठ मना रहा है। इसका संदेश यही है कि भारत के पास अपने हितों की रक्षा करने की क्षमता और इच्‍छाशक्ति दोनों है।

दैनिक जागरण ने अमरीका-ईरान के बीच युद्ध समाप्‍त होने के बाद शेयर बाजार में तेजी आने का समाचार दिया है। पत्र लिखता है, अमरीका-ईरान वार्ता में प्रगति से बाजार में उछाल, सेंसेक्‍स 941 अंक चड़ा। ट्रम्‍प के नरम रुख से क्रूड की कीमतों में आई गिरावट।

पूर्वोत्‍तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश, महाराष्‍ट्र में पारा 43 दशमलव पांच डिग्री तक पहुंचा। अमर उजाला की सुर्खी है।

 

 

******

 

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

 

  1. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई गणमान्य व्यक्ति पटना में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

 

  1. केरलम् के नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक आज तिरुवनंतपुरम में अपने नेता का चुनाव करेंगे।

 

  1. देश आज पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ बना रहा है।

 

  1. पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में भाजपा नेता शुभेन्‍दु अधिकारी के सहयोगी की गोली मारकर हत्या।

 

  1. अमरीका और ईरान पश्चिम एशिया में युद्ध समाप्‍त करने के लिए समझौते के करीब।

 

  1. फ्रांस ने होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित करने के अंतर्गत अपने विमानवाहक पोत समूह को लाल सागर में तैनात किया।

 

  1. और दिल्ली राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 की मेजबानी करेगा।

 

 

******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.