मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में वियतनाम के राष्ट्रपति, तो-लैम से बातचीत करेंगे।
- निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल, असम, केरलम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई विधानसभाओं के गठन की अधिसूचना जारी की।
- आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को चुनाव के बाद होने वाली किसी भी हिंसा से निपटने के कड़े निर्देश दिये।
- राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने आतंकी संगठन, इस्लामिक स्टेट से जुडे जैविक आतंकी हमले की साजिश रचने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा – होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे जहाजों की सुरक्षित निकासी की योजना, प्रोजेक्ट फ्रीडम को कुछ समय के लिए रोका जाएगा।
- और आईपीएल क्रिकेट में चेन्नई सुपर किंग्स ने डेल्ही कैपिटल्स को आठ विकेट से हराया।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में वियतनाम के राष्ट्रपति तो-लैम से बातचीत करेंगे। दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं और पारस्परिक हित के क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति आज कई समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे।
वियतनाम के राष्ट्रपति तो लैम का आज सुबह राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में रसमी स्वागत किया जाएगा। वे राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति के बीच वार्ता के बाद कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर और आदान -प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज शाम राष्ट्रपति भवन में श्री तो लैम के साथ बैठक करेंगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला वियतनाम के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। श्री तो लैम आज 56वां सप्रू हाउस व्याख्यान भी देंगे। आज की वार्ता द्वीपक्षीय संबंधों को नई गति देने और भारत-वियतनाम सहयोग के नए अवसर खोलने की उम्मीद है। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
श्री तो-लैम कल तीन दिन की भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे थे।
*******
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल, असम, केरलम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में नई विधानसभा के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही इन राज्यों में औपचारिक रूप से चुनाव प्रक्रिया संपन्न हो गई है और नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है। आयोग ने बताया कि मतदान से लेकर मतगणना तक की पूरी प्रक्रिया वैधानिक ढांचे के अनुरूप स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।
*******
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को चुनाव के बाद होने वाली किसी भी हिंसा से निपटने के कड़े निर्देश दिये हैं। आयोग ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सिर्फ मतदान और मतगणना तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि इसमें चुनाव परिणाम आने के बाद का माहौल भी शामिल है।
*******
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। कोलकाता में उन्होंने वोटों की हेराफेरी और पूरी मतदान प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाया। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि भारत एक लोकतंत्र है और इसका हमेशा सम्मान किया जाना चाहिए। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने सुश्री बनर्जी इन टिप्पणियों को अराजक बताया। श्री पात्रा ने कहा कि ये टिप्पणियां चिंताजनक हैं क्योंकि देश के लोकतंत्र में सत्ता का हस्तांतरण हमेशा शांतिपूर्ण तरीके से होता आया है।
ममता बनर्जी जी ने जो कहा है और जो किया है मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है ये जो परंपरा भारतवर्ष की थी उसके ऊपर एक आघात है। यह आघात लोकतंत्र पर है, यह आघात भारत के कॉन्स्टिट्यूशन अर्थात बाबासाहेब अंबेडकर के संविधान के ऊपर है। ममता बनर्जी हैं कि वो कह रही हैं कि हम हारे नहीं हैं और हम रेजिग्नेशन नहीं देंगे।
*******
भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए वरिष्ठ पार्टी नेता और केंद्रीय मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को असम में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
******
पश्चिम बंगाल में शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को होने की संभावना है। तमिलनाडु, केरलम्, असम और पुद्दुचेरी में भी विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सरकार गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां अब तेज़ हो गई हैं।
*******
पश्चिम बंगाल सरकार के अधीन विभिन्न पदों पर कार्यरत नियुक्त किए गए सेवानिवृत्त अधिकारियों को आज से कार्यालय आने से रोक दिया गया है। इनमें अधिकतर भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी शामिल हैं।
*******
उधर, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी टी.वी.के. के नेता जोसेफ विजय आज राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात करेंगे और राज्य में नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। राज्य विधानसभा में बहुमत हासिल करने के लिए पार्टी को दस और विधायकों के समर्थन की जरूरत है।
*******
केरलम में भी कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन में सरकार गठन को लेकर अनौपचारिक चर्चा जारी है।
*******
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एन.आई.ए ने एक डॉक्टर समेत तीन लोगों के खिलाफ आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट से जुड़े एक षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप पत्र दायर किया है। इस षड्यंत्र में सार्वजनिक स्थानों पर जैविक विष का इस्तेमाल करके सामूहिक नरसंहार करने की योजना थी। हैदराबाद के डॉ. सैयद अहमद मोहिउद्दीन और उत्तर प्रदेश के सह-आरोपी आजाद तथा मोहम्मद सुहेल को गुजरात के अहमदाबाद की विशेष एनआईए अदालत में पेश किया गया है। रिसिन अरंडी के बीजों से प्राप्त एक अत्यधिक विषैला पदार्थ है, जिसे रासायनिक हथियार की अनुसूची में वर्गीकृत किया गया है। यह मामला मूल रूप से गुजरात आतंक रोधी दस्ते द्वारा नवंबर 2025 में डॉ. मोहिउद्दीन की गिरफ्तारी के बाद दर्ज किया गया था।
*******
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में विद्यालय प्रबंधन समिति दिशानिर्देश-2026 जारी करेंगे। विद्यालय प्रबंधन समिति निपुन भारत मिशन के अंतर्गत मूलभूत साक्षरता और संख्या ज्ञान को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसमें माता-पिता, शिक्षकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समुदाय के सदस्यों को एक साथ लाने पर जोर दिया गया है, यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का हिस्सा है।
*******
सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि इलेक्ट्रिक वाहनों को खरीदने के लिए लोगों में उत्साह बढ़ रहा है। वे नई दिल्ली में आयोजित एक निजी ऑटो सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में एक लाख 60 हजार करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण हो रहा है।
यह ट्रांसफॉरमेशन बहुत तेजी से चल रहा है। सेकेंड थिंग रिसर्च भी चल रहा है। ये बायोबिटुमिन तैयार किया। अब इथेनॉल से आइसोबिटेनॉल तैयार हुआ। बड़े-बड़े इंडस्ट्रीज़ अभी बायोमास से बायो सीएनजी बनाने का काम हुआ। तो अब ये किसान एक प्रकार से अन्नदाता नहीं ऊर्जा दाता, ईंधन दाता, बिटुमिन दाता, हवाई ईंधन दाता और आगे अब हम किसानों को हाइड्रोजन दाता बनाना चाहते हैं। हाइड्रोजन इज द फ्यूल फॉर द फ्यूचर।
*******
पंजाब में अमृतसर और जालंधर में कल रात सेना और बीएसएफ परिसरों के बाहर हुए दो धमाकों के बाद सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं। हालांकि इन धमाकों से किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। मामले की जांच जारी है।
*******
भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता में दूसरी रोजगार कार्य समूह की बैठक आज तिरुवनंतपुरम में शुरू होगी। दो दिन की इस बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के प्रतिनिधि श्रम, रोजगार और श्रमिक कल्याण के मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। श्रम और रोजगार मंत्रालय ने बताया कि बैठक में सदस्य देश सामाजिक सुरक्षा प्रणालियों को उन्नत बनाने, श्रम बाजारों को औपचारिक रूप देने और कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। ब्रिक्स के सदस्य देश ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, सऊदी अरब, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, इंडोनेशिया और संयुक्त अरब अमीरात हैं।
*******
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे जहाजों को सुरक्षित निकालने के लिए प्रोजेक्ट फ्रीडम अभियान कुछ समय के लिए स्थगित करने की घोषणा की है। श्री ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ संघर्ष समाप्त करने के लिए व्यापक समझौते की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि हाल के सैन्य घटनाक्रमों और राजनयिक वार्ताओं में हुई प्रगति के कारण यह निर्णय लिया गया है। रविवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रोजेक्ट फ्रीडम शुरू करने की घोषणा की थी। श्री ट्रंप ने कहा कि दुनिया भर के देशों ने इस जलमार्ग से अपने जहाजों को सुरक्षित निकालने के लिए सहायता का अनुरोध किया था।
ये हमले अमरीका द्वारा प्रोजेक्ट फ्रीडम शुरू करने के कुछ ही घंटे बाद 4 मई को शुरू हुए जो खाड़ी में फंसे वाणिज्यिक जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित निकालने के लिए सैन्य सुरक्षा के साथ चलाया जाने वाला अभियान था। ईरान, जिसने फरवरी के अंत में युद्ध शुरू होने के बाद से जलडमरूमध्य पर नियंत्रण करने की कोशिश की है, उसने अमरीकी नौसेना के जहाजों और अमरीकी संरक्षण में चल रहे वाणिज्यिक जहाजों पर क्रूज मिसाइलों और ड्रोन से हमला करके जवाबी कार्रवाई की। इसके बाद उसने संयुक्त अरब अमीरात पर निशाना साधते हुए नागरिक स्थलों और सुविधाओं पर 12 बैलिस्टिक मिसाइलें, तीन क्रूज मिसाइलें और चार ड्रोन दागे। वायु रक्षा प्रणालियों ने अधिकांश मिसाइलों को रोक दिया, लेकिन फुजैराह में एक तेल संयंत्र पर ड्रोन हमले से आग लग गई, जिसमें तीन भारतीय नागरिक मामूली रूप से घायल हो गए। कई देशों ने तनाव कम करने की आवश्यकता पर जोर दिया और बढ़ते तनाव के लिए पूरी तरह से तेहरान को जिम्मेदार ठहराया। कई देशों ने यह भी संकेत दिया है कि वे ईरान के प्रति अपने दृष्टिकोण का पुनर्मूल्यांकन कर सकते हैं। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
*******
‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को अस्थायी रूप से रोकने की घोषणा के बाद आज वैश्विक तेल की कीमतों में गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड एक दशमलव दो-एक प्रतिशत गिरकर करीब एक सौ 8 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। हालांकि व्यापक तेल बाजारों में तंगी बनी हुई है। संघर्ष शुरू होने के बाद से, कच्चे तेल की कीमतों में लगभग 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
*******
आईपीएल क्रिकेट में कल दिल्ली में खेले गए मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने डेल्ही कैपिटल्स को आठ विकेट से हरा दिया। संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता में आज सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला पंजाब किंग्स से होगा। हैदराबाद में यह मैच शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा।
*******
मौसम विभाग ने आज बिहार और पश्चिम बंगाल में और गंगा के मैदानी इलाकों में गरज और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और सिक्किम में भी मूसलाधार वर्षा होने की संभावना है। केरलम, माहे, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में रविवार तक बारिश का अनुमान है। जबकि कोंकण और गोवा में रविवार तक गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा।
*******
समाचार पत्रों की सुर्खियों से-
देश की राजधानी से प्रकाशित हिंदी समाचार पत्रों के पहले पन्ने पर केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए फैसलों, जनहित याचिकाओं पर सर्वोच्च न्यायालय की टिप्पणी और बंगाल में चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद के नाटकीय घटनाक्रम से जुड़े समाचार छाए हुए हैं। देशबन्धु की सुर्खी है- केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए अहम फैसले। अखबार ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव की तस्वीर सहित बॉक्स में छापा है- 39 सौ करोड़ की लागत से दो नई सेमीकंडक्टर इकाइयों को मंजूरी। दैनिक भास्कर ने इसी खबर को विस्तार से प्रकाशित करते हुए शीर्षक दिया है- केंद्रीय कैबिनेट के दस फैसले। हिन्दुस्तान ने सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाकर 38 किए जाने और गन्ने का लाभकारी मूल्य 10 रुपये बढ़ाने को सुर्खियों में जगह दी है। पंजाब केसरी ने सर्वोच्च न्यायालय की टिप्पणी को सुर्खी बनाते हुए लिखा है- जनहित याचिका अब पैसा हित याचिका बनी। नवभारत टाइम्स ने इसी खबर को शीर्षक दिया है- एस.सी. बोला, गैर-आस्थावान लोगों की ओर से मंदिर की परंपराओं को चुनौती देना गंभीर मुद्दा। दैनिक भास्कर ने संपादकीय को शीर्षक दिया है- दीवारों पर लिखी इबारत पढ़ने से चूक गई टीएमसी। पत्र की राय में टीएमसी के मतदाता भाजपा की ओर चले गए जिसे समय रहते टीएमसी भांप नहीं सकी। पत्र ने बंगाल के घटनाक्रम को ही शीर्ष समाचार बनाते हुए लिखा है- बंगाल में हिंसा, ममता बोलीं- इस्तीफा नहीं दूंगी। राजस्थान पत्रिका ने इसी खबर को शीर्षक दिया है- नया पैंतरा : भाजपा चुनाव आयोग पर आरोप। पत्र ने चुनावी हार के बाद ममता बनर्जी के ऐलान को भी प्रमुखता से छापा है- हारे नहीं हराए गए, सड़क पर संघर्ष करूंगी। अमर उजाला ने विधानसभा चुनावों में जीत पर प्रधानमंत्री मोदी को अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प की ओर से मिले बधाई संदेश को भी प्रमुखता से प्रकाशित किया है।
******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में वियतनाम के राष्ट्रपति, तो-लैम से बातचीत करेंगे।
- निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल, असम, केरलम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई विधानसभाओं के गठन की अधिसूचना जारी।
- आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को चुनाव के बाद होने वाली किसी भी हिंसा से निपटने के कड़े निर्देश दिये।
- राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने आतंकी संगठन, इस्लामिक स्टेट से जुडे जैविक आतंकी हमले की साजिश रचने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा – होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे जहाजों की सुरक्षित निकासी की योजना, प्रोजेक्ट फ्रीडम को कुछ समय के लिए रोका जाएगा।
- और आईपीएल क्रिकेट में चेन्नई सुपर किंग्स ने डेल्ही कैपिटल्स को आठ विकेट से हराया।
******