मुख्य समाचार
- पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा सरकार बनाने के लिए तैयार; पुद्दुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन बरकरार।
- केरलम् में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन की जीत; तमिलनाडु में टी.वी.के, 108 सीट के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, राज्य में किसी को बहुमत नहीं।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- लोगों ने सुशासन की राजनीति पर भरोसा जताया।
- पश्चिम बंगाल के औद्योगिकी निकायों और व्यापार संघों ने भाजपा की जीत का स्वागत किया।
- ईरान के ड्रोन हमले में संयुक्त अरब अमीरात में तीन भारतीय नागरिक घायल।
- आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को छह विकेट से हराया।
**************
भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अभूतपूर्व जीत हासिल कर इतिहास रच दिया है। पार्टी ने विधानसभा की 293 सीटों में से दो सौ 6 सीटे जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। स्वतंत्रता के बाद पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।
तृणमूल कांग्रेस ने 80 सीटों पर जीत दर्ज की। वाम दल को एक सीट मिली है। मुख्यमंत्री और टीएमसी नेता ममता बनर्जी भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के शुभेंदु अधिकारी से हार गई हैं। बहरमपुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी चुनाव हार गए हैं।
विधानसभा चुनाव में दो तिहाई बहुमत के साथ पहली बार पश्चिम बंगाल की सत्ता के साथ आ रही है भाजपा। लगातार पंद्रह साल सत्ता में रहने के बाद तृणमूल कांग्रेस की इस हार से राज्य की राजनीति नए मोड़ पर आ चुकी है। पहली ही बताया गया था कि चुनाव आयोग के निर्देश पर दक्षिण 24 परगना की फलता विधानसभा के क्षेत्र में पुन: चुनाव 21 मई को होगा। उस सीट की गिनती 24 मई को होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में भाजपा के सुशासन की राजनीति की जीत हुई है। जनता की आशा और आकांशा को पूरा करने के लिए नई सरकार हर संभव प्रयास करेगी। संदीपनदास गुप्ता आकाशवाणी न्यूज कोलकाता
उधर, तमिलनाडु में अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कज़गम -टीवीके ने गठन के बाद हुए पहले चुनाव में 108 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया है और राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कड़गम -डीएमके ने 59 सीटें हासिल कीं, जबकि अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम ने 47 सीटें जीतीं।
तमिलनाडु के सियासी पर्दे पर फिल्म स्टार विजय ने सुपर हिट एंट्री ली है उनकी पार्टी पूरे राज्य में सबसे बडी पार्टी के रूप में उभरी है। थलाइवा, जननायका, मार्शल, सरकार जैसी ब्लॉक बस्टर फिल्मों के नायक रहे जोसेफ विजय अब फिल्मी पर्दे पर नहीं बल्कि जीवन में मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं और उनके सामने राज्य के मतदातों के सपनों को पूरा करने की बड़ी चुनौती है। 51 साल के अभिनेता को आज उनकी पार्टी के विधायकों द्वारा नेता चुने जाने की संभावना है। पार्टी गठबंधन सरकार की गठन को लेकर फिलहाल चुप्पी साधे हुई है। और विजय के सामने अब सबसे बडी चुनौती सरकार बनाने और उसे बेहतर ढंग से चलाने की होगी क्योंकि इस बार उन्हें अपनी कामयाबी की स्क्रिप्ट खुद लिखनी है। जॉय के साथ मैं सुशील तिवारी आकाशवाणी समाचार चेन्नई।
असम में, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली एनडीए ने ऐतिहासिक रूप से लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल कर 126 सदस्यीय विधानसभा में 64 सीटों के बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। भाजपा को 82 सीटें मिलीं, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद – एजीपी ने नौ सीटें और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने 10 सीटें जीतीं। दूसरी ओर, कांग्रेस को 19 सीटें, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट और रायजोर दल को दो-दो सीटें और टीएमसी को एक सीट मिली।
केरलम् में, कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट – यूडीएफ ने निर्णायक जीत हासिल की है। कांग्रेस ने 63 सीटें जीतीं, जबकि उसके सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने 22 सीटें जीतकर गठबंधन को पूरे राज्य में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। राज्य भर में लगभग सभी प्रमुख यूडीएफ नेता स्पष्ट बहुमत से निर्वाचित हुए। सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट – एलडीएफ से, सीपीआई एम ने 26, सीपीआई ने 8 और आरजेडी ने एक सीट हासिल की। विधानसभा में एक भी सीट न होने के बावजूद भाजपा ने इस बार तीन सीटें अपने नाम कीं।
पुद्दुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन -एनडीए ने 30 सदस्यीय विधानसभा में 18 सीटों के आरामदायक बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है। इसके घटक दलों में अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने 12 सीटें, भाजपा ने 4 सीटें जीतीं, जबकि अन्य सहयोगी दलों अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम और एलजेके ने एक-एक सीट हासिल की।
**************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी-भाजपा की जीत को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बताया है। कल शाम नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में चुनाव परिणामों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।
यह देश के उज्जवल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है, यह भरोसे का दिन है, भरोसा भारत के महान लोकतंत्र पर, भरोसा परफॉर्मेंस की पॉलिटिक्स पर, भरोसा वीरता के संकल्प पर, भरोसा एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना पर।
प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल, असम, पुद्दुचेरी, तमिलनाडु और केरलम् की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बीस से अधिक राज्यों में भाजपा-एनडीए सरकारें सत्ता में हैं।
देश के 20 से ज्यादा राज्यों में भाजपा एनडीए की सरकारें हैं। हमारा मंत्र है नागरिक देवों भव:। हम जनता की सेवा में जुटे हुए हैं और इसलिए जनता भाजपा पर ज्यादा से ज्यादा भरोसा कर रही है।
श्री मोदी ने कहा कि भाजपा का मंत्र है “नागरिक ही भगवान हैं” और पार्टी, जनता की सेवा के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि देश में एक नया सवेरा हुआ है और जनता ने भारत के महान लोकतंत्र, प्रदर्शन की राजनीति और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना में अपना विश्वास जताया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देने के लिए भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की सराहना की।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने चारों राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की जनता को भाजपा और एनडीए पर अपना समर्थन और विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त किया।
**************
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल, असम और पुद्दुचेरी में पार्टी की जीत का स्वागत किया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जीत को भय, तुष्टीकरण और घुसपैठियों को पनाह देने वालों के खिलाफ जनता की करारी प्रतिक्रिया बताया। श्री शाह ने असम की जनता को ऐतिहासिक हैट्रिक जनादेश के लिए बधाई दी। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में एनडीए सरकार द्वारा एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और प्रगतिशील राज्य के निर्माण के लिए किए गए अथक प्रयासों का सशक्त समर्थन बताया।
**************
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने जमैका की विदेश मंत्री कामिना जॉनसन स्मिथ और अन्य कैबिनेट मंत्रियों के साथ बैठक की। डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि बैठक के दौरान उन्होंने भारत और जमैका के बीच साझेदारी के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, डिजिटल पर्यटन, खेल, मनोरंजन और बहुपक्षीय मुद्दों में संबंधों को आगे बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया।
**************
सरकार ने कहा है कि देशभर में एलपीजी वितरकों के यहां आपूर्ति की कोई कमी नहीं हुई है और पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति के बीच पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के उपाय किए जा रहे हैं। कल दोपहर नई दिल्ली में हुई अंतर-मंत्रालयी बैठक में अधिकारियों ने नागरिकों से पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की घबराहट में खरीदारी न करने और सटीक जानकारी के लिए आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने का आग्रह किया।
**************
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कल नई दिल्ली में प्रमुख अधिकारियों और मुख्य वार्ताकारों के साथ भारत के मुक्त व्यापार समझौतों की प्रगति का आकलन करने के लिए एक समीक्षा बैठक की। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री गोयल ने बताया कि बैठक के दौरान उन्होंने भारत से निर्यात करने के लिए अधिक व्यवसायों को प्रोत्साहित करने के तरीकों पर चर्चा की।
**************
ईरान के ड्रोन हमले के बाद कल फुजैराह तेल उद्योग क्षेत्र में भीषण आग लग गई। पिछले महीने युद्धविराम लागू होने के बाद से संयुक्त अरब अमीरात पर यह पहला हमला है जिसमें भारी नुकसान हुआ है। इस हमले में तीन भारतीय नागरिकों को मामूली चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सोमवार के हमलों ने 8 अप्रैल को अमरीका और ईरान के बीच युद्धविराम लागू होने के बाद से हफ्तों से बनी शांति को भंग कर दिया। ईरान ने इस कदम को खारिज करते हुए चेतावनी दी कि जलमार्ग में प्रवेश करने वाली प्रत्येक जहाज पर हमला किया जाएगा। इसी पृष्ठभूमि में, ईरानी ड्रोन और मिसाइलों ने संयुक्त अरब अमीरात को निशाना बनाया, जिससे फुजैराह में एक प्रमुख तेल संयंत्र में आग लग गई। एक वरिष्ठ ईरानी सैन्य अधिकारी ने सरकारी टेलीविजन पर कहा कि ईरान की संयुक्त अरब अमीरात को निशाना बनाने की कोई योजना नहीं है। इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात ने ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में इन हमलों को हिंसा और अंतरराष्ट्रीय कानून तथा संयुक्त राष्ट्र चार्टर का स्पष्ट उल्लंघन बताया है और चेतावनी दी है कि ये देश की सुरक्षा और स्थिरता के लिए सीधा खतरा हैं। फुजैराह पर ड्रोन हमलों की ये खबरें ऐसे समय में आई हैं जब अमरीका और तेहरान के बीच युद्धविराम वार्ता ठप पड़ी है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची बाजपेयी।
**************
अमरीका और ईरान के बीच नई चेतावनियों और सैन्य कार्रवाई के दावों के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव बढ़ता जा रहा है। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान अमरीका के जहाजों को निशाना बनाता है तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
**************
पश्चिम बंगाल में उद्योग जगत और व्यापार संघों ने विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत पर उन्हें बधाई दी है। व्यापारिक नेताओं का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि नई सरकार औद्योगीकरण, बुनियादी ढांचे के विकास और निवेशक-अनुकूल नीतियों के एक नए युग की शुरुआत करेगी
**************
आईपीएल क्रिकेट में, मुंबई इंडियंस ने कल रात मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स को छह विकेट से हरा दिया। लखनऊ सुपर जायंट्स द्वारा निर्धारित 229 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस ने 18 ओवर 4 गेंदों में चार विकेट खोकर इसे हासिल कर लिया। रयान रिकेल्टन को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
प्रतियोगिता में आज, दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला होगा।
**************
मौसम विभाग ने आज देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, तटीय आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में हिमालय के तराई क्षेत्रों, सिक्किम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में तेज बारिश की संभावना है।
बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश और गांगेय पश्चिम बंगाल सहित उत्तरी राज्यों के कुछ हिस्सों में दिन के समय गरज के साथ बारिश होने की उम्मीद है।
**************
धन्यवाद मुकेश, पश्चिम बंगाल में भाजपा की रिकार्ड जीत ये आज सभी समाचार पत्रों की पहली सुर्खी बनी है। असम, पुद्दुचेरी मे एनडीए गठबंधन के सिर सत्ता का ताज सजने, तमिलनाडु में टी.वी.के के धमाल और केरलम में कांग्रेस गठबंधन की जीत को भी मुख्य अखबारों ने अपनी पहले पन्ने पर जगह दी है। पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर दैनिक भास्कर ने सुर्खी दी है- छा गए बाबूमोशाए। दैनिक ट्रिब्यून लिखता है- बाबू मोदीशाय। तमिलनाडु में टी.वी.के की लहर को प्रकाशित करते हुए हिन्दुस्तान ने सुर्खी दी है- विजय की सुनामी में सियासी दिग्गज साफ। केरलम में कांग्रेस गठबंधन की जीत पर पंजाब केसरी ने लिखा है- केरलम में कांग्रेस को सत्ता, सीएम पिनराई का इस्तीफा। असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही भाजपा की जीत पर नवभारत टाइम्स ने जीत के नायक मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा का चित्र प्रकाशित करते हुए लिखा है- असम में सत्ता की हैट्रिक। भाजपा के पक्ष में आए भारी जनादेश पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान, बदला लेने के बजाय बदलाव के लिए काम करें को भी ज्यादातर अखबारों ने प्रमुखता से छापा है।
हिन्दुस्तान ने जनादेश का संदेश शीर्षक से संपादकीय में पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के हाथों से सत्ता फिसलने का विश्लेषण करते हुए लिखा है- अव्वल तो एसआईआर की जरूरत से ज्यादा आलोचना तृणमूल को भारी पड़ी है, इससे संदेश गया कि पार्टी संदिग्ध वोटरों को बचाना चाहती है।
होर्मुज जल क्षेत्र पर अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के प्रोजेक्ट फ्रीडम से बढ़ता तनाव भी मुख्य समाचार पत्रों की सुर्खी बना हुआ है और आंधी बारिश ने दिल्ली को दिलाई सबसे साफ हवा, 88 रहा एक्यूआई। मौसम के मिजाज पर नवभारत टाइम्स के शब्द हैं।
**************
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा सरकार बनाने के लिए तैयार; पुद्दुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन बरकरार।
- केरलम् में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन की जीत; तमिलनाडु में टी.वी.के, 108 सीट के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, राज्य में किसी को बहुमत नहीं।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- लोगों ने सुशासन की राजनीति पर भरोसा जताया।
- पश्चिम बंगाल के औद्योगिकी निकायों और व्यापार संघों ने भाजपा की जीत का स्वागत किया।
- ईरान के ड्रोन हमले में संयुक्त अरब अमीरात में तीन भारतीय नागरिक घायल।
- आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को छह विकेट से हराया।
**************