मुख्य समाचार
- असम, पश्चिम बंगाल, केरलम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनावों की मतगणना शुरू।
- सात विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनावों की भी मतगणना जारी।
- भारत ने लिपुलेख दर्रे से कैलाश मानसरोवर यात्रा पर नेपाल की आपत्ति को खारिज करते हुए इसे अनुचित बताया।
- मौसम विभाग ने हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सहित उत्तर भारत में आज गरज-चमक के साथ वर्षा और ओले पड़ने का अनुमान जताया।
- अमरीका, होर्मुज जल-डमरू-मध्य में फंसे जहाजों की सुरक्षित निकासी के लिए प्रोजेक्ट फ्रीडम शुरू करेगा।
- आईपीएल क्रिकेट में गुजरात टाइटन्स ने पंजाब किंग्स को चार विकेट से हराया।
*******
असम, पश्चिम बंगाल, केरलम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है। सबसे पहले डाक मत पत्र की गिनती की जाएगी। शुरूआती रूझान दोपहर तक मिलने का अनुमान है। पश्चिम बंगाल से हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य में सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंधकिये गए हैं।
कुछ घंटे में पश्चिम बंगाल की राजनीतिक किस्मत तय होगी। 2026 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मतगणना सुबह 8:00 बजे राज्य भर में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। दो सौ 93 निर्वाचन क्षेत्र के परिणाम दिन भर आने की उम्मीद है, जबकि फलता निर्वाचन क्षेत्र में इस महीने बाद में पुर्नमतदान होगा। राज्य भर की 77 मतगणना केद्रों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। स्टोर रूम और मतगणना हॉल में सीसीटीवी निगरानी और बहुत सारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। चुनाव अभियान और रिकॉर्ड मतदाता भागीदारी के बाद आप सब की निगाहें आज के फैसले पर है। संदीप अंदाज गुप्ता, आकाशवाणी न्यूज़ कोलकाता।
पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए छह केन्द्रों पर मतगणना कडी सुरक्षा के बीच जारी है। केंद्र शासित प्रदेश में 294 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला होना है।
पहले चरण में, सभी छह मतगणना केंद्रों पर 17 विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गिनती की जाएगी। इनमें पुद्दुचेरी क्षेत्र के 12 निर्वाचन क्षेत्र, कराईकल के तीन और माहे और यानम का एक-एक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। शेष 13 निर्वाचन क्षेत्रों की गिनती दूसरे चरण में की जाएगी। शुरुआती रुझान सुबह लगभग 9:30 बजे तक आने की उम्मीद है। ईवीएम और वीवीपैट की गिनती के लिए कुल 166 टेबल और डाक मतपत्रों के लिए 35 टेबल स्थापित किए गए हैं। मतगणना केंद्रों में कड़ी सुरक्षा और प्रवेश नियंत्रण के उपाय लागू हैं और चुनाव अधिकारियों द्वारा जारी क्यूआर कोड आधारित पहचान पत्रों के सत्यापन के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। मतगणना केंद्रों पर मोबाइल फोन जमा करने की व्यवस्था की गई है। पुद्दुचेरी से बिबिन एस नाथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आनंद पाठक।
और असम में मतगणना से जुड़ी जानकारी के लिए रुख करते हैं गुवहाटी में मौजूद हमारे संवाददाता, राकेश डोले का
जी, असम में विधानसभा चुनाव के मतगणना कुछ समय पहले कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई है। राज्य में इस बार 85.96% मतदान दर्ज किया है, जो पिछले विधानसभा चुनाव में सबसे अधिक है। राज्य भर में 40 मतगणना केदो पर गिनती की जा रही है। अधिकांश जिलों में जिला मुख्यालय पर एक-एक केंद्र है जबकि कोकराझार तिनसुकिया जोरहाट में दो-दो तथा दो गांव में तीन मतगणना केंद्र है। पूरी प्रक्रिया पर 126 मतगणना प्रेषक कर निगरानी रख रहे हैं, जिनकी सहायता के लिए लगभग छह हजार मतगणना कर्मी और दो हजार 300 सौ से अधिक माइक्रो आब्जर्वर तैनात किए गए हैं। एक सौ 26 सदस्य असम विधानसभा के लिए कुल सात सौ 22 उम्मीदवार मैदान में है। सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 64 है जी ।
उधर केरलम में भी कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना जारी है। पश्चिम बंगाल में आज 293 सीटों की मतगणना हो रही है।
*******
पांच राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों की मतगणना भी शुरू हो गई है। ये सात सीटें गुजरात में उमरेठ, कर्नाटक में बागलकोट और दावनगेरे दक्षिण, महाराष्ट्र में राहुरी और बारामती, नागालैंड में कोरिडांग और त्रिपुरा में धर्मनगर हैं।
*******
भारत ने लिपुलेख दर्रे पर नेपाल के दावे को खारिज कर दिया है। भारत ने कहा कि यह दर्रा वर्ष 1954 से कैलाश मानसरोवर यात्रा का मार्ग है और दशकों से इस मार्ग से यात्रा जारी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस संदर्भ में नेपाल के विदेश मंत्रालय के सीमा संबंधी दावों के बारे में यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में भारत का रुख स्पष्ट है। श्री जायसवाल ने कहा कि ऐसे दावे न तो न्यायसंगत हैं और न ही ऐतिहासिक तथ्यों तथा सबूतों पर आधारित हैं। प्रवक्ता ने कहा कि भारत द्विपक्षीय संबंधों के सभी मुद्दों पर नेपाल के साथ सार्थक बातचीत के लिए तैयार है।
*******
होर्मुज में फंसे जहाजों के लिए अमरीका प्रोजेक्ट फ्रीडम शुरू करेगा। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि इस परियोजना से सैकडों जहाजों और लगभग बीस हजार नाविकों को सहायता मिलेगी। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि ईरान युद्ध से तटस्थ देश प्रभावित हुए हैं और अमरीका इन देशों के जहाजों को प्रतिबंधित जल क्षेत्र से सुरक्षित बाहर निकलने में सहयोग करेगा। अमरीकी सेंट्रल कमान के अनुसार इसके लिए मिसाइल नाशकों, 100 से अधिक विमानों और 15 हजार कर्मियों को तैनात किया जाएगा। श्री ट्रम्प ने कहा कि इस प्रक्रिया में बाधा पहुंचाने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। फरवरी में युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान ने होर्मुज से जहाजों की आवाजाही को लगभग बंद कर रखा है। उधर, अमरीका ने भी ईरानी बंदरगाहों की नौसेनिक नाकेबंदी कर दी है।
*******
इस बीच पश्चिम एशिया में संघर्ष विराम को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। समझौते के लिए ईरान के प्रस्ताव पर अमरीका सहमत नहीं है। ईरान के प्रवक्ता इस्माइल बागेई ने कहा है कि ईरान के प्रस्ताव पर अमरीकी जवाब की समीक्षा की जा रही है। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान का प्रस्ताव स्वीकार्य नहीं है।
ईरान के विदेश मंत्रालय का कहना है कि वह अपने 14 सूत्री प्रस्ताव पर अमरीका की प्रतिक्रिया की समीक्षा कर रहा है। ईरान के अधिकारियों का कहना है कि योजना का उद्देश्य शत्रुता को समाप्त करना है और इसमें परमाणु मुद्दों का कोई ज़िक्र नहीं है। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान परमाणु प्रतिबंधों से संबंधित मांगों को पूरा नहीं करता। उधर, दक्षिणी लेबनान में इज़राइल और हिज़्बुल्लाह के बीच युद्धविराम के बावजूद लड़ाई तेज़ हो गई है। इज़राइली सेना ने हाल के दिनों में हिज़्बुल्ला से जुड़े दर्जनों ठिकानों को निशाना बनाया है। इस बीच, हिज़्बुल्ला भी इज़राइली सैनिकों पर रॉकेट और ड्रोन से हमले जारी रखे हुए है। उधर, मध्यस्थों के माध्यम से राजनयिक प्रयास भी जारी हैं। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से कुमार राधारमन।
*******
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में रक्षा त्रिवेणी संगम विषय पर तीन दिन उत्तर प्रौद्योगिकी संगोष्ठी का उद्घाटन करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यह संगोष्ठी परिचालन संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए अत्याधुनिक स्वदेशी तकनीक के प्रदर्शन और एकीकरण के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी।
*******
मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में आम गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, मध्य प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। बिहार, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, केरल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।
*******
आईपीएल क्रिकेट में, कल गुजरात टाइटन्स ने पंजाब किंग्स को चार विकेट से हरा दिया। प्रतियोगिता में आज लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगे। मुंबई में यह मैच शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा।
*******
समाचार पत्रों की सुर्खियों से-
पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की मतगणना की खबर सभी अखबारों में प्रमुखता से है। जनसत्ता की सुर्खी है-नतीजे आज, निगाहें बंगाल पर। पत्र के अनुसार मतदान केन्द्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा। राजस्थान पत्रिका का शीर्षक है- देश की राजनीतिक दिशा तय करेंगे बंगाल-तमिलनाडु के चुनाव परिणाम। पत्र के अनुसार जनादेश आज- पांच प्रदेशों में दलों की धड़कनें तेज़। हिन्दुस्तान ने फलता में पुनर्मतदान शीर्षक से संपादकीय में लिखा है- निर्वाचन आयोग के इस निर्णय की अनुगूंज पूरे देश में पहुंचनी चाहिए कि बाहुबल के सहारे मतदाताओं को डराने और मतदान को बाधित करने का क्या नतीजा हो सकता है। दिल्ली में एसी से लगी आग में नौ लोगों की मौत पर हिन्दुस्तान का शीर्षक है। एसी बना काल, नौ को लील गया। नवभारत टाइम्स के अनुसार बुजुर्ग पेरेंट्स को बचाने अंदर दोबारा गई, फिर लौट न सकी। दैनिक जागरण ने आग का सिलसिला शीर्षक से संपादकीय में लिखा है- गर्मियां बढ़ते ही घरों, कारखानों और अन्य स्थलों पर आग लगने की घटनाओं का सिलसिला तेज होना इसलिए चिंताजनक है, क्योंकि अभी तो तापमान और ज्यादा बढ़ने के आसार है। इससे भी अधिक चिंता की बात यह है कि आग लगने की ज्यादातर घटनाएं एसी में बलास्ट या शार्ट सर्किट के कारण हो रही है। राजस्थान पत्रिका ने नया सवेरा शीर्षक से लिखा है- जब आक्रोश बन गया राष्ट्र संकल्प, तो आतंक पर हुआ फिर हुआ निर्णायक प्रहार, पहली बार तैनात हुई ऑल वूमन कॉंम्बेट टीम ने मोर्चे पर दिखाया जोश, दुनिया को बताया अब और नहीं………..ऑपरेशन के बाद सामने आईं शौर्यं गाथाएं। पंजाब केसरी की सुर्खी है-लिपुलेख पर भारत की नेपाल को दो टूक। पत्र के अनुसार विदेश मंत्रालय ने नेपाल के दावों को खारिज करते हुए एकतरफा और अनुचित बताया। दैनिक जागरण की सुर्खी है-अब हर तरह के मौसम में धरती के कोने-कोने पर भारत रख सकेगा दृष्टि, दुनिया का पहला आप्टोसार उपग्रह मिशन दृष्टि कैलिफोर्निया से हुआ लॉंच, चीन-पाक सहित हर देश की छोटी-बडी गतिविधि की होगी निगरानी। देशबंधु के अनुसार विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर बोले संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव अंतोनियो गुतरश- तमाम तरह की स्वतंत्रता, प्रेस की आजादी पर टिकी, इसके बिना न तो मानवाधिकार संभव है, न ही शांति, पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा करने का आह्वान किया।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- असम, पश्चिम बंगाल, केरलम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनावों की मतगणना शुरू।
- सात विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनावों की भी मतगणना जारी।
- भारत ने लिपुलेख दर्रे से कैलाश मानसरोवर यात्रा पर नेपाल की आपत्ति को खारिज करते हुए इसे अनुचित बताया।
- मौसम विभाग ने हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सहित उत्तर भारत में आज गरज-चमक के साथ वर्षा और ओले पड़ने का अनुमान जताया।
- अमरीका, होर्मुज जल-डमरू-मध्य में फंसे जहाजों की सुरक्षित निकासी के लिए प्रोजेक्ट फ्रीडम शुरू करेगा।
- आईपीएल क्रिकेट में गुजरात टाइटन्स ने पंजाब किंग्स को चार विकेट से हराया।
*******