मुख्य समाचार
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के फॉल्ता विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर इस महीने की 21 तारीख को पुनर्मतदान का आदेश दिया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा – ऑपरेशन सिंदूर, निर्णायक कार्रवाई के माध्यम से आतंकवाद खत्म करने के सरकार के “दृढ़ संकल्प” का प्रतीक।
भारत आने वाला एक और एलपीजी टेंकर ने होर्मुज जलडमरूमध्य सुरक्षित पार किया।
अमरीका जर्मनी से अपने पांच हजार सैनिकों को वापस बुलाएगा।
मौसम विभाग ने आज पूर्वोत्तर सहित देश के कुछ हिस्सों में तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया। देश के मध्य भागों में गरज के साथ आंधी आने और बिजली गिरने की आशंका।
और मध्य प्रदेश के पोल वॉल्टर कुलदीप कुमार ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।
********
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में फॉल्ता विधानसभा क्षेत्र का मतदान रद्द कर दिया है। इस क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को पुर्नमतदान होगा। मतगणना 24 मई को की जाएगी। एक रिपोर्ट-
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना ज़िले के फॉल्ता विधानसभा क्षेत्र में पूरी मतदान प्रक्रिया को रद्द करने का एक असाधारण कदम उठाया है। 21 मई 2026 को सभी 285 मतदान केंद्रों, जिनमें सहायक बूथ भी शामिल हैं, पर फिर से मतदान होगा। वोटों की गिनती 24 मई को होगी। चुनाव आयोग ने बताया कि यह फ़ैसला 29 अप्रैल को मतदान के दौरान गंभीर चुनावी अपराधों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की रिपोर्टों के बाद लिया गया है। पर्यवेक्षकों की रिपोर्टों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों से छेड़छाड़, मतदाताओं को डराना-धमकाना और मतदान नियमों का उल्लंघन शामिल है। कई बूथों पर, बैलेट यूनिट के बटनों को जान-बूझकर काली टेप से ढक दिया गया था, जिससे ठीक से मतदान नहीं हो पा रहा था। अनाधिकृत लोगों को भी मतदान केंद्रों में प्रवेश करते और दूसरों की ओर से वोट डालते हुए पाया गया। कोलकाता से संदीपन दासगुप्ता और अविरूप भट्टाचार्य की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं कौशेन्द्र।
********
पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले में विधानसभा की दो सीट के 15 मतदान केंद्रों पर कल फिर वोट डाले गये। मगराहट पश्चिम के 11 और डायमंड हार्बर के चार मतदान केंद्रों पर वोट डाले गए। कल शाम पांच बजे तक लगभग 87 प्रतिशत मतदान हुआ।
********
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में 165 अतिरिक्त मतगणना पर्यवेक्षकों और 77 पुलिस पर्यवेक्षकों की तैनाती की है। मतगणना के दिन पुलिस पर्यवेक्षक किसी भी स्थिति में मतगणना कक्ष में प्रवेश नहीं करेंगे।
********
पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरलम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव की मतगणना कल सुबह 8 बजे से शुरू होगी। निर्वाचन आयोग ने इसकी सभी तैयारियां कर ली हैं। तमिलनाडु में इसके लिए 62 मतगणना केंद्र बनाये गये हैं। हमारी संवाददाता ने बताया है कि मतगणना के लिए 10 हजार 545 कर्मी तैनात किये जायेंगे।
मतगणना प्रक्रिया को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ड्यूटी पर तैनात हर व्यक्ति को क्यूआर कोड वाला एक फोटो आईडी कार्ड जारी किया गया है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि मतगणना केंद्रों पर किसी भी तरह की गलत पहचान या धोखाधड़ी न हो। मतगणना कक्षों और ईवीएम स्ट्रांग रूम के प्रवेश द्वार पर सबसे अंदरूनी सुरक्षा की कमान केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के हाथों में होगी। स्थानीय और राज्य पुलिस के अलावा, सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए मतगणना केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 65 कंपनियाँ तैनात की गई हैं। राज्य में 4 करोड़ 87 लाख 98 हज़ार 833 मतदाताओं में से 85 दशमलव 10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ते हुए 2 करोड़ 52 लाख 59 हज़ार 596 वोट डाले, जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 35 लाख 34 हज़ार 720 रही। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं पूजा।
********
स्नातक चिकित्सा शिक्षा में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-नीट यूजी आज आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होगी और शाम 5 बजे समाप्त होगी। नीट के सूचना बुलेटिन के अनुसार परीक्षा केंद्र में अंतिम प्रवेश दोपहर डेढ़ बजे तक होगा।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी वर्ष 2019 से नीट यूजी परीक्षा का आयोजन कर रही है।
एजेंसी ने उम्मीदवारों के लिए विशिष्ट दिशानिर्देश जारी किए हैं। उम्मीदवारों को अपने प्रवेश पत्र के साथ मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड या राशन कार्ड जैसा एक मूल फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है।
********
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को आतंक का खात्मा करने के मोदी सरकार के दृढ़ संकल्प का प्रतीक बताया है। रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ के उपलक्ष्य में कल नई दिल्ली में शौर्य कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन के दौरान सशस्त्र बलों के अतुलनीय शौर्य ने इसे भारत के सैन्य इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बना दिया है।
शौर्य केवल शारीरिक शक्ति या युद्ध कौशल का नाम नहीं है। शौर्य हमारे मन की वह अटल अवस्था है, जहां राष्ट्रप्रेम के आगे सारे सुख, सारे मोह, सारे भय व्यर्थ हो जाते हैं। शौर्य, वो दिव्य भाव है, जहां हमारा एक सैनिक, अपने माता-पिता, पत्नी और बच्चों के स्नेह के बंधन से ऊपर उठकर, मां भारती की रक्षा का ब्रत लेता है।
भारत ने पिछले वर्ष 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था।
कार्यक्रम में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए पी सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और उप रक्षा प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ उपस्थित थे।
********
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सेल ब्रॉडकास्ट प्रणाली (सीबीएस) और सामान्य चेतावनी प्रोटोकॉल जैसी तकनीकों को अपनाने से आपदा से निपटने की तैयारी में काफी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कल सेल ब्रॉडकास्ट चेतावनी प्रणाली के शुभारंभ के अवसर पर कहा कि इससे शासन व्यवस्था में सुधार होगा और प्रत्येक नागरिक तक समय पर और प्रभावी ढंग से सूचना पहुंच सुनिश्चित होगी।
दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सेल ब्रॉडकास्ट प्रणाली का शुभारंभ किया था। इसे दूरसंचार विभाग के अंतर्गत सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स -सी-डॉट ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और गृह मंत्रालय के सहयोग से स्वदेश में ही विकसित किया है। प्रणाली का कल पूरे देश में सफलता पूर्वक परीक्षण किया गया।
********
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहमण्यम जयशंकर आज सुबह जमैका के किंग्स्टन पहुंचे। श्री जयशंकर जमैका, सूरीनाम तथा त्रिनिदाद और टोबैगो की सरकारी यात्रा पर हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने बताया कि जमैका की विदेश मंत्री कामिना जे. स्मिथ ने कहा कि वे अगले दो दिन में जमैका के नेताओं, व्यापारियों और प्रवासी भारतीयों के साथ बातचीत करने के लिए उत्सुक हैं।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि इस 10 मई तक की अपनी यात्रा के दौरान, डॉ. जयशंकर तीनों देशों के विदेश मंत्रियों से मुलाकात करेंगे।
********
भारत आ रहे मार्शल आइलैंड्स ध्वज के एल.पी.जी. टैंकर, एमटी सर्व शक्ति, ने होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित पार कर लिया है। इसमें 46 हजार 313 मीट्रिक टन एलपीजी है और 18 भारतीयों सहित चालक दल के 20 सदस्य सवार हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस टैंकर के 13 मई तक विशाखापत्तनम पहुंचने की उम्मीद है।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने कल संवाददाता सम्मेलन में कहा कि क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और भारतीय ध्वज वाले जहाजों से जुड़ी कोई घटना दर्ज नहीं की गई है।
********
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमरीका, जर्मनी में सैन्य उपस्थिति में काफी कमी करेगा। इससे जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ के साथ अमरीका का विवाद और बढ़ गया है। श्री ट्रंप यूरोपीय सुरक्षा के प्रति अमरीका की प्रतिबद्धता को कम करने की कोशिश कर रहे हैं। पेंटागन ने शुक्रवार को पहले घोषणा की थी कि वह जर्मनी से लगभग पांच हजार सैनिकों को वापस बुलाएगा। शनिवार को इस कदम के कारण के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया और कहा कि इससे भी बड़ी कटौती होने वाली है।
इससे पहले, जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस ने कहा कि जर्मनी में अमरीकी सैनिकों की नियोजित कटौती से यूरोप को अपनी रक्षा को मजबूत करने के लिए प्रेरित होना चाहिए।
********
माली में सुरक्षा बलों ने लक्षित हवाई हमलों में 200 से अधिक हमलावरों को मार गिराया है। सरकारी टेलीविजन के अनुसार शुक्रवार को सुबह ये हमले सशस्त्र आतंकियों के एक बड़े समूह को निशाना बनाकर किए गए थे। ये आतंकी पड़ोसी सीमा क्षेत्र से आए थे और हमलों की तैयारी कर रहे थे।
********
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और सिक्किम के साथ-साथ केरलम्, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में आज तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में गरज के साथ ओलावृष्टि की संभावना है।
दिल्ली, बिहार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, रायलसीमा, उत्तराखंड, विदर्भ और पश्चिम बंगाल में गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है।
इस बीच, दिल्ली में कल रात मौसम में अचानक बदलाव आया और बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई।
********
और अब खेल खबरों के साथ हैं – मुकेश कुमार।
भुवनेश्वर में इंडियन इंदौर ऑल वर्ल्ड प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की कुलदीप कुमार ने पुरुषों के पोल वॉल्ट में 5 दशमलव चार–एक मीटर ऊंचाई की चलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीत लिया। कुलदीप कुमार ने पहले ही प्रयास में यह उपलब्धि हासिल कर देव कुमार मीणा की 5 दशमलव चार–शून्य मीटर की राष्ट्रीय रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। उधर, डेनमार्क में थॉमस कप बैडमिंटन चैंपियनशिप के फाइनल में आज फ्रांस का सामना चीन से होगा। सेमीफाइनल में कल फ्रांस ने भारत को 3 शून्य से हराया था। इस बीच उबेर कप के फाइनल में आज चीन का मुकाबला दक्षिण कोरिया से होगा, इधर आईपीएल क्रिकेट में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हरा दिया। चेन्नई में कल पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 159 रन बनाए। जवाब में चेन्नई ने 18 ओवर और एक गेंद में दो विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाकर मैच जीत लिया। प्रतियोगिता में आज सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से और गुजरात टाइटंस का सामना पंजाब किंग से होगा। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।
********
नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा सचिव संतोष कुमार सारंगी ने आज अंतर्राष्ट्रीय सूर्य दिवस पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रन फॉर सन मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया।
श्री सारंगी ने कहा कि इस दिन सौर ऊर्जा का उपयोग करके अधिकतम बिजली प्राप्त करने के तरीकों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है।
सूर्य किरण हमलोग के लिए अल्टीमेट सोर्स ऑफ़ एनर्जी है। उसका इतना सालों तक हम लोग व्यवहार नहीं कर पा रहे थे, लेकिन आज उसका व्यवहार करके देश में एक लाख 50 हजार मेगावाट का इंस्टालेशन हो चुका है और भी आगे बढ़ाना है हम लोगों को।
********
भारतीय सेना का एक दल भारत-कंबोडिया द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास सीआईएनबीएक्स-II के दूसरे संस्करण के लिए कंबोडिया रवाना हो गया है। सेना ने बताया कि यह अभ्यास कल से 17 तारीख तक नोम थॉम मरियास प्रांत के शाही कंबोडियाई वायु सेना प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित किया जाएगा। अभ्यास में कंपनी स्तर के संयुक्त प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
********
रोहित जैन को भारतीय रिज़र्व बैंक का डिप्टी गवर्नर नियुक्त किया गया है। श्री जैन इससे पहले बैंक में कार्यकारी निदेशक थे। वे 3 मई, 2026 से तीन वर्ष की अवधि के लिए इस पद पर रहेंगे।
********
अब आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों से
सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना में केन्द्रीय कर्मियों की पर्यवेक्षक के रूप में तैनाती का निर्वाचन आयोग का निर्देश बरकरार रखने को लगभग सभी अखबारों ने प्रमुखता से लिया है। अमर उजाला कहता है- मतगणना कर्मियों के चयन के लिए आयोग स्वतंत्र, आदेश की जरूरत नहीं। देशबंधु ने इसे सुप्रीम कोर्ट द्वारा तृणमूल कांग्रेस को झटका बताया है।
अब आपात स्थिति में पलक झपकते ही अलर्ट होगा देश। दैनिक जागरण की पहली खबर है। पत्र ने आगे लिखा है- केन्द्र ने लांच किया सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम। बिना इंटरनेट भी पहुंचेगा फ्लैश मैसेज। हिन्दुस्तान ने इसे सुर्खी दी है- करोड़ो मोबाइल में गूंजी इमरजेंसी वाली घंटी।
पश्चिम एशिया में संघर्ष के असर को जनसत्ता ने बॉक्स में देते हुए लिखा है- लगातार तीसरे महीने कीमतें बढ़ी। पत्र ने इसे संकट और चिंता बताते हुए लिखा है- खाने के दाम बढ़ने से रोजगार पर विपरीत असर की आशंका।
दैनिक भास्कर की खबर है- दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस-वे सात की जगह ढाई घंटे में पहुंचेंगे, चार धाम यात्रा। पांच से छह दिन में पूरी हो जाएगी। पत्र ने चार धाम यात्रा के दौरान यमुनोत्री से बद्रीनाथ तक के सफर की जानकारी विस्तार से दी है।
नवभारत टाइम्स ने बदलता मौसम शीर्षक से लिखा है- दिल्ली में 2050 तक ज्यादा होने लगेगी बारिश। गर्म दिन हटेंगे। लेकिन रात तपेंगी।
राजस्थान पत्रिका की विशेष खबर है- सोच का बोझ हर रात 28 मिनट की नींद खो रहे हैं लोग। पढाई, करियर और आर्थिक स्थिरता की चिंता। पत्र के अनुसार दुनिया में 28 करोड़ लोग डिप्रेशन से और तीस करोड़ से ज्यादा एंग्जाइटी से हैं परेशान, जिसका प्रमुख कारण ओवरथिकिंग है।
समुद्र के भीतर फहराया सबसे बड़ा तिरंगा। हिन्दुस्तान ने इसे सचित्र देते हुए लिखा है- अंडमान निकोबार में दुनिया का सबसे लंबा, चौड़ा ध्वज फहराकर बनाया गया गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड। स्वराज द्वीप पर गोताखोरों ने पूरा किया अभियान।
पंजाब केसरी के अनुसार कश्मीर को पीछे छोड़ विदेश में धमाल मचाएगा लद्दाख का पश्मीना। पत्र कहता है कि पहले लद्दाख के चरवाहे कच्चा ऊन कम दामों पर बेच देते थे अब कुछ बड़े बदलावों के साथ लद्दाख में ही आधुनिक संयंत्र और फिनिशिंग यूनिट्स लग रही हैं, जिससे लद्दाख के शॉल ग्लोबल हब बनने की तैयारी में है।
********
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के फॉल्ता विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर इस महीने की 21 तारीख को पुनर्मतदान का आदेश दिया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा – ऑपरेशन सिंदूर, निर्णायक कार्रवाई के माध्यम से आतंकवाद खत्म करने के सरकार के “दृढ़ संकल्प” का प्रतीक।
भारत आने वाला एक और एलपीजी टेंकर ने होर्मुज जलडमरूमध्य सुरक्षित पार किया।
अमरीका जर्मनी से अपने पांच हजार सैनिकों को वापस बुलाएगा।
मौसम विभाग ने आज पूर्वोत्तर सहित देश के कुछ हिस्सों में तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया। देश के मध्य भागों में गरज के साथ आंधी आने और बिजली गिरने की आशंका।
और मध्य प्रदेश के पोल वॉल्टर कुलदीप कुमार ने भुवनेश्वर में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।
********