May 2, 2026 8:54 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

 

  1. पश्चिम बंगाल के दो विधानसभा क्षेत्रों में 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान जारी।

     

  2. पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में पहले चरण की जनगणना के अंतर्गत मकान सूचीकरण और आवास गणना शुरू हो गई है।

     

  3. मौसम विभाग ने आज पूर्वोत्तर क्षेत्र और दक्षिणी प्रायद्वीप में मूसलाधार बारिश का पूर्वानुमान व्‍यक्‍त किया है।

     

  4. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने मौजूदा संघर्ष को समाप्त करने के ईरान के प्रस्ताव को खारिज किया; कहा-ईरान की मांगों को स्‍वीकार नहीं किया जा सकता।

     

  5. बैडमिंटन में, थॉमस कप के सेमीफाइनल में डेनमार्क में भारत की पुरुष टीम का सामना फ्रांस से।

     

  6. भारतीय फुटबॉल टीम आज चीन में 21 साल बाद एएफसी अंडर-17 महिला एशिया कप टूर्नामेंट में खेलेगी।

     

************

पश्चिम बंगाल के मगरा-हाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के चार मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान जारी है। इन केंद्रों में आज शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे। एक रिपोर्ट…

पश्चिम बंगाल के दो निर्वाचन क्षेत्रों की 15 बूथों पर आज सुबह 7:00 बजे से दोबारा मतदान शुरू हो गया है। इनमें से 11 बूथ पश्चिम मगराहाट में और चार बूथ डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र में है अनियमितताओं की रिपोर्ट मिलने के बाद चुनाव आयोग ने दोबारा मतदान का आदेश दिया है। इस बीच, एक अन्य घटनाक्रम में, सुप्रीम कोर्ट ने एक विशेष पीठ का गठन किया है, जो तृणमूल कांग्रेस की उस अपील पर तत्काल सुनवाई करेगी, जिसमें कलकत्ता हाई कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी गई है, जिसमें मतगणना केंद्रों के कर्मचारियों को केवल केंद्र सरकार के कर्मचारियों तक ही सीमित कर दिया गया था। न्यायमूर्ति पी.एस. नरसिम्हा और न्यायमूर्ति जयमाल्य बागची की पीठ आज सुबह करीब 10:30 बजे इस मामले की सुनवाई करेगी। कलकत्ता हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति कृष्णा राव ने तृणमूल कांग्रेस की याचिका को खारिज करते हुए कहा था कि अदालत मतगणना कर्मचारियों की भर्ती के संबंध में चुनाव आयोग के फैसलों में हस्तक्षेप नहीं कर सकती। कोलकाता से संदीपन दासगुप्ता की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं पूजा।

************

आंध्र पदेश, अरूणाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के पहले चरण के अंतर्गत मकान सूची क्रम और मकानों की गणना आरंभ हो गई। यह कार्य इन राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में स्वगणना के 15 दिन की नोटिस अवधि समाप्त होने के बाद शुरू हुआ है।

गृह मंत्रालय ने बताया है कि यह प्रक्रिया इस महीने की 30 तारीख तक जारी रहेगी। जिसके दौरान प्रशिक्षित जनगणना कर्मी घरघर जाकर आंकड़े एकत्रित करेंगे। इस बीच जनगणना 2027 के अंतर्गत स्वगणना सुविधा कल दिल्ली नगर निगम क्षेत्र, राजस्थान, महाराष्ट्र, मेघालय और झारखंड में शुरू हो गई है। यह ऑनलाइन सुविधा इस महीने की 15 तारीख तक उपलब्ध रहेगी। इसके बाद इन राज्यों और केंद्रीय शासित प्रदेशों में 16 मई से 14 जून के बीच घरघर जाकर जनगणना का कार्य किया जाएगा। जनगणना 2027 में पहली बार शुरू की गई इस सुविधा को जनता से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। जनगणना 2027 के लिए अपनाए गए दृष्टिकोण के तहत अब तक लगभग 82 लाख परिवारों ने आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से इस सुविधा का सफलतापूर्वक लाभ उठाया है। शिवांग मिश्रा, आकाशवाणी समाचार। दिल्ली।

************

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि वैश्विक ऊर्जा संकट के दौरान ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के प्रयासों के अंतर्गत भारत ने अपने कच्चे तेल की निर्भरता को 27 देशों से बढ़ाकर 41 देशों तक कर दिया है। दक्षिण गुजरात में वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन में उन्होंने कहा कि दीर्घकालिक योजना ने संकट के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

हमने अपने स्रोतों में विविधता लाई है। कच्चे तेल की खरीद अब 27 देशों से बढ़कर 41 देशों तक हो गई है। हमने मध्य पूर्व के अलावा अमरीका, नॉर्वे और अल्जीरिया से एलपीजी की खरीद शुरू कर दी है। भारत ने बहुत तेजी से प्रगति की है। रिफाइनरियों में एलपीजी उत्पादन को अधिकतम करने के लिए आदेश जारी किए गए हैं और हमने अपने घरेलू उत्पादन में 60% की वृद्धि की है।

एलपीजी की घरेलू उत्‍पादन क्षमता 36 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन से बढकर 54 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन तक पहुंच गई है।

************

     

परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड..आर.बी. ने कुडनकुलम परमाणु ऊर्जा परियोजना-केकेएनपीपी इकाई 5 और 6 में प्रमुख उपकरण लगाने के लिए अनुमति दी है। इसमें परमाणु ऊर्जा निगम लिमिटेड को रिएक्टर प्रेशर वेसल, स्टीम जेनरेटर, कूलेंट पंप सहित संयंत्र के प्रमुख उपकरणों को लगाने की अनुमति दी गई है। ..आर.बी. द्वारा निर्दिष्ट सुरक्षा आवश्यकता के अनुसार इकाइयों के डिजाइन को संतोषजनक बहु-स्तरीय सुरक्षा समीक्षा के बाद अनुमति दी गई।

************

सरकार ने कहा है कि पश्चिम एशिया में बदलती स्थितियों के बीच ऊर्जा आपूर्ति, नौवहन अभियान और भारतीय नागरिकों को सहयोग सहित सभी क्षेत्रों में निरंतरता और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए सक्रियता से काम किया जा रहा है।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि देश भर में एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए कार्रवाई जारी है। देश भर में कल दो हजार 300 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई।

सरकार ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में सभी भारतीय नागरिक सुरक्षित है और पिछले 24 घंटे के दौरान भारतीय ध्वज वाले किसी भी पोत के साथ किसी घटना की सूचना नहीं मिली है।

सरकार ने आश्वासन दिया है कि उड़ान की स्थिति में सुधार हो रहा है और क्षेत्र में विभिन्न स्थानों से भारत के लिए अतिरिक्त उड़ान चलाई जा रही है। तेहरान में भारतीय दूतावास ने ईरान से बाहर निकलने के लिए दो हजार चार सौ 90 भारतीय नागरिकों को सड़क मार्ग की सुविधा उपलब्ध कराई है।

************

भारतीय रिज़र्व बैंक-आरबीआई ने कहा कि चलन में मौजूद 2 हजार रुपये मूल्य वर्ग के 98 दशमलव चार सात प्रतिशत नोट वापसी की घोषणा के तीन साल बाद बैंक में वापस आ गए हैं। केंद्रीय बैंक ने अपने मुद्रा प्रबंधन अभ्यास के हिस्से के रूप में 19 मई, 2023 को 2 हजार रुपये के नोटों को प्रचलन से वापस लेने की घोषणा की थी। उस समय प्रचलन में ऐसे नोटों की कुल कीमत लगभग साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये थी। नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, 30 अप्रैल, 2026 तक यह आंकड़ा तेजी से घटकर 5 हजार चार सौ 51 करोड़ रुपये हो गया है। नोटबंदी की घोषणा के बाद से 2 हजार रुपये के नोटों को बदलने की सुविधा 19 आरबीआई कार्यालयों में उपलब्ध है। आरबीआई ने यह भी स्पष्ट किया कि वापसी बावजूद, 2 हजार रुपये के बैंक नोट वैध मुद्रा बने रहेंगे।

************

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि चार साल पहले लागू हुए भारत-संयुक्‍त अरब अमीरात-यूएई व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते – सीईपीए ने भारतीय किसानों, सूक्ष्म, लघु तथा मध्यम उद्यमों और अन्य व्यवसायों के लिए परिवर्तनकारी अवसर पैदा किए हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री गोयल ने कहा कि भारत और यूएई के बीच द्विपक्षीय व्यापारिक संबंध मजबूती से आगे बढते हुए 100 अरब डॉलर का आंकड़ा पार कर चुका हैं।

************

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने पश्चिम एशिया संघर्ष को समाप्त करने के लिए ईरान के नवीनतम प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। ईरान ने मध्यस्थों के माध्यम से अपना संशोधित प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। अमरीका के राष्‍ट्रपति ने कहा कि ईरान की मांगों को स्‍वीकार नहीं किया जा सकता है। एक रिपोर्ट…

श्री ट्रम्प ने स्वीकार किया कि ईरान ने वार्ता में प्रगति की है, उन्होंने ईरान के नेतृत्व को बिखरा हुआ बताया है। फ़ार्स समाचार एजेंसी सहित ईरानी सरकारी मीडिया ने बताया कि देश का नेतृत्व आंतरिक अस्थिरता की अटकलों को निराधार सिद्ध करने के लिए कार्य कर रहा है। यह राजनयिक गतिरोध पश्चिम एशिया के अन्य हिस्सों में बढ़ती हिंसा के बीच आया है। उधर, लेबनान में इस्राएली हमलों में एक ही दिन में 30 से अधिक लोग मारे गए हैं। पिछले महीने अमरीका की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम समझौते के उल्लंघन को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। हमलों में दक्षिणी शहर टायर में नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। जवाब में हिज़्बुल्लाह ने इस्राएल के उत्तरी हिस्‍सों में ड्रोन हमले किए, जिसमें कई इस्राएली सैनिक घायल हो गए। लेबनान में चल रहे इस संघर्ष में अब तक दो हज़ार से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और दस लाख से अधिक लोग विस्थापित हो चुके हैं। समचार कक्ष से कृष्ण कांत।

************

टेनिस में, मैड्रिड ओपन के महिला एकल फाइनल में मिरा एंड्रीवा का सामना आज यूक्रेन की मार्टा कोस्त्युक से होगा। मिरा एंड्रीवा ने पिछले गुरुवार को सेमीफाइनल में अमरीका की हैली बैपटिस्ट को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, मार्टा कोस्त्युक ने अनास्तासिया पोटापोवा को हराकर अपने करियर के पहले डब्ल्यूटीए फाइनल में जगह बनाई।

पुरुष एकल में, शीर्ष वरीयता प्राप्‍त जानिक सिनर ने कल आर्थर फिल्स को हराकर टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई।

************

बैडमिंटन में, डेनमार्क के होर्सेन्स में खेले जा रहे थॉमस कप 2026 के सेमीफाइनल में भारतीय पुरुष टीम का मुकाबला आज फ्रांस से होगा। भारत ने क्वार्टरफाइनल में चीनी ताइपे को तीन-शून्‍य से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। लक्ष्य सेन ने पहले मैच में चोउ तिएन चेन को हराकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। इसके बाद, सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने चियू ह्सियांग चिएह और वांग ची-लिन को हराया। अंत में, आयुष शेट्टी ने लिन चुन-यी को हराकर टीम की जीत सुनिश्चित की। पीवी सिंधु की अगुवाई वाली भारतीय महिला टीम उबर कप 2026 में ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई। चीन के खिलाफ हार के बाद टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

************

फुटबॉल में भारतीय टीम एएफसी अंडर-17 महिला एशिया कप में आज चीन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना अभियान शुरू कर रही है। भारत 2005 के बाद पहली बार इस प्रतियोगिता में भाग ले रहा है। अंडर-17 राष्ट्रीय टीम मैच भारतीय समय के अनुसार शाम पांच बजे शुरू होगा। यह भारतीय महिला फुटबॉल के लिए एक और ऐतिहासिक क्षण है। वरिष्ठ टीम और अंडर-20 टीम के बाद भारत तीसरी बार महिला एशिया कप में हिस्सा ले रहा है। मुख्य कोच पामेला कोंटी ने कहा कि महीनों की तैयारी के बाद टीम उत्साहित और तैयार है।

************

आईपीएल क्रिकेट में आज चेन्नई में शाम साढे सात बजे से चेन्नई सुपर किग्ंस का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा। कल जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में डेल्ही कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से हरा दिया। डेल्ही कैपिटल्स ने 19 ओवर एक गेंद में तीन विकेट के नुकसान पर ही दो सौ 26 रन का लक्ष्‍य हासिल कर लिया। दिल्ली कैपिटल्स के लिए केएल राहुल ने सर्बाधिक 75 रन बनाए। केएल राहुल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

************

मौसम विभाग ने आज असम, मेघालय, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के हिमालय के तराई वाले क्षेत्र में तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराइक्‍काल, केरल और माहे में भी भारी बारिश की संभावना जताई है। जम्मू-कश्मीर में अगले तीन दिन तक बादल छाए रहने तथा हल्‍की बारिश की संभावना है।

************

जम्मू और कश्मीर घाटी के बीच आज से वंदे भारत एक्सप्रेस ने अपनी नियमित सेवा आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी है। ट्रेन सुबह छ: बजकर 20 मिनिट पर जम्मू से रवाना हुई। यह इस क्षेत्र में रेल संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस सेवा का उद्घाटन 30 अप्रैल को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया था।

************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि वे श्री अजय राय के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते है।

************

धन्‍यवाद कनक,     वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी आज के अखबारों की पहली खबर है। देशबंधु लिखता है- गैस सिलेंडर के दाम में नौ सौ 93 रूपए की बढ़ोतरी। दैनिक ट्रिब्‍यून लिखता है- दाम तीन हजार के पार। अमर उजाला ने महंगाई का वार शीर्षक से लिखा है- पांच किलो वाले छोटू के दाम 261 रूपए बढ़े। पत्र ने केन्‍द्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी का बयान दिया है- आम उपभोक्‍ताओं पर असर नहीं। हिन्‍दुस्‍तान लिखता है- बाजार पर जल्‍द दिखेगा असर। जनसत्‍ता का कहना है- घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल में भी बढ़ोतरी का खतरा।

पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र पर जनसत्‍ता लिखता है- नशे में मान, विपक्ष परेशान, आप हलकान। दैनिक ट्रिब्‍यून ने लिखा है- विशेष सत्र में मान सरकार ने जीता विश्‍वास। कांग्रेस का वॉकआउट अकाली-भाजपा रहे गैरमौजूद।

नवभारत टाइम्‍स ने नोएडा से 15 जून से घरेलू उडानें के समाचार को अपनी पहली खबर बनाया है। साथ ही 13 मई तक गंगा एक्‍सप्रेस-वे पर टोल फ्री सफर की जानकारी दी है। पत्र ने सूरत में देश के पहले बैरियर फ्री टोल प्‍लाजा़ की तस्‍वीर भी दी है।

बरगी डैम क्रूज हादसे की दर्दनाक खबर अनेक अखबारों के पहले पृष्‍ठ पर है। मां के सीने से लिपटे बच्‍चे के शव का सिहरन पैदा कर देने वाला चित्र देते हुए राजस्‍थान पत्रिका लिखता है- सांसे थम गई पर मां की बाहें नहीं खुली। लोकसत्‍य के शब्‍द हैं- मां की ममता लाइफ जैकेट में छिपा लिया जिगर का टुकड़ा। दैनिक जागरण ने अपने संपादकीय में लिखा है- डूबा क्रूज़ मध्‍य प्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से संचालित किया जा रहा था, इसलिए संबंधित अधिकारियों को जवाबदेह बनाना होगा। केवल घटना पर शोक जताने या फिर मारे गए लोगों के परिवारों को मुआवजा देने की घोषणा मात्र से कर्तव्‍य की इतिश्री नहीं की जानी चाहिए। पत्र लिखता है- यह कहने में हर्ज नहीं की भारत में हर स्‍तर पर सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरतने का शर्मनाक सिलसिला जारी है।

************

 मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. पश्चिम बंगाल के दो विधानसभा क्षेत्रों में 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान जारी।

     

  2. पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में पहले चरण की जनगणना के अंतर्गत मकान सूचीकरण और आवास गणना शुरू हो गई है।

     

  3. मौसम विभाग ने आज पूर्वोत्तर क्षेत्र और दक्षिणी प्रायद्वीप में मूसलाधार बारिश का पूर्वानुमान व्‍यक्‍त किया है।

     

  4. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने मौजूदा संघर्ष को समाप्त करने के ईरान के प्रस्ताव को खारिज किया; कहा-ईरान की मांगों को स्‍वीकार नहीं किया जा सकता।

     

  5. बैडमिंटन में, थॉमस कप के सेमीफाइनल में डेनमार्क में भारत की पुरुष टीम का सामना फ्रांस से।

     

  6. भारत की महिला फुटबॉल टीम आज चीन में 21 साल बाद एएफसी अंडर-17 महिला एशिया कप टूर्नामेंट में खेलेगी।

     

************

Most Read
View All arrow-right

No posts found.