मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने व्यापार, प्रौद्योगिकी और रणनीतिक साझेदारी के माध्यम से भारत की वैश्विक भागीदारी को मजबूत करने का आह्वान किया।
- कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मतगणना केंद्रों पर पर्यवेक्षकों के रूप में केंद्र सरकार के कर्मचारियों की नियुक्ति को चुनौती देने वाली तृणमूल कांग्रेस की याचिका रद्द की।
- गृह मंत्री अमित शाह बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर आज लद्दाख में तथागत बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।
- सरकार ने डीजल और विमानन ईंधन पर निर्यात शुल्क में कटौती की। पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क में कोई बदलाव नहीं।
- भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था का आधार, एकीकृत भुगतान प्रणाली– यूपीआई दुनिया के सबसे बड़े तत्काल भुगतान मंच के रूप में उभरी।
- क्रिकेट में, विराट कोहली ने रचा इतिहास। आईपीएल में आठ हजार रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बने।
******* *******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रवासी भारतीयों के साथ प्रौद्योगिकी और रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देकर भारत की वैश्विक भागीदारी को मजबूत करने का आह्वान किया है। श्री मोदी ने विदेश मंत्रालय के 11वें मिशन प्रमुख सम्मेलन में अपने विचार और सुझाव साझा किए तथा 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए भारत की कूटनीतिक गतिविधियों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस वर्ष के 11वें मिशन प्रमुख सम्मेलन का विषय था– 2047 के लिए भारतीय कूटनीति में सुधार। यह सम्मेलन 28 से 30 अप्रैल तक आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भविष्य के लिए तैयार कूटनीति, व्यापार, प्रौद्योगिकी और पर्यटन को बढ़ावा देने और भारत की गाथा को व्यापक बनाने पर प्रस्तुतियाँ भी दी गईं। इस अवसर पर विदेशमंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा कि अस्थिर और अशांत विश्व में भारतीय कूटनीति राष्ट्रीय हितों को आगे बढ़ाने और राष्ट्रीय लक्ष्य को सुरक्षित करने के लिए तत्पर है। तीन दिवसीय सम्मेलन के दौरान, मिशन प्रमुखों ने योग सत्र, विचार–मंथन सत्र, विभिन्न भू–राजनीतिक घटनाक्रमों, भारत की गाथा और भविष्य के लिए तैयार कूटनीति पर विषयगत चर्चाओं में भाग लिया। सुपर्णा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची वाजपेई।
******* *******
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मतगणना केंद्रों में पर्यवेक्षकों के रूप में केंद्र सरकार के कर्मचारियों की नियुक्ति को चुनौती देने वाली तृणमूल कांग्रेस की याचिका रद्द कर दी है। न्यायमूर्ति कृष्णा राव ने अपने फैसले में कहा कि निर्वाचन आयोग के पास मतगणना पर्यवेक्षक और मतगणना सहायक की नियुक्ति करने का अधिकार है। न्यायालय ने कहा कि केंद्र सरकार या केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों से मतगणना पर्यवेक्षक और मतगणना सहायक की नियुक्ति करना अवैध नहीं है। फैसले में कहा गया है कि यदि बाद में यह सिद्ध हो जाता है कि निर्वाचन आयोग के निर्णय से अनुचित लाभ मिला जिसके कारण तृणमूल उम्मीदवार की हार भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार से हुई, तो परिणाम को कानूनी रूप से चुनौती दी जा सकती है।
******* *******
सरकार ने डीजल और विमानन ईंधन पर निर्यात शुल्क में कटौती की है। इस संबंध में केंद्र ने अधिसूचना जारी कर दी है और यह कटौती आज से लागू हो गई है। वित्त मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार, डीजल पर निर्यात शुल्क 23 रुपये प्रति लीटर और विमानन ईंधन पर 33 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया गया है। पेट्रोल पर निर्यात शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मंत्रालय ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और विमानन ईंधन के निर्यात पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क और सड़क तथा अवसंरचना उपकर जैसे निर्यात शुल्क 27 मार्च, 2026 से लागू किए गए थे। पश्चिम एशिया संकट के कारण निर्यात को हतोत्साहित करके पेट्रोलियम उत्पादों की घरेलू उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया था। मंत्रालय ने कहा कि घरेलू खपत के लिए स्वीकृत पेट्रोल और डीजल पर मौजूदा उत्पाद शुल्क दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
******* *******
ऑनलाइन गेमिंग संवर्द्धन और विनियमन नियम, 2026 आज से लागू हो गए हैं। यह देश में तेज़ी से बढ़ते ऑनलाइन गेमिंग क्षेत्र को विनियमित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नए नियमों के अंतर्गत ऑनलाइन पैसे वाले खेलों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। इनमें वे खेल भी शामिल हैं जो संयोग, कौशल या दोनों के मिश्रण पर आधारित हैं। इन नियमों से खेलों के विज्ञापन और ऐसे प्लेटफार्मों से जुड़े वित्तीय लेनदेन पर भी रोक लगाई गई है। नियमों के उल्लंघन पर कारावास और जुर्माने सहित कठोर दंड दिए जा सकते हैं। इन नियमों के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अधीन एक एकीकृत नियामक के रूप में भारतीय ऑनलाइन गेमिंग प्राधिकरण की स्थापना की गई है। नियमों के अनुसार, कुछ श्रेणियों के खेलों के लिए पंजीकरण प्रणाली भी शुरू की गई है। शिकायत निवारण के लिए दो स्तरीय प्रणाली लागू की गई है, जिससे उपयोगकर्ता प्राधिकरण से संपर्क कर सकते हैं। सरकार ने कहा है कि इन नियमों का उद्देश्य एक सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह डिजिटल गेमिंग पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है। सुपर्णा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से कृष्ण कांत।
******* *******
कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज ओडिशा के रायगडढ में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण का शुभारंभ करेंगे। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत लगभग 171 किलोमीटर की कुल लंबाई वाली 827 सड़क परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा। इन पर एक हजार 698 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। मंत्रालय ने कहा है कि इस पहल से 898 बस्तियों को पहली बार हर मौसम में सड़क से जोड़ा जा रहा है।
******* *******
एकीकृत भुगतान प्रणाली-यूपीआई दुनिया के सबसे बड़े तत्काल भुगतान मंच के रूप में उभरी है। यह भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था का आधार है। इसके शुभारंभ के एक दशक बाद, यूपीआई वैश्विक तत्काल भुगतान लेनदेन के लगभग आधे हिस्से को संचालित करता है। इसकी शुरूआत 11 अप्रैल, 2016 को हुई थी।
एकीकृत भुगतान प्रणाली– यू.पी.आई. के शुरू के पहले महीने में केवल 373 लेनदेन किए थे। यू.पी.आई. लेनदेन वित्त वर्ष 2016-17 में सात हज़ार करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में लगभग 314 लाख करोड़ रुपये हो गया है। इसमें लगभग चार हज़ार गुना से अधिक की वृद्धि हुई है। यू.पी.आई. से वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 66 करोड़ लेनदेन किए जा रहे हैं। इनका दैनिक मूल्य लगभग 86 हज़ार करोड़ रुपये है। यूपीआई ने इस वर्ष मार्च में 2 हजार 264 करोड़ रूपये के लेनदेन के साथ अब तक का उच्चतम स्तर हासिल किया है। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने यूपीआई को लेनदेन की मात्रा के आधार पर दुनिया की सबसे बड़ी तत्काल भुगतान प्रणाली के रूप में मान्यता दी है। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार
******* *******
आज बुद्ध पूर्णिमा है। आज के दिन भगवान गौतम बुद्ध का जन्म, ज्ञान की प्राप्ति और महापरिनिर्वाण हुआ था। उन्हें बिहार के बोधगया में महाबोधि वृक्ष के तले ज्ञान प्राप्ति हुई थी।बुद्ध पूर्णिमा का पर्व भारत, नेपाल, भूटान, म्यामां, थाईलैंड, तिब्बत, कोरिया, लाओ, वियतनाम, मंगोलिया, कंबोडिया, सिंगापुर, इंडोनेशिया और श्रीलंका में विशेष रूप से मनाया जाता है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और गृहमंत्री अमितशाह ने बुद्ध पूर्णिमा पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।
******* *******
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज लेह के चोग लम्सर जिले के फोटांग में तथागत बुद्ध के पवित्र अवशेष प्रदर्शनी और बुद्ध पूर्णिमा समारोह का उद्घाटन करेंगे। श्री अमित शाह लेह में केंद्रीय बौद्ध अध्ययन संस्थान से करगिल में 10 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले डेयरी संयंत्र का शिलान्यास भी करेंगे।
******* *******
केरल-तमिलनाडु सीमा पर स्थित मंगला देवी कन्नागी मंदिर में आज चित्रा पूर्णिमा उत्सव मनाया जा रहा है। पेरियार बाघ अभ्यारण्य में स्थित इस मंदिर के भीतर का हिस्सा केवल चित्रा पूर्णिमा के दिन ही खुलता है।
******* *******
उत्तराखंड में आदि कैलाश यात्रा आज शुरू हो रही है। पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने इस यात्रा के सुचारू संचालन के लिए सभी तैयारी कर ली है। जिलाधिकारी आशीष भटगैन ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी संबंधित विभाग और एजेंसियां सतर्क हैं।
इसकी सारी तैयारियां पूरी की जाती हैं। आदी कैलाश के लिए जो 28 से आईएलपी भी इशु हो गए थे। वे वहां पर, ….. स्टार्ट हो रहा है, तो जो लोग जा रहे हैं वहां पर, जो वहां पर पहुंचेंगे रोड के थ्रू है और बीआरओ को भी एक्टीवेट किया गया है। सारी जो हमारे एजेंसीज़ हैं, डिपार्टमेंट्स हैं वो सब एक्टीवेटिड हैं और वहां पर मौके पर भी लोग मौजूद रहेंगे।
******* *******
इस वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा जून से अगस्त तक आयोजित की जाएगी। दस जत्थे उत्तराखंड से होकर लिपुलेख दर्रे को पार करेंगे। प्रत्येक जत्थे में 50 यात्री होंगे। दस अन्य जत्थे सिक्किम से होकर नाथू ला दर्रे को पार करेंगे।
******* *******
मध्य प्रदेश में जबलपुर जिले के खमारिया द्वीप के पास कल शाम बरगी नदी में 39 यात्रियों को ले जा रही एक क्रूज नौका के पलट जाने से चार लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य लापता हैं। यह दुर्घटना अचानक आए तूफान के कारण नौका पलटने से हुई। जिलाधिकारी कार्यालय में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है जिसका नम्बर है- 0 7 6 1-2 6 2 4 3 5 5 ।
******* *******
तीसरा वाईब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन आज सूरत में शुरू हो रहा है। सम्मेलन में गुजरात के पश्चिम क्षेत्र में औद्योगिक विकास पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस दो दिवसीय सम्मेलन में सत्रह हजार से अधिक पंजीकरण और सत्ताइस देशों की भागीदारी देखी जा रही है। जापान, सिंगापुर, रूस जैसे भागीदार देशों की उपस्थिति वाला यह सम्मेलन दक्षिण गुजरात क्षेत्र में औद्योगिक विकास, विशेष रूप से कपड़ा और हीरा क्षेत्रों को गति देने के पर केंद्रित किया गया है। इस भव्य आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में बारह हजार वर्ग मीटर में फैली एक विशाल क्षेत्रीय प्रदर्शनी शामिल है। शिखर सम्मेलन के दौरान विभिन्न सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हीरा और कपड़ा उद्योग में आधुनिकीकरण के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के उपयोग पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, सूरत।
******* *******
जाने माने क्रिकेट खिलाड़ी विराट कोहली ने इंडियन प्रीमियर लीग- आई.पी.एल. क्रिकेट में इस वर्ष नया रिकॉर्ड बनाया है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलूरू की ओर से खेलते हुए विराट कोहली आई.पी.एल. में आठ हज़ार से अधिक रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
******* *******
आईपीएल क्रिकेट में कल रात अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 4 विकेट से हरा दिया। प्रतियोगिता में आज शाम साढ़े सात बजे जयपुर में राजस्थान रॉयल्स और डेल्ही कैपिटल्स आमने-सामने होंगे।
******* *******
समाचार पत्रों की सुर्खियों से –
पहली बार जम्मू से श्रीनगर तक रेलसेवा की खबर को नवभारत टाइम्स और दैनिक ट्रिब्यून सहित कई अखबारों ने सचित्र प्रकाशित किया है। दैनिक भास्कर ने लिखा है- इस मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस लोगों के लिए कल से शुरू होगी, ट्रैक की सुरक्षा के लिए ट्रेन के आगे चलेगी पायलट गाड़ी। जनसत्ता और पंजाब केसरी ने सर्वोच्च न्यायालय की इस टिप्पणी को सुर्खी दी है- दुष्कर्म पीड़िता के मामले में अनचाही गर्भावस्था को 20 सप्ताह बाद भी खत्म करने का अधिकार मिले। पश्चिम एशिया संघर्ष पर टकराव शीर्षक से हिन्दुस्तान ने लिखा है- अमरीकी राष्ट्रपति बोले- शर्ते न मानने पर ईरानी बंदरगाहो की नाकेबंदी कड़ी करेंगे। ट्रंप की नई चेतावनी पर ईरान बोला- झुकेंगे नहीं। संघर्ष के कारण कल कच्चे तेल में तेजी से दुनिया के बाजारों में उठा-पटक रही। दैनिक जागरण लिखता है- आर्थिक मोर्चे पर दोहरी चिंता, कच्चा तेल 126 डॉलर प्रति बैरल, रुपया 95 के पार। तेल कंपनियों की मुश्किले भी बढ़ी। उधर राजस्थान पत्रिका का कहना है- युद्ध के साए में अफवाहों ने बढ़ाई जमाखोरी, पट्रोल 37 प्रतिशत, तो डीजल 20 प्रतिशत ज्यादा बिका।
हिन्दुस्तान ने आर्थिक आशंकाएं शीर्षक से अपने संपादकीय में लिखा है- भारतीय शेयर बाजार में कल आई गिरावट चिंता और चिंतन की बात है। रुपये को बल देने के लिए रिजर्व बैंक ने कुछ कदम उठाए थे, लेकिन अमरीकी केंद्रीय बैंक के आक्रामक रुख की वजह से खास फायदा नहीं पहुंचा। भारतीय रिजर्व बैंक और अन्य भारतीय वित्तीय नियामक संस्थाओं को बहुत सावधान और सक्रिय रहना चाहिए।
अमर उजाला ने लिखा है- देशभऱ में बदला मौसम का मिजाज, दिल्ली में आंधी, बारिश और ओले। देश के 11 राज्यों में आज भी आंधी और बारिश का अलर्ट।
******* *******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने व्यापार, प्रौद्योगिकी और रणनीतिक साझेदारी के माध्यम से भारत की वैश्विक भागीदारी को मजबूत करने का आह्वान किया।
- कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मतगणना केंद्रों पर पर्यवेक्षकों के रूप में केंद्र सरकार के कर्मचारियों की नियुक्ति को चुनौती देने वाली तृणमूल कांग्रेस की याचिका रद्द की।
- गृह मंत्री अमित शाह बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर आज लद्दाख में तथागत बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।
- सरकार ने डीजल और विमानन ईंधन पर निर्यात शुल्क में कटौती की। पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क में कोई बदलाव नहीं।
- भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था का आधार, एकीकृत भुगतान प्रणाली– यूपीआई दुनिया के सबसे बड़े तत्काल भुगतान मंच के रूप में उभरा।
- और क्रिकेट में, विराट कोहली ने रचा इतिहास। आईपीएल में आठ हजार रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बने।
******* *******