मुख्य समाचार
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड 92 दशमलव चार-सात प्रतिशत मतदान, स्वतंत्रता के बाद से यह राज्य में सबसे अधिक।
- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जम्मू-तवी से विस्तारित श्रीनगर-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ी को रवाना करेंगे।
- नौवहन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए चालू वित्त वर्ष में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से 62 नए जहाज शामिल करने की योजना।
- अमरीका के फेडरल रिजर्व ने मुद्रास्फीति की चिंताओं और वैश्विक आर्थिक दबाव के बीच ब्याज दरों को साढ़े तीन से 3 दशमलव 7-5 प्रतिशत पर स्थिर रखा।
- आई.पी.एल. क्रिकेट में सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हराया।
*******
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में हुए विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड 92 दशमलव चार सात प्रतिशत मतदान हुआ है। स्वतंत्रता के बाद से राज्य में यह अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है।
राज्य में छह करोड़ 81 लाख मतदाता हैं। महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही। 92 दशमलव दो आठ प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 91 दशमलव 07 प्रतिशत था।
असम, पश्चिम बंगाल, केरलम, तमिलनाडु और केन्द्रशासित प्रदेश पुद्दुचेरी के विधानसभा चुनाव की मतगणना 4 मई को होगी। कर्नाटक, नागालैंड, त्रिपुरा, महाराष्ट्र और गुजरात में कुछ विधानसभा सीटों पर हुए उप-चुनाव के लिए भी वोटों की गिनती की जाएगी।
*******
इस बीच, अधिकतर मतदान पश्चात सर्वेक्षण-एग्जिट पोल में असम में भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में बने रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
पश्चिम बंगाल में कुछ एग्जिट पोल में भाजपा की जीत की उम्मीद व्यक्त की गई है, जबकि अन्य टी.एम.सी. की जीत का अनुमान लगा रहे हैं।
वहीं, केरलम में एग्जिट पोल के अनुसार कांग्रेस की सत्ता में वापसी और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ को 75 से 90 सीट जीतने का अनुमान है।
तमिलनाडु में डी.एम.के. के नेतृत्व वाला गठबंधन आगे है। पुद्दुचेरी में एन.डी.ए. गठबंधन को 16 से 20 सीटें और डी.एम.के.-कांग्रेस गठबंधन को 6 से 8 सीट मिलने का अनुमान है।
*******
जम्मू और श्रीनगर के बीच सीधी वंदे भारत रेल सेवा आज से शुरु होने जा रही है। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव जम्मूतवी रेलवे स्टेशन से विस्तारित श्रीनगर-कटरा-वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा को रवाना करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी उपस्थित रहेंगे। अभी यह रेल सेवा श्रीनगर और श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच संचालित हो रही है, जिसे जम्मू तवी तक बढा़या जा रहा है। इस रेलगाड़ी में अब आठ के बजाय 20 डिब्बे होंगे।
जम्मू से कश्मीर घाटी तक चलने वाली यह वंदे भारत ट्रेन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है जो यात्रियों को तेज सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव देगी। सर्दियों के मौसम और पहाड़ी इलाकों को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन को खास तौर पर तैयार किया गया है ताकि शून्य से नीचे तापमान में भी आसानी से चल सके। जम्मू से श्रीनगर तक का यह सफर पांच घंटे से भी कम समय में पूरा करेगी और अब इस ट्रेन का विस्तार जम्मू तक किया जा रहा है। इस पहल से पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, क्योंकि पहलगाम, गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे खूबसुरत स्थानों तक लोगों की पहुंच आसान हो जाएगी। पहाड़ों, सुरंगों और खुबसूरत वादियों से होकर गुजरने वाली यह ट्रेन न सिर्फ सफर को आसान बनाएगी बल्कि पर्यटन और व्यापार को भी नई रफ्तार देगी। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, जम्मू।
इस बारे में और अधिक जानकारी दे रहे हैं हमारे जम्मू संवाददाता …
दोनों राजधानियों के बीच सीधा रेल संपर्क शुरू करने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर, ट्रायल रन और सुरक्षा प्रोटोकॉल सहित सभी इंतज़ाम पूरे कर लिए गए हैं। यह ट्रेन सुबह साढ़े दस बजे जम्मू तवी से रवाना होगी, श्री माता वैष्णो देवी कटरा में यात्रियों को चढ़ाएगी/उतारेगी और उसी दिन 3 बजकर 5 मिनट पर श्रीनगर पहुंचेगी। फिलहाल, कटरा और श्रीनगर के बीच दो वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ियां चल रही हैं और अब उन्हें बदले हुए समय के साथ जम्मू तक बढ़ाया जाएगा। वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ियों के शुरू होने से जम्मू और श्रीनगर के बीच संपर्क और बेहतर होगा। यह कदम मई महीने की शुरूवात में सिविल सचिवालय के सालाना श्रीनगर शिफ्ट होने की ठीक पहले उठाया गया है और इससे श्री अमरनाथ जी के तीर्थयात्रियों को भी फायदा होने की उम्मीद है। आकाशवाणी समाचार के लिए जम्मू से मैं एन. गुलशन रैना।
जम्मू और श्रीनगर के बीच नियमित रेल सेवा शनिवार से शुरू हो जाएगी। यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी।
*******
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा है कि भारत चालू वित्त वर्ष में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के साथ 62 पोतों को शामिल करने पर काम कर रहा है। कल होर्मुज जल डमरूमध्य के संबंध में, कल नई दिल्ली में अंतर-मंत्रालयी समीक्षा बैठक में श्री सोनोवाल ने देश की नौवहन क्षमता को मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने 59 जहाजो़ं को हासिल करने के लिए भारतीय पोत परिवहन निगम और सरकारी तेल कंपनियों के बीच के संयुक्त उद्यम की भी समीक्षा की। श्री सोनोवाल ने स्पष्ट किया कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
*******
गृहमंत्री अमित शाह आज से दो दिन के लद्दाख दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर कल से शुरू हो रहे भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की पहली अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में भाग लेंगे। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि विश्व के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालु इस प्रदर्शनी में भगवान बुद्ध के अवशेषों की पूजा करेंगे।
*******
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में, सारंडा के जंगलों में, सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक लाख रुपये का ईनामी माओवादी इसराइल पूर्ति मारा गया है। कोबरा 209 बटालियन और सुरक्षा बल पिछले दो दिनों से रुतुगुतु, तुनबेड़ा और बोरोई क्षेत्रों में उसकी धड़पकड़ के लिए अभियान चला रहे थे। मुठभेड़ के बाद मौके से हथियार और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए गए हैं। क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी किया गया है और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
*******
महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने कल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में महाराष्ट्र यांत्रिक मेधा नीति की घोषणा की। इसका उद्देश्य राज्य में उद्योगों, शासन और सार्वजनिक सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को बढ़ावा देना है।
‘इंडिया एआई मिशन’ की तर्ज पर तैयार की गई महाराष्ट्र एआई पॉलिसी-2026 के माध्यम से राज्य सरकार अनुसंधान, नवाचार और जवाबदेह प्रशासन को नई गति देने जा रही है। नीति में ‘महाराष्ट्र एआई मिशन’ की स्थापना का प्रस्ताव है, जिसके साथ 2 लाख युवाओं और उद्यमियों को एआई प्रशिक्षण देने की योजना भी शामिल है। इसके अंतर्गत पांच नवाचार क्षेत्रों में एआई सिटी विकसित की जाएंगी। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों यानी MSMEs को एआई से जोड़ने के लिए पांच हजार MSMEs को एआई लागू करने की लागत पर 20 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा और ‘महा एआई टूल्स हब’ नामक एक केंद्रीय मंच तैयार किया जाएगा। इसके अलावा, राज्यभर में 12 एआई इनक्यूबेटर्स स्थापित किए जाएंगे। अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
*******
छत्तीसगढ़ में, नवा रायपुर अटल नगर के नए विधानसभा भवन में आज एक दिन का विशेष सत्र सुबह 11 बजे से होगा। सत्र के दौरान महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष के विरोध के खिलाफ निंदा-प्रस्ताव पारित किया जाएगा। सत्र के दौरान सरकारी कामकाज भी होगा।
*******
अमरीका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने एक बार फिर ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किया है। लगातार जारी महंगाई और बैंक के अध्यक्ष पद से जेरोम पॉवेल के प्रतीक्षित नेतृत्व परिवर्तन के बीच यह फैसला लिया गया है। फेडरल ओपन मार्केट कमिटी ने ब्याज दर को साढे तीन से पौने चार प्रतिशत के बीच ही बनाए रखने का निर्णय लिया है। केन्द्रीय बैंक ने कहा कि पश्चिम एशिया घटनाक्रम के कारण आर्थिक परिदृश्य काफी अनिश्चितता भरा हो गया है दुनिया भर में ऊर्जा की कीमतों का बढ़ना है। वृद्धि से महंगाई बढ़ गई है।
*******
अमरीका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमरीका ने संकेत दिया है कि ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी लंबे समय तक जारी रह सकती है। राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वह समझदारी से काम ले। अमरीका का कहना है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर रोक की शर्त पर ही युद्धविराम हो सकता है। दूसरी तरफ, ईरान ने किसी भी दबाव से बातचीत से इनकार कर दिया है।
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र के परमाणु निगरानी निकाय ने अनुमान व्यक्त किया है कि ईरान का यूरेनियम भंडार इस्फ़हान में हो सकता है। उधर, ईरान की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है और डॉलर के मुकाबले रियाल रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया है। ब्योरा हमारे पश्चिम एशिया संवाददाता से ..
परिस्थितियां इसलिए और भी गंभीर प्रतीत हो रही हैं कि इसका कोई भी कूटनीतिक समाधान नहीं निकल पा रहा है। अमरीका का कहना है कि संघर्ष विराम तब तक संभव नहीं है जब तक ईरान अपना परमाणु कार्यक्रम नहीं छोड़ देता। वहीं ईरान का कहना है कि वह किसी भी तरह के दवाब में नहीं झुकेगा। हालांकि नाकेबंदी के कारण ईरान की अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसका वित्तीय बोझ अमरीका पर भी पड़ रहा है जो अब 25 अरब डॉलर से भी अधिक होने का अनुमान है। इससे ट्रंप प्रशासन पर यह दबाव बढ़ गया है कि वह केवल रणनीतिक दृढ़ता ही नहीं बल्कि ठोस परिणाम भी दिखाए। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मृगनयनी पांडे।
*******
और अब देश से कुछ अन्य खबरें, मध्यप्रदेश के धार जिले में, कल रात एक वाहन के पलटने से 12 मजदूरों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी शोक व्यक्त किया है और मृतकों के निकटतम परिजन को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है।
*******
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में, कल एक अस्पताल के पास चारदीवारी गिरने से तीन बच्चों सहित सात लोगों की मौत हो गई। तेज बारिश, हवाओं और ओलावृष्टि के कारण दीवार के अचानक गिरने से वहां बैठे लोग मलबे के नीचे दब गए।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दुर्घटना के बाद स्थल का दौरा किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उप-राष्ट्रपति सी.पी.राधाकृष्णन ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है।
*******
पंजाब के तरणतारण जिले में पंजवार खुर्द गांव से भारी मात्रा में आतंकी हथियार बरामद कर एक बडे आतंकी हमले को नाकाम कर दिया गया है। यह बरामदगी सोमवार रात पटियाला में राजपूरा-शंभू रेल पटरी के पास हुए विस्फोट की छानबीन के दौरान हुई। इस विस्फोट में उस व्यक्ति की मौत हो गई जो आई ई डी लगाने की कोशिश कर रहा था। बाद में, पुलिस ने इसके चार सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया।
*******
और, अब बात खेलों की, आईपीएल क्रिकेट में कल सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हरा दिया। मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 244 रन बनाए। सनराइजर्स हैदराबाद ने 19वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। प्रतियोगिता में आज अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। यह मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।
*******
बात करते हैं मौसम की, इस सप्ताह देश के कई हिस्सों में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ वर्षा का अनुमान है। पश्चिम बंगाल के हिमालय से सटे इलाक़ों और पूर्वोत्तर में मूसलाधार वर्षा की संभावना है। पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र और दक्षिणी राज्यों के कुछ हिस्सों में आज तेज़ वर्षा की आशंका है।
इस बीच, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में गरज के साथ आंधी और तूफान की संभावना है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में बिजली गिर सकती है।
*******
समाचार पत्रों की सुर्खियों से-
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में अभूतपूर्व मतदान आज के सभी अखबारों के मुख पृष्ठ पर है। जनसत्ता की सुर्खी है- कई जिलों में छिटपुट हिंसा के बीच रिकार्ड 92 फीसद से अधिक मतदान। राजस्थान पत्रिका ने लिखा है- पहले और दूसरे चरण को मिलाकर आजादी के बाद किसी बड़े राज्य में सर्वाधिक मतदान। बंगाल में अब एक ही सवाल- दीदी या मोदी।
पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक मतदान पर हिन्दुस्तान ने संपादकीय में लिखा है- भारतीय राजनीति में बंगाल चुनाव 2026 को अलग से याद किया जाएगा। यह मतदान एक मिसाल बन गया है। अगर मतदाता सूची सुधार से जागरूकता और मतदान बढ़ता है तो यह प्रक्रिया हर चुनाव से पहले दोहराई जानी चाहिए।
चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी के एग्जिट पोल नतीजे भी अखबारों की सुर्खी बने हैं। अमर उजाला ने लिखा है- बंगाल, असम में भाजपा सरकार, केरल में कांग्रेस, तमिलनाडु में फिर द्रमुक। पुद्दुचेरी में भी फिर एनडीए सरकार के आसार। असल नतीजे 4 मई को।
नफरती भाषणों से निपटने के लिए वर्तमान कानून पर्याप्त। सर्वोच्च न्यायालय की यह टिप्पणी वीर अर्जुन ने दी है। शीर्ष न्यायालय के हवाले के पत्र ने लिखा है- उभरती सामाजित चुनौतियों के आलोक में नये कानून बनाना या पुराने कानूनों में बदलाव करना केंद्र और विधायिका पर निर्भर।
मेरठ से प्रयागराज तक देश के सबसे लंबे ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का शुभारंभ दैनिक जागरण सहित कई अखबारों में है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिमी और पूर्वी उत्तरप्रदेश को जोड़ने वाले 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का किया लोकार्पण।
सस्ता और सुलभ हुआ भारत का हेल्थ केयर, गरीब वर्ग को राहत। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के स्वास्थ्य सर्वे के हवाले से राजस्थान पत्रिका ने लिखा है-देश की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक सुधार के संकेत, मुफ्त दवा और जांच, दवाओं से जेब खर्च घटा।
न्यूनतम मजदूरी की दर तय करेगी केंद्र सरकार। हिन्दुस्तान के अनुसार नए श्रम कानूनों के तहत राज्यों को माननी होगी केंद्र द्वारा तय न्यूनतम मजदूरी की दर। राज्य चाहें तो दे सकते हैं अधिक मजदूरी।
*******
अब अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड 92 दशमलव चार-सात प्रतिशत मतदान, स्वतंत्रता के बाद से यह राज्य में सबसे अधिक।
- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जम्मू-तवी से विस्तारित श्रीनगर-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ी को रवाना करेंगे।
- नौवहन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए चालू वित्त वर्ष में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से 62 नए जहाज शामिल करने की योजना।
- अमरीका के फेडरल रिजर्व ने मुद्रास्फीति की चिंताओं और वैश्विक आर्थिक दबाव के बीच ब्याज दरों को साढ़े तीन से 3 दशमलव 7-5 प्रतिशत पर स्थिर रखा।
- आई.पी.एल. क्रिकेट में सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हराया।
*******