मुख्य समाचार
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान जारी। सुरक्षा के कड़े प्रबंध।
- गुजरात में 15 नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी की जीत। मोरबी और पोरबंदर में सभी 52 सीटों पर कब्जा।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे।
- संयुक्त अरब अमीरात का ओपेक से अलग होने का फैसला, तेल उत्पादक समूह को बड़ा झटका।
- आईपीएल क्रिकेट में, राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को छह विकेट से हराया।
*******
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान जारी है। शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इस चरण में 3 करोड़ 20 लाख से अधिक मतदाता हैं। कुल 41 हज़ार एक मतदान केंद्र बनाये गए हैं। 1148 उम्मीदवार मैदान में हैं।
निर्वाचन आयोग ने कहा है कि मतदाता पहचान पत्र के अलावा आधार, पैन, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, फोटो युक्त पेंशन कार्ड और बैंकों तथा डाकघरों की फोटो युक्त पासबुक के साथ भी मतदान किया जा सकता है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
पश्चिम बंगाल के 7 जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। चुनाव आयोग ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने मतदाताओं से उत्साहपूर्वक मतदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त केंद्रीय बल तैनात किए गए हैं और वे स्वयं जमीनी तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भी श्री अग्रवाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हैं। लगभग 30 प्रतिशत मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों, मतदाताओं और प्रतिभागियों से सुचारू चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण सहयोग की अपील की है। कोलकाता से संदीपनदास गुप्ता की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से श्रीराम शर्मा।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के मतदाताओं से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने की अपील की है। सोशल मीडिया पोस्ट में, प्रधानमंत्री ने कहा कि अधिक से अधिक मतदान से लोकतंत्र मजबूत होगा। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह किया।
*******
भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव में 15 नगर-निगमों में जीत दर्ज की है।
भारतीय जनता पार्टी ने अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट जैसे प्रमुख शहरों में भारी बहुमत हासिल किया, वहीं मोरबी और पोरबंदर में सभी 52 सीटों पर जीत हासिल कर के ऐतिहासिक क्लीन स्वीप भी दर्ज किया है। राज्य की 34 जिला पंचायतों में से भाजपा ने 33 जिला पंचायतों पर जीत दर्ज की है, जबकि 84 नगर पालिकाओं में से 78 पर अपना कब्जा जमाया है। हालांकि, नर्मदा जिला पंचायत में आम आदमी पार्टी ने 22 में से 15 सीटें जीतकर अपनी जगह बनाई है। उधर कांग्रेस ने भी पिछले चुनाव के मुकाबले सुधार करते हुए 6 नगर पालिकाओं में जीत दर्ज की है। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि इस जनादेश से राज्य और पार्टी के बीच संबंध और मजबूत होगा। गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर लोगों को बधाई दी है।
*******
भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र विधान परिषद की नौ सीट पर द्विवार्षिक चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। चुनाव 12 मई को होंगे। 30 अप्रैल तक नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। उम्मीदवार 4 मई तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। चुनाव प्रक्रिया 13 मई तक पूरी कर ली जाएगी। परिषद के कुल नौ सदस्य 13 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तर प्रदेश के दो दिन के दौरे पर हैं। श्री मोदी आज सुबह वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद वे हरदोई जाएंगे और गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि पांच सौ 90 किलोमीटर लंबा, छह लेन का गंगा एक्सप्रेस-वे ग्रीनफील्ड हाई-स्पीड कॉरीडोर है।
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के पश्चिमी, मध्य और पूर्वी क्षेत्रों को एक हाई स्पीड कॉरिडोर के जरिए जोड़ेगा। यह राज्य का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे होगा जो मेरठ और प्रयागराज के बीच यात्रा के समय को लगभग 12 घंटे से घटाकर 6 घंटे कर देगा। यह एक्सप्रेसवे उत्तरप्रदेश के 12 जिलों से होकर गुजरेगा जिनमें मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज शामिल हैं। इस एक्सप्रैसवे में शाहजहांपुर से साढे तीन किलोमीटर लंबी एक हवाई पट्टी भी है जो भारतीय वायु सेना के विमानों के आपातकालीन टेक ऑफ और लैंडिंग में काम आएगी। यह प्रोजेक्ट औद्योगिक विकास, व्यापार, कृषि और पर्यटन जैसे कई क्षेत्रों को बढ़ावा देगा और पूरे क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा करेगा। ओम अवस्थी, आकाशवाणी समाचार, हरदोई।
प्रधानमंत्री ने कल वाराणसी में महिला सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय लेने में महिलाओं की भूमिका की आवश्कता पर बल दिया। श्री मोदी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने संसद में नारी शक्ति वंदन विधेयक का विरोध करके महिलाओं के साथ धोखा दिया है।
*******
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि देश की बौद्धिक सम्पदा क्षमता का पूरा लाभ उठाने के लिए नवाचार और बौद्धिक सम्पदा का मिलकर उपयोग करना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक नए विचार को सुरक्षित सम्पदा में बदलने का आह्वान किया। नई दिल्ली में कल विश्व बौद्धिक सम्पदा दिवस के अवसर पर श्री गोयल ने नव-प्रवर्तकों, विद्यार्थियों और अन्य संबंधित पक्षों से पेटेंट, ट्रेडमार्क और अन्य बौद्धिक संपदा उपायों के माध्यम से विचारों का पंजिकरण कराने का आग्रह किया।
श्री गोयल ने खेलों से संबंधित बौद्धिक सम्पदा पंजीकरणों के लिए तीन वर्ष तक शुल्क माफ करने की घोषणा की।
*******
रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मेक इन इंडिया दृष्टिकोण के अंतर्गत भारत तेज़ी से एक भरोसेमंद वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण केंद्र बन रहा है। श्री वैष्णव ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ कल विशाखापट्टणम में गूगल क्लाउड इंडिया एआई हब की आधारशिला रखी। श्री वैष्णव ने यह घोषणा की कि साउथ कोस्ट रेलवे ज़ोन को इस वर्ष एक जून को आधिकारिक रूप से अधिसूचित किया जाएगा, जिससे आंध्र प्रदेश को किया गया बड़ा वादा पूरा होगा।
*******
भारत ने इस महीने की 25 तारीख को दोपहर के समय 256 गीगावाट से अधिक की रिकॉर्ड बिजली की मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया है। विद्युत मंत्रालय ने बताया कि यह मांग पूरी करने के साथ पड़ोसी देशों को बिजली का निर्यात जारी रखा गया है। यह उपलब्धि मई 2024 में दर्ज़ 250 गीगावाट के रिकॉर्ड से भी अधिक है। मंत्रालय ने बताया कि तापीय, जलविद्युत, परमाणु और नवीकरणीय ऊर्जा सहित विभिन्न प्रकार के उत्पादन स्रोतों से इस आवश्यकता को पूरा किया गया।
*******
भारतीय रिज़र्व बैंक ने शहरी सहकारी बैंकिंग क्षेत्र के क्षमता विकास के लिए मिशन सक्षम आरंभ किया है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इसका उद्देश्य शहरी सहकारी बैंकिंग क्षेत्र की प्रबंधन और संचालन क्षमताएं बढ़ाना, अनुपालन संस्कृति में सुधार और सांस्थानिक सुगमता को मजबूत करना है।
मिशन सक्षम, शहरी बैंकिंग सहकारी क्षेत्र के लिए मिशन-मोड, क्षेत्रव्यापी और क्षमता-निर्माण प्रशिक्षण पहल है, जिसके तहत आरबीआई बड़ी सख्या में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसके तहत प्रत्यक्ष और ई-लर्निंग पाठ्यक्रमों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जायेगा। जिससे लगभग एक लाख 40 हजार प्रतिभागियों को लाभ मिलेगा। इन कार्यक्रमों में बोर्ड सदस्यों, वरिष्ठ प्रबंधन, जोखिम प्रमुखों सहित विभिन्न वर्ग शामिल होंगे और जहां संभव होगा वहां क्षेत्रीय भाषाओं में भी सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। अंकिता आप्टे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
*******
सर्वोच्च न्यायालय ने शिक्षा का अधिकार कानून के अंतर्गत, विद्यार्थियों के अनिवार्य दाखिले को राष्ट्रीय मिशन बताते हुए बरकरार रखा है। न्यायालय ने कल कहा कि निजी गैर-सहायता प्राप्त संस्थानों सहित नजदीकी विद्यालय, पात्र विद्यार्थियों को बिना किसी देरी के दाखिला देने के लिए कानूनी रूप से बाध्य हैं। सर्वोच्च न्यायालय ने लखनऊ के एक निजी स्कूल की याचिका खारिज कर दी। स्कूल ने शिक्षा के अधिकार कानून के अंतर्गत पात्र एक छात्रा को प्रवेश देने से इनकार किया था।
*******
एक ऐतिहासिक पहल की अंतर्गत भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष आज केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख पहुंचेंगे। जहां पहली से 15 मई तक इन्हें सार्वजनिक प्रदर्शनी के लिए रखा जाएगा।
पवित्र अवशेषों को भारतीय वायुसेना के विशेष विमान में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ लाया जा रहा है। इस अवसर पर उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और अन्य वरिष्ठ अधिकारी हवाई अड्डे पर उपस्थित रहेंगे।
*******
संयुक्त अरब अमीरात -यूएई ने पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन ओपेक और ओपेक प्लस से अलग होने का फैसला किया है। यह निर्णय पहली मई से लागू होगा।
यूएई ने कहा है कि यह कदम राष्ट्रीय हित, उत्पादन क्षमता और दीर्घकालिक आर्थिक प्राथमिकताओं की समीक्षा के बाद लिया गया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब होर्मुज क्षेत्र में तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता है।
संयुक्त अरब अमीरात ने लगभग छह दशक बाद ओपेक को छोड़ने का फैसला किया है। इसे वैश्विक ऊर्जा में सर्वाधिक महत्वपूर्ण साझेदारियों में से एक का अंत माना जा रहा है। अबुधाबी 1967 में ओपेक में शामिल हुआ था तब संयुक्त अरब अमीरात नहीं बना था। समय के साथ संयुक्त अरब अमीरात ओपेक के सर्वाधिक प्रभावशाली सदस्यों में शामिल हो गया। सऊदी अरब और ईराक के बाद इसे तीसरा बड़ा तेल उत्पादक माना जाता है। ईरान से जुड़े हाल के घटनाक्रम और होर्मुज जल-डमरू-मध्य के आसपास अस्थिरता से तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है और संयुक्त अरब अमीरात की निर्यात क्षमता पर दबाव बना है। उत्पादन कोटे के बारे में लंबे समय से जारी मतभेदों को भी इसका कारण माना जा रहा है। ओपेक के लिए यह एक बड़ा धक्का है जबकि अमरीका के लिए इसे रणनीतिक लाभ के रूप में देखा जा रहा है। पहले ही अनिश्चितता का सामना कर रहे वैश्विक तेल बाजारों के लिए इस फैसले को नए और अप्रत्याशित दौर का संकेत माना जा रहा है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से कृष्ण कांत।
*******
इस्लामिक सहयोग संगठन – ओआईसी ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से संघर्ष विराम के बजाय गज़ा को इस्राएल के कब्जे से पूरी तरह मुक्त कराने का आह्वान किया है। ओ.आई.सी. ने फिलिस्तीन के आम नागरिकों, पवित्र स्थलों और पड़ोसी देशों पर इस्राएल के बढ़ते हमलों की निंदा की है। मध्यपूर्व पर सुरक्षा परिषद में खुली बहस की अध्यक्षता करते हुए संयुक्त राष्ट्र में तुर्किये के दूत ने ओआईसी का प्रतिनिधित्व किया।
*******
आईपीएल क्रिकेट में, आज मुंबई इंडियंस का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। मुंबई में यह मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। प्रतियोगिता में कल राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को छह विकेट से हरा दिया। 223 रन के लक्ष्य के जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने 4 विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाकर मैच जीत लिया।
*******
समाचार पत्रों की सुर्खियों से-
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में आज दूसरे चरण के मतदान की खबर सभी अखबारों में प्रमुखता से है। नवभारत टाइम्स की सुर्खी है- बंगाल में आखिरी चरण का वोट आज, एन.आई.ए. की एंट्री। जनसत्ता के अनुसार- निर्वाचन आयोग ने एक हजार 468 नाम मतदाता सूची में जोड़े, पर्यवेक्षक से असहयोग करने वाले अधिकारी का तबादला। पंजाब केसरी की सुर्खी है- गुजरात निकाय चुनावों में फिर कमल, सभी 15 नगर निगमों में भाजपा की प्रचंड जीत, किनारे पर सिमटी कांग्रेस और आप। अमर उजाला के अनुसार- वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- सपा-कांग्रेस ने चालीस साल महिलाओं को दिया धोखा, ये नारी शक्ति से डरे हुए दल। परिवारवादी दल नहीं चाहते ज़मीन से जुड़ी बेटियां संसद और विधानसभाओं में आएं। नवभारत टाइम्स ने डॉनल्ड ट्रंप का बयान देते हुए लिखा है- पतन के कगार पर ईरान, होर्मुज खोलने की अपील की। पत्र के अनुसार भारत ने कहा- होर्मुज से सुरक्षित आवागमन शुरू हो। इसी खबर पर जनसत्ता ने जि़द का खमियाजा शीर्षक से अपने संपादकीय में लिखा है- ईरान और अमरीका के बीच पहले युद्धविराम, फिर शांति वार्ता की शुरुआत के बाद उम्मीद जगी है कि अब शायद होर्मुज से जहाजों की आवाजाही का रास्ता खुल जाएगा। यह मुख्य बिन्दु दोनों पक्षों के लिए ही नहीं बल्कि दुनिया के बहुत सारे देशों के लिए बेहद अहम है, जिसके सुलझने की संभावना एक बार फिर कमजोर हो गई है। हिन्दुस्तान ने सरकार की अपील देते हुए लिखा है- घबराहट में खरीदारी न करें लोग। केन्द्र ने कहा ईंधन की कीमतें नहीं बढ़ेंगी। पत्र के अनुसार यू.ए.ई. ओपेक से अलग होगा, भारत को सस्ता तेल संभव। नवभारत टाइम्स ने सचित्र सुर्खी दी है- बच्चों संग पीएम ने खेली फुटबॉल, गोल मारने के बाद कहा- एनर्जी से भर गया। युवा मित्रों के साथ फुटबॉल खेलने का अलग ही आनंद।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान जारी। सुरक्षा के कड़े प्रबंध।
- गुजरात में 15 नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी की जीत। मोरबी और पोरबंदर में सभी 52 सीटों पर कब्जा।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे।
- संयुक्त अरब अमीरात का ओपेक से अलग होने का फैसला, तेल उत्पादक समूह को बड़ा झटका।
- और आईपीएल क्रिकेट में, राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को छह विकेट से हराया।
*******